फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs KKR Highlights: कोलकाता ने लगाई जीत की हैट्रिक, दिल्ली को 106 रन से हराया, पंत-स्टब्स के अर्धशतक बेकार

Wed, 03 Apr 2024 11:51 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

खास बातें

DC vs KKR Indian Premier League 2024 :  आईपीएल 2024 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से था। यह मैच विशाखापत्तनम में खेला गया। कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 272 रन बनाए। जवाब में दिल्ली का पारी 17.2 ओवर में 166 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
ट्रिस्टन स्टब्स - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 03-Apr-2024

कोलकाता ने दिल्ली को हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 106 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 17.2 ओवर में 166 रन पर सिमट गई। यह दिल्ली की चार मैचों में तीसरी हार है। वहीं, कोलकाता ने जीत की हैट्रिक लगाई है। टीम ने अब तक अपने सभी तीनों मुकाबले जीते हैं। इस जीत के साथ कोलकाता की टीम छह अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली की टीम नौवें स्थान पर पहुंच गई है। उसके दो अंक हैं। कोलकाता को अगला मैच आठ अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेन्नई में खेलना है। वहीं, दिल्ली की टीम अपना अगला मैच सात अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेलेगी।

11:02 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: स्टब्स अर्धशतक लगाकर आउट

दिल्ली को 15वें ओवर में 159 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने ट्रिस्टन स्टब्स को स्टार्क के हाथों कैच कराया। स्टब्स ने 32 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। इसके बाद 16वें ओवर की पहली गेंद पर सुनील नरेन ने सुमित कुमार को पांडे के हाथों कैच कराया। सुमित सात रन बना सके। दिल्ली का स्कोर आठ विकेट पर 159 रन है।

10:53 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: पंत की तूफानी पारी समाप्त

दिल्ली कैपिटल्स को 126 के स्कोर पर दो झटके लगे। वरुण ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। पंत ने 25 गेंद पर चार चौके और पांच छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। उन्होंने 23 गेंद पर आईपीएल करियर का 17वां अर्धशतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले पंत ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी तूफानी पारी खेली थी। वहीं, इसकी अगली गेंद पर वरुण ने अक्षर पटेल को मनीष पांडे के हाथों कैच कराया। अक्षर खाता नहीं खोल सके। फिलहाल सुमित कुमार और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर छह विकेट पर 129 रन है।

विज्ञापन
10:50 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: पंत का अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कप्तान ऋषभ पंत तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 23 गेंद पर आईपीएल करियर का 17वां अर्धशतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले पंत ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी तूफानी पारी खेली थी। 12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 125 रन है। उन्हें 48 गेंद में 148 रन की जरूरत है।

10:35 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: स्टब्स-पंत ने संभाली पारी

नौ ओवर के बाद दिल्ली ने चार विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए हैं। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स 16 गेंद में 25 रन और ऋषभ पंत 11 गेंद में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 27 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। टीम को 66 गेंद में 190 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:12 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: दिल्ली को चौथा झटका

पांचवें ओवर में 33 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। स्टार्क की गेंद वॉर्नर के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी। वह 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले स्टार्क ने मिचेल मार्श को आउट किया था। वहीं, वैभव अरोड़ा ने पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल को पवेलियन भेजा। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 51 रन है। पंत सात रन और स्टब्स 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।


 

10:10 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: दिल्ली को तीसरा झटका

दिल्ली को चौथे ओवर में 27 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मिचेल मार्श के बाद इम्पैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल भी खाता खोले बिना आउट हो गए। पोरेल को वैभव अरोड़ा ने नरेन के हाथों कैच कराया। वैभव को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने पृथ्वी शॉ को आउट किया था। फिलहाल डेविड वॉर्नर और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। 

10:03 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा

दिल्ली कैपिटल्स को तीसरे ओवर में दूसरा झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने मिचेल मार्श को रमनदीप सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। स्टार्क का यह इस सीजन का पहला विकेट है। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। हालांकि, पिछले दोनों मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इससे पहले दूसरे ओवर में पृथ्वी शॉ आउट हुए थे। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 26 रन है। फिलहाल डेविड वॉर्नर और अभिषेक पोरेल क्रीज पर हैं।

09:57 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: दिल्ली का पहला विकेट गिरा

दिल्ली कैपिटल की शुरुआत अच्छी नहीं हो पाई। दूसरे ओवर में वैभव अरोड़ा ने पृथ्वी शॉ को वरुण के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद में 10 रन बना सके। दो ओवर के बाद दिल्ला का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है। फिलहाल डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं।

09:31 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: कोलकाता ने 272 रन बनाए

कोलकाता नाइट राइडर्स ने विशाखापत्तनम में विशाल स्कोर खड़ा किया है। उन्होंने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 272 रन बनाए हैं। दिल्ली के सामने 273 रन का विशाल लक्ष्य है। 272 का टोटल आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर भी इसी सीजन बना था। सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ (27 मार्च) 277 रन बनाए थे। वहीं, ओवरऑल टी20 का यह आठवां सबसे बड़ा टोटल है। 272 रन कोलकाता का आईपीएल में उच्चतम स्कोर है। इससे पहले 2018 में उन्होंने पंजाब के खिलाफ छह विकेट पर 245 रन बनाए थे।

कोलकाता की पारी
मैच की शुरुआत सुनील नरेन और फिलिप सॉल्ट ने तूफानी अंदाज में की थी। उन्होंने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 60 रन जोड़े। इस साझेदारी को नॉर्त्जे ने तोड़ा। उन्होंने सॉल्ट (18) को आउट किया। इसके बाद तो नरेन ने 18 साल के युवा भारतीय बल्लेबाज अंगकृश रघुवंशी के साथ मिलकर चौके-छक्कों की बरसात कर दी। दोनों ने 48 गेंद में 104 रन की साझेदारी निभाई।

नरेन ने आईपीएल करियर करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 39 गेंद में सात चौके और सात छक्के की मदद से 85 रन की पारी खेली। उन्हें मार्श ने आउट किया। वहीं, अंगकृश रघुवंशी ने आईपीएल में डेब्यू करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। वह 27 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नरेन-रघुवंशी के बाद आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह ने तूफानी पारी खेली।

रिंकू आठ गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। कोलकाता की पारी का 20वां ओवर करने इशांत शर्मा आए और उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर शानदार यॉर्कर से रसेल को क्लीन बोल्ड किया। रसेल का इस यॉर्कर पर बैलेंस बिगड़ा और वह गिर गए। उन्होंने 19 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 41 रन बनाए। इस ओवर की तीसरी गेंद पर इशांत ने रमनदीप को चलता किया। वह दो रन बना सके।

वेंकटेश अय्यर पांच रन और स्टार्क एक रन बनाकर नाबाद रहे। इशांत ने 20वें ओवर में मात्र आठ रन दिए। दिल्ली की ओर से नॉर्त्जे ने तीन विकेट लिए। वहीं, इशांत को दो विकेट मिले। खलील और मार्श को एक-एक विकेट मिला।

09:11 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: श्रेयस अय्यर आउट

कोलकाता को 232 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें खलील ने मार्श के हाथों कैच कराया। फिलहाल आंद्रे रसेल की तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिल रही है। उनका साथ निभाने रिंकू सिंह आए हैं। 18 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 239 रन है।

08:57 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: रसेल की आक्रामक बल्लेबाजी

16 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 205 रन है। आंद्रे रसेल 12 गेंद में 27 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर छह गेंद में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले सुनील नरेन और अंगकृश रघुवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी की थी। नरेन ने 39 गेंद में 85 रन और अंगकृश ने 27 गेंद में 54 रन बनाए थे।

08:44 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: कोलकाता को तीसरा झटका

कोलकाता को 176 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। सुनील नरेन के बाद अंगकृश रघुवंशी भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 27 गेंद में 54 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। 14 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 181 रन है। फिलहाल आंद्रे रसेल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

08:37 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: नरेन आउट, रघुवंशी का अर्धशतक

कोलकाता को 13वें ओवर में 164 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। मिचेल मार्श ने सुनील नरेन को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। नरेन शतक से चूक गए। वह 39 गेंद में सात चौके और सात छक्के की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अंगकृश रघुवंशी ने आईपीएल डेब्यू पर अर्धशतक लगाया। उन्होंने 25 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 171 रन है। फिलहाल आंद्रे रसेल और रघुवंशी क्रीज पर हैं।

08:17 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: नरेन-रघुवंशी की तूफानी बल्लेबाजी

नौ ओवर के बाद कोलकाता ने एक विकेट गंवाकर 126 रन बना लिए हैं। फिलहाल सुनील नरेन 28 गेंद में 68 रन और अंगकृश रघुवंशी 14 गेंद में 31 रन की बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने चौके-छक्कों की बरसात कर दी है। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 27 गेंद में 66 रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली ने कोई विकेट नहीं लिया तो उनके लिए यह भारी पड़ सकता है।

08:02 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: सुनील नरेन का तूफानी अर्धशतक

सुनील नरेन ने 21 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया है। यह उनके आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक रहा। नरेन ने दिल्ली के हर गेंदबाज की धुनाई की है। वह चौके छक्कों की बारिश कर रहे हैं। पावरप्ले में 88 रन इस सीजन किसी भी टीम द्वाार पहले छह ओवर में सबसे ज्यादा स्कोर है। नरेन के अलावा अंगकृश रघुवंशी क्रीज पर हैं। फिल सॉल्ट आउट होकर पवेलियन लौट चुके।

07:57 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: कोलकाता को पहला झटका

कोलकाता को पांचवें ओवर में 60 के स्कोर पर पहला झटका लगा। एनरिच नॉर्त्जे ने फिल सॉल्ट को ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। इस गेंद से पहले वाली गेंद पर वॉर्नर ने सॉल्ट का कैच छोड़ा था। इसके बाद अंगकृश रघुवंशी बल्लेबाजी के लिए आए और शुरुआती दो गेंद पर दो चौके जड़े। पांच ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 70 रन है। फिलहाल रघुवंशी तीन गेंद में 10 रन और सुनील नरेन 15 गेंद में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। नरेन तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:52 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: नरेन की तूफानी बल्लेबाजी

कोलकाता ने चार ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल फिलिप सॉल्ट नौ गेंद में 16 रन और सुनील नरेन 15 गेंद में 34 रन बनाकर खेल रहे हैं। अपनी इस पारी में अब तक नरेन तीन चौके और तीन छक्के लगा चुके हैं। नरेन ने चौके छक्कों की बरसात कर दी है।

07:32 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: कोलकाता की पारी शुरू

कोलकाता की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। फिल सॉल्ट और सुनील नरेन क्रीज पर हैं। मैच की पहली ही गेंद पर सॉल्ट ने चौका लगाया। गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर विकेटकीपर पंत के ग्लव्स को छूकर चौके के लिए गई। खलील अहमद ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए सात रन है।

07:05 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), मिचेल मार्श, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, रसिख डार सलाम, एनरिक नॉर्तजे, इशांत शर्मा, सुमित कुमार, खलील अहमद। इम्पैक्ट प्लेयर्स: अभिषेक पोरेल, कुमार कुशाग्र, प्रवीण दुबे, ललित यादव, जेक फ्रेजर-मैकगर्क।

कोलकाता नाइट राइडर्स: फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृश रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती। इम्पैक्ट प्लेयर्स: सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, रहमनुल्लाह गुरबाज।

07:01 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: कोलकाता ने जीता टॉस

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान श्रेयस ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। अंगकृश रघुवंशी को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। वहीं, दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि वह भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते, क्योंकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा पिच धीमी होती जाएगी। दिल्ली के कप्तान ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मुकेश कुमार चोटिल हैं। ऐसे में ऑलराउंडर सुमित कुमार को टीम में जगह मिली है।

06:23 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: रसेल, वेंकटेश बने कोलकाता की ताकत

आरसीबी पर जीत के साथ कोलकाता का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। इसके लिए आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर और फिल सॉल्ट का जबरदस्त फॉर्म में होना है। दिल्ली को इन तीनों से ही सतर्क रहना होगा। कप्तान श्रेयस ने भी आरसीबी के खिलाफ नाबाद 39 रन बनाए थे। उसके पास रिंकू सिंह जैसा फिनिशर है। नवोदित हर्षित राणा की गेंदबाजी ने कोलकाता को अतिरिक्त ताकत प्रदान की है।

06:23 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: वॉर्नर-शॉ से अच्छी शुरुआत की आस

चेन्नई के खिलाफ 20 रन से मिली जीत में पंत की 51 रन की पारी के अलावा डेविड वॉर्नर (52) और पृथ्वी शॉ (43) के बीच निभाई गई पहले विकेट केलिए 93 रन की साझेदारी अहम रही। दिल्ली को कोलकाता के खिलाफ वॉर्नर-शॉ से बेहतर शुरुआत की जरूरत है। उसकी ङ्क्षचता का विषय मिचेल मार्श की खराब फॉर्म और तेज गेंदबाज एनरिक नोत्र्जे का लय में नहीं होना है। खलील अहमद ने भी चेन्नई के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की।

06:22 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Live: पंत के फॉर्म से बढ़ा हौसला

कप्तान ऋषभ पंत के चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ लगाए गए अर्धशतक ने दिल्ली कैपिटल्स का हौसला बढ़ा दिया है। अर्धशतकीय पारी ने न सिर्फ पंत की फॉर्म में वापसी कराई बल्कि दिल्ली को आईपीएल-17 में पहली जीत भी दिलाई। दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर इस जीत के क्रम को बरकरार रखने के लिए उतरेगी। 

06:17 PM, 03-Apr-2024

DC vs KKR Highlights: कोलकाता ने लगाई जीत की हैट्रिक, दिल्ली को 106 रन से हराया, पंत-स्टब्स के अर्धशतक बेकार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से है। यह मैच विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है। अभी तक दिल्ली ने अपने तीन में से दो मैच गंवाए हैं। पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत के साथ टीम जीत की पटरी पर लौटी थी। वहीं, कोलकाता ने अब तक अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। दिल्ली के लिए यह चुनौती आसान नहीं है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें