गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हरा दिया। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में सिर्फ 140 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली। इस दौरान सिराज, रबाडा और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट झटके। इस हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
चेन्नई को छठा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने शिवम दुबे को गिल के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंदों में47 रन बनाकर आउट हुए। अब ब्रेविस का साथ देने अंशुल कंबोज आए हैं।
चेन्नई को पांचवां झटका कार्तिक शर्मा के रूप में लगा। वह 19 रन बनाकर रनआउट हो गए। अब डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे क्रीज पर मौजूद हैं।
कगिसो रबाडा ने मैथ्यू शॉर्ट को आउट कर सीएसके को चौथा झटका दिया है। चेन्नई ने महज 51 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। शॉर्ट इस मैच में ओपनिंग करने उतरे थे और 14 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।
चेन्नई को तीसरा झटका भी मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने उर्विल पटेल को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब बल्लेबाजी के लिए कार्तिक शर्मा आए हैं।
चेन्नई को दूसरा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को बोल्ड किया। वह सात गेंदों में 16 रन बना सके। अब मैथ्यू शॉर्ट का साथ देने उर्विल पटेल आए हैं।
चेन्नई की झटके से शुरुआत हुई है। संजू सैमसन खाता भी नहीं खोल सके और मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इस मैच में सीएसके ने ओपनिंग में बदलाव किया। ऋतुराज गायकवाड़ की जगह मैथ्यू शॉर्ट आए।
गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 230 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट पर 229 रन बनाए। उनके लिए साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
बटलर ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 210 पर पहुंच गया है।
गुजरात को तीसरा झटका राहुल तेवतिया के रूप में लगा। वह रनआउट हो गए और खाता भी नहीं खोल सके। अब वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
गुजरात को दूसरा झटका अंशुल कंबोज ने दिया। उन्होंने मैथ्यू शॉर्ट के हाथों साई सुदर्शन को कैच कराया। वह 53 गेंदों में 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने जोस बटलर के साथ 82 रनों की साझेदारी निभाई। अब बटलर का साथ देने राहुल तेवतिया आए हैं।
17 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और गुजरात ने एक विकेट पर 186 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन और जोस बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
गुजरात को पहला झटका स्पेंसर जॉनसन ने दिया। उन्होंने शुभमन गिल को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वह 37 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सुदर्शन के साथ 125 रनों की साझेदारी निभाई। अब जोस बटलर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
साई सुदर्शन ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह शुभमन गिल के साथ 120 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 12 ओवर के बाद स्कोर 124/0 है।
शुभमन गिल ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और सुदर्शन के साथ 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। गिल ने इस मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने 6000 टी20 रन पूरे कर लिए हैं और टी20 में 200 छक्के पूरे कर लिए। सात ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 78/0 है।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और गुजरात ने बिना किसी नुकसान के 62 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं।
साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने गुजरात को सधी शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं।
गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, अनुज रावत, ग्लेन फिलिप्स, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र।
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: कार्तिक शर्मा, मैकनील नोरोन्हा, सरफराज खान, कुलदीप यादव, अमन खान।
चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने बताया कि अकील हुसैन और प्रशांत वीर इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह गुरजपनीत सिंह और मैथ्यू शॉर्ट की वापसी हुई है। वहीं, गुजरात ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। साई किशोर की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है।
फ्लेमिंग के मुताबिक, जीटी के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा के ओवर बहुत अहम होंगे। सीएसके के बल्लेबाज जिस तरह से उनका सामना करेंगे, उससे ही मैच का नतीजा तय हो सकता है। उन्होंने कहा, 'वे लंबे और तेज गेंदबाजों के साथ पूरी ताकत से आते हैं। वहां के हालात भी उनके लिए ही मददगार हैं। इसलिए हमारे टॉप ऑर्डर के लिए उनका सामना करना मुश्किल होगा। रबाडा जबरदस्त फॉर्म में हैं। सिराज भी बहुत बढ़िया खेल रहे हैं। अगर हम इस चुनौती से पार पा लेते हैं और कुछ अच्छी साझेदारियां बना लेते हैं, तो हम मैच जीत सकते हैं। साथ ही, हमें पूरे मैच के दौरान सकारात्मक सोच बनाए रखनी होगी। इसलिए, यह एक मिली-जुली रणनीति है: बेहतरीन तेज गेंदबाजी के सामने सकारात्मक बने रहना, कुछ जोखिम उठाना और उम्मीद करना कि सब कुछ हमारे पक्ष में ही हो।'
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक वीडियो में फ्लेमिंग ने कहा, 'यह हमारा आखिरी मौका है। हमें बस पूरी जान लगाकर कोशिश करनी है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हमें क्या करना है, इस बारे में हम पूरी तरह से स्पष्ट हैं। यह आसान नहीं होने वाला है। घरेलू मैदान पर वे (जीटी) एक बहुत अच्छी टीम है, लेकिन अभी भी दौड़ में बने रहना और हमारे सामने एक शानदार चुनौती होना, यह अपने आप में एक अच्छी बात है।'
उन्होंने कहा, 'हमारे कुछ मैच बहुत करीबी रहे, जिनका नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, जो कि निराशाजनक था, लेकिन इस मैच को जीतकर हम टूर्नामेंट में बने रह सकते हैं। शायद टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में लोगों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया होगा, लेकिन हमारे पास इसके अच्छे सबूत हैं। हमने टीम के लिए पर्दे के पीछे रहकर काफी अच्छा काम किया है; हमने कुछ अच्छे खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिनमें कुछ युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसलिए, जीटी को हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट को खत्म करना और प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखना, यह एक शानदार तरीका होगा।'
गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहम मैच से पहले, फ्लेमिंग ने बताया कि घरेलू टीम के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करना है, इस बारे में टीम की सोच एकदम स्पष्ट है। सीएसके ने टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैच गंवा दिए थे, जिसके बाद शानदार वापसी की। इसके लिए फ्लेमिंग ने टीम को सराहा है, लेकिन उन्होंने यह भी माना कि कुछ मुकाबलों में खराब प्रदर्शन की वजह से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।
चेन्नई सुपर किंग्स 13 में से छह मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल सातवें पायदान पर है। सीएसके बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी। चेन्नई सुपर किंग्स ज्यादा से ज्यादा 14 प्वाइंट्स तक पहुंच सकती है, जिसके बाद उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 66वां मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि उनकी टीम जीटी के मजबूत बॉलिंग अटैक के खिलाफ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
IPL Live Cricket Score, CSK vs GT Indian Premier League 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का 66वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में सीएसके आखिरी बार प्लेऑफ के लिए जोर लगाने उतरेगी। वहीं, गुजरात पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।