दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 42 रन से हरा दिया है। इस टूर्नामेंट में यह दिल्ली की लगातार दूसरी जीत है। वहीं, यूपी को पहले मैच में जीत के बाद दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेग लेनिंग और जेस जॉनसन की शानदार बल्लेबाजी के चलते 211 रन बनाए थे। इसके जवाब में यूपी की टीम ताहिला मैकग्राथ के नाबाद 90 रन के बावजूद 169 रन ही बना सकी और मैच 42 रन से हार गई। जेस जॉनसन ने गेंद के साथ भी कमाल किया और तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
पांच विकेट के नुकसान पर यूपी का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। हालांकि, मैच में सिर्फ एक ओवर बचा हुआ है। ऐसे में यूपी के लिए जीत हासिल करना संभव नहीं है, लेकिन ताहिला ने एक छोर पर लड़ाई जारी रखी है। वह अर्धशतक लगाकर खेल रही हैं और हार का अंतर काफी कम कर चुकी हैं।
ताहिला मैकग्राथ ने 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक छह चौके और दो छक्के लगाए हैं। हालांकि, यूपी का स्कोर अभी भी बहुत कम है और दिल्ली की जीत तय नजर आ रही है। 18 ओवर के बाद यूपी का स्कोर पांच विकेट पर 137 रन है।
120 रन के स्कोर पर यूपी की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। जेस जॉनसन ने देविका वैद्य को आउट कर यूपी को पांचवां झटका दिया। देविका ने 21 गेंद में 23 रन बनाए। जेस जॉनसन ने उन्हें राधा यादव के हाथों कैच कराया। अब ताहिला मैकग्राथ के साथ सिमरन क्रीज पर हैं।
चार विकेट के नुकसान पर यूपी का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है, लेकिन मैच इस टीम की पहुंच से बहुत दूर है। देविका वैद्य और ताहिला मैकग्राथ क्रीज पर हैं। ताहिला एक छोर पर अकेले लड़ाई कर रही हैं, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला है। 15 ओवर के बाद यूपी का स्कोर चार विकेट पर 109 रन है।
71 रन के स्कोर पर यूपी का चौथा विकेट गिरा है। दीप्ति शर्मा 20 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। शिखा पांडे की गेंद पर राधा यादव ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब ताहिला मैकग्राथ के साथ देविका वैद्य क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद यूपी का स्कोर चार विकेट पर 72 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर यूपी का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। दीप्ती शर्मा और ताहिला मैकग्राथ क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रही हैं और मैच को आगे ले जा रही हैं। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 51 रन है।
31 रन के स्कोर पर ही यूपी का तीसरा विकेट गिरा है। श्वेता सेहरावत छह गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। मारिजाने कैप ने उन्हें विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराया। दो रन के अंदर तीन विकेट गंवाने के बाद यूपी की टीम मुश्किल में आ गई है। अब ताहिला मैकग्राथ के साथ दीप्ति शर्मा क्रीज पर हैं।
31 रन के स्कोर पर यूपी का दूसरा विकेट गिरा है। किरण नवगिरे दो गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। जेस जॉनसन ने उन्हें एलिस कैप्सी के हाथों कैच कराया। अब श्वेता सेहरावत के साथ ताहिला मैकग्राथ क्रीज पर हैं। जेस जॉनसन ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर यूपी की टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है।
29 रन के स्कोर पर यूपी की टीम को पहला झटका लगा है। कप्तान एलिसा हीली 17 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। जेस जॉनसन ने उन्हें राधा यादव के हाथों कैच कराया। अब श्वेता सेहरावत के साथ किरण नवगिरे क्रीज पर हैं।
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। श्वेता सेहरावत और एलिसा हीली की जोड़ी मैदान पर है। दोनों ने मिलकर यूपी को अच्छी शुरुआत दी है और पहले ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए यूपी ने नौ रन बना लिए हैं।
कप्तान मेग लेनिंग के बाद जेस जॉनसन और जेमिमा रोड्रिग्ज की शानदार बल्लेबाजी के चलते दिल्ली ने यूपी के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है। यूपी के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा। पिछले मैच में यूपी को जीत दिलाने वाली ग्रेस हैरिस भी इस मैच में नहीं खेल रही हैं। ऐसे में यूपी के शीर्ष क्रम को इस मैच में कमाल करना होगा और पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाना होगा।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन बाद में शेफाली वर्मा और कप्तान लेनिंग ने अपने गियर बदले। दोनों ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाते हुए बड़े शॉट खेले। इसी वजह से दिल्ली ने शुरुआती छह ओवर में ही 62 रन जोड़ दिए थे। इसके बाद शेफाली वर्मा 14 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन लेनिंग दूसरे छोर पर जमी रहीं। उन्होंने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
दिल्ली ने नौ ओवर में 87 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश की वजह से मैच रुका, लेकिन लेनिंग की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। इस बीच मारिजाने कैप भी 12 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गईं। अगले ही ओवर में कप्तान लेनिंग भी 42 गेंद में 70 रन बनाने के बाद पवेलियन लौट गईं और ऐसा लगा कि यूपी की टीम मैच में वापसी कर लेगी। हालांकि, एलिस कैप्सी ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने 10 गेंद में 21 रन की तूफानी पारी खेलकर दिल्ली को मैच में वापस ला दिया।
जेमिमा और जॉनसन के बीच शानदार साझेदारी
कैप्सी के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और जेस जॉनसन ने शानदार साझेदारी की। दोनों ने 34 गेंद में 67 रन जोड़े और दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 211 रन तक पहुंचा दिया। जेमिमा 22 गेंद में 34 और जॉनसन 20 गेंद में 42 रन बनाकर नाबाद रहीं।
यूपी वॉरियर्स के लिए सबिनम इस्माइल, राजेश्वरी गायकवाड़, ताहिला मैकग्राथ और सोफी एक्लेस्टन को एक-एक विकेट मिला। हालांकि, सबनिम को छोड़ सभी गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट 10 से ज्यादा का रहा।
जेमिमा रोड्रिग्ज और जेस जॉनसन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रही हैं और दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 200 रन के करीब पहुंच गया है। दिल्ली ने एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाया है और यूपी के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा।
जेमिमा रोड्रिग्स और जेस जॉनसन के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों सही गति से रन बना रही हैं और दिल्ली को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रही हैं। 18 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 176 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर दिल्ली का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। जेमिमा रोड्रिग्ज और जेस जॉनसन क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 153 रन है।
144 रन के स्कोर पर दिल्ली का चौथा विकेट गिरा है। एलिस कैप्सी 10 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। सबनिम इस्माइल ने उन्हें सोफी एकलेस्टन के हाथों कैच कराया। कैप्सी ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। अब जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ जेस जॉनसन क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 146 रन है।
112 रन के स्कोर पर दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा है। कप्तान लेनिंग 42 गेंद में 70 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए। राजेश्वरी गायकवाड़ ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब जेमिमा के साथ एलिस कैप्सी क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 120 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर दिल्ली का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान मेग लेनिंग अर्धशतक लगाकर खेल रही हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्ज उनका साथ दे रही हैं। अब तक यूपी की सभी गेंदबाज बेअसर साबित हुई हैं और दिल्ली की टीम एक बार फिर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
96 रन के स्कोर पर दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा है। मारिजाने कैप 12 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। सोफी एक्लेस्टन ने उन्हें दीप्ति शर्मा के हाथों कैच कराया। अब कप्तान लेनिंग के साथ जेमिमाह रोड्रिग्ज क्रीज पर हैं।
मुंबई में बारिश रुक गई है और कवर्स भी मैदान से बाहर जा चुके हैं। मैच 8.30 बजे शुरू होगा। नौ ओवर का खेल होने के बाद दिल्ली का स्कोर 87/1 है। कप्तान लेनिंग अर्धशतक लगाकर खेल रही हैं।
मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम में बारिश के कारण मैच रोक दिया गया है। अब तक दिल्ली की टीम ने नौ ओवर की बल्लेबाजी की है और एक विकेट पर 87 रन बनाए हैं। कप्तान लेनिंग 34 गेंद पर 53 रन और मारिजाने कैप छह गेंद में नौ रन बनाकर खेल रही हैं। अब तक यूपी की गेंदबाज इस मैच में बेअसर साबित हुई हैं। सभी गेंदबाजों ने आठ या उससे ज्यादा के इकोनॉमी रेट से रन लुटाए हैं। एकमात्र विकेट ताहिला मैकग्राथ को मिला है, लेकिन वह भी रन रोकने में नाकाम रही हैं।
दिल्ली की कप्तान मेग लेनिंग ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह अब तक अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगा चुकी हैं। वह एक छोर पर तेजी से रन बना रही हैं। वहीं, दूसरे छोर पर मारजाने कैप संभलकर खेल रही हैं। नौ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 87 रन है।
67 रन के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका लगा है। शेफाली वर्मा 14 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। ताहिला मैकग्राथ की गेंद पर किरण नवगिरे ने उनका कैच पकड़ा। शेफाली अच्छी लय में दिख रही थीं, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठीं। अब कप्तान लेनिंग के साथ मारिजाने कैप क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 71 रन है।
दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। शेफाली वर्मा और मेग लेनिंग की जोड़ी शानदार लय में दिख रही है और एक बार फिर टीम को अच्छी शुरुआत दे चुकी है। पावरप्ले में दिल्ली ने बिना कोई विकेट खोए 62 रन बनाए हैं। कप्तान मेग लेनिंग अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गई हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने शानदार शुरुआत की है। कप्तान लेनिंग और शेफाली वर्मा ने एक बार फिर अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई है। दोनों अच्छी लय में दिख रही हैं और पावरप्ले का फायदा उठा रही हैं। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 45 रन है।
यूपी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। दिल्ली की कप्तान मेग लेनिंग और उनकी जोड़ीदार शेफाली वर्मा क्रीज पर हैं। दोनों ने पिछले मैच में अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी और इस मैच में भी ऐसा ही करना चाहेंगी। यूपी के लिए सबनिम इस्माइल ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।
दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, मारिजाने कैप, जेमिमाह रोड्रिग्स, एलिस कैप्सी, जेस जॉनसन, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, शिखा पांडे, राधा यादव, तारा नॉरिस।
यूपी वारियर्सः एलिसा हीली (कप्तान/विकेटकीपर), श्वेता सहरावत, किरण नवगिरे, ताहिला मैकग्राथ, दीप्ति शर्मा, सिमरन शेख, देविका वैद्य, सोफी एक्लेस्टोन, शबनम इस्माइल, अंजलि सरवानी, राजेश्वरी गायकवाड़।
यूपी वॉरियर्स की कप्तानी एलिसा हीली ने टॉ जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यूपी की टीम ने पिछले मैच की स्टार खिलाड़ी ग्रेस हैरिस को आराम दिया है। उनकी जगह इस्माइल को मौका दिया गया है। वहीं, दिल्ली की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली की टीम ने अपने पहले मैच में आरसीबी को 60 रन के बड़े अंतर से हराया था। वहीं, यूपी की टीम गुजरात के खिलाफ मुश्किल से जीती थी। यूपी के लिए ग्रेस हैरिस ने आखिरी के ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई थी। इस मैच में यूपी की बाकी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग का पांचवां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच है। यह मैच मुंबई के डॉ, डीवाई पाटील स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली और यूपी दोनों टीमें अपना पहला मैच जीत चुकी हैं और इस मैच को अपने नाम कर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल करना चाहेंगी।