सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी की 44 रनों की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 204 रन बनाए। जवाब में दिल्ली निर्धारित ओवर में नौ विकेट खोकर 190 रन बना पाई और मुकाबला हार गई। केकेआर के लिए नरेन ने तीन और वरुण ने दो विकेट लिए जबकि अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और आंद्रे रसेल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
दिल्ली ने इस सत्र में कुल चार मुकाबले अपने घर में खेले हैं। इनमें उन्होंने तीन मैच गंवाए जबकि एक में उन्हें सुपरओवर में जीत मिली है। वहीं, घर से बाहर अक्षर पटेल की टीम ने छह में से पांच मुकाबले जीते जबकि एक में उन्हें मात मिली है। मंगलवार को इस जीत के साथ कोलकाता ने अपनी प्लेऑफ की आस बरकरार रखी है। उनके खाते में नौ अंक हो गए और उनका नेट रन रेट 0.271 हो गया है। वहीं, दिल्ली 12 अंक और 0.362 का नेट रन रेट लेकर चौथे स्थान पर है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। अनुकूल रॉय ने पहले ही ओवर में अभिषेक पोरेल को रसेल के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद तीसरे और चौथे नंबर पर आए करुण नायर 15 और केएल राहुल सात रन बना पाए।
चौथे विकेट के लिए फाफ डुप्लेसिस को कप्तान अक्षर पटेल का साथ मिला। दोनों के बीच 42 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी हुई। नरेन ने अक्षर को अपना शिकार बनाया। वह चार चौके और तीन छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फाफ डुप्लेसिस ने 31 गेंदों में इस सत्र का अपना दूसरा पचासा पूरा किया। वह 45 गेंदों में 62 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दिल्ली के लिए विप्रज निगम ने 38 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने एक रन, आशुतोष शर्मा ने सात रन और मिचेल स्टार्क खाता खोले बगैर आउट हो गए। वहीं, दुष्मंथा चमीरा और कुलदीप यादव क्रमश: दो और एक रन बनाकर नाबाद रहे।
मिचेल स्टार्क को भी वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बना लिया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब क्रीज पर दुष्मंथा चमीरा और विप्रज निगम मौजूद हैं।
आशुतोष शर्मा सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए।
पारी के 14वें ओवर में दिल्ली ने चौथा और पांचवां विकेट गंवा दिया। सुनील नरेन ने अक्षर पटेल (43) को हर्षित राणा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को बोल्ड किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए विप्रज निगम आए हैं।
डुप्लेसिस ने 31 गेंदों में इस सत्र का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। वह अक्षर पटेल के साथ 40+ रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 108/3 है।
दिल्ली को 60 पर तीसरा झटका लगा। सुनील नरेन ने केएल राहुल को रनआउट कर दिया। अब डुप्लेसिस का साथ देने केएल राहुल आए हैं।
वैभर अरोड़ा ने करुण नायर को एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। वह सिर्फ 15 रन बना पाए। अब क्रीज पर केएल राहुल आए हैं।
दिल्ली की पारी झटके के साथ शुरू हुई है। अनुकूल रॉय ने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके।
अंगकृष रघुवंशी की 44 रनों की दमदार पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 205 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 204 रन बनाए हैं। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट लिए जबकि विप्रज निगम और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। वहीं, दुष्मंथा चमीरा ने एक सफलता अपने नाम की।
इस मैच में रहमनुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन ने दिल्ली को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। स्टार्क ने गुरबाज को अपना शिकार बनाया। वह 12 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विप्रज निगम ने सुनील नरेन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अजिंक्य रहाणे ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 26 रन बनाने में कामयाब हुए। अंगकृष रघुवंशी ने रिंकू सिंह के साथ दिल्ली पर दबाव डालने की कोशिश की और 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभाई। चमीरा ने रघुवंशी को पवेलियन की राह दिखाई। वह 32 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए जबकि रिंकू ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 36 रनों की अच्छी पारी खेली। वहीं, वेंकटेश अय्यर का बल्ला आज खामोश रहा। वह सिर्फ सात रन बना सके जबकि रसेल अपने जन्मदिन की रोज 17 रन बनाकर रनआउट हो गए। रोवमैन पॉवेल ने पांच रन बनाए और अनुकूल रॉय खाता भी नहीं खोल पाए। हर्षित राणा खाता खोले बिना नाबाद रहे और वरुण चक्रवर्ती ने एक* रन बनाया।
रिंकू सिंह 36 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विप्रज निगम ने अपना शिकार बनाया। अब रसेल और पॉवेल क्रीज पर हैं।
केकेआर को पांचवां झटका दुष्मंथा चमीरा ने दिया। उन्होंने अंगकृष रघुवंशी को अपना शिकार बनाया। वह 44 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर आंद्रे रसेल आए हैं। उनका साथ देने के लिए रिंकू सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
अंगकृष रघुवंशी (35) और रिंकू सिंह (14) के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। 14 ओवर के बाद स्कोर 142/4 है।
कोलकाता को चौथा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने वेंकटेश अय्यर को विप्रज निगम के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ सात रन बना पाए। अब क्रीज पर रिंकू सिंह आए हैं।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे अपना विकेट गंवा बैठे हैं। अक्षर पटेल ने रहाणे को एलबीडब्ल्यू आउट किया जो चार चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए।
विपराज निगम ने सुनील नरेन को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया है। नरेन 16 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता को पहला झटका मिचेल स्टार्क ने दिया। उन्होंने रहमनुल्लाह गुरबाज को अपना शिकार बनाया। वह 12 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान अजिंक्य रहाणे आए हैं। उनका साथ देने के लिए सुनील नरेन (20) मौजूद हैं।
कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। रहमनुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली की तरफ से पहला ओवर मिचेल स्टार्क फेंक रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल, हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: मनीष पांडे, लवनिथ सिसोदिया, मयंक मारकंडे, वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स: फाफ डुप्लेसिस, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), करुण नायर, केएल राहुल, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: आशुतोष शर्मा, जेक फ्रेजर मैकगर्क, त्रिपुराना विजय, समीर रिजवी, डोनोवन फरेरा।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक बदलाव किया है। अनुकूल रॉय की वापसी हुई है।
गत चैंपियन केकेआर को प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखने के लिए यह मुकाबला जीतना होगा क्योंकि दिल्ली के बाद हार से उसकी प्लेऑफ में जगह बनाने की राह काफी मुश्किल हो जाएगी। टीम को विभिन्न विभागों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पारी का आगाज करने का मौका नरेन के साथ क्विंटन डिकॉक और रहमानुल्लाह गुरबाज को मिला है। टीम रन बनाने के लिए रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी पर काफी अधिक निर्भर है। मध्यक्रम में वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह अधिक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। टीम की गेंदबाजी भी चिंता का विषय है। केकेआर के गेंदबाजों को सलामी जोड़ियों को तोड़ने में दिक्कत हो रही है जिससे विरोधी टीमें उसके खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा कर रही हैं। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाजों ने 120 रन जोड़े।
गेंदबाजी विभाग में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने पिछले मैच में दो विकेट चटकाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से समर्थन नहीं मिला। आरसीबी के खिलाफ विकेट चटकाने में नाकाम रहे स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अपनी पूर्व टीम केकेआर की कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, जबकि बीच के ओवरों में कुलदीप यादव ने लगतार अच्छा प्रदर्शन किया है। दिल्ली को अपने फील्डिंग में भी सुधार करना होगा। आरसीबी के खिलाफ पोरेल ने क्रुणाल पांड्या का महत्वपूर्ण विकेट गंवाया। केकेआर के अभी सिर्फ सात अंक हैं और टीम तालिका में सातवें स्थान पर चल रही है। टीम अपने पिछले तीन मैच में जीत दर्ज करने में नाकाम रही है जिसमें दो में उन्हें हार मिली और एक मैच बेनतीजा रहा।
केएल राहुल मौजूदा सत्र में दिल्ली के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन रविवार को स्पिनरों के खिलाफ तेजी से रन जुटाने में नाकाम रहे। वह सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की अनुभवी स्पिन जोड़ी के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। केकेआर के पास स्तरीय स्पिनर हैं जो मेजबान टीम को कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ वर्षा से प्रभावित मैच में जूझने के बाद केकेआर का आत्मविश्वास थोड़ा कम होगा। दिल्ली को करुण नायर से भी अच्छी पारी की उम्मीद होगी जिससे कि मध्य क्रम में सारा बोझ राहुल पर नहीं आए।
दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल में मंगलवार को जब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से भिड़ेंगे तो टीम की नजरें बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी पर टिकी होंगी। दिल्ली को अपने पिछले चार मैच में दो हार का सामना करना पड़ा है जिसमें रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मिली हार भी शामिल है और टीम लीग चरण के अंतिम मुकाबलों में लड़खड़ाने से बचना चाहेगी। शीर्ष क्रम में अभिषेक पोरेल ने आक्रामक तेवरों के साथ बल्लेबाजी की है, लेकिन वापसी करने के बाद अनुभवी फाफ डुप्लेसिस को अरुण जेटली स्टेडियम की धीमी पिच पर जूझना पड़ा और उन्हें जल्द से जल्द इससे सामंजस्य बैठाना होगा।
IPL Live Cricket Score, DC vs KKR Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 का 48वां दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में दिल्ली जीत की राह पर लौटने को बेताब होगी जबकि केकेआर अपनी उम्मीदें बनाए रखने उतरेगी।