आईपीएल 2024 के 40वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस को चार रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 224 रन बनाए थे। कप्तान ऋषभ पंत ने 43 गेंद में नाबाद 88 रन और अक्षर पटेल ने 66 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर की समाप्त के बाद आठ विकेट पर 220 रन ही बना सकी। डेविड मिलर ने 23 गेंद में 55 रन और साई सुदर्शन ने 39 गेंद में 65 रन की पारी खेली। यह गुजरात की दिल्ली के खिलाफ लगातार दूसरी हार है। इससे पहले अहमदाबाद में भी दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ छह विकेट से जीत हासिल की थी।
इस जीत के साथ दिल्ली की टीम अंक तालिका में आठ अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है। उसने नौ मैचों में से चार में जीत हासिल की है। वहीं, गुजरात की टीम सातवें से आठवें स्थान पर लुढ़क गई है। उसने भी नौ में से पांच मैच गंवाए हैं और उसके भी आठ अंक हैं। हालांकि, नेट रन रेट में गुजरात की टीम दिल्ली से पीछे है। दिल्ली का अगला मैच 27 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से दिल्ली में ही है। वहीं, गुजरात की टीम अपना अगला मैच 28 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी।
गुजरात को 181 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। मिलर 23 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुकेश ने रसिख के हाथों कैच कराया। 18 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर सात विकेट पर 188 रन है। गुजरात को 12 गेंद में 37 रन की जरूरत है।
गुजरात ने 17 ओवर में छह विकेट गंवाकर 176 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर और राशिद खान क्रीज पर हैं। मिलर ने 21 गेंद पर आईपीएल करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने एनरिक नॉर्त्जे के 17वें ओवर में तीन छक्के और एक चौका समेत 24 रन बटोरे। गुजरात को 18 गेंद में 49 रन की जरूरत है।
गुजरात को 16वें ओवर में 152 के स्कोर पर छठा झटका लगा। कुलदीप यादव ने राहुल तेवतिया को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। गुजरात को अब 24 गेंद में 73 रन की जरूरत है। फिलहाल डेविड मिलर और राशिद खान क्रीज पर हैं।
गुजरात को 15वें ओवर में 139 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। रसिख डार सलाम ने साई सुदर्शन को आउट करने के बाद शाहरुख खान को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। शाहरुख आठ रन बना सके। फिलहाल डेविड मिलर और राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं। गुजरात को 30 गेंद में 78 रन की जरूरत है।
गुजरात टाइटंस को 13वें ओवर में 121 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। साई सुदर्शन ने 39 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली। उन्हें 17 के स्कोर पर जीवनदान मिला था। तब रसिख डार सलाम की गेंद पर अक्षर ने कैच छोड़ा था। अब जब साई आउट हुए तो रसिख ही गेंदबाजी कर रहे थे और अक्षर ने ही कैच लिया। फिलहाल शाहरुख खान और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। गुजरात को 42 गेंद में 98 रन की जरूरत है।
गुजरात की पारी लड़खड़ा गई है। उन्होंने दो ओवर में दो विकेट गंवा दिए हैं। पारी के 10वें ओवर में ऋद्धिमान साहा आउट हुए थे। 11वें ओवर में अक्षर ने अजमतुल्लाह ओमरजई को जेक फ्रेजर के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। फिलहाल साई सुदर्शन 59 रन और डेविड मिलर दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। सुदर्शन ने 29 गेंद में आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। गुजरात को 54 गेंद पर 116 रन की जरूरत है।
गुजरात को 95 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। ऋद्धिमान साहा 25 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुलदीप ने अक्षर के हाथों कैच कराया। अक्षर ने साई सुदर्शन के छूटे कैच की भरपाई करते हुए साहा का बेहतरीन कैच लपका। 10 ओवर के बाद गुजरात ने दो विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। फिलहाल साई सुदर्शन और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद गुजरात ने एक विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल उन्हें 72 गेंद में 146 रन की जरूरत है। साई सुदर्शन 34 रन और ऋद्धिमान साहा 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। गुजरात को एकमात्र झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। उन्हें नॉर्त्जे ने आउट किया था।
गुजरात की पारी के पांचवें ओवर में साई सुदर्शन को जीवनदान मिला। रसिख डार सलाम के ओवर में पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने मिड ऑन पर सुदर्शन का आसान कैच छोड़ा। तब सुदर्शन 17 रन बनाकर खेल रहे थे। पांच ओवर के बाद गुजरात ने एक विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल आउट हो चुके हैं।
गुजरात टाइटंस को दूसरे ओवर में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। एनरिक नॉर्त्जे ने कप्तान शुभमन गिल को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह छह रन बना सके। फिलहाल ऋद्धिमान साहा और साई सुदर्शन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 24 रन है।
225 रनों के लक्ष्य का पीछा करने को गुजरात टाइटंस पूरी तरह से तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल क्रीज पर पहुंचे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पारी का पहला ओवर खलील अहमद फेंक रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के सामने 225 रन का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 224 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत ने 43 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 88 रन की नाबाद पारी खेली। दिल्ली ने आखिरी पांच ओवर में 97 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। पंत ने 20वें ओवर में गेंदबाजी करने आए मोहित शर्मा के ओवर में 31 रन बटोरे। उन्होंने इस ओवर में चार छक्के लगाए और एक चौका भी जड़ा। दिल्ली ने एक वक्त 44 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अक्षर पटेल और पंत के बीच 113 रन की साझेदारी हुई। अक्षर 66 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, पंत और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 18 गेंद में 67 रन की अटूट साझेदारी हुई। इसकी बदौलत दिल्ली ने विशाल स्कोर खड़ा किया है।
ऋषभ पंत ने 34 गेंद पर आईपीएल करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा। यह इस सीजन उनका तीसरा अर्धशतक रहा। 18 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 171 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत 57 रन और ट्रिस्टन स्टब्स पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अक्षर पटेल 66 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, संदीप वॉरियर ने तीन विकेट झटके।
दिल्ली को 157 के स्कोर पर 17वें ओवर में चौथा झटका लगा। नूर अहमद ने अक्षर पटेल को साई किशोर के हाथों कैच कराया। उन्होंने 43 गेंद में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 66 रन की पारी खेली। फिलहाल ऋषभ पंत और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। पंत 18वें अर्धशतक के करीब हैं।
दिल्ली के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अक्षर पटेल दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ अर्धशतक लगाया है। इसके लिए उन्होंने 37 गेंदों का सहारा लिया। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा पचासा है। वहीं, उनका साथ दे रहे ऋषभ पंत भी अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। 30 गेंदों में वह 47 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के लिए 90+ रन की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 143 रन है।
दिल्ली ने 12 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 105 रन बना लिए हैं। फिलहाल पंत 30 और अक्षर 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली के तीनों विकेट संदीप वॉरियर ने झटके।
नौ ओवर के बाद दिल्ली ने तीन विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल 19 रन और ऋषभ पंत सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले संदीप वॉरियर ने तीन विकेट झटके। उन्होंने जेक फ्रेज मैकगर्क, पृथ्वी शॉ और शाई होप को पवेलियन भेजा था।
छठे ओवर में दिल्ली की टीम को तीसरा झटका लगा। संदीप वॉरियर ने शाई होप को राशिद खान के हाथों कैच कराया। होप पांच रन बना सके। यह वॉरियर को मिली तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह जेक फ्रेजर मैकगर्क और पृथ्वी शॉ को आउट कर चुके हैं। छह ओवर यानी पावरप्ले समाप्त होने के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 44 रन है। फिलहाल अक्षर पटेल और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
संदीप वॉरियर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए चौथे ओवर में गुजरात को दो सफलता दिलाई। उन्होंने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर जेक फ्रेजर मैकगर्क को नूर अहमद के हाथों कैच कराया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर पृथ्वी शॉ को भी नूर के हाथों कैच कराया। जेक 23 रन और शॉ 11 रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 43 रन है। फिलहाल शाई होप और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
दिल्ली को चौथे ओवर में 35 के स्कोर पर पहला झटका लगा। संदीप वॉरियर ने जेक फ्रेजर मैकगर्क को नूर अहमद के हाथों कैच कराया। उन्होंने 14 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 23 रन की पारी खेली।
दिल्ली की पारी की शुरुआत हो चुकी है। पहले ओवर में कैपिटल्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 10 रन बनाए। फिलहाल जेक फ्रेजर मैकगर्क और पृथ्वी शॉ दोनों पांच-पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। गुजरात के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
दिल्ली कैपिटल्सः पृथ्वी शॉ, जेक फ्रेजर मैकगर्क, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्त्जे, खलील अहमद, मुकेश कुमार। इम्पैक्ट सब: सुमित कुमार, रसिख डार सलाम, कुमार कुशाग्र, प्रवीण दुबे, ललित यादव।
गुजरात टाइटंसः ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल (कप्तान), डेविड मिलर, अजमतुल्लाह ओमरजई, शाहरुख खान, राहुल तवतेयिा, राशिद खान, आर साई किशोर, नूर अहमद, मोहित शर्मा, संदीप वॉरियर। इम्पैक्ट सब: शरथ बीआर, साई सुदर्शन, मानव सुथार, दर्शन नालकंडे, विजय शंकर।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का ही फैसला करते। यह शुभमन का 100वां आईपीएल मैच है। दिल्ली की टीम ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। डेविड वॉर्नर की जगह शाई होप और ललित यादव की जगह सुमित कुमार को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच लीग का 40वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। टॉस उससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें संभावित प्लेइंग-11 और लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी...
शुभमन गिल की अगुआई में गुजरात टीम के प्रदर्शन में भी निरंतरता नहीं है लेकिन पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ तीन विकेट की जीत से टीम का मनोबल बढ़ा होगा। वह जीत की लय कायम रखना चाहेंगे। कप्तान गिल से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। साई सुदर्शन, डेविड मिलर और अजमतुल्लाह ओमरजेई भी बल्ले से योगदान देना चाहेंगे। राहुल तेवतिया पारी के अंत में फिर बड़े शॉट लगाने के प्रयास में रहेंगे। गेंदबाजी में अनुभवी मोहित शर्मा, नूर अहमद और राशिद खान पर बहुत कुछ दारोमदार रहेगा।
फिरोजशाह कोटला मैदान की बाउंड्री छोटी है ऐसे में मेजबान टीम के गेंदबाजों की गुजरात के सामने भी परीक्षा होगी। इस सत्र में टीम के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे बिल्कुल भी फॉर्म में नहीं हैं। इस मैच में अनुभवी ईशांत शर्मा लौट सकते हैं जो पिछले मैच में पीठ में खिंचाव के चलते नहीं उतरे थे। स्पिनर कुलदीप यादव दिल्ली के इस सत्र में अब तक श्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। पांच मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं और उनकी इकॉनोमी रेट 7.60 की रही है। हैदराबाद के खिलाफ वह भी बेहतर नहीं कर पाए थे। उनकी आठ गेंदें ऐसी रही जिन पर रन नहीं बने लेकिन उनकी गेंदों पर सर्वाधिक सात छक्के भी लगे।
हैदराबाद के खिलाफ कप्तान पंत ने कई रणनीतिक चूक की थी। उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ओस को लेकर अनुमान सही नहीं रहा। उन्होंने दूसरे ओवर में ललित यादव को गेंद थमा दी। इससे हैदराबाद को आक्रामक शुरुआत करने का मौका मिल गया। हैदराबाद ने पावरप्ले के पहले छह ओवरों में बिना क्षति के 125 रन का रिकॉर्ड स्कोर बना डाला। बाद में बल्लेबाजी में पंत 267 रन का पीछा करते समय 35 गेंद में 44 रन की पारी ही खेल पाए। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर को आक्रामक शुरुआत दिलाने की जरूरत थी लेकिन दोनों सफल नहीं हो सके। हालांकि युवा बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क ने 18 गेंदों पर 65 रन की आतिशी पारी खेली लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पूरा समर्थन नहीं मिल पाया था। अभिषेक पोरेल ने 22 गेंदों पर 42 रन कुछ सहयोग करने का जरूर प्रयास किया। हैदराबाद के बल्लेबाजों ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी।
ऋषभ पंत की नेतृत्व क्षमता की बुधवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले में परीक्षा होगी। दिल्ली को अपने घरेलू मैदान में गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की अपेक्षा होगी। दिल्ली को घर में अपने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 67 रन की हार का सामना करना पड़ा था, जबकि इससे पहले टीम दो मैच से जीतती आ रही थी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 40वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना गुजरात टाइटंस से है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों टीमें जब पिछली बार भिड़ी थीं तो दिल्ली ने गुजरात को छह विकेट से हराया था। हालांकि, उसके बाद जहां दिल्ली सनराइजर्स से हार गई, वहीं गुजरात ने पंजाब के खिलाफ जीत हासिल की थी। आज के मैच में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।