फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs PBKS Highlights: चेन्नई प्लेऑफ से बाहर, पंजाब ने चार विकेट से हराया; चहल के बाद श्रेयस-प्रभसिमरन चमके

Wed, 30 Apr 2025 11:30 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 19.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 190 रन बनाए। उनके लिए सैम करन ने अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में पंजाब ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 196 रन बनाए और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 30-Apr-2025

पंजाब ने चेन्नई को हराया

युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी के बाद प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घर में चार विकेट से हरा दिया। बुधवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 19.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 190 रन बनाए। उनके लिए सैम करन ने अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में पंजाब ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 196 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। सीएसके के लिए खलील अहमद और मथीशा पथिराना ने दो-दो विकेट लिए जबकि रवींद्र जडेजा और नूर अहमद को एक-एक सफलता मिली।

10 में से आठ मुकाबले गंवा चुकी चेन्नई प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। चार अंक और -1.211 के नेट रन रेट के साथ टीम 10वें पायदान पर है जबकि पंजाब तीन स्थानों की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई। अब उनके 13 अंक हो गए हैं और उनका नेट रन रेट 0.199 हो गया। वहीं, शीर्ष पर 14 अंकों के साथ आरसीबी काबिज है। 

चेपॉक में लगातार पांच मैचों में हार के साथ चेन्नई प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली इस सत्र की पहली टीम है। ऐसा पहली बार हुआ है जब चेन्नई ने घरेलू मैदान पर लगातार पांच मुकाबलों में शिकस्त झेली है। इससे पहले 2008 और 2012 में फ्रेंचाइजी ने लगातार चार-चार मैच हारे थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी हुई। खलील अहमद ने आर्या को अपना शिकार बनाया, जो 15 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर कप्तान श्रेयस अय्यर आए और उन्होंने प्रभसिमरन (54) के साथ 50 गेंदों में 72 रन जोड़े। दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं और टीम की जीत सुनिश्चित कर पवेलियन लौटे। अय्यर ने 41 गेंदों में 72 रन बनाए जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं। उनके अलावा शशांक सिंह ने 23, नेहल वढेरा ने पांच और सूर्यांश शेडगे ने एक रन बनाया। वहीं, जोश इंग्लिस और मार्को यानसेन क्रमश: छह और चार रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले चेन्नई की शुरुआत खराब हुई थी। शेख रशीद और आयुष म्हात्रे क्रमश: 11 और सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सैम करन ने मोर्चा संभाला। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से डेवाल्ड ब्रेविस के अलावा किसी का साथ नहीं मिला। दोनों ने 78 रनों की साझेदारी निभाई। करन ने सर्वाधिक 88 रनों की पारी खेली जबकि ब्रेविस ने 32 रन बनाए। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 17, शिवम दुबे ने छह, महेंद्र सिंह धोनी ने 11 और दीपक हुड्डा ने दो रन बनाए। वहीं, अंशुल और नूर अपना खाता भी नहीं खोल पाए जबकि खलील खाता खोले बगैर नाबाद रहे। इस मैच में  पंजाब के लिए युजवेंद्र चहल ने चार विकेट हासिल किए। वहीं, अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन को दो-दो सफलताएं मिलीं। अजमतुल्लाह उमरजई और हरप्रीत बराड़ ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

10:59 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: नेहल वढेरा पांच रन बनाकर आउट

पथिराना ने नेहल वढेरा को अपना शिकार बना लिया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। श्रेयस अय्यर 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करके क्रीज पर बने हैं। शशांक सिंह भी उनका साथ देने के लिए आए हैं।

10:46 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पंजाब को 116 पर दूसरा झटका

नूर अहमद ने प्रभसिमरन सिंह को पवेलियन की राह दिखाई। वह 54 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हो गए। अब श्रेयस अय्यर का साथ देने नेहल वढेरा आए हैं।

विज्ञापन
10:25 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: प्रभसिमरन सिंह ने 31 गेंदों में जड़ा पचासा

प्रभसिमरन सिंह ने 31 गेंदों में पचासा जड़ा है। वह अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 12 ओवर के बाद स्कोर 107/1 है।

10:14 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ

पावरप्ले समाप्त हो चुका है, प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। शुरुआती छह ओवर के बाद स्कोर 51/1 है।

विज्ञापन
10:06 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पंजाब को पहला झटका

पंजाब को पहला झटका खलील अहमद ने दिया। उन्होंने प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया। वह 23 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान श्रेयस अय्यर आए हैं।

09:48 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पंजाब की पारी शुरू

पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं।

09:29 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई ने पंजाब के सामने रखा 191 रन का लक्ष्य

युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 190 रन पर रोक दिया। उनके लिए सैम करन ने सर्वाधिक 88 रनों की पारी खेली। वहीं, पंजाब के लिए अनुभवी लेग स्पिनर चहल ने 19वें ओवर में चार विकेट हासिल किए। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने मौजूदा सत्र की पहली हैट्रिक भी हासिल की।

09:22 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई को 184 पर छठा झटका

युजवेंद्र चहल ने धोनी को नेहल वढेरा के हाथों कैच आउट करा दिया। वह चार गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए। आठवें नंबर पर दीपक हुड्डा आए हैं।

09:18 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: सैम करन 88 रन बनाकर आउट हुए

सैम करन 88 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए। अब क्रीज पर धोनी और शिवम दुबे मौजूद हैं।

08:53 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: 30 गेंदों में करन ने जड़ा पचासा

सैम करन ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। मौजूदा सत्र में यह उनके बल्ले से निकला पहला पचासा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

08:51 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई को 126 पर चौथा झटका

चेन्नई को चौथा झटका अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को अपना शिकार बनाया। वह 26 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर शिवम दुबे आए हैं। उनका साथ देने के लिए सैम करन मौजूद हैं।

08:34 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: सैम करन और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच 60+ रन की साझेदारी

सैम करन और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 12 ओवर के बाद स्कोर 108/3 है।

08:05 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score:रवींद्र जडेजा 17 रन बनाकर आउट

चेन्नई को तीसरा झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा। उन्हें हरप्रीत बराड़ ने पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ 17 रन बना सके। अब सैम करन का साथ देने डेवाल्ड ब्रेविस आए हैं।

07:54 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई को दूसरा झटका

मार्को यानसेन ने चेन्नई को दूसरा झटका दिया। उन्होंने आयुष म्हात्रे को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ सात रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर रवींद्र जडेजा और सैम करन मौजूद हैं।

07:47 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: 21 पर चेन्नई को पहला झटका

चेन्नई को पहला झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने शेख रशीद को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। अब क्रीज पर सैम करन आए हैं और उनका साथ देने के लिए आयुष म्हात्रे क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेन्नई की पारी शुरू

चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। शेख रशीद और आयुष म्हात्रे क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर अर्शदीप सिंह फेंक रहे हैं।

07:06 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपर किंग्स: शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, सैम करन, रवींद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, दीपक हुड्डा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: अंशुल कंबोज, रविचंद्रन अश्विन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, जेमी ओवरटन।

पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बराड़, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रभसिमरन सिंह, मुशीर खान, विजयकुमार विशाक, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे।

07:01 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पंजाब ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि इस मुकाबले में ग्लेन मैक्सवेल नहीं खेलेंगे। उन्हें चोट लगी है। वहीं, चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:45 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: इन खिलाड़ियों पर भी रहेंगी नजरें

प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पंजाब को शानदार शुरुआत दिलाई है और इन दोनों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद पर होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में पंजाब को एक ऐसा बल्लेबाज मिला है जो अच्छी तरह से सूत्रधार की भूमिका निभाता है। चेन्नई के स्पिनर नूर अहमद को उनके खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। धोनी 43 साल का होने के बावजूद मैच का सकारात्मक अंत करने में सक्षम हैं लेकिन विजय शंकर, दीपक हुड्डा और राहुल त्रिपाठी जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और मथीशा पथिराना के संघर्ष से भी चेन्नई को मदद नहीं मिली है। पंजाब के पास मार्को यानेसन के रूप में बहुत अच्छा ऑलराउंडर है, जबकि गेंदबाजी इकाई का नेतृत्व अर्शदीप और चहल करेंगे। 

06:45 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: शिवम दुबे और युजवेंद्र चहल के बीच टक्कर

इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। चेन्नई के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे जब पावरप्ले में अर्शदीप सिंह का सामना करेंगे तो वह दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। बीच के ओवरों में सबसे मनोरंजक जंग शिवम दुबे और युजवेंद्र चहल के बीच होने की उम्मीद है। चहल शानदार फॉर्म में हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई का मध्य क्रम उनकी चुनौती से कैसे पार पाता है। 

06:22 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: चेपॉक में भी नहीं प्रभावित नहीं कर सका चेन्नई

चेन्नई के लिए सबसे निराशाजनक बात लंबे समय से उसके गढ़ माने जाने वाले चेपॉक में घरेलू परिस्थितियों से सामंजस्य से बिठाने में असफल रहना है। चेन्नई की टीम प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को बरकरार रखने के लिए टूर्नामेंट की अपनी तीसरी जीत दर्ज करने के लिए बेताब होगी। यहां तक कि महेंद्र सिंह धोनी जैसा करिश्माई खिलाड़ी भी कोहनी की चोट के कारण बाहर होने वाले ऋतुराज गायकवाड़ से कप्तानी संभालने के बाद टीम में जोश भरने में नाकाम रहा है। धोनी ने स्वीकार किया कि चेन्नई की टीम अभी तक सही संयोजन तैयार करने में असफल रही है। धोनी ने कहा- 'अगर आप पावरप्ले देखें, चाहे वह संयोजन हो या परिस्थितियां, हम बल्ले और गेंद दोनों से संघर्ष कर रहे हैं।' 

06:19 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: अंक तालिका में 10वें स्थान पर है चेन्नई

चेन्नई के लिए यह सत्र निराशाजनक रहा है और वह नौ मैचों में से सिर्फ दो जीत के साथ तालिका में सबसे नीचे है। दूसरी तरफ पंजाब किंग्स नौ मैचों में पांच जीत के साथ पांचवें स्थान पर है और वह लगातार हार से निराश चेन्नई के खिलाफ जीत दर्ज करके अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा। 

06:19 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Live Score: पिछली हार का बदला लेना चाहेगी चेन्नई

प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी चेन्नई सुपर किंग्स बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर अपनी किस्मत बदलने की कोशिश करेगी। मौजूदा सत्र का 49वां मुकाबला चेपॉक में ही खेला जाएगा जहां पांच बार की विजेता चेन्नई की नजर पंजाब से पिछली हार का बदला लेने पर होगी।

06:15 PM, 30-Apr-2025

CSK vs PBKS Highlights: चेन्नई प्लेऑफ से बाहर, पंजाब ने चार विकेट से हराया; चहल के बाद श्रेयस-प्रभसिमरन चमके

IPL Live Cricket Score, CSK vs PBKS Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 49वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में चेन्नई की टीम पंजाब से पिछली हार का बदला लेने उतरेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें