फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs DC: अपने घर में गुजरात की करारी हार, दिल्ली छह विकेट से जीता, 11.1 ओवर शेष रहते ही अपने नाम किया मैच

Wed, 17 Apr 2024 10:31 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

IPL Live Cricket Score, GT vs DC Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 का 32वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात ने दिल्ली को 90 रन का लक्ष्य थमाया। इसके जवाब में दिल्ली ने छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:16 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : छह विकेट से दिल्ली की जीत

आईपीएल 2024 के 31वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस को छह विकेट से करारी शिकस्त देकर अंक तालिका में छठा स्थान हासिल कर लिया।  अब टीम के खाते में छह अंक दर्ज हो गए हैं। वहीं, गुजरात की टीम सातवें स्थान पर पहुंच गई है। दोनों टीमों के खाते में बराबर अंक हैं। इस मैच में दिल्ली के गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन किया और 89 रन के स्कोर पर गुजरात को ऑलआउट कर दिया। इसके जवाब में दिल्ली ने 67 गेंदों के शेष रहते हुए छह विकेट से लक्ष्य हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी हुई। पृथ्वी शॉ और जैक फ्रेजर-मैकगर्क के बीच पहले विकेट के लिए 25 रनों की साझेदारी हुई। स्पेंसर जॉनसन ने टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने मैकगर्क को शिकार बनाया। वह दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, शॉ सिर्फ सात रन बना सके।  इस मुकाबले में अभिषेक पोरेल ने 15, शाई होप ने 19, ऋषभ पंत ने 16 और सुमित कुमार ने नौ रन बनाए। पंत और सुमित नाबाद रहे। गुजरात के लिए संदीप वॉरियर ने दो विकेट चटकाए। वहीं, स्पेंसर जॉनसन और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।

10:01 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली को लगा चौथा झटका

दिल्ली को चौथा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने 67 रन के स्कोर पर शाई होप को आउट किया। वह 19 रन बनाकर लौटे। फिलहाल क्रीज पर पंत और सुमित कुमार मौजूद हैं। टीम को 84 गेंदों में 23 रन की जरूरत है। 

09:56 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा

दिल्ली को तीसरा झटका अभिषेक पोरेल के रूप में लगा। उन्हें संदीप वॉरियर ने अपने दूसरे ओवर में उन्हें बोल्ड किया। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर आए पोरेल सिर्फ 15 रन बना सके। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 65/3 है।

विज्ञापन
09:41 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : शॉ सात रन बनाकर लौटे पवेलियन

पृथ्वी शॉ सात रन बनाकर आउट हो गए। संदीप वॉरियर ने उन्हें स्पेंशर जॉनसन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ सात रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शाई होप उतरे हैं। टीम को जीत के लिए 102 गेंदों में 59 रन की जरूरत है।

09:35 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली का पहला विकेट गिरा

दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका 25 रन के स्कोर पर लगा। स्पेंसर जॉनसन ने पारी के दूसरे ओवर में जैक फ्रेजर-मैकगर्क को निशाना बनाया। वह 10 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर अभिषेक पोरेल आए हैं। 

विज्ञापन
09:30 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली कैपिटल्स की पारी शुरू हुई

90 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए पृथ्वी शॉ और जैक फ्रेजर-मैकगर्क उतरे हैं। पारी का पहला ओवर संदीप वॉरियर ने फेंका। इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने 14 रन लूटे।

09:09 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात ने दिल्ली को थमाया 90 रन का लक्ष्य

आईपीएल 2024 के 31वें मैच में गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया। इस मैच में टीम 89 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। नंबर आठ पर उतरे राशिद खान के अलावा कोई भी बल्लेबाज 15 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। गुजरात की पारी की शुरुआत झटके के साथ हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए शुभमन गिल सिर्फ आठ रन बना सके। उन्होंने ईशांत शर्मा ने 11 रन के स्कोर पर शॉ के हाथों कैच कराया। वहीं, उनके साथी बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा सिर्फ दो विकेट बना सके। इस मुकाबले में साई सुदर्शन ने 12, डेविड मिलर ने दो, अभिनव मनोहर ने आठ, राहुल तेवतिया ने 10, शाहरुख खान शून्य, मोहित शर्मा ने दो, नूर और जॉनसन ने एक-एक रन बनाया। वहीं, स्पेंसर नाबाद रहे।

दिल्ली के खिलाफ राशिद खान का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 24 गेंदों का सामना किया। दो चौकों और क छक्के की मदद से उन्होंने 31 रन बनाए। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने तीन विकेट चटकाए। वहीं, ईशांत शर्मा और ट्रिस्टन स्टब्स ने दो-दो विकेट लिए जबकि खलील अहमद और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। 

इसी के साथ गुजरात टाइटंस के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे कम स्कोर बनाने वाली गुजरात पहली टीम बन गई। इसके अलावा यह गुजरात का आईपीएल में सबसे कम स्कोर है।

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे कम स्कोर बनाने वाली टीमें
89 - गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद, 2024*
92 - मुंबई इंडियंस, वानखेड़े, 2012
108 - राइजिंग पुणे जाएंट्स, पुणे, 2017
110/8 - चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली, 2012

आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए सबसे कम स्कोर
89 बनाम दिल्ली कैपिटल्स, अहमदाबाद, 2024*
125/6 बनाम दिल्ली कैपिटल्स, अहमदाबाद, 2023
130 बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, लखनऊ, 2024
135/6 बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, लखनऊ, 2023

08:58 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात का आठवां विकेट भी गिरा

गुजरात के बल्लेबाजों का पवेलियन लौटने का सिलसिला जारी है। टीम को अब आठवां झटका लगा है। खलील अहमद ने मोहित शर्मा को 78 रन के स्कोर पर आउट किया। शर्मा सिर्फ चार रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर राशिद खान मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 88/8 है।

08:41 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर आउट हुए

इस मैच में गुजरात के बल्लेबाजों को विकेट पर संघर्ष करते देखा जा रहा है। राहुल तेवतिया के रूप में टीम को सातवां झटका लगा। वह सिर्फ 10 रन बना सके।

08:28 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात का छठा विकेट गिरा

गुजरात को छठा झटका 48 रन के स्कोर पर लगा। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए शाहरुख खान बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें पंत ने स्टंप आउट किया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए राशिद खान उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए राहुल तेवतिया मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 54/6 है।

08:21 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात को लगा पांचवां झटका

गुजरात को पांचवां झटका 47 रन के स्कोर पर लगा। ऋषभ पंत ने अभिनव मनोहर को रन आउट किया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। गुजरात के बल्लेबाजों को दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ संघर्ष करते देखा जा रहा है। 

08:15 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

गुजरात ने छह ओवर में चार विकेट खोकर 30 रन बना लिए हैं। इसी के साथ गुजरात आईपीएल 2024 में पॉवरप्ले में सबसे कम स्कोर बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है।

आईपीएल 2024 में सबसे कम पावरप्ले स्कोर
27/3 - पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, मुल्लनपुर
30/4 - गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स, अहमदाबाद*
31/2 - राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, जयपुर
32/2 - चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, विशाखापत्तनम
38/1 - पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, मुल्लनपुर

08:07 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : पॉवरप्ले में गुजरात ने खोए चार विकेट

पॉवरप्ले में गुजरात ने चार विकेट खो दिए। टीम को पहला झटका कप्तान गिल के रूप में लगा। इसके बाद साहा दो रन बनाकर लौटे। वहीं, टीम को तीसरा झटका सुमित कुमार ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को रनआउट कर दिया। टीम का चौथा विकेट डेविड मिलर के रूप में गिरा। फिलहाल अभिनव मनोहर औ राहुल तेवतिया क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों से एक अच्छी साझेदारी की उम्मीद है।

08:04 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात को लगा चौथा झटका

गुजरात को चौथा झटका डेविड मिलर के रूप में लगा। वह सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें ईशांत शर्मा ने ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। 

07:56 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात को लगा तीसरा झटका

गुजरात को तीसरा झटका साई सुदर्शन के रूप में लगा। उन्हें सुमित कुमार ने रनआउट किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सुदर्शन सिर्फ 12 रन बना सके।

07:53 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात का दूसरा विकेट गिरा

गुजरात को दूसरा झटका ऋद्धिमान साहा के रूप में लगा। उन्हें मुकेश कुमार ने क्लीन बोल्ड किया। वह सिर्फ दो रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर उतरे हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 28/2 है।

07:40 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात को लगा पहला झटका

दिल्ली के खिलाफ गुजरात को पहला झटका 11 रन के स्कोर पर लगा। उन्हें ईशांत शर्मा ने पारी के दूसरे ओवर में पृथ्वी शॉ के हाथों कैच कराया। कप्तान इस मुकाबले में सिर्फ आठ रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन उतरे हैं। वहीं, उनका साथ देने के लिए ऋद्धिमान साहा क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात की पारी शुरू हुई

दिल्ली के खिलाफ टॉस हारकर गुजरात पहले बल्लेबाजी के लिए तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल उतरे हैं। दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। पहला ओवर खलील अहमद फेंक रहे हैं।

07:07 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

दिल्ली कैपिटल्स : पृथ्वी शॉ, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ट्रिस्टन स्टब्स, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अक्षर पटेल, सुमित कुमार, कुलदीप यादव, इशांत शर्मा, मुकेश कुमार, खलील अहमद।
इम्पैक्ट सब: अभिषेक पोरेल, लिजाद विलियम्स, कुमार कुशाग्र, प्रवीण दुबे, ललित यादव।

गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, संदीप वारियर। इम्पैक्ट सब: शरथ बीआर, मानव सुथार, शाहरुख खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, दर्शन नालकंडे।

06:55 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पंत ने बताया कि गुजरात के खिलाफ इस मैच में डेविड वॉर्नर खेलते नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह सुमित कुमार को मौका दिया गया है। वहीं, गुजरात की प्लेइंग 11 में ऋद्धिमान साहा और डेविड मिलर की वापसी हुई है। इसके अलावा संदीप वॉरियर को डेब्यू का मौका मिला है। उन्हें उमेश यादव की जगह टीम में शामिल किया गया है।इस मैच में गुजरात की टीम चार विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलती नजर आएगी। इनमें डेविड मिलर, राशिद खान, नूर अहमद और स्पेंसर जॉनसन शामिल हैं। वहीं, दिल्ली की तरफ से जैक फ्रेजर-मैकगर्क, ट्रिस्टन स्टब्स और शाई होप बतौर विदेशी खिलाड़ी के रूप में खेलते नजर आएंगे।

06:55 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए

एनरिक नॉर्त्जे पिछले मैच में नहीं खेले थे, जिनकी गेंदों की बल्लेबाजों ने अभी तक धज्जियां उड़ाई हैं। मुकेश कुमार ने पांच मैच में 10 रन प्रति ओवर दिए हैं और वह लखनऊ के खिलाफ मैच में भी काफी खर्चीले रहे। टीम के लिए सबसे सकारात्मक चीज कप्तान ऋषभ पंत की बल्लेबाजी फॉर्म रही है जो प्रत्येक मैच के साथ बेहतर से बेहतर होते जा रहे हैं। यह कहा जा सकता है कि संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिद्वंद्विता के बावजूद पंत भारत की टी20 विश्व कप की टीम में जगह बनाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के पास भारतीय बल्लेबाजी प्रतिभाओं की कमी है जिससे टीम डेविड वॉर्नर जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर है और यह बल्लेबाज भी पिछले तीन मैच में ज्यादा योगदान नहीं करने के बाद प्रभावित करने के लिए बेकरार होगा। दिल्ली की टीम छह मैचों में से सिर्फ दो मैच जीत पाई है और चार अंक लेकर अंक तालिका में नौवें स्थान पर है।

06:54 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : दिल्ली की टीम अब तक परफेक्ट प्लेइंग-11 नहीं ढूंढ पाई

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की बात की जाए तो टीम फॉर्म और फिटनेस मुद्दों के कारण अभी तक अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइग-11 जुटाने में असफल रही है। पांच मुकाबलों में चार हार के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स पर मिली जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है। अगर उन्हें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए खुद को दौड़ में बनाए रखना है तो अपनी कमियों में सुधार करके मुकाबले जीतने होंगे।

फिट होकर वापसी करने वाले कुलदीप यादव की मौजूदगी से काफी बड़ा अंतर पड़ा। इस गेंदबाज ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के तीन विकेट लेकर उनकी बल्लेबाजी पर लगाम कसी। गुजरात टाइटंस के लिए उनका सामना करना, विशेषकर उनकी गुगली को खेलना मुश्किल हो सकता है। जेक फ्रेजर मैकगर्क के रूप में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरे नंबर पर अच्छा खिलाड़ी मिल गया है और टीम उम्मीद कर रही होगी कि यह ऑस्ट्रेलियाई अपने पहले आईपीएल मैच की सफलता के बूते आगे बढ़े।

06:54 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : डेविड मिलर की हो सकती है वापसी

डेविड मिलर चोट की वजह से पिछले कुछ मैचों में नहीं खेले थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिट हो चुके हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर टीम मैनेजमेंट को अंतिम फैसला करना है। अगर मिलर की वापसी होती है तो प्लेइंग-11 में काफी फेरबदल करना होगा। मैथ्यू वेड और नूर अहमद में से किसी एक को बाहर बैठाना होगा। वहीं, ऋद्धिमान साहा की वापसी हो सकती है। 

06:53 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC Live Score : गुजरात की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर

गुजरात टाइटंस ने तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में अंतिम गेंद पर जीत हासिल की थी और अगर उसे अपने अभियान में जान फूंकनी है तो उसे ऐसा ही प्रदर्शन करने की जरूरत है। टीम अपने पहले छह मैच में केवल तीन में ही जीत सकी है और छह अंक लेकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है। उसके अभी आठ मैच बाकी हैं। ऐसे में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम के पास चीजों का रूख बदलने के लिए काफी समय है।

हालांकि, मोहम्मद शमी की अनुपस्थिति उनके लिए नुकसानदायक रही है, लेकिन उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ उपलब्ध गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना होगा। उमेश यादव ने अभी तक सात विकेट झटके हैं, लेकिन प्रति ओवर 10 से ज्यादा रन लुटाए हैं। उनके नई गेंद के जोड़ीदार स्पेंसर जॉनसन और अनुभवी मोहित शर्मा भी अपने इकोनोमी रेट में सुधार कर सकते हैं। स्टार स्पिनर राशिद खान ने अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की है, लेकिन वह अपने खाते में और विकेट डालना चाहेंगे। पिछले मैच में उनकी बदौलत गुजरात टाइटंस रोमांचक जीत हासिल करने में सफल रही और टीम भी उनसे बल्ले से इससे अधिक रनों की उम्मीद करेगी।

06:36 PM, 17-Apr-2024

GT vs DC: अपने घर में गुजरात की करारी हार, दिल्ली छह विकेट से जीता, 11.1 ओवर शेष रहते ही अपने नाम किया मैच

आईपीएल 2024 के 32वें मैच में आज गुजरात टाइटंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मैच में दोनों ही टीमें निरंतरता हासिल करने की कोशिश करेंगी। गुजरात और दिल्ली, दोनों इस मैच में बेहतर प्रदर्शन कर एक दूसरे को पराजित कर अंक तालिका में अपनी स्थिति को बेहतर करने की कोशिश करेंगी। पिछले दो सीजन की तरह गुजरात टाइटंस इस सीजन अभी तक एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन नहीं कर सकी है। हालांकि, उनके पास अपनी कमियों को पूरा करने का अब भी काफी समय है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें