आईपीएल 2022 के 45वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को छह रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। कप्तान केएल राहुल ने 77 रन और दीपक हुड्डा ने 52 रन की पारी खेली। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 189 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ लखनऊ की टीम 10 मैचों में से सात मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। उसके 14 अंक हैं। लखनऊ की टीम ने प्लेऑफ के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। वहीं, दिल्ली की टीम की यह नौ मैचों में पांचवीं हार थी। आठ अंक लेकर दिल्ली की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर है।
17वें ओवर में मोहसिन खान की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। उन्होंने इस ओवर में रोवमन पॉवेल और शार्दुल ठाकुर को पवेलियन भेजा। पॉवेल 21 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बना सके। वहीं, मोहसिन ने शार्दुल ठाकुर को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच कराया। ठाकुर एक रन बना सके। मोहसिन ने अपने चार ओवर के स्पेल में 16 रन देकर चार विकेट झटके। 17 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 150 रन है।

मोहसिन खान
15 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल आठ गेंदों पर 13 रन और रोवमन पॉवेल 17 गेंदों पर 29 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। डीसी को अब 30 गेंदों पर 61 रन की जरूरत है।
13 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमन पॉवेल और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। इस ओवर की आखिरी गेंद पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत को क्लीन बोल्ड किया। पंत 30 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली को अब 42 गेंदों पर 76 रन की जरूरत है।
11 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 24 गेंदों पर 42 रन और रोवमन पॉवेल सात गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिल्ली को 54 गेंदों पर 101 रन की जरूरत है। ओवर की आखिरी गेंद पर पंत का आसान कैच लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने छोड़ दिया।
नौ ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने चार विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमन पॉवेल एक रन और ऋषभ पंत 18 गेंदों पर 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रवि बिश्नोई ने ललित यादव को गुगली पर क्लीन बोल्ड किया। ललित चार गेंदों पर तीन रन बना सके। दिल्ली को 66 गेंदों पर 109 रन की जरूरत है।
आठवें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका लगा। कृष्णप्पा गौतम ने मैच में अपनी पहली बॉल पर ही अच्छी बल्लेबाजी कर रहे मिचेल मार्श को पवेलियन भेजा। मार्श 20 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्का लगाया। मार्श को गौतम ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। बाद में रिप्ले में दिखा कि गेंद मार्श के बल्ले में नहीं लगी थी और वह नॉटआउट थे।
छह ओवर के बाद दिल्ली ने दो विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श 16 गेंदों पर 31 रन और ऋषभ पंत नौ गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मार्श अब तक अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगा चुके हैं। वहीं, पंत ने पांच चौके और एक छक्का लगाया है। दोनों ने मात्र 16 गेंदों पर अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। चौथे ओवर से 19 रन, पांचवें और छठे ओवर से 17-17 रन आए।
पांच ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने दो विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। दिल्ली की टीम ने पिछले दो ओवर में 36 रन बटोरे हैं। पंत ने चौथे ओवर में क्रुणाल की आखिरी चार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया था। चौथे ओवर में दिल्ली ने 19 रन बटोरे। वहीं, इसके बाद पांचवें ओवर में जेसन होल्डर गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में मिचेल मार्श ने दो छक्के लगाए। वहीं, पंत ने एक चौका लगाया। पांचवें ओवर में 17 रन आए। फिलहाल ऋषभ पंत सात गेंदों पर 22 रन और मिचेल मार्श 12 गेंदों पर 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दिल्ली की शुरुआत खराब रही है। टीम एक के बाद एक विकेट गंवाती जा रही है। दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके हैं। पृथ्वी शॉ (5) के बाद डेविड वॉर्नर भी पवेलियन लौट चुके हैं। वॉर्नर तीन रन बना सके। शॉ को दुष्मंथा चमीरा ने पवेलियन भेजा था। वहीं, वॉर्नर को मोहसिन खान ने आयुष बदोनी के हाथों कैच कराया।
दिल्ली कैपिटल्स टीम की शुरुआत खराब हुई है। दूसरे ही ओवर में तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने पृथ्वी शॉ को कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच कराया। शॉ सात गेंदों पर पांच रन बना सके। दो ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है। मिचेल मार्श और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 196 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने मिलकर 42 रन की ओपनिंग साझेदारी की। डिकॉक 13 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट। इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल है।
इसके बाद केएल राहुल और दीपक हुड्डा ने मिलकर लखनऊ की पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच राहुल ने 35 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का 29वां अर्धशतक लगाया। वहीं, दीपक हुड्डा ने भी करियर का छठा अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने हुड्डा को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेजा।
कप्तान राहुल 51 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें भी शार्दुल ने आउट किया। आखिरी में मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों पर 17 रन और क्रुणाल पांड्या ने छह गेंदों पर नौ रन की पारी खेल लखनऊ को 195 के टोटल तक पहुंचाया। दिल्ली की ओर से शार्दुल ने ही तीनों विकेट लिए।
19वें ओवर में 176 के स्कोर पर लखनऊ को तीसरा झटका लगा। शार्दुल ठाकुर ने लखनऊ के कप्तान केएल राहुल को बाउंड्री लाइन पर ललित यादव के हाथों कैच कराया। राहुल 51 गेंदों पर 77 रन बना सके। फिलहाल क्रुणाल पांड्या और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 180 रन है। तीनों विकेट शार्दुल ठाकुर ने ही लिए हैं।
17 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दो विकेट गंवाकर 159 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस 10 गेंदों पर सात रन और केएल राहुल 45 गेंदों पर 64 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 20 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
15वें ओवर में 137 के स्कोर पर लखनऊ को दूसरा झटका लगा। शार्दुल ने दीपक हुड्डा का कैच अपनी ही गेंद पर लिया। हुड्डा ने 34 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। आउट होने से पहले हुड्डा ने कप्तान केएल राहुल के साथ 61 गेंदों पर 95 रन की साझेदारी निभाई। 15 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 145 रन है। फिलहाल केएल राहुल 40 गेंदों पर 54 रन और मार्कस स्टोइनिस चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
14 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने एक विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। केएल राहुल के बाद दीपक हुड्डा ने भी अर्धशतक लगाया। राहुल ने 35 गेंदों पर और हुड्डा ने 32 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। यह राहुल के करियर का 29वां और हुड्डा के करियर का छठा अर्धशतक रहा। हुड्डा ने इस सीजन का तीसरा अर्धशतक लगाया।
13 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने एक विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने आईपीएल करियर का 29वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 35 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। इसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल हैं। वहीं, दीपक हुड्डा भी फिफ्टी के करीब हैं। दोनों के बीच 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
12 ओवर के बाद लखनऊ ने एक विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 27 गेंदों पर 45 रन और केएल राहुल 32 गेंदों पर 44 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 70 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
नौ ओवर के बाद लखनऊ ने एक विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 24 गेंदों पर 27 रन और दीपक हुड्डा 17 गेंदों पर 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। शार्दुल ठाकुर ने क्विंटन डिकॉक को पवेलियन भेजा। डिकॉक 23 रन बना सके।
सात ओवर के बाद लखनऊ ने एक विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 19 गेंदों पर 20 रन और दीपक हुड्डा 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। शार्दुल ठाकुर ने क्विंटन डिकॉक को पवेलियन भेजा। डिकॉक 23 रन बना सके।
लखनऊ की टीम को पांचवें ओवर में 42 के स्कोर पर पहला झटका लगा। शार्दुल ने क्विंटन डिकॉक को ललित यादव के हाथों कैच कराया। डिकॉक 13 गेंदों पर 23 रन बना सके। फिलहाल केएल राहुल 14 गेंदों पर 17 रन और दीपक हुड्डा पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर एक विकेट पर 49 रन है।
चार ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 41 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्विंटन डिकॉक 12 गेंदों पर 23 रन और केएल राहुल 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दो ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्विंटन डिकॉक नौ गेंदों पर 17 रन और केएल राहुल तीन गेंदों पर तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। लखनऊ की पारी के दूसरे ओवर में चेतन साकरिया गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में उन्होंने 16 रन लुटाए।
दिल्ली की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी डेविड वॉर्नर, मिशेल मार्श, रोवमन पॉवेल और मुस्तफिजुर रहमान शामिल हैं। वहीं, लखनऊ की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी क्विंटन डिकॉक, मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर और दुष्मंथा चमीरा हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ललित यादव, रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, चेतन सकारिया।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), केएल राहुल (कप्तान), दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, कृष्णप्पा गौतम, जेसन होल्डर, दुष्मंथा चमीरा, मोहसिन खान, रवि बिश्नोई।
लखनऊ की टीम
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। लखनऊ की टीम में एक बदलाव हुआ है। तेज गेंदबाज आवेश खान चोटिल हैं। उनकी जगह कृष्णप्पा गौतम को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, दिल्ली की टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
लखनऊ की टीम हालांकि प्लेऑफ स्थान हासिल करने की ओर बढ़ रही है, वह नौ मैचों में छह जीत से अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। हालांकि टीम शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान राहुल पर अत्यधिक निर्भरता को तोड़ना चाहती है। राहुल इस सत्र में अभी तक दो शतक और एक अर्धशतक जमा चुके हैं और टीम की जीत में उनकी पारियों ने अहम भूमिका निभाई है।
यह निर्भरता इतनी अधिक है कि टीम ने जो तीन मैच गंवाए हैं, उसमें राहुल का बल्ला नहीं चला था। टीम के पास क्विंटन डि कॉक, आयुष बडोनी, दीपक हुड्डा और क्रुणाल पंड्या के रूप में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी उठानी होगी।
टीम के पास जेसन होल्डर और मार्कस स्टोइनिस भी हैं। गेंदबाजी में क्रुणाल और तेज गेंदबाज दुष्मंथा ने पंजाब के खिलाफ लक्ष्य का बचाव करने में मदद की, लेकिन रवि बिश्नोई हालांकि थोड़े मंहगे साबित हुए।
दिल्ली के गेंदबाजी विभाग ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिन्होंने राजस्थान के खिलाफ काफी रन लुटाए लेकिन उन्होंने वापसी कर आसान जीत की नींव रखी। कुलदीप अपने सर्वश्रेष्ठ आईपीएल सत्र का लुत्फ उठा रहे हैं। इस बाएं हाथ के स्पिनर ने इस सत्र में दो बार चार विकेट झटके हैं, जिससे उनके कुल 17 विकेट हैं।
वहीं तेज गेंदबाज खलील अहमद किफायती गेंदबाजी कर रहे हैं जिन्होंने छह मैचों में 11 विकेट झटके हैं। उन्हें मुस्ताफिजुर रहमान का अच्छा सहयोग मिल रहा है जबकि स्पिनर अक्षर और ललित ने भी अपनी भूमिकाएं निभाई हैं।
डेविड वॉर्नर ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी है लेकिन साथी सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अच्छी शुरुआत को लंबी पारी में नहीं बदल सके हैं। टीम ने तीसरे नंबर पर कई बल्लेबाजों को आजमाया लेकिन कोई उचित खिलाड़ी नहीं मिल सका है।
मिशेल मार्श कोविड-19 के बाद एकांतवास पूरा करने के बाद लौट चुके हैं और इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पंत खुद भी विस्फोटक पारी नहीं खेल पाए हैं, जिसके लिए वह मशहूर हैं। उन्हें ऑलराउंडर ललित यादव, शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल के साथ अधिक जिम्मेदारी उठानी होगी।
दिल्ली की टीम के लिए कोविड-19 के मामले आने और नो-बॉल विवाद से कुछ हफ्ते काफी मुश्किल रहे, लेकिन कप्तान पंत और उनकी टीम ने इससे बाहर निकलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स पर चार विकेट से जीत दर्ज की। इससे टीम का मनोबल बढ़ा है। हालांकि, उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना और छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्यक्रम का चरमराना चिंता का विषय होंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 45वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से है। लखनऊ की टीम शानदार फॉर्म में चल रही है और उसने अब तक नौ में से छह मैच जीते हैं। अंक तालिका में टीम तीसरे स्थान पर है। वहीं, दिल्ली की टीम इस सीजन जूझती नजर आ रही है। उसने आठ में से चार मैच जीते हैं और अंक तालिका में छठे नंबर पर है।