फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs MI: मुंबई ने दूसरी बार जीता खिताब, दिल्ली को फाइनल में आठ रन से हराया, सिवर-ब्रंट का ऑलराउंड प्रदर्शन

Sun, 16 Mar 2025 12:12 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

नेट सिवर ब्रंट के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में दूसरी बार हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम दूसरी बार फाइनल जीतकर विजेता बनी है। इससे पहले मुंबई ने महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में दिल्ली को हराकर खिताब जीता था।
विज्ञापन
हरमनप्रीत कौर-मेग लैनिंग - फोटो : WPL-X (Screengrab)
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:32 PM, 15-Mar-2025

मुंबई ने जीता खिताब

नेट सिवर ब्रंट के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ रन से हराकर फाइनल मैच जीत लिया। इसी के साथ मुंबई एक बार फिर महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीतने में कामयाब हुई। टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण का खिताबी मुकाबला शनिवार को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में दिल्ली निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर सिर्फ 141 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई ने दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले हरमनप्रीत कौर की टीम ने दिल्ली को पहले संस्करण के फाइनल में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को उसके बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। टीम ने महज 44 के स्कोर पर चार विकेट गंवाए। कप्तान मेग लैनिंग 13 और शेफाली वर्मा सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेस जोनासन को अमेलिया कर ने यास्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 13 रन बना सकीं। दिल्ली के लिए मारिजन कप ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली। उनके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 30 रन बनाए। वहीं, एनाबेल सदरलैंड दो, सारा ब्राइस ने पांच, मिन्नू मणि ने चार रन बनाए। निकी प्रसाद 25 और श्री चरणी तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई के लिए नेट सिवर ब्रंट ने तीन जबकि अमेलिया कर ने दो विकेट लिए। वहीं, शबनम इस्माइल, हीली मैथ्यूज और साइका इशाक को एक-एक सफलता मिली।

10:31 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: 44 पर चौथा विकेट गिरा

दिल्ली को चौथा झटका साइका इशाक ने दिया। उन्होंने एनाबेल सदरलैंड को यास्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना सकीं। अब छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मारिजन कप उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर मौजूद हैं।

10:23 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली का तीसरा विकेट भी गिरा

दिल्ली की हालत नाजुक हो गई है। उन्होंने अपना तीसरा विकेट 37 रन के स्कोर पर गंवा दिया है। अमेलिया कर ने जोस जोनासन को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एनाबेल सदरलैंड उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर मौजूद हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 39/3 है।

विज्ञापन
10:17 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली ने खोया दूसरा विकेट

दिल्ली ने दूसरा विकेट 17 रन के स्कोर पर खोया। शबनम इस्माइल ने शेफाली वर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह चार रन बना सकीं। फिलहाल जेस जोनासन और जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर मौजूद हैं।

10:03 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली का पहला विकेट गिरा

दिल्ली को पहला झटका मेग लैनिंग के रूप में लगा। नेट सिवर ब्रंट ने उन्हें बोल्ड किया। वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेस जोनासन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
09:56 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली की पारी शुरू

दिल्ली की पारी शुरू हो चुकी है। मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।

09:35 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: मुंबई ने दिल्ली को दिया 150 रन का लक्ष्य

हरमनप्रीत कौर और नेट सिवर ब्रंट की अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत मुंबई ने दिल्ली के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा है। खिताबी जंग में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 149 रन बनाए। वहीं, दिल्ली के लिए मारिजन कप, जेस जोनासन और श्री चरणी को दो-दो विकेट मिले जबकि एनाबेल सदरलैंड को एक सफलता मिली।

ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। नेट सिवर ब्रंट और हरमनप्रीत कौर के अलावा उनका कोई बल्लेबाज दिल्ली की घातक गेंदबाजों के खिलाफ नहीं टिक सका। टीम ने 14 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। मारिजन कप ने हीली मैथ्यूज (3) और यास्तिका भाटिया (8) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद ब्रंट और कप्तान कौर ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 62 गेंदों में 89 रनों की साझेदारी हुई। श्री चरणी ने इंग्लैंड की ऑलराउंडर को मिन्नू मणि के हाथों कैच कराया। वह 30 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज ने 44 गेंदों में 66 रन बनाए। उनके अलावा अमेलिया कर दो, जी कमालिनी 10, अमनजोत कौर ने 14* और संस्कृति गुप्ता ने आठ* रन बनाए। सजीवन सजना खाता भी नहीं खोल सकीं।

09:09 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

मुंबई को तीसरा झटका श्री चरणी ने दिया। उन्होंने नेट सिवर ब्रंट को अपना शिकार बनाया। वह हरमनप्रीत कौर के साथ 62 गेंदों में 89 रनों की साझेदारी निभाकर लौटीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अमेलिया कर उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए हरमनप्रीत कौर मौजूद हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर 104/3 है।

08:45 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: हरमनप्रीत कौर और नेट सिवर ब्रंट के बीच पनप रही साझेदारी

हरमनप्रीत कौर और नेट सिवर ब्रंट के बीच साझेदारी पनप रही है। 10 ओवर के बाद स्कोर 53/2 है। वहीं, दिल्ली को विकेट की तलाश है।

08:19 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: 14 पर गिरा दूसरा विकेट

मुंबई को दूसरा झटका यास्तिका भाटिया के रूप में लगा। उन्हें मारिजन कप ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना सकीं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हरमनप्रीत कौर उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए नैट सिवर ब्रंट क्रीज पर मौजूद हैं।

08:16 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: मुंबई की झटके के साथ शुरुआत

मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं हुई है। उन्हें पहला झटका पांच रन के स्कोर पर लगा। मारिजन कप ने हीली मैथ्यूज को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना सकीं। अब क्रीज पर यास्तिका भाटिया और नैट सिवर ब्रंट मौजूद हैं।

07:46 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

मुंबई इंडियंस: यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हीली मैथ्यूज, नट सिवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), सजीवन सजना, अमेलिया कर, अमनजोत कौर, जी कमलिनी, संस्कृति गुप्ता, शबनम इस्माइल, साइका इशाक।

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेस जोनासेन, जेमिमा रोड्रिग्स, एनाबेल सदरलैंड, मारिज़ैन कप्प, सारा ब्राइस (विकेटकीपर), निकी प्रसाद, मिन्नू मणि, शिखा पांडे, श्री चरणी।

07:42 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

खिताबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग ने बताया कि उनकी टीम एक बदलाव के साथ उतरी है। तितास साधु की जगह श्री चरणी को मौका मिला है। वहीं, मुंबई की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

07:21 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: समापन समारोह का हुआ आगाज

महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण के समापन समारोह का आगाज हो चुका है। मशहूर पंजाबी गायक जैस्मीन सैंडलस अपनी आवाज का जलवा बिखेर रहीं हैं।

07:05 PM, 15-Mar-2025

06:24 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली भी नहीं है पीछे

दिल्ली के लिए बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा (300 रन) की पावर प्ले में बल्लेबाजी महत्वपूर्ण होगी। उनके अलावा दिल्ली की तरफ से लैनिंग ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने अभी तक 263 रन बनाए हैं। युवा बल्लेबाज निक्की प्रसाद में भी मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

06:21 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: मुंबई के खिलाड़ियों ने किया प्रभावित

सिवर ब्रंट और मैथ्यूज ने अभी तक गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन मुंबई के आक्रमण की मजबूत कड़ी ऑलराउंडर अमेलिया कर है जिन्होंने अभी तक 16 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में इस लेग स्पिनर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मुंबई की तरफ से ऑफ स्पिनर संस्कृति गुप्ता ने भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। भले ही उन्होंने अभी तक केवल चार विकेट लिए हैं लेकिन उनका इकोनॉमी रेट सात से कम है।

06:10 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली की ये गेंदबाज बन सकती हैं मुंबई की राह का कांटा

दिल्ली की तरफ से अभी तक स्पिनर जेस जोनासन और भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इन दोनों ने 11–11 विकेट लिए हैं। जोनासन और शिखा के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली ने राउंड रोबिन के अपने अंतिम मैच में मुंबई की टीम को नौ विकेट पर 123 रन पर रोक दिया था। मुंबई के बल्लेबाजों को इन दोनों से सतर्क रहना होगा।

05:32 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: मुंबई उठाना चाहेगी घरेलू परिस्थितियों का लाभ

मुंबई की टीम ब्रेबोर्न स्टेडियम की परिस्थितियों से अच्छी तरह से परिचित है और वह इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगी। मुंबई की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और दिल्ली के गेंदबाजों को उनसे पार पाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर की फॉर्म में वापसी भी मुंबई के लिए अच्छा संकेत है।

05:11 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: तालिका में शीर्ष पर रहकर दिल्ली ने किया फाइनल में प्रवेश

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुकी मेग लैनिंग महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वह और उनकी टीम पहला डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दिल्ली की पुरुष टीम भी अभी तक आईपीएल जीतने में नाकाम रही है। दिल्ली की टीम ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल में सीधे प्रवेश किया जबकि मुंबई की टीम ने एलिमिनेटर में गुजरात जाएंट्स को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

05:07 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI Final Live: दिल्ली के लिए चुनौती नहीं होगा आसान

नेट सिवर ब्रंट और हीली मैथ्यूज के ऑलराउंड खेल के दम पर मुंबई इंडियंस महिला प्रीमियर लीग में खिताब का सूखा खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। सिवर ब्रंट (493 रन, नौ विकेट) और मैथ्यूज (17 विकेट और 304 रन) वर्तमान में क्रमशः बल्लेबाजी और गेंदबाजी तालिका में शीर्ष पर काबिज है। अगर यह दोनों अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हैं तो फिर मेग लैनिंग की अगुवाई वाली दिल्ली की टीम के लिए पहली बार चैंपियन बनना आसान नहीं होगा।

04:54 PM, 15-Mar-2025

DC vs MI: मुंबई ने दूसरी बार जीता खिताब, दिल्ली को फाइनल में आठ रन से हराया, सिवर-ब्रंट का ऑलराउंड प्रदर्शन

WPL Live Cricket Score, DC vs MI Women’s Final 2025 :  नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग का तीसरा संस्करण अपने चरम पर पहुंच गया है। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले में दिल्ली अपने खिताब के सूखे को खत्म करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी जबकि मुंबई की नजर दूसरी बार ट्रॉफी उठाने पर होगी। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम डब्ल्यूपीएल के पहले सत्र में विजेता रही थी। उसने दिल्ली को ही हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होगीं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें