फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs MI Highlights: मुंबई ने दिल्ली को 12 रन से हराया, 19वें ओवर में तीन बल्लेबाज रनआउट; करुण की मेहनत बेकार

Sun, 13 Apr 2025 11:32 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 19वें ओवर में 193 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके तीन बल्लेबाज 19वें ओवर की आखिरी तीन में रनआउट हो गए। मौजूदा सत्र में यह दिल्ली की पहली शिकस्त है।
विज्ञापन
दिल्ली बनाम मुंबई - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:32 PM, 13-Apr-2025

मुंबई ने दिल्ली को 12 रन से हराया

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हराकर जीत की पटरी पर वापसी कर ली है। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 19वें ओवर में 193 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके तीन बल्लेबाज 19वें ओवर की आखिरी तीन में रनआउट हो गए। मौजूदा सत्र में यह दिल्ली की पहली शिकस्त है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पहले ओवर की पहली ही गेंद पर दीपक चाहर ने तगड़ा झटका दिया था। उन्होंने जेक फ्रेजर मैकगर्क को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। इसके बाद मोर्चा अभिषेक पोरेल और करुण नायर ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। कर्ण शर्मा ने पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह 25 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सेंटनर ने करुण नायर को बोल्ड किया। उन्होंने 40 गेंदों में 12 चौके और पांच छक्के की मदद से 89 रन बनाए। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 15, अक्षर पटेल ने नौ, स्टब्स ने एक, आशुतोष शर्मा ने 17, विप्रज निगम ने 14, कुलदीप यादव ने एक रन बनाया। वहीं, मोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए जबकि मिचेल स्टार्क एक रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए कर्ण शर्मा ने तीन जबकि मिचेल सेंटनर ने दो विकेट झटके। वहीं, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली।

10:57 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली को छठा झटका

कर्ण शर्मा ने दिल्ली को छठा झटका दिया है। उन्होंने केएल राहुल को अपना शिकार बनाया। वह 15 रन बनाकर आउट हुए।

10:48 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली की आधी टीम लौटी पवेलियन

दिल्ली को पांचवां झटका विप्रज निगम ने दिया। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को नमन धीर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना सके। अब आशुतोष और राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:43 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली को चौथा झटका

अक्षर पटेल नौ रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें बुमराह ने अपना शिकार बनाया। अब स्टब्स बल्लेबाजी के लिए आए हैं। दिल्ली को जीत के लिए 44 गेंदों में 62 रन की जरूरत है।

10:38 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: करुण नायर 89 रन बनाकर आउट

करुण नायर 89 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मिचेल सेंटनर ने पवेलियन की राह दिखाई। अब राहुल का साथ देने के लिए अक्षर आए हैं।

विज्ञापन
10:30 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली को दूसरा झटका

दिल्ली को दूसरा झटका कर्ण शर्मा ने दिया। उन्होंने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने करुण नायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी निभाई। अब बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल उतरे हैं।

10:05 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: 22 गेंदों में करुण नायर ने जड़ा पचासा

तीन साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे करुण नायर ने महज 22 गेंदों में पचासा जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। वह अभिषेक पोरेल के साथ 72 रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 

09:35 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली को पहली गेंद पर झटका

दिल्ली को पहले ओवर की पहली गेंद पर झटका लगा। जेक फ्रेजर मैकगर्क को दीपक चाहर ने विल जैक्स के हाथों कैच कराया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए करुण नायर आए हैं। उनका साथ देने के लिए अभिषेक पोरेल क्रीज पर मौजूद हैं।

09:20 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई ने दिल्ली के सामने रखा 206 रन का लक्ष्य

तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 206 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। इस दौरान दिल्ली के लिए कुलदीप यादव और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट झटके जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।

इस मैच में मुंबई की शुरुआत अच्छी हुई। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी हुई जिसे विप्रज निगम ने तोड़ा। उन्होंने हिटमैन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 18 रन बना सके। हालांकि, यह इस सत्र का उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद मोर्चा सूर्यकुमार यादव ने संभाला। उन्होंने रेयान के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 और तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 60 रनों की साझेदारी की।

सूर्यकुमार ने पांच चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाए जबकि रेयान ने 41 और तिलक ने 59 रनों की दमदार पारी खेली। दिल्ली के खिलाफ हार्दिक पांड्या सिर्फ दो रन बना सके। वहीं, नमन धीर 38 और विल जैक्स एक रन बनाकर नाबाद रहे।

08:57 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: 26 गेंदों में तिलक वर्मा ने जड़ा अर्धशतक

तिलक वर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है।

08:42 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई का चौथा विकेट गिरा

हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विप्रज निगम ने कैच कराया। अब तिलक का साथ देने नमन धीर उतरे हैं।

08:38 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई को तीसरा झटका

मुंबई को तीसरा झटका भी कुलदीप ने दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को अपना शिकार बनाया। वह 40 रन बनाकर आउट हुए। अब तिलक का साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या आए हैं। 

08:10 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई को दूसरा झटका

मुंबई को दूसरा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने रेयान रिकेल्टन को अपनी गुगली के जाल में फंसाया। वह 41 रन बनाकर आउट हुए। अब तिलक वर्मा क्रीज पर सूर्यकुमार यादव का साथ देने के लिए आए हैं।

07:55 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई को पहला झटका

मुंबई को पहला झटका विप्रज निगम ने दिया। उन्होंने रोहित शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 18 रन बना सके। अब क्रीज पर सूर्यकुमार यादव आए हैं।

07:31 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: मुंबई की पारी शुरू

मुंबई की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर मिचेल स्टार्क फेंक रहे हैं।

07:07 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट सब: कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, अश्विनी कुमार, राज बावा, कर्ण शर्मा।

दिल्ली कैपिटल्स: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, मोहित शर्मा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट सब: दर्शन नालकंडे, करुण नायर, समीर रिजवी, डोनोवेन फरेरा, दुशमंथ चमीरा।

07:02 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस, गेंदबाजी चुनी

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि इस मैच में फाफ डुप्लेसिस नहीं खेलेंगे। वह चोटिल हैं। वहीं, मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि उन्होंने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:12 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है

दिल्ली कैपिटल्स: फाफ डु प्लेसिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा।

मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, रेयान रिकल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।

06:12 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: सूर्या और तिलक से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

मुंबई की तरफ से रोहित के अलावा तिलक वर्मा और उप कप्तान सूर्यकुमार यादव भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुंबई को अगर जीत की राह पर लौटना है तो इन तीनों बल्लेबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। फिट होकर वापसी करने वाले बुमराह पहले मैच में बहुत खतरनाक नजर नहीं आए थे लेकिन पूरी उम्मीद है कि वह जल्द ही अपनी वास्तविक लय हासिल कर लेंगे। दिल्ली के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना बड़ी चुनौती होगी। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं लेकिन राहुल बहुत अच्छी फॉर्म में हैं। ऐसे में राहुल और बुमराह के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। दिल्ली कैपिटल्स का इस सत्र में अपने घरेलू मैदान पर यह पहला मैच होगा। उसने अपने पहले दो घरेलू मैच विशाखापत्तनम में खेले थे। कोटला की पिच में पिछले कुछ समय से ढेरों रन बनते रहे हैं और दिल्ली का वर्तमान टीम प्रबंधन इस तरह की पिच नहीं चाहेगा।

06:11 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: अक्षर पटेल कर सकते हैं गेंदबाजी का आगाज

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने कुलदीप को अभी तक टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर करार दिया है। कुलदीप ने अभी तक सभी मैच में चार ओवर का अपना कोटा पूरा किया है तथा उन्होंने छह रन प्रति ओवर से भी कम के इकोनॉमी रेट से आठ विकेट लिए हैं। निगम एक ऑलराउंडर हैं और उन्होंने अभी तक पांच विकेट लिए हैं। कप्तान अक्षर पटेल को अभी तक कोई विकेट नहीं मिला है। मुंबई के खिलाफ वह गेंदबाजी का आगाज कर सकते हैं क्योंकि रोहित को बाएं हाथ के स्पिनरों को खेलने में मजा नहीं आता है।

06:11 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: रोहित के लिए मुसीबत बन सकते हैं स्पिनर्स

आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में एक हार से लय गड़बड़ा सकती है और मुंबई इंडियंस तो पिछले साल से चले आ रहे खराब प्रदर्शन में सुधार नहीं कर पाई है। पिछले साल उसकी टीम अंतिम स्थान पर रही थी। मुंबई के लिए रोहित की फॉर्म चिंता का विषय है जो अभी तक चार मैच में केवल 38 रन बना पाए हैं। दिल्ली के खिलाफ उन्हें अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे मंझे हुए स्पिनरों के अलावा अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाले विपराज निगम से कड़ी चुनौती मिलना सुनिश्चित है।

06:10 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Live Score: बुमराह बनेंगे राहुल के लिए चुनौती

मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वापसी कर चुके हैं और अपना दूसरा मुकाबला खेलने के लिए तैयार हैं। आगामी मैच में वह केएल राहुल के लिए चुनौती बन सकते हैं। दिल्ली की टीम ने टूर्नामेंट के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन किया है और इसलिए वह इस मैच में जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। दिल्ली की टीम की निगाह लगातार पांचवीं जीत हासिल करने पर होगी जबकि हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली मुंबई की टीम छह मैच में पांचवीं हार से बचने की कोशिश करेगी।

06:06 PM, 13-Apr-2025

DC vs MI Highlights: मुंबई ने दिल्ली को 12 रन से हराया, 19वें ओवर में तीन बल्लेबाज रनआउट; करुण की मेहनत बेकार

IPL Live Cricket Score, DC vs MI Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 29वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। अरुण जेटली स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। सभी की नजरें खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें