फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs RR Highlights: गुजरात ने राजस्थान को 58 रन से हराया, प्रसिद्ध को तीन और राशिद-किशोर को दो-दो विकेट मिले

Wed, 09 Apr 2025 11:31 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 217 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 19.2 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट झटके। वहीं, राशिद खान और साई किशोर को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन
राजस्थान बनाम गुजरात - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 09-Apr-2025

गुजरात ने 70 रन से जीता मैच

गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 58 रन से हराकर जीत का चौका लगाया। पांच में से चार मुकाबले जीतकर शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम अंक तालिका में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, राजस्थान को इस सत्र में तीसरी बार मुंह की खानी पड़ी है। बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 217 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 19.2 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट झटके। वहीं, राशिद खान और साई किशोर को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा मोहम्मद सिराज, अरशद खान और कुलवंत खेजरोलिया को एक-एक सफलता मिली।

218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उन्हें पहला झटका दूसरे ही ओवर में अरशद खान ने दिया। यशस्वी जायसवाल सिर्फ छह रन बना पाए। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने नीतीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ एक रन बना पाए। इसके बाद रियान पराग और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 48 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान रियान ने एक चौके और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाए। उन्हें खेजरोलिया ने बटलर के हाथों कैच कराया।

छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए शिमरन हेटमायर ने 32 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। गुजरात के खिलाफ संजू सैमसन ने 41, ध्रुव जुरेल ने पांच, शुभम दुबे ने एक, जोफ्रा आर्चर ने चार, महीश तीक्षणा ने पांच, तुषार देशपांडे ने तीन रन बनाए। वहीं, संदीप शर्मा छह रन बनाकर नाबाद रहे।

11:11 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान ने आठवां झटका लगा

हेटमायर 52 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। फिलहाल तुषार देशपांडे और महीश तीक्षणा क्रीज पर हैं।

11:05 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान ने सातवां विकेट गंवाया

जोफ्रा आर्चर चार रन बनाकर आउट हो गए। अब क्रीज पर तीक्षणा आए हैं। उनका साथ देने के लिए हेटमायर मौजूद हैं। उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है।

विज्ञापन
10:52 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान को छठा झटका

राशिद खान ने शुभम दुबे को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब क्रीज पर जोफ्रा आर्चर आए हैं। शिमरन हेटमायर पहले से ही मौजूद हैं।

10:44 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान का पांचवां विकेट गिरा

राजस्थान को पांचवां झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने कप्तान संजू सैमसन को अपना शिकार बनाया। वह 41 रन बना सके। अब क्रीज पर शुभमन दुबे आए हैं।

विज्ञापन
10:42 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: 12 ओवर के बाद स्कोर 115/4

शिमरन हेटमायर और संजू सैमसन के बीच साझेदारी पनप रही है। 12 ओवर के बाद स्कोर 115/4 है।

10:23 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: 68 पर राजस्थान को चौथा झटका

ध्रुव जुरेल को राशिद खान ने साई सुदर्शन के हाथों कैच आउट करा दिया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए शिमरन हेटमायर उतरे हैं।

10:19 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: रियान पराग आउट हुए

रियान पराग 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें कुलवंत खेजरोलिया ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर ध्रुव जुरेल आए हैं।

10:13 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: छह ओवर के बाद स्कोर 57/2

शुरुआती छह ओवर में राजस्थान ने दो विकेट गंवाए। अरशद खान ने दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल को आउट किया। इसके बाद नीतीश राणा को मोहम्मद सिराज ने अपना शिकार बनाया। फिलहाल क्रीज पर संजू सैमसन (21) और रियान पराग (25) मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 57/2 है।

09:54 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान को दूसरा झटका

राजस्थान को दूसरा झटका नीतीश राणा के रूप में लगा। उन्हें मोहम्मद सिराज ने अपना शिकार बनाया। अब संजू का साथ देने रियान पराग आए हैं।

09:46 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: यशस्वी जायसवाल छह रन बनाकर आउट

राजस्थान को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा। अरशद खान ने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए नीतीश राणा आए हैं।

09:39 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान की पारी शुरू

राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर मोहम्मद सिराज फेंक रहे हैं।

09:23 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात ने राजस्थान के सामने रखा 218 रन का लक्ष्य

साई सुदर्शन की तूफानी 82 रनों की पारी बदौलत गुजरात टाइटंस ने राजस्थान के सामने 218 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शुभमन गिल की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 217 रन बनाए। राजस्थान के लिए तुषार देशपांडे और महीश तीक्षणा ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

23 वर्षीय बल्लेबाज साई सुदर्शन ने पांच पारियों में चौथी बार अर्धशतकीय पारी खेली। इस मैच की शुरुआत में कप्तान शुभमन गिल सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद सुदर्शन को जोस बटलर का साथ मिला। दोनों के बीच 47 गेंदों में 80 रनों की साझेदारी हुई। महीश तीक्षणा ने बटलर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह पांच चौके की सहायता से 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके सुदर्शन ने शाहरुख खान के साथ 62 रन जोड़े। 16वें ओवर में तीक्षणा ने शाहरुख को सैमसन के हाथों कैच कराया। वह भी 36 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। गुजरात के लिए शेरफेन रदरफोर्ड ने सात और राशिद खान ने 12 रन बनाए। वहीं, राहुल तेवतिया (12) और अरशद खान (0) नाबाद रहे।

09:01 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: शेरफेन रदरफोर्ड आउट

शेरफेन रदरफोर्ड सात रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें संदीप शर्मा ने अपना शिकार बनाया। अब राहुल तेवतिया क्रीज पर आए हैं।

08:58 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात को तीसरा झटका लगा

गुजरात को तीसरा झटका महीश तीक्षणा ने ही दिया। उन्होंने शाहरुख खान को अपना शिकार बनाया। वह 36 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए शेरफेन रदरफोर्ड उतरे हैं।

08:25 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात को दूसरा झटका लगा

गुजरात को दूसरा झटका महीश तीक्षणा ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए शाहरुख खान उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 94/2 है।

08:21 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: 32 गेंदों में सुदर्शन ने जड़ा पचासा

साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। वह दूसरे विकेट के लिए जोस बटलर के साथ 80 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

08:11 PM, 09-Apr-2025

आठ ओवर के बाद स्कोर 81/1

सुदर्शन और बटलर के बीच 67 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों राजस्थान के गेंदबाजों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर 81/1 है।

07:59 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: सुदर्शन-बटलर ने संभाली पारी

साई सुदर्शन और जोस बटलर ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। पावरप्ले के बाद स्कोर 56/1 है।

07:46 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 21/1

गुजरात की शुरुआत झटके के साथ हुई। जोफ्रा आर्चर ने अपने दूसरे ओवर में कप्तान शुभमन गिल को चलता किया। वह सिर्फ दो रन बना सके। अब साई सुदर्शन और जोस बटलर क्रीज पर हैं। फैंस को दोनों के बीच एक बड़ी साझेदारी की उम्मीद है। तीन ओवर के बाद स्कोर 21/1 है।

07:42 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: 14 पर गुजरात को पहला झटका लगा

गुजरात को पहला झटका जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल को बोल्ड किया। वह सिर्फ दो रन बना सके। अब बललेबाजी के लिए जोस बटलर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:05 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, अरशद खान।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, शिमरन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, फजलहक फारूकी, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: कुणाल सिंह राठौड़, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह चरक, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।

07:01 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान संजू सैमसन ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम एक बदलाव के साथ उतरी है। वानिंदु हसरंगा निजी कारणों से नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह फजलहक फारुकी को मौका मिला है। वहीं, गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:40 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...

गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा। 
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेत्मायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, युद्धवीर सिंह चरक, संदीप शर्मा। 

06:40 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात की बल्लेबाजी में है ज्यादा गहराई

गुजरात की तरह राजस्थान की भी सबसे बड़ी चिंता गेंदबाजी है। उसकी तरफ से संदीप शर्मा को छोड़कर कोई भी अन्य गेंदबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 25 रन देकर तीन विकेट लिए और टीम को उनसे आगे भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अहमदाबाद में अभी तक बल्लेबाजों की तूती बोली है। इस मैदान पर खेली गई चार पूर्ण पारियों में अभी तक 243, 232, 196 और 160 रन बने हैं। गुजरात की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत है जिसमें कप्तान शुभमन गिल, जोस बटलर, शेरफेन रदरफोर्ड और बी साई सुदर्शन जैसे धाकड़ बल्लेबाज शामिल हैं। वाशिंगटन सुंदर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 49 रन बनाकर गुजरात की बल्लेबाजी की गहराई का अच्छा नमूना पेश किया था।

06:40 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: कोएट्जे को मिलेगी जगह?

गुजरात के पास कोई विकल्प भी नहीं हैं क्योंकि अरशद खान या फजलहक फारूकी जैसे तेज गेंदबाज वास्तव में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। गुजरात टीम प्रबंधन राजस्थान के खिलाफ कुछ बदलाव कर सकता है। गेराल्ड कोएट्जे और महिपाल लोमरोर में से किसी खिलाड़ी को प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है। गुजरात का सामना अब राजस्थान के दमदार बल्लेबाजों से होगा जिसमें संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और नीतीश राणा जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। इन सभी ने 150 से अधिक की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी पंजाब किंग्स के खिलाफ 67 रन बनाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए हैं।

06:40 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: सिराज-किशोर ने किया है अच्छा प्रदर्शन

गुजरात की तरफ से गेंदबाजी में अभी तक तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और स्पिनर आर साई किशोर ही अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। स्टार स्पिनर राशिद खान और अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की खराब फॉर्म उसके लिए चिंता का विषय है। टी20 के माहिर खिलाड़ी राशिद ने चार मैचों में सिर्फ एक विकेट लिया है और प्रति ओवर 10 से ज्यादा रन दिए हैं। आईपीएल में यह पहला अवसर है जब अफगानिस्तान के इस खिलाड़ी की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने भी तीन मैचों में सिर्फ एक विकेट हासिल किया है, जबकि उन्होंने प्रति ओवर 12 रन लुटाए हैं। 

06:39 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Live Score: गुजरात और राजस्थान के बीच कांटे की टक्कर

गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स बुधवार को जब आईपीएल के मैच में आमने-सामने होंगे तो उनकी निगाह गेंदबाजी की अपनी कमियां दूर करने पर होगी। गुजरात टाइटंस के अभी छह अंक हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के चार अंक हैं और वह भी भविष्य में किसी तरह के अगर मगर की स्थिति से बचने के लिए जीत हासिल करना चाहेगी। इन दोनों टीम के कुछ प्रमुख गेंदबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और अगर इन टीमों को तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करनी है तो उनके गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। 

06:34 PM, 09-Apr-2025

GT vs RR Highlights: गुजरात ने राजस्थान को 58 रन से हराया, प्रसिद्ध को तीन और राशिद-किशोर को दो-दो विकेट मिले

IPL Live Cricket Score, GT vs RR Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 23वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें