फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs MI: रोमांचक मुकाबले में गुजरात की जीत, गिल की अगुवाई में टीम ने मुंबई को छह रन से हराया

Mon, 25 Mar 2024 12:00 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

IPL Live Cricket Score, GT vs MI Indian Premier League 2024 : नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।  गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2024 का पांचवां मुकाबला आज खेला जा रहा है। हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात ने एमआई को 169 रन का लक्ष्य थमाया है।
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात ने मुंबई को छह रन से हराया

गुजरात ने मुंबई इंडियंस को छह रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और डेवॉल्ड ब्रेविस ने दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि, आखिरी ओवर में उमेश यादव ने हार्दिक पांड्या और पीयूष चावला का विकेट चटकाकर मैच का रुख पलट दिया। 

11:09 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : तिलक वर्मा आउट हुए

मुंबई का छठा विकेट तिलक वर्मा के रूप में गिरा। तिलक वर्मा 19 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। टीम को जीत के लिए नौ गेंदों में 20 रन की जरूरत है। 

11:06 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : टिम डेविड 11 रन बनाकर आउट हुए

मुंबई को पांचवां झटका टिम डेविड के रूप में लगा। उन्हें मोहत चौहान ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या आए हैं। 

विज्ञापन
10:50 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : ब्रेविस 46 रन बनाकर आउट हुए

मुंबई का चौथा विकेट डेवॉल्ड ब्रेविस के रूप में गिरा। उन्हें मोहित शर्मा ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना शिकार बनाया। ब्रेविस गुजरात के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते दिख रहे थे। उन्होंने दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। टीम को जीत के लिए अब 25 गेंदों में 40 रन की जरूरत है। 

10:32 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : रोहित शर्मा 43 रन बनाकर लौटे

मुंबई को तीसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में 107 रन के स्कोर पर लगा। उन्हें साई किशोर ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। हिटमैन 29 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाने में कामयाब हुई। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर नमन धीर के विकेट के बाद टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डेवॉल्ड ब्रेविस और रोहित के बीच 77 रन की साझेदारी हुई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा आए हैं। टीम को जीत के लिए 41 गेंदों में 56 रन की दरकार है। 

विज्ञापन
10:20 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : मुंबई की स्थिति मजबूत

10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 88/2 पर पहुंच गया है। नमन धीर के आउट होने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आई डेवाल्ड ब्रेविस साथी बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ दमदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 67* रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम को जीत के लिए 54 गेंदों में 72 रन की जरूरत है।  

09:48 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : नमन धीर 20 रन बनाकर आउट हुए

मुंबई को दूसरा झटका 30 रन के स्कोर पर लगा। ईशान किशन के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए नमन धीर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर अजमतुल्लाह उमरजई ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेवॉल्ड ब्रेविस उतरे हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 40/2 है।

09:34 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : मुंबई का पहला विकेट गिरा

मुंबई को पहला झटका पहले ही ओवर में लग गया। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें अजमतुल्लाह उमरजई ने विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नमन धीर आए हैं। अब रोहित शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी है। पहले ओवर में मुंबई का स्कोर 2/1 है।

09:18 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात ने मुंबई को दिया 169 रन का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवर में छह विकेट खोकर 168 रन बनाए और एमआई को 169 रन का लक्ष्य थमाया है। गुजरात के लिए साई सुदर्शन और राहुल तेवतिया ने दमदार प्रदर्शन किया। सुदर्शन ने इस मैच में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए जबकि तेवतिया ने 22 रन बनाए। इस छोटी पारी में उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया और दो चौके और एक छक्का मारा। 

ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी हुई जिसे घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा। उन्होंने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर साहा को बोल्ड किया। बल्लेबाज 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम को दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा  जिन्हें पियूष चावला ने अपना शिकार बनाया। दूसरे विकेट के लिए गिल और सुदर्शन के बीच 33 रन की साझेदारी हुई। कप्तान तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाने में कामयाब हुए। 

गुजरात का तीसरा विकेट 104 रन के स्कोर पर गिरा। अजमतुल्लाह उमरजई को गेराल्ड कोएत्जी ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बनाने में कामयाब हुए। साई सुदर्शन के साथ उमरजई ने 40 रन की साझेदारी निभाई। गुजरात के लिए जसप्रीत बुमराह काल साबित हुए। उन्होंने 17वें ओवर में दो विकेट हासिल किए। इस ओवर की पहली गेंद पर घातक गेंदबाज ने डेविड मिलर को आउट किया। इसके बाद तीसरी गेंद पर उन्होंने साई सुदर्शन का विकेट चटकाया। हालांकि, इस ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए राहुल तेवतिया ने टीम का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 22 रन बनाए। हालांकि, कोएत्जी ने उन्हें अपना शिकार बनाया। विजय शंकर और राशिद खान क्रमश: छह और चार रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए जबकि गेराल्ड कोएत्जी को दो सफलताएं मिली। वहीं, पीयूष चावला ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को आउट किया। 

09:11 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : राहुल तेवतिया 22 रन बनाकर आउट हुए

गुजरात को छठा झटका राहुल तेवतिया के रूप में लगा। उन्हें गेराल्ड कोएत्जी ने 20वें ओवर में अपना शिकार बनाया। तेवतिया 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर विजय शंकर और राशिद खान हैं। 

08:57 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : बुमराह ने लिया साई सुदर्शन का विकेट

गुजरात को पांचवां झटका 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर साई सुदर्शन के रूप में लगा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। सुदर्शन तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाने में कामयाब हुए। हालांकि, वह अपनी इस पारी को अर्धशतक में तब्दील नहीं कर सके। इससे पहले बुमराह ने इस ओवर की पहली गेंद पर डेविड मिलर को आउट किया। फिलहाल क्रीज पर राहुल तेवतिया और विजय शंकर हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 154/5 है।

08:53 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : डेविड मिलर 12 रन बनाकर आउट हुए

गुजरात टाइटंस के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर सिर्फ 12 रन बना सके। 17वें ओवर की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उन्हें हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। 

08:36 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : 14 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 111 रन के पार पहुंचा

14 ओवर के बाद गुजरात ने तीन विकेट गंवाकर 114 रन बना लिए हैं। गुजरात का बल्लेबाजी क्रम अच्छी फॉर्म में नजर आ रहा है। फिलहाल क्रीज पर साई सुदर्शन 36 रन और डेविड मिलर दो रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 

08:28 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : उमरजई 17 रन बनाकर आउट हुए

गुजरात को तीसरा झटका अजमतुल्लाह उमरजई के रूप में लगा। उन्हें गेराल्ड कोएत्जी ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। तीसरे विकेट के लिए साई सुदर्शन के साथ 40 रन की साझेदारी निभाई। वह एक चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाने में कामयाब हुए। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 106/3 है। 

08:10 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात का दूसरा विकेट गिरा

गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका 64 रन के स्कोर पर लगा। शुभमन गिल 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें पीयूष चावला ने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। गुजरात के कप्तान इस मैच में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाने में कामयाब हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजमतुल्लाह उमरजई उतरे हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 69/2 है।

07:50 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात का पहला विकेट गिरा

गुजरात टाइटंस को अच्छी शुरुआत दिलाने वाले ऋद्धिमान साहा 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस मैच में चार चौके लगाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन उतरे हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 43/1 है।

07:32 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात की पारी शुरू हुई

मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए गुजरात टाइटंस तैयार हैं। शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा दमदार बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। साहाने हार्दिक की पहली गेंद पर जोरदार चौका मारा। पहले ओवर में टीम ने बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए हैं। 

07:08 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

मुंबई इंडियंस: ईशान किशन, रोहित शर्मा, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, टिम डेविड, शम्स मुलानी, गेराल्ड कोएत्ज़ी, पीयूष चाला, जसप्रीत बुमराह, ल्यूक वुड। इम्पैक्ट सब: डेवाल्ड ब्रेविस, रोमारियो शेफर्ड, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी।

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, उमेश यादव, साई किशोर, स्पेंसर जॉनसन। इम्पैक्ट सब: बीआर शरथ, मोहित शर्मा, मानव सुथार, अभिनव मनोहर, नूर अहमद।
 

07:01 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : मुंबई ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गुजरात टाइटंस पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी। इस मैच में मुंबई तीन विदेशी खिलाड़ी टिम डेविड, गेराल्ड कोएत्ज़ी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड के साथ खेलती नजर आएगी जबकि डेविड मिलर, स्पेंसर जॉनसन और अजमतुल्लाह उमरजई गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते नजर आएंगे।

05:45 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : गुजरात को खल सकती है शमी की कमी

जहां तक टाइटंस का सवाल है तो गिल के लिए टीम की पिछले दो सत्र की निरंतरता को बरकरार रखना चुनौती होगी। गिल को भारत के भावी कप्तान के रूप में भी देखा जा रहा है लेकिन इससे पहले उन्हें खुद को आईपीएल में साबित करना होगा। गिल पिछले सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल थे और उनकी टीम यही उम्मीद कर रही होगी की कप्तानी के दायित्व का उनकी बल्लेबाजी पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़े। टाइटंस को भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कमी खलेगी जो एड़ी के ऑपरेशन के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे। उनके लिए हालांकि अच्छी खबर यह है कि अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान पीठ की चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं।

05:41 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : खिलाड़ियों की फिटनेस बनी मुंबई के लिए मुसीबत

मुंबई की टीम फिटनेस से जुड़े मुद्दों से जूझ रही है। उसके स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को अभी तक खेलने की मंजूरी नहीं मिली है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ और दिलशान मदुशंका पहले ही आईपीएल से बाहर हो चुके हैं, जबकि नए खिलाड़ी गेराल्ड कोएत्ज़ी भी मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे हैं और वह भी शुरू में कुछ मैच से बाहर रह सकते हैं।

मुंबई को पांच खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा इस सत्र में महज एक बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे और वह विश्व कप से पहले अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल करना चाहेंगे। मुंबई के एक अन्य खिलाड़ी ईशान किशन के प्रदर्शन पर भी सभी की नजर रहेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के घरेलू क्रिकेट में खेलने के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण उन्हें बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से हाथ धोना पड़ा था और अब वह खुद को साबित करने के लिए बेताब होंगे। मुंबई के पास हार्दिक के अलावा मोहम्मद नबी और रोमारियो शेफर्ड के रूप में ऑलराउंडर के अच्छे विकल्प मौजूद हैं।

05:23 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, अजमतुल्लाह ओमरजई/केन विलियम्सन, डेविड मिलर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, उमेश यादव, स्पेंसर जॉनसन, मोहित शर्मा। इम्पैक्ट प्लेयर: आर साई किशोर

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर),  तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नेहल वढेरा, टिम डेविड, 7 रोमारियो शेफर्ड/मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा/क्वेना मफाका/ल्यूक वुड, कुमार कार्तिकेय/आकाश मधवाल। इम्पैक्ट प्लेयर: डेवाल्ड ब्रेविस।

05:22 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : कैसा रहेगा मौसम

इस मुकाबले में बारिश के आसार दूर-दूर तक नहीं दिख रहे हैं। अहमदाबाद में फिलहाल गर्मी है और तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी जबकि टॉस सात बजे हो जाएगा। उस वक्त यहां का तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। 

05:18 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : कैसी रहेगी अहमदाबाद की पिच

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस मैदान पर अब तक आईपीएल के कुल 27 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 13 मैचों में जीत मिली है जबकि 14 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी है। इस मैदान की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए समय-समय पर उपयोगी साबित होती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनते हैं। बाद में यह पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल हो जाती है। गुजरात टाइटंस ने इस मैदान पर 10 मुकाबले खेले हैं। इनमें छह मैचों में टीम को जीत मिली है जबकि चार में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने चार मैचों में सिर्फ एक मुकाबला अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है।

05:09 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI Live Score : दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड

बात करें दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की तो अब तक गुजरात और मुंबई के बीच चार मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दो मैचों में गुजरात को जीत मिली है जबकि इतने ही मैचों में मुंबई ने बाजी मारी है। मुंबई के खिलाफ गुजरात टाइटंस का सर्वाधिक स्कोर 233 रन रहा है। वहीं, मुंबई ने विरोधी टीम के खिलाफ 218 रन बनाए हैं। ऐसे में आज देखने वाली बात होगी कि दोनों टीमों में से कौन अपने पिछले स्कोर से अधिक रन बनाती है।

04:51 PM, 24-Mar-2024

GT vs MI: रोमांचक मुकाबले में गुजरात की जीत, गिल की अगुवाई में टीम ने मुंबई को छह रन से हराया

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2024 का पांचवां मुकाबला आज खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मैच में दोनों टीमें नए कप्तान के साथ उतरेंगी। हार्दिक पांड्या इस सीजन में मुंबई की कमान संभालते दिखेंगे जबकि शुभमन गिल को गुजरात के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हार्दिक की अगुवाई में गुजरात ने आईपीएल 2022 का खिताब जीता था। वहीं, पिछले सीजन में भी टीम फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, सीएसके से उसे करारी शिकस्त मिली थी। आज का मैच दोनों टीमों के लिए खास है। हार्दिक पहली बार गुजरात के खिलाफ खेलते नजर आएंगे, उन्हें मुंबई इंडियंस ने नीलामी के दौरान ट्रेड किया था। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें