फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs SRH: हैदराबाद की लगातार तीसरी हार, दिल्ली ने 21 रन से जीता मैच, पूरन की तूफानी पारी बेकार

Thu, 05 May 2022 11:38 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

DC vs SRH (Delhi vs Hyderabad) Live Score: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 का 50वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच खेला जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 208 रन का लक्ष्य रखा है।  
विज्ञापन
दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:32 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली ने हैदराबाद को 21 रन से हराया

दिल्ली ने हैदराबाद को 21 रन से हराकर आईपीएल 2022 में पांचवीं जीत हासिल कर ली है। वहीं, यह हैदराबाद की लगातार तीसरी हार है। इसके साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि हैदराबाद छठे स्थान पर खिसक गई है। 208 रन के बडे़ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब थी, लेकिन एडेन मार्करम और निकोलस पूरन ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। मार्करम के आउट होने के बाद भी पूरन जमे रहे। हालांकि, वो भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। दिल्ली ने अंत में 21 रन से यह मैच अपने नाम किया। 

11:30 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का आठवां विकेट गिरा

कुलदीप यादव ने हैदराबाद को आठवां झटका देकर अपनी टीम को जीत के और करीब पहुंचा दिया है। उन्होंने कार्तिक त्यागी को क्लीन बोल्ड किया। 

11:24 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: पूरन 62 रन बनाकर आउट

निकोलस पूरन 62 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अब हैदराबाद के लिए यह मैच जीतना बहुत मुश्किल होगा। शार्दुल ठाकुर की हाई फुल टॉस गेंद पर पूरन बड़ा शॉट खेलकर कैच आउट हुए। 

विज्ञापन
11:15 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का छठा विकेट गिरा

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के छह बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। सीन एबॉट सात रन बनाकर आउट हुए। खलील अहमद ने उन्हें रिपल पटेल के हाथों कैच कराया। हैदराबाद का स्कोर 17 ओवर के बाद छह विकेट पर 153 रन है। जीत के लिए हैदराबाद को तीन ओवर में 55 रन की जरूरत है।  

11:13 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: पूरन ने आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक लगाया

निकोलस पूरन ने अपने आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 29 गेंद में 50 रन पूरे किए। उनकी शानदार बल्लबाजी की बदौलत हैदराबाद की टीम अभी भी मैच में बनी हुई है। 

विज्ञापन
11:01 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद की आधी टीम पवेलियन लौटी

208 रन का पीछा करते हुए हैदराबाद की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। शशांक सिंह 10 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। शार्दुल की वाइड गेंद पर शशांक थर्ड मैन के ऊपर से चौका लगाना चाहते थे, लेकिन गेंद सीधे फील्डर के पास गई। नोर्त्जे ने आसान कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर पांच विकेट पर 135 रन है। 

हैदराबाद की टीम को जीत के लिए आखिरी चार ओवर में 62 रन की जरूरत है। निकोलस पूरन ही एकमात्र बल्लेबाज हैं और उन्हीं पर टीम के जीत दिलाने की जिम्मेदारी है। 

10:52 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का स्कोर 100 के पार

चार विकेट के नुकसान पर हैदराबाद का स्कोर 100 के पार जा चुका है। शशांक सिंह और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं, ये दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में माहिर हैं और अपनी टीम को जीत दिला सकते हैं, लेकिन 15 से ज्यादा के रन रेट से स्कोर करना आसान नहीं होगा। 14 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर चार विकेट पर 117 रन हो चुका है। 

10:40 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा

खलील अहमद ने दिल्ली की टीम को चौथी सफलता दिलाई है। उन्होंने एडेन मार्करम को 42 के स्कोर पर कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया। दिल्ली के लिए खतरनाक दिख रहे मार्करम आउट हो चुके हैं और अर्धशतकीय साझेदारी टूट चुकी है। अब जीत की सारी उम्मीदें निकोलस पूरन के ऊपर हैं। 

10:35 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: पूरन और मार्करम के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

एडेन मार्करम और निकोलस पूरन के बीच हैदराबाद के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई है। दोनों 30 गेंद में 53 रन जोड़ चुके हैं। इस साझेदारी से टीम को जीत मिले या नहीं, लेकिन नेट रन रेट में जरूर फायदा मिलेगा। हैदराबाद की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचना चाहेगी। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 90 रन हो चुका है। 

10:18 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का स्कोर 50 के पार

10 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 50 रन के पार जा चुका है। एडेन मार्करम और निकोलस पूरन क्रीज पर मौजूद हैं। अब सनराइजर्स की टीम को जीत के लिए हर ओवर में 14 से ज्यादा रन की जरूरत है। ऐसे में हैदराबाद के लिए मैच जीतना काफी मुश्किल होगा। 

10:10 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा

मिशेल मार्श ने सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने राहुल त्रिपाठी को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। त्रिपाठी ने 22 रन बनाए। हैदराबाद की टीम बड़े लक्ष्य के दबाव में बिखर गई है और 37 रन के अंदर शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए हैं। अब सनराइजर्स की टीम के लिए मैच जीतना बहुत मुश्किल होगा। फिलहाल पूरन और मार्करम क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:04 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद ने पावरप्ले में 35 रन बनाए

सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 35 रन बना लिए हैं। 208 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए यह खराब शुरुआत है। अब राहुल त्रिपाठी और एडेन मार्करम को बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना होगा। 

09:59 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद के दोनों सलामी बल्लेबाज पावरप्ले के अंदर आउट हो चुके हैं। 24 के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट गिरा। कप्तान केन विलियम्सन पांच रन बनाकर आउट हुए। एनरिक नोर्तजे ने उन्हें विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 24 रन है। 

09:45 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद का पहला विकेट गिरा

208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही है। आठ रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिर गया है। अभिषेक शर्मा सात रन बनाकर खलील अहमद की गेंद पर कुलदीप यादव को कैच थमाकर आउट हो गए। तीन ओवर के बाद हैदराबाद ने एक विकेट के नुकसान पर 16 रन बना लिए हैं। 

09:38 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू

दिल्ली के 207 रन के जवाब में हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। कप्तान केन विलियम्सन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों ने पहले ओवर में बिना विकेट गंवाए चार रन बना लिए हैं। 

09:19 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली ने तीन विकेट पर 207 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने तीन विकेट खोलकर 207 रन बनाए। रोवमन पॉवेल ने आखिरी ओवर में 19 रन बटोरे। इस दौरान उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक भी पूरा किया। उन्होंने डेविड वॉर्नर के साथ शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 

इस मैच में दिल्ली की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। पहले ओवर में टीम कोई रन नहीं बना पाई थी और मनदीप सिंह का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद वॉर्नर ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की। उन्होंने मार्श और कप्तान पंत के साथ उपयोगी साझेदारियां की। इसके बाद रोवमन पॉवेल ने सही तरीके से उनका साथ निभाया। दोनों ने मिलकर शतकीय साझेदारी की और दिल्ली का स्कोर 207 तक पहुंचाया। पॉवेल ने नाबाद 67 और वॉर्नर ने नाबाद 92 रन बनाए। कप्तान पंत ने 26 और मार्श ने 10 रन बनाए। 

हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर, एबॉट और श्रेयस गोपाल ने एक-एक विकेट लिया। इस टीम की मजबूत गेंदबाजी इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाई। 

09:16 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली का स्कोर 200 के पार

दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 200 के पार जा चुका है। पॉवेल और वॉर्नर ने शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया है। 

09:15 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: पॉवेल ने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया

रोवमन पॉवेल ने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली की टीम बहुत बेहतर स्थिति में जा चुकी है। पॉवेल ने 30 गेंद मे ंअपना अर्धशतक पूरा किया। अब उनकी टीम का स्कोर 200 के करीब जा चुका है। 

09:09 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: वॉर्नर और पॉवेल के बीच शतकीय साझेदारी

डेविड वॉर्नर और रोवमन पॉवेल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 59 गेंद में 103 रन जोड़े हैं। 19 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 188 रन हो चुका है। वॉर्नर 92 और पॉवेल 49 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:52 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली का स्कोर 150 के पार

तीन विकेट के नुकसान पर दिल्ली का स्कोर 150 के पार जा चुका है। डेविड वॉर्नर और रोवमन पॉवेल ने शानदार साझेदारी कर अपनी टीम को बेहतरीन स्थिति में पहुंचा दिया है। 17 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 165 रन हो चुका है। पॉवेल 41 और वॉर्नर 78 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 80 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

08:48 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: वॉर्नर और पॉवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

डेविड वॉर्नर और रोवमन पॉवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। वॉर्नर 73 और पॉवेल 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। दिल्ली का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 137 रन हो चुका है। ये दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को तेजी से बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 

08:30 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: वॉर्नर ने आईपीएल करियर का 54वां अर्धशतक लगाया

डेविड वॉर्नर ने आईपीएल करियर का 54वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 34 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। इस सीजन यह उनका चौथा अर्धशतक है। वॉर्नर की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली का स्कोर 12 ओवर के बाद तीन विकेट पर 112 रन हो चुका है। वॉर्नर 65 और पॉवेल 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:27 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली का स्कोर 100 के पार

दिल्ली का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 100 के पार हो चुका है। 11 ओवर के बाद दिल्ली ने तीन विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। रोवमन पॉवेल और डेविड वॉर्नर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को बड़े स्कोर के करीब ले जा रहे हैं। 

08:19 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: कप्तान पंत 26 रन बनाकर आउट

दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। श्रेयस गोपाल के ओवर की शुरुआती पांच गेंदों में 23 रन बनाने के बाद छठी गेंद पर पंत बोल्ड हो गए। वो फुल टॉस गेंद को सही से नहीं खेल पाए और गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप्स पर चली गई। गोपाल को किस्मत के सहारे खराब गेंद पर विकेट मिल गया। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 91 रन हो चुका है। 

08:17 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: ऋषभ पंत ने तीन गेंदों में तीन छक्के लगाए

श्रेयस गोपाल के एक ओवर में ऋषभ पंत ने तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। दिल्ली ने दो विकेट के नुकसान पर 85 रन बना लिए हैं। 

08:01 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 50 रन बनाए

पावरप्ले में दिल्ली की टीम ने दो विकेट खोकर 50 रन बनाए। कप्तान पंत और अनुभवी डेविड वॉर्नर की जोड़ी अभी भी क्रीज पर मौजूद है। वॉर्नर बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के भी पूरे कर लिए हैं। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 62 रन है। 

07:52 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा

सीन एबॉट ने दिल्ली की टीम को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने अपनी ही गेंदबाजी में उनका कैच पकड़ा। मार्श ने सात गेंद में 10 रन बनाए। अब कप्तान ऋषभ पंत और डेविड वॉर्नर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों पर संभलकर बल्लेबाजी करने की जिम्मेदारी है और दिल्ली को बड़े स्कोर तक ले जाने का जिम्मा है। इन दोनों को संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी और बड़ी साझेदारी करनी होगी। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 39 रन है। 

07:47 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: वॉर्नर और मार्श के बीच अच्छी साझेदारी

दिल्ली का पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद डेविड वॉर्नर और मिशेल मार्श ने बेहतरीन साझेदारी की है। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 37 रन जोड़े और दिल्ली की टीम को खराब शुरुआत से बाहर निकाला। इस जोड़ी उमरान मलिक के एक ओवर में 21 रन बटोरे। 

07:40 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली का पलटवार

पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंदबाजी के बाद दूसरे ओवर में दिल्ली की टीम ने बेहतरीन पलटवार किया। मिशेल मार्श और डेविड वॉर्न ने सीन एबॉट के ओवर में 11 रन बटोरे। पहले ओवर में भुवनेश्वर ने कोई रन नहीं दिया था और एक विकेट भी निकाला था। दो ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 11 रन है। 

07:29 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू

डेविड वॉर्नर और मनदीप सिंह ने दिल्ली के लिए पारी की शुरुआत की है। वहीं, भुवनेश्वर कुमार हैदराबाद के लिए पहला ओवर कर रहे हैं। भुवनेश्वर ने पहले ओवर में ही दिल्ली को पहला झटका दिया है। उन्होंने मनदीप सिंह को शून्य के स्कोर पर विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। उन्होंने सिर्फ पांच गेंदों का सामना किया और कोई रन नहीं बना सके। भुवनेश्नर ने इस मैच में शानदार शुरुआत की है। पहले ओवर में विकेट लेने के साथ ही उन्होंने कोई रन नहीं दिया। एक ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट के नुकसान पर कोई रन नहीं बनाया है। 

06:59 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच के लिए दोनों टीमों में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। हैदराबाद की टीम में तीन और दिल्ली की टीम में चार बदलाव किए गए हैं। हैदराबाद के लिए तीनों खिलाड़ी पहला मैच खेल रहे हैं। केन विलियम्सन ने इस मैच में कार्तिक त्यागी, श्रेयस गोपाल और सीन एबॉट को मौका दिया है। वहीं, ऋषभ पंत की दिल्ली में मनदीप सिंह, रिपल पटेल, खलील अहमद और एनरिक नोर्तजे की वापसी हुई है। 

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन
डेविड वार्नर, मंदीप सिंह, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ललित यादव, रोवमन पॉवेल, रिपल पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, खलील अहमद, एनरिक नोर्तजे।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, केन विलियमसन (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), शशांक सिंह, श्रेयस गोपाल, भुवनेश्वर कुमार, सीन एबॉट, कार्तिक त्यागी, उमरान मलिक। 
 

06:37 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: विलियम्सन से कप्तानी की पारी की उम्मीद

सनराइजर्स के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (324 रन) ने अच्छा प्रदर्शन किया है। कप्तान केन विलियम्सन अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। सनराइजर्स की पांच जीत में अभिषेक, एडिन मार्करम और राहुल त्रिपाठी ने बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभाई है।

06:37 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: हैदराबाद की गेंदबाजी मजबूत

दिल्ली के के लिए भुवनेश्वर कुमार, उमरान, टी नटराजन और मार्को जेनसेन का सामना आसान नहीं होगा। सनराइजर्स के गेंदबाजों ने अब तक अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है और वे अपनी टीम को छठी जीत दिलाने में कसर नहीं छोड़ेंगे। दिल्ली के लिये अच्छी खबर वाशिंगटन सुंदर का सामना नहीं करना होगा। उनके हाथ में फिर चोट लग गई है। उनकी जगह जगदीश सुचित अंतिम एकादश में शामिल हो सकते हैं।

06:36 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: पंत से लंबी पारी की उम्मीद

दिल्ली के गेंदबाजों में कुलदीप यादव (17 विकेट) और खलील अहमद (11) को छोड़कर अन्य प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। मुस्ताफिजुर रहमान टुकड़ों में ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बल्लेबाजी में भी निरंतरता नहीं रही है। कप्तान ऋषभ पंत (234 रन) ने अपने आक्त्रसमक तेवर दिखाए हैं लेकिन वह अब तक लंबी पारी नहीं खेल पाए हैं। उनका सनराइजर्स के तेज गेंदबाज उमरान मलिक से मुकाबला देखने लायक होगा। मलिक का उपयोग पावरप्ले के बाद ही किया जाता रहा है और तब पंत के विकेट पर रहने की संभावना है।

06:36 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: ललित को दिखानी होगी उपयोगिता

दिल्ली को नौ में से पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उसके प्रदर्शन और टीम संयोजन पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के चहेते ललित यादव शुरुआती मैचों के बाद अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं, जबकि एनरिक नोर्त्जे का खास उपयोग नहीं किया गया है, दिल्ली ने नीलामी से पहले उन्हें टीम में बनाए रखा था। ऑलराउंडर ललित ने अब तक नौ मैचों में केवल 137 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 110 से कम हैं। उन्होंने चार विकेट लिए हैं।

06:34 PM, 05-May-2022

DC vs SRH Live: दिल्ली के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी

दिल्ली कैपिटल्स के पिछले पांच मुकाबले उसके प्रदर्शन में निरंतरता के आभाव को दर्शाते हैं। पांच मुकाबलों से उसे एक मैच में जीत के बाद हार का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी। डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ समेत उसके बल्लेबाजों की हैदराबाद के तेज गेंदबाजों के समक्ष कड़ी परीक्षा होगी। दिल्ली को अपनी उम्मीदें जीवंत रखने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। वहीं हैदराबाद अपनी लगातार दो हार के क्रम को तोड़ने के लिए उतरेगी। 
 

06:30 PM, 05-May-2022

DC vs SRH: हैदराबाद की लगातार तीसरी हार, दिल्ली ने 21 रन से जीता मैच, पूरन की तूफानी पारी बेकार

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 का 50वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच है। दोनों टीमें यह मैच जीतकर प्लेऑफ के लिए अपनी राह आसान करना चाहेंगी। सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ में से पांच मैच जीते हैं और अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। यह मैच जीतकर केन विलियम्सन की कप्तानी वाली टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आना चाहेगी। वहीं, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब एक और हार प्लेऑफ की राह मुश्किल कर देगी। हैदराबाद को हराकर दिल्ली की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर आना चाहेगी और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखना चाहेगी। 

यह मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां, बल्लेबाजों को फायदा मिलता है। दोनों कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुन सकते हैं, लेकिन लक्ष्य का बचाव करते हुए भी टीमों ने जीत हासिल की है। पहले गेंदबाजी करना जीत की गारंटी नहीं है। पिछले मैच में भी चेन्नई की टीम बैंगलोर के खिलाफ लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर बनाने वाली टीम के पास भी जीत का मौका रहेगा। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें