हीली मैथ्यूज के हरफनमौला प्रदर्शन के दमपर मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब टीम का सामना खिताबी मैच में दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच 15 मार्च (शनिवार) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। गुरुवार को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरमनप्रीत कौर की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 213 रन बनाए, जो महिला प्रीमियर लीग के किसी मैच की पहली पारी का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में गुजरात 19.2 ओवर में सिर्फ 166 रन ही बना सकी और 47 रन से मुकाबला हार गई।
पहली बार एलिमिनेटर मुकाबला खेलने उतरी गुजरात को मुंबई ने सातवीं बार हराया। एश्ले गार्डनर के नेतृत्व वाली टीम का सफर इसी के साथ समाप्त हो गया। 214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। इससे पहले उनके गेंदबाज भी मुंबई के आगे पस्त दिखे।
अहम मुकाबले में गुजरात ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए थे। शबनम इस्माइल ने बेथ मूनी (6) को आउट किया। इसके बाद हरलीन देओल (8) रनआउट हुईं। छठे ओवर की चौथी गेंद पर हीली मैथ्यूज ने कप्तान एश्ले गार्डनर (8) को बोल्ड किया। इस मैच में डैनियल गिब्सन ने 34, फीबी लीचफील्ड ने 31, भारती फुलमाली ने 30, काशवी गौतम ने चार, सिमरन शेख ने 17, तनुजा कंवर ने 16, मेघना सिंह ने पांच रन बनाए। वहीं, प्रिया मिश्रा बिना खाता खोले नाबाद रहीं। इस मैच में मुंबई के लिए हीली मैथ्यूज ने तीन और अमेलिया कर ने दो विकेट चटकाए। वहीं, शबनम इस्माइल और नैट सिवर ब्रंट ने एक-एक सफलता हासिल की।
गुजरात को चौथा झटका डैनियल गिब्सन के रूप में लगा। वह 34 रन बनाकर रनआउट हो गईं। फिलहाल फीबी लीचफील्ड और भारती फुलमाली क्रीज पर मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 88/4 है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जाएंट्स की शुरुआत खराब हुई है। पावरप्ले में ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। शबनम इस्माइल ने बेथ मूनी (6) को आउट किया। इसके बाद हरलीन देओल (8) रनआउट हुईं। छठे ओवर की चौथी गेंद पर हीली मैथ्यूज ने कप्तान एश्ले गार्डनर को बोल्ड किया। फिलहाल क्रीज पर डैनियल गिब्सन और फीबी लीचफील्ड मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 46/3 है।
हीली मैथ्यूज और नेट सिवर ब्रंट की शतकीय साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुजरात जाएंट्स के सामने 214 रन का लक्ष्य रखा है। पहले संस्करण की विजेता टीम ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 213 रन बनाए। यह महिला प्रीमियर लीग के इतिहास का पहली पारी का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। गुजरात के लिए डैनियल गिब्सन ने दो और काशवी गौतम ने एक विकेट चटकाया।
पहली बार महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही गुजरात के लिए मुंबई की हीली और ब्रंट सिरदर्द साबित हुईं। दोनों के बीच 133 रनों की साझेदारी हुई। मुंबई को पहला झटका पांचवें ओवर में 26 रन के स्कोर पर लगा था। इसके बाद मैथ्यूज को इंग्लैंड की ऑलराउंडर ब्रंट का साथ मिला और दोनों ने स्कोर 150 के पार पहुंचा दिया। हीली ने 50 गेंदों में 77 तो ब्रंट ने 41 गेंदों में 77 रनों की पारियां खेलीं। उनके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 गेंदों में 300 के स्ट्राइक रेट से 36 रन बनाए। वहीं, सजीवन सजना एक रन बनाकर नाबाद रहीं।
शानदार फॉर्म में नजर आईं हीली मैथ्यूज को काशवी गौतम ने अपना शिकार बनाया। वह 50 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने नेट सिवर ब्रंट के साथ दूसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी निभाई। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हरमनप्रीत कौर उतरी हैं। 17 ओवर के बाद 166/2 है।
हीली मैथ्यूज (77) और नेट सिवर ब्रंट (61) के बीच 133 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं और गुजरात के गेंदबाजों के लिए सिरदर्द बन रही हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर 159/1 है।
हीली मैथ्यूज और नेट सिवर ब्रंट ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है जो कि 50 के पार पहुंचने वाली है। वहीं, गुजरात को दूसरे विकेट की तलाश है। नौ ओवर के बाद स्कोर 78/1 है।
मुंबई को पहला झटका 26 रन के स्कोर पर डैनियल गिब्सन ने दिया। उन्होंने यास्तिका भाटिया को अपना शिकार बनाया। वह फुलमाली के हाथों 15 रन बनाकर कैच आउट हुईं।
मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो चुकी है। यास्तिका भाटिया और हीली मैथ्यूज क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रही हैं। वहीं, गुजरात की तरफ से काशवी गौतम पहला ओवर फेंक रही हैं।
मुंबई इंडियंस: हीली मैथ्यूज, अमेलिया कर, नेट सिवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमनजोत कौर, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), सजीवन सजना, जी कमालिनी, संस्कृति गुप्ता, शबनम इस्माइल, साइका इशाक।
गुजरात जाएंट्स: बेथ मूनी (विकेटकीपर), काशवी गौतम, हरलीन देओल, एश्ले गार्डनर (कप्तान), फीबी लीचफील्ड, डेनियल गिब्सन, भारती फुलमाली, सिमरन शेख, तनुजा कंवर, मेघना सिंह, प्रिया मिश्रा।
महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही गुजरात जाएंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान एश्ले गार्डनर ने बताया कि इस अहम मुकाबले में उनकी टीम एक बदलाव के साथ उतरी है। डिएंड्रा डॉटिन चोट के कारण बाहर हो गई हैं। उनकी जगह डेनियल गिब्सन को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। वहीं, मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत ने बताया कि साइका इशाक की जगह परुनिका सिसोदिया को टीम में जगह दी गई है।
गुजरात का दारोमदार ऐश्ली गार्डनर और हरलीन देओल पर ज्यादा है। गार्डनर ने इस सत्र में अपनी ऑस्ट्रेलियाई साथी बेथ मूनी से कप्तानी ली है। वह अब तक टूर्नामेंट में 235 रन बना चुकी हैं और शीर्ष पांच स्कोरर में शामिल हैं। हालांकि गार्डनर पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ शून्य पर आउट हो गई थीं। गुजरात का मजबूत पक्ष उनकी नवोदित क्रिकेटर भारती फूलमाली और काश्वी गौतम हैं। दोनों अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।
इस टूर्नामेंट में कप्तान हरमनप्रीत की फॉर्म उतार-चढ़ाव वाली रही है। वह इस सत्र में दो ही अर्धशतक लगा पाई हैं। गुजरात के अलावा उन्होंने आरसीबी के खिलाफ के 50 रन की पारी खेली थी। दिल्ली के खिलाफ भी उन्होंने 42 रन बनाए थे। हरमनप्रीत ने इस सत्र में आक्रामक अंदाज दिखाया है। वह शुरुआत में आकर तेज खेल रही हैं और बाद में वह संभलकर बल्लेबाजी कर रही हैं। हरमनप्रीत की कप्तानी अच्छी रही है, लेकिन मुंबई को एक बार फिर फाइनल में पहुंचाने के लिए उन्हें एलिमिनेटर में अपने बल्ले से भी दम दिखाना होगा।
नेट सिवर इस टूर्नामेंट में चार अर्धशतक लगा चुकी हैं और उन्होंने विकेट भी लिए हैं। हीली मैथ्यूज भी पीछे नहीं रही हैं। बीते माह वडोदरा में उन्होंने गुजरात के खिलाफ 16 रन पर तीन विकेट लेकर मुंबई को जीत दिलाई थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात के ही खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में तीन विकेट लेकर मुंबई को जीत दिलाई। गुजरात की बल्लेबाज उनकी ऑफ स्पिन गेंदों को अच्छी तरह खेलने में नाकाम रही हैं। वह टूर्नामेंट में अब तक दो अर्धशतक लगा चुकी हैं और 14 विकेट उखाड़ चुकी हैं।
इस सत्र में मुंबई इंडियंस की टीम अंक तालिका में लगातार पहले और दूसरे स्थान पर रही, लेकिन महत्वपूर्ण मौके पर उसे दिल्ली कैपिटल्स के हाथों पहला स्थान गंवाना पड़ा। दिल्ली की पहले स्थान पर रहते हुए लगातार तीसरी बार लीग के फाइनल में पहुंची है। मुंबई की मजबूती का सबसे बड़ा कारण इंग्लैंड की ऑलराउंडर नेट शिवर ब्रंट और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज रही हैं। दोनों ने ही अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। शिवर इस टूर्नामेंट में अब तक आठ मैचों में 416 रन बना चुकी हैं और वह शीर्ष स्कोरर हैं।
पिछले दो सत्रों में गुजरात का लीग में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इस सत्र में भी उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन उसने कप्तान ऐश्ले गार्डनर के दम पर शानदार वापसी की है। ऐसे में गुजरात की दावेदारी को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता है।
मुंबई का मनोबल इस मुकाबले के लिए इस लिए भी बढ़ा होगा, क्योंकि उसने इस सत्र में गुजरात को दो बार हराया है और यह मुकाबला उसके घर ब्रेबोर्न स्टेडियम में होने जा रहा है। फिर गुजरात के खिलाफ पिछले मुकाबले में हरमनप्रीत ने 33 गेंद में 54 रन की मैच विजेता पारी खेली थी। मुंबई लीग के पहले संस्करण की विजेता है, जबकि गुजरात पहली बार फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगा।
सितारों से सजी मुंबई इंडियंस मंगलवार को गत विजेता आरसीबी के हाथों हारकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के सीधे फाइनल में पहुंचने से चूक गई। बावजूद इसके हरमनप्रीत कौर की टीम के पास दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का मौका होगा, जब गुरुवार को एलिमिनेटर में उसके सामने गुजरात जाएंट्स की टीम होगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण का एलिमिनेटर मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जाएंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 15 मार्च को फाइनल खेलने उतरेगी। दिल्ली ने शीर्ष पर रहकर खिताबी मुकाबले के लिए पहले ही सीधे क्वालिफाई किया है।