फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs GT: चेन्नई ने गुजरात को हराकर जीता खिताब, पांचवीं बार बने चैंपियन, जडेजा ने आखिरी दो गेंद पर 10 रन बनाए

Tue, 30 May 2023 01:54 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

IPL, CSK vs GT 2023 Highlights : आईपीएल 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हरा दिया है। यह मैच रविवार को ही खेला जाना था। हालांकि, बारिश की वजह से 28 मई का दिन धुल गया। सोमवार को चेन्नई के कप्तान धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 214 रन बनाए। इसके बाद बारिश के कराण डकवर्थ लुईस नियम से चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य मिला। इसे आखिरी गेंद पर सीएसके ने हासिल कर लिया।
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम चैंपियन बनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:35 AM, 30-May-2023

चेन्नई ने गुजरात को हराया

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांचवीं बार चैंपियन बन गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने खलल डाला और ढाई घंटे का खेल खराब किया। 12.10 पर मैच दोबारा शुरू हुआ। डकवर्थ लुईस नियम के तहत चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य मिला। आखिरी ओवर में सीएसके को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। पहली चार गेंदों पर तीन रन आए। इसके बाद आखिरी दो गेंदों पर सीएसके को 10 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर रवींद्र जडेजा थे। पांचवीं गेंद पर जडेजा ने छक्का लगाया। आखिरी गेंद जडेजा ने चौका लगाकर चेन्नई को जीत दिलाई। इस जीत के साथ चेन्नई के मुंबई के सबसे ज्यादा पांच बार खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। पूरी मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

यह भी पढ़ें
IPL: पिछले छह सीजन से क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ही बनी चैंपियन, रायुडू ने छठा और धोनी ने पांचवां खिताब जीता

IPL 2023 Final: 37 साल के रायुडू से लेकर 20 लाख में बिकने वाले सुदर्शन तक, फाइनल में कमाल करने वाले सात शूरवीर
MS Dhoni Video: 41 साल के धोनी की फुर्ती के सामने 23 साल के गिल फेल, माही की शानदार स्टंपिंग देख सभी हैरान

 

01:22 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: 13वें ओवर में दो झटके

चेन्नई को 13वें ओवर में दो झटके लगे। मोहित शर्मा के ओवर की पहली तीन गेंदों पर अंबाती रायुडू ने दो छक्के और एक चौका लगाया। इसके बाद चौथी गेंद पर वह आउट हो गए। रायुडू ने आठ गेंदों में 19 रन की पारी खेली। इसके बाद अगली गेंद पर मोहित ने धोनी को मिलर के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। सीएसके को 12 गेंदों में 21 रन की जरूरत है।

01:13 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: रायुडू और दुबे क्रीज पर

12वें ओवर के बाद चेन्नई ने तीन विकेट गंवाकर 133 रन बना लिए हैं। शिवम दुबे ने इस ओवर की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के लगाए। सीएसके को अब 18 गेंदों में 38 रन की जरूरत है। दुबे 14 गेंदों में 25 रन और अंबाती रायुडू तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

विज्ञापन
01:06 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: चेन्नई को तीसरा झटका

11वें ओवर में चेन्नई को तीसरा झटका लगा। मोहित शर्मा ने अजिंक्य रहाणे को विजय शंकर के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंदों में 27 रन बना सके। फिलहाल शिवम दुबे और अंबाती रायुडू क्रीज पर हैं। अब सीएसके को 24 गेंदों में 53 रन की जरूरत है।

01:01 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: रहाणे-शिवम क्रीज पर

10 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। सीएसके को 30 गेंदों में 59 रन की जरूरत है। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 11 गेंदों में 26 रन और शिवम दुबे आठ गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

विज्ञापन
12:57 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: सीएसके को 72 रन की जरूरत

नौ ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 99 रन बना लिए हैं। सीएसके को 36 गेंदों में 72 रन की जरूरत है। फिलहाल अजिंक्य रहाणे आठ गेंदों में 17 रन और शिवम दुबे पांच गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। नूर ने तीन ओवर का कोटा पूरा कर लिया है। उन्होंने 17 रन देकर दो विकेट झटके।

12:42 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: चेन्नई को सातवें ओवर में दो झटके

चेन्नई सुपर किंग्स को सातवें ओवर में दो झटके लगे। नूर अहमद ने इस ओवर में पहले ऋतुराज गायकवाड़ और फिर डेवोन कॉनवे को आउट किया। ऋतुराज 16 गेंदों में 26 रन और कॉनवे 25 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो छक्के और चार चौके लगाए। सात ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 78 रन है। उन्हें अब 48 गेंदों में 93 रन की जरूरत है। फिलहाल शिवम दुबे और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं।

12:37 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: कॉनवे अर्धशतक के करीब

छह ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 72 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉनवे 22 गेंदों में 44 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 14 गेंदों में 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। चेन्नई को अब 54 गेंदों में 99 रन की जरूरत है।

12:28 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: चार ओवर के बाद चेन्नई 52/0

पावरप्ले के चार ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना विकेट गंवाए 52 रन बना लिए हैं। अब सीएसके को 11 ओवर यानी 66 गेंदों पर 119 रन की जरूरत है। ऋतुराज गायकवाड़ 12 गेंदों में 23 रन और डेवोन कॉनवे 12 गेंदों में 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

12:24 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: सीएसके को 72 गेंदों में 136 रन की जरूरत

तीन ओवर के बाद चेन्नई ने बिना कोई विकेट गंवाए 35 रन बना लिए हैं। अब सीएसके को 72 गेंदों में 136 रन की जरूरत है। फिलहाल डेवोन कॉनवे नौ गेंदों में 22 रन और ऋतुराज गायकवाड़ नौ गेंदों में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

12:13 AM, 30-May-2023

GT vs CSK Live: बारिश के बाद मैच शुरू

बारिश के बाद खेल की शुरुआत हो चुकी है। चेन्नई के सामने 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य है। शमी ने पहला ओवर पूरा किया। एक ओवर के बाद चेन्नई ने बिना कोई विकेट गंवाए 10 रन बना लिए हैं। सीएसके को अब 84 गेंदों में 161 रन बनाने हैं।

11:44 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: 12.10 पर शुरू होगा मैच, ओवर्स में भी कटौती

फाइनल में रिजर्व-डे के दिन भी बारिश ने खलल डाला। चेन्नई की पारी को 0.3 ओवर के बाद बारिश से मैच को रोक दिया गया था। अब इसमें नया अपडेट आया है। रात 12.10 बजे मैच की शुरुआत होगी। चेन्नई के सामने डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य है। चेन्नई ने तीन गेंदों पर अब तक चार रन बना लिए हैं। इस हिसाब से 87 गेंदों में चेन्नई को 167 रन की जरूरत है। चेन्नई के लिए खास बात यह है कि उनके 10 विकेट बचे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे क्रीज पर हैं। गुजरात के हर एक गेंदबाज को तीन-तीन ओवर फेंकने होंगे। पावरप्ले चार ओवर का होगा।

11:01 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: साढ़े 11 बजे दोबारा निरीक्षण करेंगे अंपायर्स

अंपायर्स साढ़े 11 बजे दोबारा निरीक्षण करेंगे। उन्होंने 10.45 पर निरीक्षण किया, लेकिन मैदान गीला होने की वजह से कोई फैसला नहीं लिया। अब साढ़े 11 बजे पता चलेगा कि मैच कब शुरू होगा। 11.45 के बाद से ओवर्स कटने शुरू हो जाएंगे।

10:07 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: बारिश रुकी, जल्द शुरू हो सकता है मैच

अहमदाबाद में फैंस के लिए खुशखबरी है। बारिश रुक चुकी है। जल्द मैच शुरू हो सकता है। ओवर्स के कटने की संभावना नहीं है। कवर्स हटा लिए गए हैं। सुपर-सोपर्स अपना काम कर रहे हैं। हालांकि, मैदान पर कहीं-कहीं पानी जमा हो गया। उसे सुखाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में पूरे 20 ओवर का मैच हो सकता है। गुजरात ने चेन्नई के सामने 215 रन का लक्ष्य रखा है। रात 10 बजकर 45 मिनट पर अंपायर निरीक्षण करेंगे।

09:49 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: बारिश की वजह से रुका मैच

चेन्नई की पारी जैसे ही शुरू हुई, भारी बारिश ने एक बार फिर मैच में खलल डाला। चेन्नई की पारी का एक ओवर भी पूरा नहीं हो सका था। मोहम्मद शमी ने तीन गेंदें फेंकी हैं और चेन्नई ने बिना विकेट गंवाए चार रन बना लिए थे। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे क्रीज पर हैं। अहमदाबाद में आज बारिश की संभावनाएं जताई गई थीं। पूरे दिन बारिश नहीं हुई ऐसे में बारिश विलेन बन सकती है। हालांकि, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खूब फैंस आए हैं। ऐसे में वह उम्मीद कर रहे होंगे कि यह बारिश जल्द से जल्द बंद हो जाए।

डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से पांचवें ओवर की समाप्ति पर सीएसके के लिए पार स्कोर इतना होना चाहिए-

  • 43/0
  • 48/1
  • 55/2
  • 65/3
  • 77/4
  • 95/5

यानी बिना विकेट गंवाए 43 रन, एक विकेट गिरता है तो 48 रन, दो विकेट गिरते हैं तो 55 रन, तीन विकेट गिरते हैं तो 65 रन, चार विकेट गिरते हैं तो 77 रन और पांच विकेट गिरते हैं तो 95 रन होने चाहिए। ग्राउंड-स्टाफ कवर को बरकरार रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि पूरे मैदान में तेज हवा चल रही है। याद रखें अभी भी दो घंटे का समय है, इसके बाद ओवर्स की कटौती शुरू हो जाएगी।

09:13 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: गुजरात ने चेन्नई को 215 रन का लक्ष्य दिया

गुजरात टाइटंस ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए। यह आईपीएल फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 आईपीएल फाइनल में 20 ओवर में सात विकेट पर 208 रन बनाए थे। चेन्नई को पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनने के लिए रिकॉर्ड रन चेज करने होंगे।

इससे पहले आईपीएल फाइनल में सिर्फ एक बार 200 रन चेज हुआ है। साल 2014 में फाइनल में कोलकाता ने पंजाब के खिलाफ 200 रन चेज किया था। इससे ज्यादा स्कोर कभी चेज नहीं हुआ। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने शानदार पारी खेली। वह शतक से चूक गए और 47 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के की मदद से 96 रन बनाकर आउट हुए।
 

आईपीएल फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर

टीम खिलाफ सीजन स्कोर
गुजरात टाइटंस चेन्नई सुपर किंग्स 2023 214/4
सनराइजर्स हैदराबाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2016 208/7
चेन्नई सुपर किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 2011 205/5
मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स 2015 202/5
कोलकाता नाइट राइडर्स किंग्स इलेवन पंजाब 2014 200/7

गुजरात की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की शुरुआत शानदार रही थी। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। शुभमन को सातवें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने स्टंप किया। वह 20 गेंदों में 39 रन बना सके। इसमें सात चौके शामिल हैं। इसके बाद ऋद्धिमान साहा और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच साहा ने अर्धशतक पूरा किया। उन्हें दीपक चाहर ने धोनी के हाथों कैच कराया। साहा 39 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। 

इसके बाद सुदर्शन और कप्तान हार्दिक ने तीसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी निभाई। सुदर्शन ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों में 96 रन की पारी खेली। यह आईपीएल 2023 में उनका तीसरा अर्धशतक रहा। सुदर्शन शतक से चूक गए। उन्हें 20वें ओवर में मथीशा पथिराना ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। राशिद को पारी की आखिरी गेंद पर पथिराना ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। हार्दिक 12 गेंदों में दो छक्के की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई की ओर से पथिराना ने दो विकेट लिए। वहीं, दीपक चाहर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला। तुषार देशपांडे काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 56 रन लुटाए।

08:57 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: सुदर्शन की तूफानी पारी

17 ओवर के बाद गुजरात ने दो विकेट पर 173 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या दो रन और साई सुदर्शन 40 गेंदों में 76 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सुदर्शन अब तक सात चौके और चार छक्के लगा चुके हैं। 

08:49 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: साई सुदर्शन का अर्धशतक

साई सुदर्शन ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने चौके साथ फिफ्टी लगाई। यह इस सीजन उनका तीसरा अर्धशतक रहा। 21 साल के सुदर्शन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। 16 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 153 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या दो गेंदों में एक रन और साई सुदर्शन 35 गेंदों में 57 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

08:38 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: गुजरात को दूसरा झटका

गुजरात को 14वें ओवर में गुजरात को दूसरा झटका लगा। दीपक चाहर ने ऋद्धिमान साहा को धोनी के हाथों कैच कराया। साहा ने 39 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। 14 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 131 रन है। फिलहाल साई सुदर्शन और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।

08:33 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: ऋद्धिमान साहा का अर्धशतक

13 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने एक विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन 21 गेंदों में 30 रन और ऋद्धिमान साहा 37 गेंदों में 53 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। साहा ने 13वें ओवर में जडेजा की गेंद पर चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया। 

08:32 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: साहा और सुदर्शन ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने एक विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन 17 गेंदों में 20 रन और ऋद्धिमान साहा 35 गेंदों में 48 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

08:05 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Final Live: धोनी का कमाल, शुभमन गिल पवेलियन लौटे

सातवें ओवर में गुजरात को पहला झटका लगा। शुभमन गिल धोनी की शानदार स्टंपिंग का शिकार हुए। सातवें ओवर में रवींद्र जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल का पैर बाहर निकला। 0.12 सेकंड के रिएक्शन टाइम में 41 साल के धोनी ने शुभमन को स्टंप कर दिया। वह 20 गेंदों में 39 रन बना सके। अपनी पारी में शुभमन ने सात चौके लगाए। जब वह चार के स्कोर पर थे तब दीपक चाहर ने उनका कैच भी छोड़ा था। हालांकि, धोनी स्पेशल के आगे शुभमन की एक भी न चली। नौ ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 80 रन है। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 28 गेंदों में 37 रन और साई सुदर्शन चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:01 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Final Live: पावरप्ले में गुजरात ने नहीं गंवाया कोई विकेट

पावरप्ले में गुजरात ने बिना कोई विकेट गंवाए 62 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 17 गेंदों में 36 रन और ऋद्धिमान साहा 19 गेंदों में 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:56 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Final Live: करीब 10 के रन रेट से रन बना रही गुजरात की टीम

पांच ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने बिना कोई विकेट गंवाए 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 17 गेंदों में 25 रन और शुभमन गिल 13 गेंदों में 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दूसरे ही ओवर में शुभमन का कैच दीपक चाहर ने छोड़ा था। इसके बाद से दोनों खूब रन मार रहे हैं।

07:46 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Final Live: साहा ने जले पर छिड़का नमक

कैच छोड़ने के बाद दीपक चाहर तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में ऋद्धिमान साहा ने जले पर नमक छिड़कते हुए 16 रन बटोरे। उन्होंने ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया।तीन ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन है। साहा 13 गेंदों में 20 रन और शुभमन पांच गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:40 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live Score: दीपक चाहर ने शुभमन गिल का आसान कैच छोड़ा

दूसरे ओवर में तुषार देशपांडे गेंदबाजी के लिए आए। ओवर की चौथी गेंद पर शुभमन ने बैकवर्ड स्क्वायर पर शॉट खेला। वहां मौजूद दीपक चाहर ने आसान कैच छोड़ दिया। गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। तब शुभमन चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। दो ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन है। 

07:32 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live Score: खिताबी मुकाबला शुरू

आईपीएल के फाइनल मुकाबले के शुरू होने से पहले राष्ट्रगान हुआ। अब यह मैच शुरू हो चुका है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में पहले गेंदबाजी कर रही चेन्नई की टीम के सामने शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा की चुनौती है। दीपक चाहर ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए चार रन है।

07:20 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live Score: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, अंबाती रायडू, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), दीपक चाहर, मथीशा पथिराना, तुषार देशपांडे, महेश तीक्षणा।

07:06 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Final Toss Update: पहले बैटिंग करने वाली टीम ने पांच मैच जीते

आईपीएल 2023 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आठ मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम तीन बार जीत हासिल करने में कामयाब रही। वहीं, पहले बैटिंग करने वाली टीम ने पांच मैच जीते हैं। इस सीजन में इस स्थान पर कुछ हाई-स्कोरिंग मुकाबले हुए हैं। स्टेडियम के इतिहास के अनुसार, लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को एक ही जैसी सफलता मिलती है। हालांकि, यहां खेले गए पिछले पांच मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीतने में कामयाब रही है।

IPL 2023 में अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले

मैच नतीजा
GT vs CSK GT 5 विकेट से जीता
GT vs KKR KKR 3 विकेट से जीता
GT vs RR RR 3 विकेट से जीता
GT vs MI GT 55 रन से जीता
GT vs DC DC 5 रन से जीता
GT vs LSG GT 56 रन से जीता
GT vs SRH GT 34 रन से जीता
क्वालिफायर-2: GT vs MI GT 62 रन से जीता

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल रिकॉर्ड और स्टैट्स
नरेंद्र मोदी स्टेडियम स्टैट्स
कुल मैच 26
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम जीती 13
रन चेज करते हुए टीम जीती 13
औसतन फर्स्ट इनिंग्स स्कोर 193
औसतन पावरप्ले स्कोर 47
पिछले 5 मैचों में औसतन डेथ ओवर स्कोर 60
हाईएस्ट टोटल 233/3
(GT vs MI, 2023)
हाईएस्ट रन चेज 207/7
(KKR vs GT, 2023
लोएस्ट टोटल 102/10
(RR vs SRH, 2014)
लोएस्ट टोटल बचाया गया 130
(DC vs GT, 2023)

07:01 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Toss Update: चेन्नई ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला

गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। धोनी ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। धोनी ने टॉस के दौरान कहा- बारिश के आसार को देखते हुए हम पहले गेंदबाजी करेंगे। कल हम ड्रेसिंग रूम में थे। एक क्रिकेटर के तौर पर आप हमेशा खेलना चाहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी भीड़ को हुई। उम्मीद है कि हम उनका मनोरंजन कर पाएंगे। पिच लंबे समय से ढकी हुई है, लेकिन पूरे टूर्नामेंट के दौरान यहां की पिच ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हम काफी खुश हैं कि हम 20 ओवर का मैच खेलेंगे।

वहीं, गुजरात के कप्तान हार्दिक ने कहा- मैं भी पहले गेंदबाजी ही करता, लेकिन मेरा दिल बल्लेबाजी करना चाहता था इसलिए मुझे टॉस हारने से कोई फर्क नहीं पड़ा। मौसम हमारे नियंत्रण से बाहर है। जो भी टीम बेहतर खेलेगी उसी के हाथ ट्रॉफी होगी। मुझे अपने खिलाड़ियों को शांत रखना पसंद है और वे मुझे इसका प्रतिफल देते हैं। यह एक सपाट ट्रैक है। हमने भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:58 PM, 29-May-2023

IPL Closing Ceremony 2023 Performance: किंग का परफॉर्मेंस समाप्त, अब टॉस

किंग का परफॉर्मेंस खत्म हो चुका है। अब टॉस की बारी है। धोनी ने भी जर्सी पहन ली है। अब तक बारिश का कोई नामो-निशान नहीं है। पूरी दुनिया की निगाहें टॉस पर टिकी हैं।

06:49 PM, 29-May-2023

IPL 2023 Closing Ceremony Performance Live: रैपर-सिंगर किंग ने किया परफॉर्म

आईपीएल 2023 के क्लोजिंग सेरेमनी की शुरुआत हो चुकी है। रविवार को म्यूजिक प्रोड्यूसर न्यूक्लेया ने परफॉर्म किया था। आज रैपर-सिंगर किंग रोक्को परफॉर्म कर रहे हैं। धोनी के मैदान में आते ही किंग ने ओ मेरे सोना रे, सोना रे, सोना रे, दिल से जुदा मत होना रे। धोनी के मैदान में आते ही फैंस ने जबरदस्त चीयर किया। इसके बाद उन्होंने अपना गाना- तू मान मेरी जान, तुझे जाने न दूंगा गाया। इस दौरान भी कैमरे का फोकस धोनी पर ही रहा।

05:56 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: अहमदाबाद में आसमान में छाए बादल

अहमदाबाद में शाम छह बजे घने बादल छाए हुए हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रात 10 बजे तक बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, रिपोर्ट में बारिश के आसार नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद में फिलहाल बेहद गरमी है। फैंस के लिए ये अच्छी खबर है कि कल रात 10 बजकर 45 मिनट से कोई बारिश नहीं हुई है और 20-20 ओवर के मैच की पूरी संभावना है। आज ही टॉस भी होगा।


फोटो क्रेडिट: एक्यूवेदर

फोटो क्रेडिट: एक्यूवेदर

03:59 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: आज सुपर-ओवर का भी बन रहा योग

पहले दिन सुपर ओवर का नियम नहीं था, लेकिन रिजर्व-डे पर सुपर ओवर का नियम भी जुड़ जाएगा। पांच-पांच ओवर का मैच भी नहीं होने पर दोनों टीमें सुपर ओवर खेलेंगी और सुपर ओवर में यह निर्धारित किया जाएगा कि कौन सी टीम चैंपियन बनेगी। आज पांच-पांच ओवर के मैच के अलावा सुपर ओवर का भी कट ऑफ टाइम होगा। आज भी बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाता है, तो ऐसे में लीग राउंड के दौरान अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को विजेता माना जाएगा। लीग राउंड की समाप्ती पर गुजरात 20 अंकों के साथ शीर्ष पर था, जबकि चेन्नई 17 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही थी। अगर बारिश की वजह से बिल्कुल भी मैच नहीं हो पाता है तो गुजरात टाइटंस की टीम चैंपियन बनेगी।

03:59 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: अगले कुछ घंटे में अहमदाबाद में बारिश हो सकती है

मौजूदा स्थिति की बात करें तो अहमदाबाद में आसमान में बादल छाए हुए हैं। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, अगले कुछ घंटे में बारिश हो सकती है। लीग राउंड और प्लेऑफ को मिलाकर फाइनल से पहले सिर्फ एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था। वह मैच चेन्नई और लखनऊ के बीच इकाना स्टेडियम में होना था।

03:54 PM, 29-May-2023

GT vs CSK Live: अपने तय समय पर मैच शुरू हो सकता है

बारिश से बाधित आईपीएल 2023 का खिताबी मुकाबला अब रिजर्व-डे में पहुंच चुका है। आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि खिताबी मुकाबला रिजर्व-डे में पहुंचा है। इससे पहले सभी फाइनल के नतीजे तय दिन और 20-20 ओवर के पूरे मैच के बाद आए थे। समय की बात करें तो मैच अपने तय समय शाम साढ़े सात बजे ही शुरू होगा, जबकि टॉस उस से आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। 

03:46 PM, 29-May-2023

CSK vs GT: चेन्नई ने गुजरात को हराकर जीता खिताब, पांचवीं बार बने चैंपियन, जडेजा ने आखिरी दो गेंद पर 10 रन बनाए

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियंस गुजरात टाइटंस का सामना चार बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से है। यह मैच रविवार को ही खेला जाना था। हालांकि, बारिश की वजह से 28 मई का दिन धुल गया। अब यह मैच रिजर्व-डे यानी आज खेला जा रहा है। बारिश की वजह से रविवार को टॉस भी नहीं हो पाया था। यह देखने वाली बात होगी कि बारिश के साये में आज भी मैच हो पाता है या नहीं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें