फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs KKR Highlights: कोलकाता ने चेन्नई को छह विकेट से हराया, रिंकू सिंह और नीतीश राणा के अर्धशतक

Sun, 14 May 2023 11:17 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

CSK vs KKR Indian Premier League 2023 Highlights: कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को छह विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही कोलकाता ने अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। वहीं, चेन्नई की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनने से चूक गई। अब चेन्नई को अपना आखिरी मैच जीतना होगा या बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। इस मैच में चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता के सामने 145 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे कोलकाता ने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
विज्ञापन
चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 14-May-2023

कोलकाता ने चेन्नई को छह विकेट से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को छह विकेट से हरा दिया है। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 144 रन बनाए थे। इसके जवाब में कोलकाता ने चार विकेट खोकर 18.3 ओवर में 147 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 48 रन शिवम दुबे ने बनाए। वहीं, कोलकाता के लिए कप्तान नीतीश राणा ने 57 और रिंकू सिंह ने 54 रन बनाए। गेंद के साथ कोलकाता के लिए वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने दो-दो विकेट लिए। चेन्नई के लिए दीपक चाहर ने तीन विकेट झटके। 

इस मैच में जीत के साथ कोलकाता की टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं, चेन्नई के पास जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने का मौका था, लेकिन यह टीम चूक गई। अब चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना आखिरी मैच जीतना होगा या बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।

11:02 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता का चौथा विकेट गिरा

134 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का चौथा विकेट गिरा है। रिंकू सिंह 43 गेंद में 54 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। मोईन अली के सटीक थ्रो ने उन्हें पवेलियन भेजा। अब नीतीश राणा के साथ आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 141 रन है।

10:45 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता का 100 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। नीतीश राणा और रिंकू सिंह के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। धीरे-धीरे दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं और कोलकाता की टीम बेहतर स्थिति में पहुंच गई है। अब कोलकाता नाइट राइडर्स आसानी से मैच अपने नाम कर सकती है। 15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 117 रन है।

विज्ञापन
10:30 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने संभाली पारी

नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी कर कोलकाता की पारी संभाली है। दोनों बल्लेबाज सूझ-बूझ के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 11 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 75 रन है।

10:13 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: पावरप्ले के बाद कोलकाता का स्कोर 46/3

145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 46 रन बनाए हैं। जेसन रॉय, वेंकटेश अय्यर और रहमनुल्लाह गुरबाज छोटे स्कोर पर आउट हो चुके हैं। अब रिंकू सिंह और कप्तान नीतीश राणा क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। सात ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन है।

विज्ञापन
10:03 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता का तीसरा विकेट गिरा

33 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का तीसरा विकेट गिरा है। जेसन रॉय 15 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। दीपक चाहर ने उन्हें मथीशा पाथिराना के हाथों कैच कराया। अब कप्तान नीतीश राणा के साथ रिंकू सिंह क्रीज पर हैं। इन दोनों पर बड़ी साझेदारी कर कोलकाता को लक्ष्य के करीब ले जाने की जिम्मेदारी होगी। पांच ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन है।

09:51 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता का दूसरा विकेट गिरा

21 रन पर कोलकाता का दूसरा विकेट गिरा है। वेंकटेश अय्यर चार गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दीपक चाहर ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। अय्यर ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। वह सुयश शर्मा की जगह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी के लिए आए थे, लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए। अब जेसन रॉय के साथ कप्तान नीतीश राणा क्रीज पर हैं। कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 22 रन है।

09:40 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता का पहला विकेट गिरा

145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार रन पर कोलकाता का पहला विकेट गिरा है। रहमनुल्लाह गुरबाज चार गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दीपक चाहर ने उन्हें तुषार देशपांडे के हाथों कैच कराया। अब जेसन रॉय के साथ वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं।

09:38 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: कोलकाता की बल्लेबाजी शुरू

145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जेसन रॉय और रहमनुल्लाह गुरबाज की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। चेन्नई के लिए दीपक चाहर पहला ओवर कर रहे हैं। पहले ओवर का खेल होने के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर चार रन है।

09:20 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई ने कोलकाता के सामने 145 रन का लक्ष्य रखा

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स ने छह विकेट पर 144 रन बनाए हैं। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा नाबाद 48 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे ने 30 और जडेजा ने 20 रन का योगदान दिया। कोलकाता के लिए सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर और वैभव अरोड़ो को एक-एक विकेट मिला। चेन्नई की पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद कर रही है और यहां बड़े शॉट खेलना मुश्किल है। ऐसे में कोलकाता के लिए 145 रन का लक्ष्य भी आसान नहीं होगा।

09:15 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का छठा विकेट गिरा

140 रन के स्कोर पर चेन्नई की टीम का छठा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा 24 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वैभव अरोड़ा ने उन्हें वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराया। अब शिवम दुबे के साथ महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर हैं।

09:03 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: जड़ेजा और दुबे के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे के बीच छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं। दुबे अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 18 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर पांच विकेट पर 130 रन है।

08:59 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपरकिंग्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। अब चेन्नई के पास बड़ा स्कोर बनाने का मौका है।

08:30 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौटी

72 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपरकिंग्स की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मोईन अली के रूप में चेन्नई को पांचवां झटका लगा है। उन्होंने दो गेंद में एक रन बनाए। सुनील नरेन ने उन्हें भी क्लीन बोल्ड किया। नरेन ने एक ही ओवर में मोईन अली और अंबाती रायुडू को आउट कर चेन्नई की टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है। अब शिवम दुबे के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर पांच विकेट पर 81 रन है।

08:27 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का चौथा विकेट गिरा

68 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपरकिंग्स का चौथा विकेट गिरा है। अंबाती रायुडू सात गेंद में चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सुनील नरेन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब शिवम दुबे के साथ मोईन अली क्रीज पर हैं।

08:21 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का तीसरा विकेट गिरा

66 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपरकिंग्स का तीसरा विकेट गिरा है। डेवोन कॉन्वे 28 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। अब अंबाती रायुडू के साथ शिवम दुबे क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 68 रन है।

08:11 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का दूसरा विकेट गिरा

61 रन के स्कोर पर चेन्नई की टीम का दूसरा विकेट गिर चुका है। अजिंक्य रहाणे 11 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें जेसन रॉय के हाथों कैच कराया। अब कॉन्वे के साथ अंबाती रायुडू क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 65 रन है।

08:01 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: पावरप्ले के बाद चेन्नई का स्कोर 52/1

चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 52 रन बनाए हैं। डेवोन कॉन्वे और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ऐसे में रहाणे और कॉन्वे पर बड़ी साझेदारी कर चेन्नई को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है।

07:50 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई का पहला विकेट गिरा

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई का पहला विकेट 31 रन के स्कोर पर गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ 13 गेंद में दो चौकों की मदद से 17 रन बनाने के बाद आउट हो चुके हैं। वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें वैभव अरोड़ा के हाथों कैच कराया। अब डेवोन कॉन्वे के साथ अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 48 रन है।

07:29 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी शुरू

चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा ने किया। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के नौ रन है।

07:06 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), जेसन रॉय, नितीश राणा (कप्तान), आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, शार्दुल ठाकुर, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, सुयश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती।
सबस्टीट्यूट खिलाड़ीः वेंकटेश अय्यर, अनुकुल रॉय, नरायण जगदीसन, उमेश यादव, लॉकी फर्ग्यूसन।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायडू, शिवम दूबे, मोईन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, महेश तीक्ष्णा।
सबस्टीट्यूट खिलाड़ीः मथीशा पथिराना, निशांत सिंधु, सुभ्रांशु सेनापति, शेख रशीद।

07:02 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Live Score: चेन्नई सुपरकिंग्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। चेन्नई की टीम में कोई बदलाव नहीं है। हालांकि, धोनी ने टॉस के समय कहा कि खिलाड़ियों को फील्डिंग में बेहतर करने की जरूरत है। वहीं, कोलकाता की टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरेगी। अनुकूल रॉय की जगह वैभव अरोड़ा को टीम में शामिल किया गया है। टॉस के समय दोनों कप्तानों का मानना है कि पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद करेगी। दोनों टीमों के स्पिन गेंदबाज शानदार लय में हैं। ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के स्पिन गेंदबाजों के प्रदर्शन पर ही निर्भर करेगा।


06:22 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR: कोलकाता के लिए जीत जरूरी

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस मैच में जीत बेहद जरूरी है। इस टीम ने 12 में से पांच मैच जीते हैं और सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 10 अंक के साथ यह टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। पिछले मैच में राजस्थान ने कोलकाता को नौ विकेट के बड़े अंतर से हराया था। ऐसे में इस टीम के लिए अब जीत जरूरी है। यह मैच जीतने पर कोलकाता के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की हल्की उम्मीद बनी रहेगी। वहीं, हारने पर कोलकाता की टीम प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी।

06:19 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR: शानदार लय में है चेन्नई की टीम

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम शानदार लय में है। 12 मैचों में सात जीत और एक मैच बारिश से धुलने के बाद चेन्नई के पास 15 अंक हैं। यह मैच जीतने पर चेन्नई 17 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी। शुरुआती सात में से पांच मैच जीतने के बाद चेन्नई को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद यह टीम कोई मैच नहीं हारी है। लखनऊ के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। वहीं, मुंबई और दिल्ली को हराने के बाद चेन्नई की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली शुरुआती दो टीमों में जगह बनाने के बेहद करीब है।

06:14 PM, 14-May-2023

CSK vs KKR Highlights: कोलकाता ने चेन्नई को छह विकेट से हराया, रिंकू सिंह और नीतीश राणा के अर्धशतक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज दूसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच है। चेन्नई की टीम यह मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी। वहीं, कोलकाता की कोशिश यहां जीत हासिल कर अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनाए रखने की होगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें