फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs LSG : चेन्नई सुपरकिंग्स को मिली सीजन में पहली जीत, लखनऊ को 12 रन से हराया; मोईन अली ने लिए चार विकेट

Mon, 03 Apr 2023 11:45 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

IPL 2023, CSK vs LSGHighlights : आईपीएल के छठे मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 12 रन से हराया दिया। सीजन में चेन्नई की पहली जीत है। उसे पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। होमग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 205 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
मोईन अली विकेट लेने के बाद - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:34 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई की शानदार जीत

चेन्नई सुपरकिंग्स ने 2019 के बाद अपने होमग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की। पिछले तीन सीजन में कोरोनावायरस महामारी और अन्य कारणों से टीम यहां नहीं खेल पाई थी। चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने होमग्राउंड पर पिछले 22 में से 19 मुकाबले जीते हैं। उसे सिर्फ तीन मुकाबलों में हार मिली है।

चेन्नई ने लखनऊ को 12 रन से हरा दिया। इस सीजन में उसकी यह पहली जीत है। पिछले मैच में चेन्नई को गत विजेता गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 205 रन ही बना सकी।

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। उसने शुरुआती छह ओवर में 80 रन बना लिए थे। कायेल मेयर्स ने 22 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने कप्तान केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की। वह छठे ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। मेयर्स के आउट होने के बाद नियमित अंतराल पर लखनऊ को झटके लगे। इस कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।

निकोलस पूरन ने 18 गेंद पर 32 रनों की पारी खेली। उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। जब तक पूरन क्रीज पर थे, तब तक लग रहा था कि वह लखनऊ को मैच में जीत दिला देंगे। 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर उनके आउट होने के बाद लखनऊ की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गईं। आयुष बदोनी ने 18 गेंद पर 23, कृष्णप्पा गौतम ने 11 गेंद पर नाबाद 17 और मार्क वुड ने तीन गेंद पर नाबाद 10 रन जरूर बनाए, लेकिन ये खिलाड़ी टीम को जीत नहीं दिला सके। मार्कस स्टोइनिस ने 18 गेंद पर 21 और कप्तान केएल राहुल ने 18 गेंद पर 20 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या नौ और दीपक हुड्डा दो रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के लिए मोईन अली ने चार और तुषार देशपांडे ने दो विकेट लिए। मिचेल सैंटनर को एक सफलता मिली।

तुषार इस मैच में अंबाती रायुडू की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे। वह गुजरात के खिलाफ भी इम्पैक्ट खिलाड़ी थे, लेकिन तब वह कुछ खास नहीं कर सके थे। इस मैच में पहले ओवर में महंगे साबित होने के बाद उन्होंने वापसी की और दो विकेट लेकर चेन्नई को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

11:18 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: दो ओवर में लखनऊ को चाहिए 37 रन

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 18 ओवर में छह विकेट पर 181 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 12 गेंद पर 37 रन बनाने हैं। कृष्णप्पा गौतम सात गेंद पर 16 और आयुष बदोनी 12 गेंद पर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।

11:08 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई को मिली बड़ी सफलता

चेन्नई सुपरकिंग्स को बड़ी सफलता अब तक महंगे साबित हुए तुषार देशपांडे ने दिलाई। तुषार ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर खतरनाक बल्लेबाज निकोलस पूरन को आउट कर दिया। पूरन 18 गेंद पर 32 रन बनाकर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए।

विज्ञापन
10:51 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: मार्कस स्टोइनिस हुए क्लीन बोल्ड

मार्कस स्टोइनिस के रूप में लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांचवां झटका लगा। वह 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। मोईन अली ने उनका विकेट लिया। स्टोइनिस ने 18 गेंद पर 21 रन बनाए। उन्होंने एक छक्का लगाया। मोईन अली को मैच में चौथी सफलता मिली। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 14 ओवर में पांच विकेट पर 136 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन 10 गेंद पर 18 और आयुष बदोनी तीन गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद हैं। लखनऊ को 36 गेंद पर जीत के लिए 82 रन चाहिए।

10:36 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: क्रुणाल पांड्या को मोईन ने किया आउट

क्रुणाल पांड्या 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। मोईन अली की गेंद पर रवींद्र जडेजा ने उनका कैच लिया। क्रुणाल ने नौ गेंद पर नौ रन बनाए। उन्होंने एक छक्का लगाया। क्रुणाल के आउट होने के बाद निकोलस पूरन क्रीज पर आए हैं। लखनऊ ने 11 ओवर में चार विकेट पर 110 रन बना लिए हैं। मार्कस स्टोइनिस 11 गेंद पर 16 और निकोलस पूरन दो गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं। लखनऊ को जीत के लिए नौ ओवर में 108 रन बनाने हैं।

विज्ञापन
10:24 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई को मिली दोहरी सफलता

लखनऊ सुपर जाएंट्स को दूसरा झटका दीपक हुड्डा के रूप में लगा। मिचेल सैंटनर की गेंद पर बेन स्टोक्स ने उनका कैच लिया। हुड्डा छह गेंद पर दो रन बनाकर सातवें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हुए। अगले ओवर में चेन्नई को एक और सफलता मिली। मोईन अली ने सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर लखनऊ के कप्तान केएल राहुल को आउट कर दिया। राहुल 18 गेंद पर 20 रन बनाकर ऋतुराज गायकवाड़ को कैच थमा बैठे। उन्होंने दो चौके लगाए। लखनऊ के आठ ओवर में तीन विकेट पर 84 रन हो गए हैं। मार्कस स्टोइनिस और क्रुणाल पांड्या एक-एक रन बनाकर नाबाद हैं।

10:16 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: लखनऊ को लगा पहला झटका

लखनऊ सुपर जाएंट्स को पहला झटका छठे ओवर में लगा। मोईन अली ने तीसरी गेंद पर कायेल मेयर्स को आउट कर दिया। डेवोन कॉनवे ने उनका कैच लिया। मेयर्स ने 22 गेंद पर 53 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने लखनऊ को तेज शुरुआत दी। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने छह ओवर में एक विकेट पर 80 रन बना लिए हैं। कप्तान केएल राहुल 13 गेंद पर 19 और दीपक हुड्डा तीन गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

09:55 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: लखनऊ की तेज शुरुआत

218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने तेज शुरुआत की है। उसने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 38 रन बना लिए हैं। कायेल मेयर्स और कप्तान केएल राहुल तेजी से रन बना रहे हैं। मेयर्स ने 11 गेंद पर 27 और राहुल ने सात गेंद पर 10 रन बना लिए हैं।

09:25 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई ने बनाया बड़ा स्कोर

चेन्नई सुपरकिंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को जीत के लिए 218 रन का लक्ष्य दिया है। उसने 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 31 गेंद पर 57 रन की पारी खेली। इस दौरान गायकवाड़ ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। ऋतुराज के अलावा डेवोन कॉन्वे ने 29 गेंद पर 47 रन की पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। गायकवाड़ और कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 110 रन की साझेदारी की।

अंबाती रायुडू 14 गेंद पर 27 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। शिवम दुबे ने 16 गेंद पर 27 रन बनाए। मोईन अली ने 13 गेंद पर 19 रन का योगदान दिया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तीन गेंदों का सामना किया। उन्होंने शुरुआती दो गेंद पर दो छक्के लगाए। तीसरी गेंद पर मार्क वुड ने उन्हें आयुष बदोनी के हाथों कैच करा दिया। धोनी का स्ट्राइक रेट 400 का रहा। बेन स्टोक्स आठ और रवींद्र जडेजा तीन रन बनाकर आउट हुए। मिचेल सैंटनर एक रन बनाकर नाबाद रहे। मार्क वुड और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट लिए। आवेश खान को एक सफलता मिली।

08:54 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: बिश्नोई ने मोईन अली को किया आउट

चेन्नई सुपरकिंग्स को चौथा झटका 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। रवि बिश्नोई ने मोईन अली को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों स्टंप कर दिया। मोईन अली ने 13 गेंद पर 19 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। चेन्नई ने 15.2 ओवर में चार विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। बेन स्टोक्स चार गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।

08:48 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: शिवम दुबे को बिश्नोई ने किया आउट

चेन्नई सुपरकिंग्स को तीसरा झटका रवि बिश्नोई ने दिया। उन्होंने 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे को आउट कर दिया। शिवम 16 गेंद पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच मार्क वुड ने लिया। शिवम दुबे ने एक चौका और तीन छक्के लगाए। दुबे आउट होने के बाद बेन स्टोक्स क्रीज पर आए हैं।

08:32 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई को लगा दूसरा झटका

चेन्नई सुपरकिंग्स को दूसरा झटका मार्क वुड ने दिया। उन्होंने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर डेवोन कॉन्वे को आउट कर दिया। कॉन्वे 29 गेंद पर 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। कॉन्वे के आउट होने के बाद मोईन अली क्रीज पर आए हैं।

08:25 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: ऋतुराज गायकवाड़ आउट, शिवम दुबे क्रीज पर

चेन्नई के पारी के 10 ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने एक विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 31 गेंद पर 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। गायकवाड़ के आउट होने के बाद शिवम दुबे क्रीज पर आए हैं। डेवोन कॉन्वे 27 गेंद पर 43 रन बनाकर नाबाद हैं। दुबे ने एक रन बना लिए हैं।

08:19 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई का स्कोर 8 ओवर में 101/0

चेन्नई सुपरकिंग्स के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की तूफानी पारी जारी है। दोनों ने मिलकर लखनऊ के खिलाफ आठ ओवर में 100 रन की साझेदारी कर ली। चेन्नई ने आठ ओवर में एक विकेट पर 101 रन बनाए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया है। वह 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, डेवोन कॉन्वे ने 39 रन बना लिए हैं।

08:06 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई का पावरप्ले समाप्त

चेन्नई सुपरकिंग्स का पावरप्ले समाप्त हो गया है। उसने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 79 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे दोनों छोर से तेजी से रन बना रहे हैं। गायकवाड़ ने 20 गेंद पर 46 और कॉन्वे ने 16 गेंद पर 23 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ ने दो चौके और चार छक्के लगाए हैं।

07:54 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई ने चार ओवर में बनाए 40 रन

चेन्नई सुपरकिंग्स ने मैच में शानदार शुरुआत करते हुए चार ओवर में 40 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 12 गेंद पर 20 और डेवोन कॉन्वे 12 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद हैं। लखनऊ के गेंदबाज अब तक मैच में अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।

07:34 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: कुत्ते की वजह से मैच में देरी

लखनऊ और चेन्नई के बीच मैच अपने नियत समय शाम 7:30 बजे शुरू नहीं हुआ। जैसे ही दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे, एक कुत्ता भी वहां पहुंच गया। उसने सपोर्ट स्टाफ को दौड़ाया। करीब पांच मिनट की देरी से मैच शुरू हुआ।

07:06 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान), कायेल मेयर्स, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पांड्या, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), कृष्णप्पा गौतम, मार्क वुड, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, आवेश खान।

चेन्नई सुपर किंग्स: डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, मोईन अली, बेन स्टोक्स, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), शिवम दुबे, मिशेल सैंटनर, दीपक चाहर, राजवर्धन हंगरगेकर।

दोनों टीमों के सब्सीट्यूट खिलाड़ी (इनमें से एक खिलाड़ी बनेगा इम्पैक्ट प्लेयर):

लखनऊ सुपर जाएंट्स: आयुष बदोनी, जयदेव उनादकट, डैनियल सैम्स, प्रेरक मांकड़, अमित मिश्रा।
चेन्नई सुपरकिंग्स: तुषार देशपांडे, ड्वेन प्रिटोरियस, सुभ्रांसु सेनापति, शेख रशीद, अजिंक्य रहाणे।

07:02 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG Live Score: चेन्नई की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। केएल राहुल ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की जगह यश ठाकुर को टीम में चुना है। आयुष बदोनी की जगह कृष्णप्पा गौतम टीम में आए हैं। वहीं, चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया।
 

06:41 PM, 03-Apr-2023

CSK vs LSG : चेन्नई सुपरकिंग्स को मिली सीजन में पहली जीत, लखनऊ को 12 रन से हराया; मोईन अली ने लिए चार विकेट

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के छठे मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के होमग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई की टीम 2019 के बाद पहली बार अपने होम ग्राउंड पर उतरेगी। मौजूदा सीजन में उसे अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, लखनऊ ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें