अहमदाबाद में लगातार बारिश के कारण आज मैच नहीं हो सका। देर रात 11 बजे बारिश रुकी, लेकिन मैदान को खेलने के योग्य बनाने में कम से कम एक घंटे लगते। उसके बाद अगर मैच होता तो सिर्फ पांच-पांच ओवर ही दोनों को मिलता। अंपायरों ने दोनों टीमों के कोच और कप्तान से बात कर आज मैच को टाल दिया। अब यह रिजर्व डे पर सोमवार को 7:30 बजे से ही खेला जाएगा। रात नौ बजे बारिश रुकी थी और मैदान को तकरीबन खेलने योग्य बना भी लिया गया था, लेकिन बारिश फिर से आ गई। उसके बाद बारिश 11 बजे रात में रुकी।
आईपीएल ने ट्विटर पर मैच को लेकर अपडेट दिया। उसने लिखा- आईपीएल के फाइनल को 29 मई शाम 7:30 बजे तक के लिए टाल दिया गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रिजर्व डे पर मैच खेला जाएगा। आज के फिजिकल टिकट कल मान्य होंगे। हम आपसे टिकट को सुरक्षित रखने का अनुरोध करते हैं।
कमेंटेटर साइमन डूल से बात करते हुए अंपायर नितिन मेनन और रॉड टकर ने कहा, ''रात नौ बजे के आसपास स्थितिया काफी अच्छी थीं। तीन घंटे की बारिश के बाद भी हम काफी आशान्वित थे लेकिन दुर्भाग्य से बारिश फिर से वापस आ गई। देर रात 12:06 बजे तक हम मैच को शुरू कर सकते हैं। ग्राउंड्समैन को मैदान और पिच को सूखाने के लिए कम से कम एक घंटे चाहिए। अगर रात 11 बजे तक बारिश नहीं रुकती है तो हम फिर कल (सोमवार) को आएंगे।''
अहमदाबाद में बारिश अभी तक नहीं रुकी है। तेज बारिश के साथ-साथ शहर में ओलावृष्टि की भी खबर है। अगर कुछ देर बारिश नहीं रुकी तो आज मैच नहीं हो पाएगा। चैंपियन का फैसला रिजर्व डे में होगा।
बारिश के मैच अब तक शुरू नहीं हो पाया है। अहमदाबाद में झमाझम बारिश हो रही है। अब ओवर कटने शुरू हो गए हैं। अगर मैच रात 9:45 बजे शुरू होता है तो 19-19 ओवर के मैच होंगे। वहीं, 10 बजे शुरू होता है तो 17 ओवर और 10:30 बजे से होता है तो 15 ओवर का मैच हो पाएगा।
अहमदाबाद में बारिश फिर से शुरू हो गई है। कुछ देर तक मौसम साफ होने के बाद मैदान के ऊपर से कवर्स को हटा दिया गया था। साथ ही मैदान और पिच को सुखाने का काम शुरू हो गया था। अब बारिश ने फिर से खलल डाल दिया है। दोनों टीमों के खिलाड़ी पवेलियन में लौट गए हैं। मैदान और पिच को फिर से कवर्स से ढक दिया गया है।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है। मैदान को काम सुखाने का काम फिर से शुरू हो गया है। चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी मैदान पर आ गए हैं। अभी मैदान को सुखाने में काफी समय लगेगा। ऐसा लग रहा है कि कुछ ओवर काटे जाएंगे।
अहमदाबाद में फिर से बारिश शुरू हो गई है। मैदान सुखाने वाले कर्मचारी स्टैंड में लौट चुके हैं। इस बार पहले से तेज बारिश हो रही है। आईपीएल फाइनल में यह पहला अवसर है जब बारिश के कारण मैच समय पर शुरू नहीं हुआ। इससे पहले अब तक किसी भी फाइनल में बारिश ने खलल नहीं डाला है।
अहमदाबाद से क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी आई है। काफी देर तक बारिश होने के बाद अब दर्शकों को राहत मिली है। बारिश रुक गई है और मैदान को सुखाने का काम शुरू हो गया है।
चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच बारिश के कारण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। यहां तक कि टॉस भी नहीं हो सका है। रात 9:35 बजे तक अगर मैच शुरू नहीं होता है तो समीकरण बदल जाएंगे। फिर ओवर कटने लगेंगे। ऐसे में दोनों टीमों के नए सिरे से रणनीति बनानी होगी।
अहमदाबाद में अभी भी झमाझम बारिश हो रही है। 9:35 बजे तक अगर मैच शुरू हुआ तो पूरे ओवर फेंके जाएंगे। दोनों टीमों को 20-20 ओवर खेलने को मिलेंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो ओवर कटने शुरू हो जाएंगे। देर रात 12.06 बजे तक अगर पांच-पांच ओवर का मैच नहीं हुआ तो मुकाबला रिजर्व डे में पूरा हुआ। आज मैच नहीं हुआ तो सोमवार (29 मई) को मैच फिर से खेला जाएगा। अगर सोमवार को भी बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है तो लीग राउंड की समाप्ति तक अंक तालिका में पहले स्थान पर रहने वाली गुजरात टाइटंस की टीम मैच जीत जाएगी। यह चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए बुरी खबर है।
आईपीएल फाइनल में बारिश ने खलल डाल दिया है। अब तक टॉस नहीं हो सका है। इस मैदान पर जब गुजरात और मुंबई इंडियंस के बीच क्वालिफायर-2 खेला गया था तब भी बारिश के कारण मैच में देरी हुई थी। 45 मिनट की देरी से टॉस हुआ था।
चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल मैच में अब काफी कम समय बाकी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में थोड़ी देर में टॉस होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), आकाश सिंह, मोइन अली, भगत वर्मा, दीपक चाहर, डेवोन कॉन्वे, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, ऋतुराज गायकवाड़, राजवर्धन हंगरगेकर, रवींद्र जडेजा, सिसांदा मगाला, अजय मंडल, मथीशा पथिराना , ड्वेन प्रिटोरियस, अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, अंबाती रायुडू, मिचेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, सिमरजीत सिंह, निशांत सिंधु, प्रशांत सोलंकी, महीश तीक्षणा।
गुजरात टाइटंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), शुभमन गिल, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, साई सुदर्शन, ऋद्धिमान साहा, मैथ्यू वेड, राशिद खान, राहुल तेवतिया, विजय शंकर, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, प्रदीप सांगवान, दर्शन नालकंडे , जयंत यादव, आर. साई किशोर, नूर अहमद, दासुन शनाका, ओडियन स्मिथ, केएस भरत, शिवम मावी, उर्विल पटेल, जोशुआ लिटिल और मोहित शर्मा।
चेन्नई सुपरकिंग्स के अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने आईपीएल से संन्यास का एलान कर दिया है। रायुडू ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार (28 मई) को फाइनल मैच से ठीक पहले संन्यास की घोषणा की। रायुडू ने ट्वीट करते हुए अपने दोनों टीमों चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस को धन्यवाद कहा। रायुडू ने यह भी कहा कि इस बार वह अपने फैसले को नहीं बदलेंगे।
चेन्नई की टीम रिकॉर्ड 10वीं बार फाइनल मैच में खेलेगी। वह अब तक चार बार चैंपियन बनी है। पांच फाइनल में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पिछले तीन फाइनल मुकाबलों की बात करें तो चेन्नई दो बार (2018, 2021) जीतने में कामयाब हुई। वहीं, एक बार (2019) उसे हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, गुजरात का यह दूसरा ही फाइनल है। वह पिछली बार चैंपियन बनी थी।
इस आईपीएल की शुरुआत नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही 31 मार्च को हुई थी। तब गुजरात और चेन्नई की टीमें ही आमने-सामने हुई थीं। अब इसी मैदान पर उन्हीं दो टीमों के बीच आईपीएल का समापन मुकाबला खेला जाएगा। ऐसा इस साल पाकिस्तान में भी हुआ है। पाकिस्तान प्रीमियर लीग में मुल्तान सुल्तान्स और लाहौर कलंदर्स के बीच पहला मैच खेला गया था। तब लाहौर को जीत मिली थी। इसके बाद दोनों टीमें फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। लाहौर ने एक बार फिर से मुल्तान को हराया। हालांकि, ये दोनों मैच आईपीएल की तरह एक मैदान पर नहीं हुए। पीएसएल का पहला मैच मुल्तान और फाइनल मैच लाहौर में हुआ था।
धोनी की बात करें तो उन्हें किसी के सामने कुछ भी साबित नहीं करना है। वह क्रिकेट के महानतम कप्तानों में एक माने जाते हैं। धोनी अपने करियर के अंतिम पड़ाव में है। ऐसा माना जा रहा है कि यह उनका आखिरी सीजन है। वह अपने अंतिम आईपीएल सीजन में ट्रॉफी के साथ विदा होना चाहेंगे। धोनी अगर इस बार चेन्नई को चैंपियन बना देते हैं तो वह पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी को उठा लेंगे। वह सबसे ज्यादा खिताब के मामले में रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) की बराबरी कर लेंगे।
देश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में बारिश हुई है और यह आईपीएल 2023 के सबसे महत्वपूर्ण मैच को प्रभावित कर सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 28 मई को अहमदाबाद में ज्यादातर हिस्से में मौसम साफ रहेगा। फैंस भी इसी की उम्मीद कर रहे होंगे। हालांकि, एक्यूवेदर ( Accuweather) की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद में रविवार शाम बारिश होने की संभावना है। रविवार को शाम को बारिश की 40 फीसदी संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद में कुल दो घंटे बारिश की उम्मीद है। शाम को सूर्यास्त के बाद बारिश होने पर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी उम्मीद है।
चेन्नई और गुजरात के बीच आईपीएल में अब तक चार मैच खेले गए हैं। दोनों टीमों के बीच यह पांचवां मुकाबला होगा। गुजरात ने चार में से तीन मैच अपने नाम किए हैं। वहीं, चेन्नई को एक बार जीत मिली है। पिछले साल हार्दिक पांड्या की टीम ने दो मुकाबलों में चेन्नई को हराया था। इस बार उद्घाटन मैच में हार्दिक ने बाजी मारी थी। धोनी ने इस हार का बदला क्वालिफायर-1 में ले लिया था। चेन्नई ने गुजरात को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल के 16वें सीजन का फाइनल मैच खेला जाएगा। रविवार (28 मई) को दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। चेन्नई की नजर पांचवीं बार चैंपियन बनने पर है। वहीं, गुजरात की टीम खिताब बचाने उतरेगी। वह लगातार दूसरी बार विजेता बनने उतरेगी।