फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs AUS: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हराया, सीरीज बराबरी पर छूटी, ब्रॉड ने आखिरी गेंद पर लिया विकेट

Mon, 31 Jul 2023 11:13 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

AUS vs ENG Ashes 2023: एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हरा दिया। इस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 295 रन बनाए। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 395 रन बनाए और 384 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 334 रन ही बना पाई और मैच 49 रन से हार गई। इसके साथ ही पांच मैच की सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूट गई।
विज्ञापन
स्टुअर्ट ब्रॉड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हराकर सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने करियर की आखिरी गेंद में एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त की। कैरी ने 50 गेंद में 28 रन बनाए। इस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 295 रन बनाकर 12 रन की मामुली बढ़त ली। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 395 रन का स्कोर खड़ा कर दिया और ऑस्ट्रेलिया के सामने 384 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 140 रन जोड़े। डेविड वॉर्नर 60 और ख्वाजा 72 रन बनाकर आउट हुए। स्टीव स्मिथ ने भी 54 रन का योगदान दिया। ट्रेविस हेड ने 43 रन बनाए। अंत में एलेक्स कैरी ने 28 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 334 रन ही बना पाई और मैच 49 रन से हार गई। इसके साथ ही पांच मैच की सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूट गई। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने चार और मोईन अली ने तीन विकेट लिए। स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो विकेट झटके। मार्क वुड को एक विकेट मिला।

टेस्ट सीरीज के शुरुआत दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते थे। इंग्लैंड ने तीसरा मैच जीतकर वापसी की और चौथा मैच ड्रॉ रहा। पांचवां मैच जीतकर इंग्लैंड ने सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म की। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने इसके साथ ही संन्यास ले लिया। उन्होंने अपने करियर की आखिरी गेंद में बल्ले के साथ छक्का लगाया और गेंद के साथ विकेट लिया।

10:43 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा

329 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। टॉड मर्फी 39 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड ने उन्हें जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। अब एलेक्स कैरी के साथ जोश हेजलवुड क्रीज पर हैं।

10:28 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन के पार

आठ विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और टॉड मर्फी क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें बनाए हुए हैं। 89 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 315 रन है। जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को अभी भी 69 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:01 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट गिरे

294 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट गिर चुके हैं। पैट कमिंस के रूप में ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका लगा। कमिंस ने 14 गेंद में नौ रन बनाए और मोईन अली की गेंद पर बेन स्टोक्स ने उनका कैच पकड़ा। अब एलेक्स कैरी और टॉड मर्फी क्रीज पर हैं। इंग्लैंड जीत से दो विकेट दूर है।

09:38 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट गिरे

275 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट गिर चुके हैं। क्रिस वोक्स ने मिचेल स्टार्क को जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। स्टार्क ने दो गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल सके। अब एलेक्स कैरी के साथ कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:34 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट गिरे

274 रन पर ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट गिर चुके हैं। मोईन अली ने मिचेल मार्श को आउट किया। मार्श ने नौ गेंद में एक चौके की मदद से छह रन बनाए। अब एलेक्स कैरी के साथ मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। 76 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 274 रन है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अभी भी 110 रन की जरूरत है।

09:29 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: स्टीव स्मिथ अर्धशतक लगाकर आउट

स्टीव स्मिथ अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस वोक्स ने उन्हें जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। स्मिथ ने 94 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 54 रन बनाए। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम मुश्किल में आ चुकी है। अभी भी ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 110 रन की जरूरत है और दो नए बल्लेबाज क्रीज पर हैं। मिचेल मार्श के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। 75 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 274 रन है।

09:21 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

264 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। ट्रेविस हेड 70 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोईन अली ने उन्हें जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। हेड ने अपनी पारी में छह चौके लगाए। अब स्मिथ के साथ मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। 74 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 269 रन है।

09:20 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: स्टीव स्मिथ का अर्धशतक

स्टीव स्मिथ ने 89 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक आठ चौके लगाए हैं। स्मिथ की शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 260 रन के पार जा चुका है और उनकी टीम मैच में बनी हुई है।

09:17 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 73 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 262 रन है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 122 रन की जरूरत है।

08:57 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: तीसरे सत्र का खेल शुरू

ओवल में पांचवें दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। स्मिथ और हेड क्रीज पर हैं। 52 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 146 रन और इंग्लैंड को सात विकेट की जरूरत है।
 

08:33 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: जल्द शुरू होगा तीसरे सत्र का खेल

बारिश की वजह से मैदान काफी गीला है और खेल शुरू होने में देरी हो रही है। इस वजह से अंपायरों ने समय से पहले ही चायकाल का एलान कर दिया था। अब चायकाल का समय भी खत्म हो चुका है, लेकिन गीले मैदान की वजह से खेल नहीं शुरू हुआ है। अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद भारतीय समयानुसार रात 8.50 बजे तीसरे सत्र का खेल शुरू करने की बात कही है। अब ऑस्ट्रेलिया को यह मैच जीतने के लिए एक सत्र में 146 रन बनाने होंगे। वहीं, इंग्लैंड को जीत हासिल करने के लिए सात विकेट लेने होंगे। हालांकि, अभी भी 52 ओवर का खेल होना है, ऐसे में मैच का नतीजा आने की संभावना काफी ज्यादा है।

07:11 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: बारिश के चलते दूसरे सत्र का खेल शुरू होने में देरी

बारिश के चलते दूसरे सत्र का खेल शुरू नहीं हो पाया है। अब इस मैच के ड्रॉ होने की संभावना बढ़ गई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत से 146 रन दूर है, लेकिन यह लक्ष्य हासिल करने के लिए उसे एक सत्र से ज्यादा का समय चाहिए होगा। वहीं, इंग्लैंड को सात विकेट लेने हैं और इसके लिए भी एक सत्र का खेल जरूरी है। बारिश की वजह से अब पर्याप्त ओवर होने मुश्किल हैं और इस मैच का ड्रॉ होना लगभग तय है।

06:05 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 238/3

पांचवें दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 238/3 है। कंगारू टीम जीत से 146 रन दूर है और इंग्लैंड को जीतने के लिए सात विकेट चाहिए। स्टीव स्मिथ 40 और ट्रेविस हेड 31 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और ये दोनों अगले सत्र में बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।

05:10 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच में बनी हुई है। ये दोनों खिलाड़ी बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे। 56 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 206 रन है।

04:36 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: लाबुशेन को मार्क वुड ने पवेलियन भेजा

मार्नस लाबुशेन 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्क वुड ने उन्हें जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम मुश्किल में आ सकती है। स्मिथ के साथ ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं। 50 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 173 रन है।

04:11 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

141 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा है और अब इंग्लैंड की टीम मैच में वापसी कर रही है। क्रिस वोक्स ने वॉर्नर के बाद ख्वाजा को भी आउट किया। उन्होंने ख्वाजा को 72 रन के निजी स्कोर पर विकेटों के सामने फंसाया। अब मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। 45 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 154 रन है।

04:01 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

140 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा है। डेविड वॉर्नर 60 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस वोक्स ने उन्हें विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। अब उस्मान ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 43 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 141 रन है।

03:46 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: पांचवें दिन का खेल शुरू

एशेज में पांचवें दिन का खेल शुरू हो चुका है। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों बल्लेबाज आज अपना शतक भी पूरा करना चाहेंगे। वहीं, इंग्लैंड की कोशिश जल्दी से जल्दी यह साझेदारी तोड़ने की होगी। 40 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 138 रन है।

03:24 PM, 31-Jul-2023

ENG vs AUS: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हराया, सीरीज बराबरी पर छूटी, ब्रॉड ने आखिरी गेंद पर लिया विकेट

Cricket Live Score Today AUS vs ENG Ashes 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच लंदन के केनिंगटन ओवल में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का पांचवां दिन है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 295 रन बनाए। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 395 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 135 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया जीत से 249 रन दूर है और इंग्लैंड को जीत के लिए 10 विकेट लेने हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें