सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स को 67 रनों से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड के 32 गेंदों पर 89 रन, अभिषेक शर्मा के 12 गेंदों पर 46 रन और शाहबाज अहमद के 29 गेंदों पर नाबाद 59 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 266 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क ने तूफानी पारी खेली और 18 गेंदों पर 65 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई और टीम 19.1 ओवर में 199 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाए। हैदराबाद के लिए टी. नटराजन ने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 25 रन के स्कोर पर पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मैकगर्क ने तूफानी पारी खेल दिल्ली को संभाला और महज 15 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो आईपीएल के मौजूदा सीजन का सबसे तेज पचासा है। मैकगर्क ने इस सीजन अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। हालांकि मयंक मारकंडे ने मैकगर्क को आउट कर हैदराबाद को राहत दिलाई और इसके बाद दिल्ली नियमित रूप से अपने विकेट गंवाती रही और उसे एक और हार का सामना करना पड़ा।
इस जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अंक तालिका में केकेआर को पछाड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली की टीम एक स्थान खिसकर सातवें स्थान पर पहुंच गई है।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी लड़खड़ा गई है और टीम ने 199 रन पर नौ विकेट गंवा दिए हैं। नटराजन ने कुलदीप यादव को आउट कर दिल्ली को नौवां झटका दिया। कुलदीप खाता खोले बिना आउट हुए। दिल्ली को अब एक ओवर में 68 रनों की जरूरत है और पंत के साथ मुकेश कुमार क्रीज पर मौजूद हैं।
टी. नटराजन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एनरिच नॉर्त्जे को आउट किया। दिल्ली को इस तरह आठवां झटका लगा। नटराजन का इस मैच का यह तीसरा विकेट है। नॉर्त्जे खाता खोले बिना आउट हुए। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने कुलदीप यादव आए हैं। दिल्ली को नौ गेंदों पर 68 रनों की जरूरत है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत टिककर खेल रहे हैं। दिल्ली को हालांकि 18 गेंदों पर 79 रन बनाने हैं और उसके चार विकेट शेष हैं। पंत 30 गेंदों पर 35 रन और अक्षर पटेल पांच गेंदों पर चार रन बनाकर खेल रहे हैं।
टी. नटराजन ने ललित यादव को बोल्ड कर दिल्ली कैपिटल्स को छठा झटका दिया। ललित आठ गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 166 रन बनाए हैं और उसे 30 गेंदों पर 101 रन बनाने हैं। क्रीज पर फिलहाल पंत 23 गेंदों पर 19 रन बनाकर मौजूद हैं।
नीतीश रेड्डी ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका दिया। स्टब्स 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर फिलहाल टीम के कप्तान ऋषभ पंत टिके हुए हैं और उनका साथ देने ललित यादव आए हैं।
मयंक मारकंडे ने हैदराबाद को चौथी सफलता दिलाते हुए अभिषेक पोरेल को आउट किया। पोरेल 22 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउठ हुए। मारकंडे का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। क्रीज पर अब कप्तान ऋषभ पंत उतरे हैं और उनके साथ ट्रिस्टन स्टब्स मौजूद हैं। दिल्ली ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 136 रन बना लिए हैं। उस अब 66 गेंदों पर 131 रन बनाने हैं।
मयंक मारकंडे ने मैकगर्क को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया। मैकगर्क 18 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने महज 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जो इस आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक है। पचासा पूरा करने के बाद मैकगर्क ने मयंक मारकंडे को निशाना बनाया और उनके ओवर में तीन छक्के लगाए, लेकिन इस ओवर की अंतिम गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज मैकगर्क ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ दिल्ली ने 40 गेंदों पर 100 रनों का आंकड़ा पूरा कर लिया है। मैकगर्क ने इसी के साथ आईपीएल 2024 का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा और ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा जिन्होंने इस सीजन 16 गेंदों पर पचासा पूरा किया था।
शुरुआती झटकों के बीच जैक फ्रेजर मैकगर्क ने अभिषेक पोरेल के साथ मिलकर दिल्ली को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में दमदार बल्लेबाजी की। दिल्ली ने पावरप्ले खत्म होने के बाद दो विकेट पर 88 रन बना लिए हैं। मैकगर्क 13 गेंदों पर 46 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दिल्ली को दूसरा झटका डेविड वॉर्नर के रूप में लगा जो इस मैच में चोट के बाद वापसी कर रहे थे। वह सिर्फ एक रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अभिषेक पोरेल आए। उनका साथ देने के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क क्रीज पर मौजूद हैं।
दिल्ली को पहला झटका वॉशिंगटन सुंदर ने दिया। उन्होंने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर पृथ्वी शॉ को आउट किया। उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार चौके लगाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए डेविड वॉर्नर मौजूद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा दिए गए 267 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर उतरे हैं। दोनों जबरदस्त फॉर्म में दिख रहे हैं। पारी का पहला ओव वॉशिंगटन सुंदर फेंक रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की आतिशी पारी के बाद शाहबाज अहमद के अर्धशतक की मदद से दिल्ली कैपिटल्स के सामने 267 रनों का लक्ष्य रखा। दिल्ली ने टॉस जीतकर हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हैदराबाद ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 266 रन बनाए। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड ने 32 गेंदों पर 11 चौके और छह छक्कों की मदद से 89 रन बनाए, जबकि शाहबाज 29 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों के सहारे 59 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 55 रन देकर चार विकेट लिए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हेड और अभिषेक ने धुआंधार पारी खेली और पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 125 रन बनाए जो आईपीएल इतिहास का पावरप्ले में बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर केकेआर के नाम था जिन्होंने 2017 में आरसीबी के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 105 रन बनाए थे। हेड और अभिषेक ने हर गेंदबाज को निशाने पर लिया। हेड ने 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो इस सीजन का संयुक्त रूप से सबसे तेज पचासा है। हेड और अभिषेक ने पावरप्ले में जिस तरह बल्लेबाजी की उसे देखकर लग रहा था कि हैदराबाद की टीम एक बार फिर अपना रिकॉर्ड तोड़ेगी और आईपीएल का सर्वोच्च स्कोर बनाएगी, लेकिन कुलदीप यादव ने पावरप्ले खत्म होने के तुरंत बाद अभिषेक शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक 12 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई और देखते ही देखते टीम ने चार विकेट गंवा दिए।
कुलदीप ने हेड को शतक बनाने से भी रोका। हालांकि शाहबाज अहमद ने अंत में विस्फोटक पारी खेली और टीम का स्कोर 260 के पार पहुंचाया। हैदराबाद की टीम आईपीएल इतिहास की एकमात्र टीम बन गई है जिसने तीन बार 250 रन से अधिक का स्कोर खड़ा किया है। हैदराबाद ने इससे पहले इसी सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट पर 277 रन और आरसीबी के खिलाफ तीन विकेट पर 287 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अब्दुल समद को आउट कर हैदराबाद को छठा झटका दिया है। समद आठ गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद ने 250 रन का स्कोर पार कर लिया है और उसकी पारी खत्म होने में पांच गेंद शेष रह गई हैं।
कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। कुलदीप ने सेट हो चुके नीतीश रेड्डी को आउट किया। नीतीश 27 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने इस तरह मैच में चार विकेट लिए और दिल्ली को वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई। हैदराबाद ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 221 रन बना लिए हैं। शाहबाज अहमद का साथ देने अब्दुल समद क्रीज पर उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 200 रनों का आंकड़ा पूरा कर लिया। हैदराबाद ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 204 रन बना लिए हैं। क्रीज पर नीतीश रेड्डी 26 रन और शाहबाज अहमद 24 गेंद बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की अगुआई में दिल्ली के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद को झटके दिए और मैच में वापसी की। हैदराबाद ने पावरप्ले में तूफानी शुरुआत की थी, लेकिन अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद उसकी रन गति धीमी पड़ गई है। 13 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने चार विकेट पर 184 रन बना हैं। हैदराबाद के लिए नीतीश रेड्डी और शाहबाज अहमद क्रीज पर मौजूद हैं।
अच्छी शुरुआत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई है और टीम ने चार विकेट गंवा दिए हैं। कुलदीप यादव के ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजने के बाद अक्षर पटेल ने हेनरिच क्लासेन को बोल्ड कर हैदराबाद को चौथा झटका दिया है। पावरप्ले में तूफानी बल्लेबाजी करने वाली हैदराबाद को कुलदीप और अक्षर ने बैकफुट पर ला दिया है। क्रीज पर फिलहाल नीतीश रेड्डी और शाहबाज अहमद मौजूद हैं।
कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ट्रेविस हेड को पवेलियन भेज दिया है। हेड 32 गेंदों पर 89 रन बनाकर आउट हुए।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप ने हैदराबाद को दूसरा झटका देते हुए नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे एडेन मार्करम को आउट किया। मार्करम तीन गेंदों पर एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं और 27 गेंदों पर 85 रन बनाकर खेल रहे हैं। हेड का साथ देने हेनरिच क्लासेन उतरे हैं।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता दिलाई। कुलदीप ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे अभिषेक शर्मा को आउट किया। अभिषेक 12 गेंदों पर दो चौके और छह छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ हेड और कुलदीप के बीच पहले विकेट के लिए हुई 131 रनों की साझेदारी टूट गई।
ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 125 रन बना लिए हैं। यह आईपीएल इतिहास में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर केकेआर के नाम था जिन्होंने 2017 में आरसीबी के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 105 रन बनाए थे। हेड 26 गेंदों पर 84 रन और अभिषेक 10 गेंदों पर 40 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत जारी रखते हुए पांच ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया है। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने मिलाकर 10 छक्के और नौ चौके लगाए हैं। हेड 20 गेंदों पर 62 रन और अभिषेक 10 गेंदों पर 40 रन बनाकर खेल रहे हैं।
ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए तीन ओवर समाप्त होने तक स्कोर बिना किसी नुकसान के 62 रन पहुंचा दिया है। इसी के साथ ट्रेविस हेड ने महज 16 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज खलील अहमद ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।
सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, मयंक मारकंडे, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, अनमोलप्रीत सिंह, आकाश महाराज सिंह, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर।
दिल्ली कैपिटल्सः डेविड वॉर्नर, जैक फ्रेजर मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, ललित यादव, कुलदीप यादव, एनरिच नॉर्त्जे, खलील अहमद, मुकेश कुमार। इंपैक्ट सबः पृथ्वी शॉ, शाई होप, प्रवीण दुबे, राशिख दार सलाम, सुमित कुमार।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। सुमित और इशांत शर्मा की जगह टीम में ललित और एनरिच नॉर्त्जे को शामिल किया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले के लिए टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
कुलदीप यादव के रूप में दिल्ली के पास ट्रंपकार्ड है जिनका इकॉनामी रेट छह के करीब है। स्पिन गेंदबाजी में उनका साथ देने के लिए अक्षर पटेल के अलावा तीसरा विकल्प ट्रिस्टन स्टब्स हैं। पंत अगर टॉस जीतते हैं तो बल्लेबाजी चुन सकते हैं। वैसे डेविड वॉर्नर की चोट उनके लिए चिंता का विषय है। हालांकि, जेक फ्रेज मैकगर्क ने वॉर्नर की कमी खलने नहीं दी है और पिछले दो मैचों में काफी प्रभावित किया है।
सनराइजर्स के ट्रेविस हेड (235 रन ) 39 गेंद में शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी 211 रन बना लिए हैं। दोनों पावरप्ले में आक्रामक प्रदर्शन करने को बेताब होंगे। दोनों का स्ट्रइक रेट 199 और 197 रहा है जो ईशांत शर्मा, खलील अहमद और मुकेश कुमार की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के लिए कड़ी चुनौती होगा। वहीं, हेनरिच क्लासेन का भी स्ट्राइक रेट 199 के करीब रहा है और वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में से एक हैं। ये तीनों मिलकर सनराइजर्स की बल्लेबाजी को खतरनाक बनाते हैं ।
दिल्ली ने अब तक मिला जुला प्रदर्शन किया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस को हराकर वे दौड़ में बने हुए हैं। अब तक सात मैचों में से दिल्ली ने तीन जीते और चार हारे हैं। आईपीएल अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज सनराइजर्स की टीम दो बार टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर (तीन विकेट पर 277 रन और तीन विकेट पर 287 रन) बना चुकी है। ऐसे में कप्तान पंत को कोटला की घरेलू पिच पर अपने संसाधनों का चतुराई से इस्तेमाल करना होगा।
IPL Live Cricket Score, DC vs SRH Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2024 का कारवां अब राजधानी दिल्ली पहुंच चुका है। आज आईपीएल 2024 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। दोनों टीमों के बीच यह मैच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली और हैदराबाद की नजरें इस मैच में बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने पर लगी होंगी।