इंग्लैंड की टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। विश्व कप के मौजूदा संस्करण में गत विजेता टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। उसे चार मैचों में तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड को न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली है। उसकी इकलौती जीत बांग्लादेश के खिलाफ मिली थी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने तीसरी जीत हासिल की है। उसने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को हराया है। उसे इकलौती हार नीदरलैंड के खिलाफ मिली है। इंग्लैंड का अगला मुकाबला 26 अक्तूबर को बंगलूरू में श्रीलंका से होगा। वहीं, अफ्रीकी टीम 24 अक्तूबर को मुंबई में बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में सात विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 22 ओवर में 170 रन ही बना सकी। उसके किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड ने सबसे ज्यादा नाबाद 43 रन बनाए। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले गस एटिंकसन ने 35 रन बनाए।
फेल हो गए इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज
हैरी ब्रूक 17, जोस बटलर 15, डेविड विली 12, जॉनी बेयरस्टो और आदिल रशीद 10-10 रन बनाकर आउट हुए। डेविड मलान छह, बेन स्टोक्स पांच और जो रूट दो रन बनाकर आउट हुए। रीस टॉप्ली चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उन्हें एब्सेंट हर्ट घोषित किया गया। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। लुंगी एंगिडी और मार्को यानसेन ने दो-दो विकेट लिए। कगिसो रबाडा और केशव महाराज को एक-एक सफलता मिली।
इंग्लैंड की टीम को लगातार दो ओवर में दो झटके लगे हैं। 16वें ओवर की पहली गेंद पर गेराल्ड कोएत्जे ने आदिल रशीद को आउट कर दिया। रशीद 14 गेंद पर 10 रन बनाकर रीजा हेंड्रिक्स को कैच थमा बैठे। अगले ओवर में लुंगी एंगिडी ने तीसरी गेंद पर डेविड विली को आउट कर दिया। विली 12 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हुए। कगिसो रबाडा ने डाइव लगाते हुए उनका शानदार कैच लिया। इंग्लैंड का स्कोर 17 ओवर में आठ विकेट पर 101 रन है। गस एटिंकसन और मार्क वुड क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड के छह विकेट गिर गए हैं। 12वें ओवर में गेराल्ड कोएत्जे ने दो विकेट लिए। उन्होंने पहली गेंद पर इंग्लिश कप्तान जोश बटलर को आउट किया। बटलर सात गेंद पर 15 रन बनाकर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच थमा बैठे। उनके बाद उसी ओवर की तीसरी गेंद पर हैरी ब्रूक भी आउट हो गए। ब्रूक ने 25 गेंद पर 17 रन बनाए। उन्हें कोएत्जे ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। इंग्लैंड का स्कोर 13 ओवर में छह विकेट पर 74 रन है।
इंग्लैंड की पारी के नौ ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने चार विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। हैरी ब्रूक 16 और कप्तान जोस बटलर एक रन बनाकर नाबाद हैं। इस विश्व कप में पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे दिग्गज खिलाड़ी बेन स्टोक्स फेल हो गए। वह आठ गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हुए। कगिसो रबाडा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लिया।
इंग्लैंड की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ काफी खराब रही। उसने चार ओवर में अपने दो विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड का स्कोर चार ओवर में दो विकेट पर 23 रन है। जॉनी बेयरस्टो 12 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एंगिडी ने रसी वान डर डुसेन के हाथों कैच कराया। उनके बाद जो रूट भी पवेलियन लौट गए। मार्को यानसेन की गेंद पर डेविड मिलर ने उनका कैच लिया। रूट ने छह गेंद पर दो रन बनाए। डेविड मलान के साथ बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला इंग्लैंड के लिए अब तक गलत साबित हुआ है। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने उनके इस निर्णय को गलत साबित करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 399 रन बना दिए। इंग्लिश टीम को जीत के लिए रिकॉर्ड 400 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा। विश्व कप इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका ने बना दिया। उसने पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया। पाकिस्तान ने 2019 में आठ विकेट पर 348 रन बनाए थे। इतना ही नहीं, यह वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मामले में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ दिया। न्यूजीलैंड ने 2015 में ओवल के मैदान पर पांच विकेट पर 398 रन बनाए थे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए हेनरिच क्लासेन ने शतकीय पारी खेली। रसी वान डर डुसेन, रीजा हेंड्रिक्स और मार्को यानसेन ने अर्धशतक लगाया। क्लासेन ने 67 गेंद पर 109 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके और चार छक्के लगाए। हेंड्रिक्स ने 75 गेंद की पारी में 85 रन बनाए। उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। मार्को यानसेन ने 42 गेंद पर 75 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और छह छक्के लगाए। डुसेन ने 61 गेंद की पारी में आठ चौकों की मदद से 60 रन बनाए। डेविड मिलर पांच, क्विंटन डिकॉक चार और गेराल्ड कोएत्जे तीन रन बनाकर आउट हुए। केशव महाराज एक रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए रीस टॉप्ली ने तीन विकेट लिए। गस एटिंकसन और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।
हेनरिच क्लासेन ने अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने मार्क वुड की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाए और शतक पूरा कर लिया। दक्षिण अफ्रीका ने 47 ओवर में पांच विकेट पर 348 रन बना लिए हैं। क्लासेन 63 गेंद पर 104 और मार्को यानसेन 32 गेंद पर 35 रन बनाकर नाबाद हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 46 ओवर में पांच विकेट पर 333 रन बना लिए हैं। हेनरिच क्लासेन 90 और मार्को यानसेन 34 रन बनाकर नाबाद हैं।
दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका भी रीस टॉप्ली ने दिया। उन्होंने 37वें ओवर की तीसरी गेंद पर डेविड मिलर को आउट कर दिया। मिलर छह गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हो गए। उनका कैच बेन स्टोक्स ने लिया। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 243 रन हो गया है। हेनरिच क्लासेन के साथ मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान एडेन मार्करम इस मैच में शतक नहीं लगा पाए। उन्हें रीस टॉप्ली ने आउट कर दिया। टॉप्ली की गेंद को बाउंड्री से बाहर भेजने के प्रयास में वह आउट हो गए। उन्होंने 44 गेंद पर 42 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने बाउंड्री पर उनका कैच लिया।
दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 34 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 227 रन बना लिए हैं। एडेन मार्करम 40 और हेनरिच क्लासेन 32 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं। अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी को देखकर ऐसा माना जा रहा है कि वह इस मैच में 350 से ज्यादा रन बनाएगी।
इंग्लैंड को तीसरी सफलता आदिल रशीद ने दिलाई। उन्होंने 26वें ओवर की दूसरी गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स को आउट कर दिया। हेंड्रिक्स 75 गेंद पर 85 रन बनाकर आउट हुए। रशीद को मैच में दूसरी सफलता मिली।
रसी वान डर डुसेन को आउट कर इंग्लैंड को आदिल रशीद ने दूसरी सफलता दिलाई। डुसेन 61 गेंद पर 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रशीद की गेंद पर जॉनी बेयरस्टो ने उनका कैच लिया। दक्षिण अफ्रीका ने 22 ओवर में दो विकेट पर 140 रन बना लिए हैं। रीजा हेंड्रिक्स 66 और एडेन मार्करम आठ रन बनाकर नाबाद हैं।
एक विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। डुसेन और हेंड्रिक्स ने शानदार साझेदारी की है। दोनों ने अपने अर्धशतक भी पूरे कर लिए हैं। इस जोड़ी के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। 19 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 123/1 है।
दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 14 ओवर में एक विकेट पर 83 रन बना लिए हैं। रीजा हेंड्रिक्स 40 और रसी वान डर डुसेन 37 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। इंग्लैंड के गेंदबाजों को दूसरे विकेट की तलाश है।
दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ धीमी शुरुआत की है। उसने छह ओवर में एक विकेट पर 18 रन बनाए हैं। रीजा हेंड्रिक्स और रसी वान डर डुसेन छह-छह रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाजों को रन गति में इजाफा करना होगा।
इंग्लैंड को पहली सफला पहले ही ओवर में मिली। रीस टॉप्ली ने क्विंटन डिकॉक को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। उन्होंने दो गेंद पर चार रन बनाए। डिकॉक के बाद बल्लेबाजी के लिए रसी वान डर डुसेन आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, गेराल्ड कोएत्जे, केशव महाराज, कगिस रबाडा, लुंगी एंगिडी।
इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड विली, आदिल रशीद, गस एटिंकसन, मार्क वुड, रीस टॉप्ली।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा मैच से ठीक पहले चोटिल हो गए। वह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। वहीं, इंग्लैंड की टीम में तीन बदलाव हुए हैं। बेन स्टोक्स, गस एटिंकसन और डेविड विली की वापसी हुई है। सैम करन और क्रिस वोक्स मैच से बाहर हैं।
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम मुंबई में आमने-सामने होंगी। इस विश्व कप में इस मैदान पर यह पहला मुकाबला है। ऐसे में देखना है कि टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला लेती है। मुंबई में काफी रन बनते हैं तो प्रशंसकों को रनों की बारिश की उम्मीद है।
बेन स्टोक्स चोट के बाद खेलने के लिए तैयार हैं। वह पूरी तरह फिट हो गए हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उतर सकते हैं। उनकी वापसी से इंग्लैंड की टीम काफी मजबूत होगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। विश्व कप के 20वें मैच में इंग्लैंड के सामने दक्षिण अफ्रीका की चुनौती है। दोनों टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड को पिछले मैच में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड के खिलाफ हार मिली थी। ऐसे में दोनों टीमें जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेंगी।