फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs SCO: बारिश से धुला इंग्लैंड-स्कॉटलैंड मैच, दोनों टीमों को मिले एक-एक अंक, मुनसे-जोंस की पारी बेकार

Wed, 05 Jun 2024 12:34 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

खास बातें

England vs Scotland T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2024 के छठे मैच में मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड का सामना स्कॉटलैंड से था। यह मैच बारबाडोस के ब्रिजटाउन के केनसिंगटन ओवल मैदान पर खेला गया। हालांकि, बारिश की वजह से मैच रद्द हो गया।
विज्ञापन
इंग्लैंड बनाम स्कॉटलैंड लाइव स्कोर - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:28 AM, 05-Jun-2024

इंग्लैंड-स्कॉटलैंड मैच रद्द

बारिश की वजह से इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच मैच को रद्द कर दिया गया है। ऐसे में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बैरिंगटन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टॉस के तुरंत बाद तेज बारिश हुई और मैच करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। स्कॉटलैंड की पारी के दौरान 6.2वें ओवर में फिर बारिश शुरू हुई और मैच को रोक दिया गया।  फिर जब मुकाबला शुरू हुआ तो ओवर में कटौती हुई। मैच को 10-10 ओवर का कर दिया गया।

स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 90 रन बनाए। जॉर्ज मुनसे ने 31 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन और माइकल जोंस ने 30 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन की नाबाद पारी खेली। डकवर्थ लुईस नियम के तहत इंग्लैंड को बढ़ाकर लक्ष्य मिला। इंग्लैंड को इस नियम के तहत 10 ओवर में 109 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, स्कॉटलैंड की पारी खत्म होते ही बारिश ने फिर खलल डाला और मैच को रोकना पड़ा है। मैदान को कवर्स से ढक दिया गया। इसके बाद अंपायर्स ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। 

ग्रुप-बी में नामीबिया की टीम दो अंक लेकर शीर्ष पर है। वहीं, इंग्लैंड एक अंक के साथ दूसरे और स्कॉटलैंड एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा ओमान चौथे और ऑस्ट्रेलिया पांचवें स्थान पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने अभियान की शुरुआत भारतीय समयानुसार छह जून को करेगी।

12:18 AM, 05-Jun-2024

ENG vs SCO Live: बारिश ने डाला खलल

स्कॉटलैंड की पारी खत्म होते ही बारिश ने फिर खलल डाला और मैच को रोकना पड़ा है। मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। बारबाडोस में तेज बारिश हो रही है। मैच के रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है।

11:59 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: स्कॉटलैंड ने इंग्लैंड को 109 रन का लक्ष्य दिया

डकवर्थ लुईस नियम के तहत स्कॉटलैंड ने इंग्लैंड को 109 रन का लक्ष्य दिया है। यह मैच 10-10 ओवर का है। स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 90 रन बनाए। फिर डकवर्थ लुईस नियम के तहत इंग्लैंड को 109 रन का लक्ष्य मिला। दरअसल, स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पारी के 6.2वें ओवर में बारिश ने खलल डाला और मैच को काफी देर तक रोका गया। फिर जब मुकाबला शुरू हुआ तो ओवर में कटौती हुई। अब इंग्लैंड को 10 ओवर में 109 रन बनाने हैं।

विज्ञापन
11:30 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: 10-10 ओवर का मैच होगा

बारिश रुकी चुकी है। अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद कुछ देर में मैच शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, अंपायर्स ने ओवर्स घटा दिए हैं। अब 10-10 ओवर का मुकाबला होगा। स्कॉटलैंड ने इसमें से 6.2 ओवर खेल लिए हैं और बिना विकेट गंवाए 51 रन बना लिए हैं। माइकल जोंस और जॉर्ज मुनसे क्रीज पर हैं। मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है।

09:54 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: बारिश के कारण रुका मैच

बारिश की वजह से मैच को 6.2 ओवर के बाद रोकना पड़ा। फिलहाल भारी बारिश की वजह से मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। मैदान के ऊपर काले बादल मंडरा रहे हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की थी। उसने 6.2 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 51 रन बना लिए थे। माइकल जोंस 20 गेंद में 30 रन और जॉर्ज मुनसे 19 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
09:06 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: स्कॉटलैंड की आक्रामक शुरुआत

बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से मैच शुरू हुआ। स्कॉटलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है। टीम ने दो ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉर्ज मुनसे और माइकल जोंस क्रीज पर हैं।

08:44 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: थोड़ी देर में शुरू होगा मैच

भारतीय समयानुसार रात आठ बजकर 55 मिनट पर मैच की शुरुआत होगी। यह मुकाबला 20-20 ओवर का ही होगा। ओवर्स की कोई कटौती नहीं हुई है। स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।

08:30 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: बारिश रुकी

बारिश रुक चुकी है। मैदान से कवर्स हटा लिए गए हैं। मैच अधिकारियों के मुताबिक, थोड़ी देर में मैच शुरू हो सकता है। ओवर्स में फिलहाल कोई कटौती नहीं की गई है। हालांकि, जोस बटलर ने मैच अधिकारियों से बात की और मैदान में बने एक गड्ढे को दिखाया। इसके बाद मैच अधिकारियों ने एक बार फिर निरीक्षण करने के बाद मैच शुरू करने का फैसला लिया।

08:02 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: बारिश के कारण मैच शुरू होने में देरी

बारिश के कारण मैच शुरू होने में देरी है। फिलहाल मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। 

07:39 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुन्से, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), माइकल लीस्क, क्रिस ग्रीव्स, मार्क वॉट, क्रिस्टोफर सोल, ब्रैड व्हील, ब्रैडली करी।

इंग्लैंड: जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), फिलिप सॉल्ट, विल जैक्स, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।

07:34 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: स्कॉटलैंड ने जीता टॉस

स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। बेरिंगटन ने कहा कि सूखी पिच है और यह कभी भी बदल सकती है। हमारे लिए स्कोरबोर्ड पर अच्छा टोटल लगाना जरूरी है। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे। टीम में सभी खुश हैं। टीम में वुड और जॉर्डन की वापसी हुई है।

07:08 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: क्वालिफायर में लगातार छह मैच जीते हैं स्कॉटलैंड ने

लगातार तीसरे टी-20 विश्वकप में खेल रहे स्कॉटलैंड का कागजों पर इंग्लैंड से कोई मुकाबला नहीं है लेकिन यूरोपीय क्वालिफायर में आसानी से जीत हासिल करने के बाद वे अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे। स्कॉटलैंड ने क्वालिफायर में अपने सभी छह मैच जीते और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जिससे उन्हें टी20 विश्व कप में जगह मिली।

07:07 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: इंग्लैंड के लिए लकी मैदान

स्कॉटलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करने के लिए तैयार इंग्लैंड की केनसिंगटन ओवल से अच्छी यादें जुड़ी हैं। यह वही स्थान है जहां इंग्लैंड ने 2010 में पॉल कॉलिंगवुड की कप्तानी में अपना पहला टी-20 विश्वकप खिताब जीता था जिसमें उसने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराया था। उस जीत के बाद से पिछले 14 वर्षों में इंग्लैंड सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक प्रमुख ताकत बन गया है जिसने दो साल पूर्व टी-20 विश्वकप से पहले 2019 में एकदिवसीय विश्वकप भी जीता।

07:07 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: वनडे विश्व कप में इंग्लैंड का लचर प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया में अपनी सफलता के एक साल बाद बटलर की अगुवाई में इंग्लैंड ने भारत में एकदिवसीय विश्वकप में लचर प्रदर्शन किया। टीम नौ मैच में तीन जीत और छह हार से सातवें स्थान पर रही जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ निराशाजनक हार भी शामिल है। सफेद गेंद के क्रिकेट में इसके बाद टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 ओवर और 20 ओवर दोनों प्रारूप की शृंखला में हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ बारिश से प्रभावित शृंखला में इंग्लैंड ने 2-0 की जीत से कुछ हद तक लय हासिल की।

07:06 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: स्कॉटलैंड उलटफेर करने में माहिर

टी-20 प्रारूप में पहली बार स्कॉटलैंड का सामना करने जा रही जोस बटलर की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम केनसिंगटन ओवल में होने वाले मुकाबले में जीत की मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी। केनसिंगटन ओवल में रविवार को नामीबिया और ओमान के बीच मुकाबले के दौरान कुछ गेंद रुककर आ रही थी। स्कॉटलैंड के अलावा इंग्लैंड के साथ ग्रुप बी में चिर प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया और ओमान को भी जगह मिली है। सुपर आठ चरण में जगह बनाने के लिए टीमों को अपने ग्रुप में शीर्ष दो में जगह बनानी होगी। मेलबर्न में 2022 में पिछले टी-20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान पर पांच विकेट की जीत के बाद से सफेद गेंद के प्रारूप में इंग्लैंड के लिए चीजें आसान नहीं रहीं।

06:57 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO Live: सॉल्ट शानदार फॉर्म में

बारिश के कारण तैयारियों को अंतिम रूप देने से वंचित रहा गत चैंपियन इंग्लैंड आज स्कॉटलैंड के खिलाफ टी-20 विश्वकप के अपने पहले मैच में जीत के साथ अपने अभियान की विजयी शुरुआत करने के इरादे से उतरेगा।फिल सॉल्ट आईपीएल की शानदार फॉर्म को टी-20 विश्वकप में जारी रखना चाहेंगे जबकि तेज गेंदबाज जोफरा आर्चर की वापसी से इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है। स्वदेश में पाकिस्तान के खिलाफ चार मैच की टी-20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला बारिश से प्रभावित रही लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा और तीसरी बार खिताब जीतने का प्रयास करेगा।

06:42 PM, 04-Jun-2024

ENG vs SCO: बारिश से धुला इंग्लैंड-स्कॉटलैंड मैच, दोनों टीमों को मिले एक-एक अंक, मुनसे-जोंस की पारी बेकार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के छठे मैच में मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड का सामना स्कॉटलैंड से है। यह मैच बारबाडोस के ब्रिजटाउन के केनसिंगटन ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों का यह टी20 विश्व कप 2024 में पहला मैच है और दोनों ही जीत से आगाज करना चाहेंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें