चेन्नई सुपर किंग्स ने रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की बेहतरीन 58 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से खेली नाबाद 67 रन की पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को सात विकेट से हराया। लगातार दो मैचों में हार के बाद चेन्नई अपने होम ग्राउंड पर जीत की पटरी पर लौटा, जबकि केकेआर को इस सीजन अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 139 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 141 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
सीएसके के कप्तान ऋतुराज ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और तुषार देशपांडे तथा रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लेकर कप्तान के फैसले को सही साबित किया। केकेआर के बल्लेबाज इस मैच में रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए, वहीं ऋतुराज ने कप्तानी पारी खेलते हुए चेन्नई को जीत दिलाई। चेन्नई ने अपने शुरुआती दो मैच जीते थे, लेकिन उसे पिछले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इससे ऋतुराज की कप्तानी पर सवाल उठे रहे थे, लेकिन उन्होंने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने आलोचकों को जवाब दिया।
चेन्नई की टीम इस जीत के बाद पांच मैचों में तीन जीत और दो हार के साथ छह अंक लेकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। हालांकि इस हार के बावजूद कोलकाता की टीम छह अंक लेकर दूसरे स्थान पर मौजूद है। पहले नंबर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम है जिसने चार मैचों में सभी चार मुकाबले जीते हैं और आठ अंक लेकर शीर्ष पर बनी हुई है। अब राजथान की टीम टूर्नामेंट की एकमात्र टीम है जिसने अबतक एक भी मैच नहीं गंवाया है।
वैभव अरोड़ा ने शिवम दुबे को आउट कर केकेआर को तीसरी सफलता दिलाई। शिवम दुबे 18 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। शिवम के आउट होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे हैं। सीएसके को जीत के लिए 19 गेंदों पर तीन रन बनाने हैं। ऋतुराज गायकवाड़ के साथ धोनी क्रीज पर मौजूद हैं।
सीएसके की टीम केकेआर के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में जीत के करीब पहुंच गई है। सीएसके को अब 24 गेंदों पर 10 रन बनाने हैं और टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद हैं। गायकवाड़ 56 गेंदों पर 62 रन बनाकर खेल रहे हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ केकेआर के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से टीम को संभाले हुआ है। ऋतुराज 54 गेंदों पर 60 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ शिवम दुबे नौ गेंदों पर 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। 15 ओवर की समाप्ति के बाद सीएसके ने दो विकेट पर 115 रन बना लिए हैं और उसे जीते के लिए 30 गेंदों पर 23 रन बनाने हैं।
केकेआर के स्पिनर सुनील नरेन ने डेरिल मिचेल को आउट कर सीएसके को दूसरा झटका दिया। मिचेल 19 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हालांकि 48 गेंदों पर 52 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और नए बल्लेबाज के रूप में शिवम दुबे क्रीज पर उतरे हैं।
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायवाड़ ने केकेआर के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके को रचिन रवींद्र के रूप में पहला झटका लगा था, लेकिन कप्तान ऋतुराज ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर सीएसके की पारी को संभाला। ऋतुराज 46 गेंदों पर 51 रन और डेरिल मिचेल 18 गेंदों पर 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
रचिन रवींद्र के रूप में पहला झटका लगने के बाद सीएसके को कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और डेरिल मिचेल ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। ऋतुराज 33 गेंदों पर 37 रन और डेरिल मिचेल 13 गेंदों पर 20 रन बनाकर मौजूद हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने पावरप्ले की समाप्ति तक 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। छह ओवर के बाद सीएसके का स्कोर एक विकेट पर 52 रन है और क्रीज पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ डेरिल मिचेल मौजूद हैं। केकेआर ने पावरप्ले के दौरान रचिन रवींद्र को आउट कर सीएसके को शुरुआती झटका दिया।
केकेआर के गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने सीएसके के सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। रचिन आठ गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। नए बल्लेबाज के तौर पर डेरिल मिचेल क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ मौजूद हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की पारी शुरू हो गई है और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ रचिन रवींद्र पारी का आगाज करने उतरे हैं। केकेआर के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
स्पिनर रवींद्र जडेजा और तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के तीन-तीन विकेटों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन पर रोक दिया। केकेआर के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 34 रनों की पारी खेली। इसके अलावा सुनील नरेन ने 20 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाए, जबकि उन्होंने अंगकृष रघुवंशी के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की। रघुवंशी ने 18 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 24 रनों का योगदान दिया। केकेआर के लिए सिर्फ नरेन और रघुवंशी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई और यह पार्टनरशिप टूटने के बाद केकेआर का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया और अंत तक वापसी नहीं कर सका।
मुस्तफिजुर रहमान ने केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर सीएसके को आठवीं सफलता दिलाई। केकेआर की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई है। पारी समाप्त होने में सिर्फ चार गेंद शेष रह गई है। क्रीज पर अनुकूल रॉय के साथ मिचेल स्टार्क मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सीएसके को सातवीं सफलता दिलाई। आंद्रे रसेल बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए और 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। केकेआर ने इंपैक्ट सब के तौर पर अनुकूल रॉय को मैदान पर उतारा है। उनके साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।
सीएसके के गेंदबाजों ने केकेआर के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसा हुआ है और केकेआर की बल्लेबाजी काफी धीमी चल रही है। केकेआर ने 18 ओवर की समाप्ति तक छह विकेट पर 123 रन बनाए हैं। क्रीज पर आंद्रे रसेल और श्रेयस अय्यर मौजूद हैं।
तुषार पांडे ने सीएसके को खुश होने का एक और मौका देते हुए रिंकू सिंह को आउट किया। केकेआर को रिंकू के रूप में छठा झटका लगा जो 14 गेंदों पर नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। क्रीज पर केकेआर के विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल आ गए हैं। उनके साथ कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने सीएसके के खिलाफ 100 रन पूरे कर लिए हैं। 16 ओवर की समाप्ति के बाद केकेआर का स्कोर पांच विकेट पर 109 रन हो गया है। क्रीज पर रिंकू सिंह के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर टिके हुए हैं। श्रेयस 27 गेंदों पर 26 रन और रिंकू 11 गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
सीएसके के गेंदबाज केकेआर की रन गति पर लगाम लगाने में सफल रहे हैं। केकेआर की टीम 14 ओवर की समाप्ति के बाद 100 रन भी पूरी नहीं कर सकी है। केकेआर के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर और रिंकू सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
केकेआर के लिए सीएसके के खिलाफ शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने रमनदीप के रूप में पांचवां विकेट भी गंवा दिया है। सीएसके के महेश तीक्ष्णा ने रमनदीप को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। रमनदीप 12 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रिंकू सिंह उतरे हैं और उनके साथ कप्तान श्रेयस अय्यर मौजूद हैं।
रवींद्र जडेजा ने केकेआर की पारी लड़खड़ा दी है। जडेजा ने वेंकटेश अय्यर को कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। वेंकटेश आठ गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। केकेआर ने महज 64 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। जडेजा का इस मैच का यह तीसरा विकेट है।
जडेजा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए केकेआर को तीसरा झटका दे दिया है। अच्छी फॉर्म में दिख रहे सुनील नरेन पवेलियन लौट गए हैं। नरेन 20 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। नए बल्लेबाज के तौर पर वेंकटेश अय्यर क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ कप्तान श्रेयस अय्यर हैं।
सीएसके के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया है। रघुवंशी 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हए। इसके साथ ही नरेन और रघुवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई अर्धशतकीय साझेदारी टूट गई। फिलहाल क्रीज पर नरेन 18 गेंदों पर 26 रन और श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
पहली गेंद पर फिल सॉल्ट के आउट होने के बाद सुनील नरेन और अंगकृष रघुवंशी ने केकेआर की पारी संभाली। तीन ओवर की समाप्ति के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 26 रन हो गया है। सुनील नरेन 10 गेंदों पर 15 रन और रघुवंशी सात गेंदों पर छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स को फिल सॉल्ट के रूप में पहली ही गेंद पर झटका लगा। तुषार देशपांडे ने केकेआर के सलामी बल्लेबाज सॉल्ट को खाता खोले बिना आउट किया। केकेआर की ओर से सुनील नरेन के साथ अंगकृष रघुवंशी क्रीज पर मौजूद हैं।
चेन्नई सुपर किंग्सः ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, समीर रिजवी, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, मुस्तफिजुर रहमान, तुषार देशपांडे, महेश तीक्षणा। इंपैक्ट सबः शिवम दुबे, मोइन अली, शाइक रशीद, मिचेल सैंटनर, निशांत सिंद्धू
कोलकाता नाइट राइडर्सः फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती। इंपैक्ट सबः सुयष शर्मा, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, रहमानुल्लाह गुरबाज, साकिब हुसैन।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सीएसके के कप्तान गायकवाड़ ने बताया कि तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, जबकि मुस्तफिजुर रहमान वापस आ गए हैं। इसके अलावा शार्दुल ठाकुर और समीर रिजवी की भी टीम में वापसी हुई है। केकेआर ने हालांकि इस मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।
हर्षित राणा, रसेल और वैभव अरोड़ा ने गेंदबाजी में केकेआर की ओर से अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि शुरुआती दो मैच में नाकाम रहने के बाद मिचेल स्टार्क और वरुण चक्रवर्ती भी धीरे-धीरे लय हासिल कर रहे हैं। केकेआर ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया है और वे अपनी एकादश में बदलाव करने से बचना चाहेंगे।
सुनील नरेन से पारी का आगाज कराना केकेआर के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। मौजूदा सत्र में केकेआर के सबसे सफल बल्लेबाज नरेन को जल्दी पवेलियन भेजना सुपरकिंग्स के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी। फिल सॉल्ट ने भी पारी का आगाज करते हुए नरेन का अच्छा साथ दिया है। मध्य क्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर और रमनदीप सिंह को अधिक निरंतरता दिखानी होगी जबकि आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह ने अब तक प्रभावित किया।
अगर रहमान और पाथिराना बाहर रहते हैं तो तेज गेंदबाजी विभाग में दीपक चाहर, तुषार देशपांडे और मुकेश चौधरी जबकि स्पिन विभाग में मोईन अली, रविंद्र जडेजा और महेश तीक्षणा के कंधों पर जिम्मेदारी होगी। नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स अब तक टूर्नामेंट में अजेय रहे हैं और दोनों टीमों को बल्ले से निडर प्रदर्शन का फायदा मिला है।
मौजूदा टूर्नामेंट में सुपरकिंग्स के सबसे सफल बल्लेबाज शिवम दुबे हैं जिन्होंने 160.86 के स्ट्राइक रेट से 148 रन बनाए हैं। यह देखना होगा कि युवा समीर रिजवी की टीम में वापसी होती है या नहीं। 20 साल के इस युवा बल्लेबाज ने अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ छह गेंद में 14 रन बनाए थे, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खाता खोलने में नाकाम रहने के बाद उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से बाहर कर दिया गया। तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान और पाथिराना विभिन्न कारणों से टीम के पिछले मैच में नहीं खेल पाए जिससे सुपरकिंग्स के गेंदबाजी विभाग की कमजोरियां उजागर हुईं। अगर ये नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच से भी बाहर रहते हैं तो सुपरकिंग्स को उनकी भरपाई करना मुश्किल होगा।
IPL Live Cricket Score, CSK vs KKR Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल के 22वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। लगातार दो हार के बाद सीएसके की कोशिश जीत की पटरी पर लौटने की होगी, जबकि अबतक अजेय चल रही केकेआर की नजरें लय बरकरार रखने पर टिकी होंगी।