बांग्लादेश ने अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के नाबाद अर्धशतक के बाद रिशाद हुसैन की दमदार गेंदबाजी की मदद से नीदरलैंड को टी20 विश्व कप के ग्रुप-डी मुकाबले में 25 रनों से हराया। बांग्लादेश की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है और उसने सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीद जीवंत रखी है। बांग्लादेश ने शाकिब के 46 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 64 रन के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 134 रन ही बना सकी। नीदरलैंड के लिए साइब्रांड एंगलब्रट ने 22 गेंदों पर सर्वाधिक 33 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
बांग्लादेश ने इस जीत से जहां सुपर आठ में पहुंचने के अपने दावे को मजबूती दी है, वहीं, श्रीलंका के लिए आगे का सफर समाप्त हो गया है। नीदरलैंड की टीम हार के बावजूद अभी पूरी तरह टीम से बाहर नहीं हुई है। नीदरलैंड को अगर अपनी उम्मीद बरकरार रखनी है तो उसे ग्रुप चरण का अपना अंतिम मैच हर हाल में जीतना होगा।
रिशान हुसैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड को सातवां झटका दिया। रिशाद ने वान बीक को पवेलियन भेजा। वान बीक दो रन बनाकर आउट हुए।
मुस्तफिजुर रहमान ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को आउट कर नीदरलैंड को छठा झटका दिया। नीदरलैंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 117 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं। एडवर्ड्स 23 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए।
रिशाद हुसैन ने यसानदार लय में दिख रहे साइब्रांड एंगलब्रट को आउट कर नीदरलैंड को चौथा झटका दिया। एंगलब्रट बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन रिशाद ने उन्हें आउट किया। एंगलब्रट 22 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए।
नीदरलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 14 ओवर की समाप्ति के बाद नीदरलैंड ने तीन विकेट पर 104 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर साइब्रांड एंगलब्रट 33 रन और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।
महमूदुल्लाह ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे विक्रमजीत सिंह की पारी का अंत कर बांग्लादेश को तीसरी सफलता दिलाई। विक्रमजीत 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। विक्रमजीत को लिटन दास ने स्टंप किया।
तंजिम हसन साकिब ने अपनी ही गेंद पर मैक्स ओ डौड को आउट कर बांग्लादेश को दूसरी सफलता दिलाई। ओ डौड 16 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। सधी हुई शुरुआत के बाद नीदरलैंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 10 रन के अंदर दो विकेट गंवा दिए हैं।
तस्कीन अहमद ने सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट को आउट कर नीदरलैंड को पहला झटका दिया। लेविट और मैक्स ओ डौड के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी, लेकिन तस्कीन ने इस साझेदारी का अंत किया। लेविट 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए।
बांग्लादेश के खिलाफ नीदरलैंड ने सधी हुई शुरुआत की और चार ओवर की समाप्ति तक एक भी विकेट नहीं गंवाया। नीदरलैंड ने चार ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 22 रन बना लिए हैं।
बांग्लादेश द्वारा 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की पारी शुरू हो चुकी है। क्रीज पर माइकल लेविट और मैक्स ओ डौड मौजूद हैं।
अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के शानदार नाबाद अर्धशतक की मदद से बांग्लादेश ने नीदरलैंड के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा। नीदरलैंड ने बांग्लादेश को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। शाकिब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए जिसके दम पर बांग्लादेश ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 159 रन बनाए। नीदरलैंड की ओर से आर्यन दत्त और पॉल वान मीकेरेन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तंजिद हसन ने शाकिब के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की जिससे टीम की पारी संभली। तंजिद 35 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन शाकिब ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया।
मीकेरेन ने महमूदुल्लाह को आउट कर बांग्लादेश को पांचवां झटका दिया। महमूदुल्लाह शाकिब के साथ दूसरे छोर पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन मीकेरेन ने नीदरलैंड को एक और सफलता दिलाने में ज्यादा देर नहीं लगाई। महमूदुल्लाह 21 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हुए।
अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने नीदरलैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। शाकिब ने इससे पहले अंतिम बार अक्टूबर 2022 में इस प्रारूप में पचासा जड़ा था।
टिम प्रिंगल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तौहीद ह्रदोय को बोल्ड कर नीदरलैंड को चौथी सफलता दिलाई। ह्रदोय 15 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। शाकिब अल हसन हालांकि क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने महमूदुल्लाह आए हैं।
वान मीकेरेन ने शानदार लय में चल रहे तंजिद हसन को आउट कर बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। तंजिद और शाकिब अल हसन के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हो चुकी थी, लेकिन मीकेरेन ने तंजिद को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। तंजिद 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटकों के बाद अनुभवी बल्लेबाज शाकिब अल हसन ने तंजिद हसन के साथ मिलकर बांग्लादेश को संभाला और पावरप्ले में 50 रनों का आंकड़ा पार किया। नीदरलैंड ने शुरुआती छह ओवर में दो विकेट झटके और बांग्लादेश पर दबाव बनाने की कोशिश की। बांग्लादेश ने छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 54 रन बनाए हैं। शाकिब 25 रन और तंजिद 23 रन बनाकर खेल रहे हैं।
आर्यन दत्त ने बांग्लादेश को एक और झटका देते हुए दूसरी सफलता हासिल की। लिटन दास दो गेंदो पर एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। लिटन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन साइब्रांड एंगलब्रट ने शानदार कैच पकड़कर लिटन की पारी का अंत किया।
आर्यन दत्त ने कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आउट कर बांग्लादेश को पहला झटका दिया। शंटो तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।
नीदरलैंड के खिलाफ बांग्लादेश की पारी हो गई है और तंजिद हसन के साथ कप्तान नजमुल हुसैन शंटो पारी का आगाज करने आए हैं।
नीदरलैंडः माइकल लेविट, मैक्स ओ डौड, विक्रमजीत सिंह, साइब्रांड एंगलब्रेट, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर और कप्तान), बास डी लीडे, लोगान वान बीक, टिम प्रिंगल, आर्यन दत्त, पॉल वान मीकेरेन, विवियन किंग्मा
बांग्लादेशः तंजिद हसन, नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), लिटन दास (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन, तौहीद ह्रदोय, महमूदुल्लाह, जाकिर अली, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजिम हसन साकिब, मुस्ताफिजुर रहमान
नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने बांग्लादेश के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। नीदरलैंड की टीम में तेजा की जगह आर्यन दत्त आए हैं। दूसरी तरफ बांग्लादेश ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
बांग्लादेश और नीदरलैंड के बीच मैच पर बारिश का साया आ गया था, लेकिन अब बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं। थोड़ी देर में टॉस होगा।
बांग्लादेश और नीदरलैंड के बीच होने वाले ग्रुप-डी मुकाबले में बारिश का साया पड़ गया है और फिलहाल हल्की बारिश हो रही है जिससे टॉस में विलंब हो रहा है। मैदान को कवर्स से ढका गया है।
नेपाल और श्रीलंका के एक-एक अंक हैं लेकिन उनके पास भी ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर सुपर आठ में जगह बनाने का मौका है। बांग्लादेश ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को दो विकेट से हराया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके बल्लेबाज अपेक्षाकृत छोटा लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रहे थे और उसे चार रन से हार का सामना करना पड़ा था। नीदरलैंड की टीम भी पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार गई थी और वह भी वापसी करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी।
आंकड़ों में बांग्लादेश का पलड़ा नीदरलैंड पर भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल चार मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से बांग्लादेश ने तीन बार जीत दर्ज की है, जबकि नीदरलैंड की टीम एक बार ही सफलता हासिल कर सकी है।
Live Cricket Score (BAN vs NED) Bangladesh vs Netherlands T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। बांग्लादेश और नीदरलैंड की टीमें ग्रुप-डी में आज एक दूसरे का सामना करेंगी। दोनों ही टीमों ने अपना पिछला मुकाबला गंवाया था, ऐसे में दोनों ही जीत के साथ वापसी करना चाहेंगे।