10:04 PM, 23-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: एशेज ऑस्ट्रेलिया के पास
मैनेचेस्टर में चौथा टेस्ट ड्रॉ घोषित होने से एशेज ऑस्ट्रेलिया के पास बरकरार है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 317 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 592 रन बनाए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 214 रन बना लिए थे। इंग्लैंड के पास 61 रन की बढ़त थी। मैच इंग्लैंड के पक्ष में था, लेकिन बारिश ने सारा खेल बिगाड़ दिया। पांचवें दिन बारिश के कारण खेल शुरू ही नहीं हो सका। कंगारू टीम को बल्लेबाजी नहीं करनी पड़ी। बारिश ने ऑस्ट्रेलिया को हार से बचा लिया। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट 27 जुलाई से लंदन के केनिंगटन ओवल में खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर कंगारू टीम एशेज के बाद सीरीज भी अपने नाम करना चाहेगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम मैच जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहेगी।
इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स ने अच्छी बल्लेबाजी वाले विकेट पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करके सही फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने भी उन्हें निराश नहीं किया। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 317 रनों पर रोककर इंग्लैंड ने दूसरे दिन की सुबह खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद यह उसके बल्लेबाजों ने मैनचेस्टर के बेहतरीन विकेट पर जबरददस्त बल्लेबाजी की। जैक क्रॉली ने शतक लगाया तो मोईन अली, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इंग्लैंड ने पहली पारी में 592 रन बनाकर 275 रन की बड़ी बढ़त हासिल की।
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को लगातार झटके दिए, लेकिन चौथे दिन मुश्किल परिस्थितियों में शतक लगाकर मार्नश लाबुशेन ने कंगारू टीम को मैच में वापस ला दिया। हालांकि, पांचवें दिन जब कंगारू टीम 61 रन पीछे थी, तो एक भी गेंद का खेल ही नहीं हुआ। इंग्लैंड को उम्मीद थी कि वह ऑस्ट्रेलिया के बचे हुए पांच विकेट को लेकर जीत हासिल कर लेगा, लेकिन बारिश ने ऐसा नहीं होने दिया। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया पर लगभग जीत हासिल कर ली, लेकिन इंग्लैंड इंग्लैंड के मौसम पर काबू नहीं पा सका।
संक्षिप्त स्कोर:
ऑस्ट्रेलिया पहली पारी: 317 (मार्नश लाबुशेन 51 रन और मिचेल मार्श 51 रन; क्रिस वोक्स पांच विकेट)।
इंग्लैंड पहली पारी: 592 (जैक क्रॉली 189 रन, जॉनी बेयरस्टो नाबाद 99 रन, जो रूट 84, हैरी ब्रूक 61 रन, मोईन अली 54 रन और बेन स्टोक्स 51 रन; जोश हेजलवुड पांच विकेट)।
ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी: 214-5 (मार्नश लाबुशेन 111 रन, मिचेल मार्श नाबाद 31 रन; मार्क वुड तीन विकेट)।
नतीजा: मैच ड्रॉ।