फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs AUS Highlights: वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार, ऑस्ट्रेलिया ने 62 रन से हराया

Fri, 20 Oct 2023 10:19 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

खास बातें

AUS vs PAK World Cup 2023 Highlights: विश्व कप के 18वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 62 रन से हरा दिया है। वनडे विश्व कप में यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार है। बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 367 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान 305 रन ही बना सका और मैच हार गया।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलियाई टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:12 PM, 20-Oct-2023

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को हराया

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 62 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही कंगारू टीम ने टूर्नामेंट में दूसरी जीत हासिल कर ली है। इस विश्व कप में यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले भारत के खिलाफ भी पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी थी। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम अंक तालिका में शीर्ष चार टीमों में शामिल हो गई है। 

इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर के 163 और मिशेल मार्श के 121 रनों की बदौलत 367 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने पांच और हारिस रऊफ ने तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को 400 रन तक पहुंचने से रोका। वहीं, पाकिस्तान के लिए इमाम उल हक ने 70 और अब्दुल्लाह शफीक के 64 रन की पारी खेल अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जैम्पा ने चार, पैट कमिंस और मार्कस स्टोइनिस ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान की टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर सिमट गई और मैच 62 रन से हार गई।

10:02 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान के नौ विकेट गिरे

301 रन पर पाकिस्तान ने नौ विकेट गंवा दिए हैं। हसन अली आठ गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिशेल स्टार्क ने उन्हें जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराया। अब हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी क्रीज पर हैं। पाकिस्तान की हार तय है।

09:54 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान के आठ विकेट गिरे

287 रन पर पाकिस्तान ने आठ विकेट गंवा दिए हैं। मोहम्मद नवाज 16 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें इंग्लिस के हाथों स्टंप आउट कराया। अब हसन अली और शाहीन अफरीदी क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:49 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान के सात विकेट गिरे

277 रन के स्कोर पर पाकिस्तान के सात विकेट गिर चुके हैं। जोश हेजलवुड ने ओसाम मिर को मिशेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। मिर अपना खाता तक नहीं खोल पाए। अब नवाज के साथ शाहीन अफरीदी क्रीज पर हैं।

09:44 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान के छह विकेट गिरे

274 रन के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपने छह विकेट गंवा दिए हैं। मोहम्मद रिजवान 40 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब ओसामा मिर और मोहम्मद नवाज क्रीज पर हैं। हालांकि, अब ऑस्ट्रेलिया की जीत लगभग तय हो चुकी है।

विज्ञापन
09:34 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौटी

269 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का पांचवां विकेट गिरा है। इफ्तिखार अहमद 20 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब रिजवान के साथ नवाज क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 272/5 है।

09:25 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का स्कोर 250 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। 38 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 265/4 है।

09:13 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा

232 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा है। पैट कमिंस ने सउद शकील को मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। शकील ने 31 गेंद में 30 रन बनाए। अब रिजवान के साथ इफ्तिखार अहमद क्रीज पर हैं।

09:06 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का स्कोर 200 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। मोहम्मद रिजवान के साथ सउद शकील क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान की टीम मैच में बनी हुई है। 34 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 231/3 है।

08:32 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा

175 रन के स्कोर पर पाकिस्तान ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। एडम जैम्पा ने बाबर आजम को पैट कमिंस के हाथों कैच कराया। बाबर ने 14 गेंद में 18 रन बनाए। अब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई है। यहां से ऑस्ट्रेलियाई टीम दबाव बना सकती है। 27 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 179/3 है।

08:23 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

154 रन पर पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। मार्कस स्टोइनिस ने ही ऑस्ट्रेलिया को दूसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने इमाम उल हक को 70 रन पर मिशेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। अब बाबर आजम के साथ मोहम्मद रिजवान क्रीज पर हैं। पाकिस्तान को जीत दिलाने का दारोमदार इसी जोड़ी पर होगा।

08:16 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का स्कोर 150 रन के पार

पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। बाबर आजम और इमाम उल हक अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं।

08:03 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा

134 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा है। अब्दुल्लाह शफीक 64 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्कस स्टोइनिस ने उन्हें ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। अब इमाम के साथ बाबर आजम क्रीज पर हैं।

07:49 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Live: इमाम-शफीक के अर्धशतक

अब्दुल्लाह शफीक और इमाम उल हक ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और पाकिस्तान की टीम रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने की तरफ बढ़ रही है। 19 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 116/0 है।

07:46 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पाकिस्तान का स्कोर 100 रन के पार

पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 रन के पार जा चुका है। अब्दुल्लाह शफीक और इमाम उल हक ने शानदार बल्लेबाजी की है। दोनों ने अच्छी गति से रन बनाए हैं। दोनों अर्धशतक के करीब हैं।

07:08 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार

पाकिस्तान की टीम ने बिना कोई विकेट खोए 50 से ज्यादा रन बना लिए हैं। इमाम तेज गति से रन बना रहे हैं। वहीं, अब्दुल्लाह शफीक एक छोर पर संभलकर खेल रहे हैं। बड़े स्कोर का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अब तक लय में नहीं दिखे हैं।

06:45 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पाकिस्तान की शानदार शुरुआत

368 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने शानदार शुरुआत की है। इमाम उल हक और अब्दुल्लाह शफीक तेज गति से रन बना रहे हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया को कांटे की टक्कर दे सकती है। चार ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 28/0 है।

05:56 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पाकिस्तान को मिला मुश्किल लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 368 रन का लक्ष्य दिया। उसने 50 ओवर में नौ विकेट पर 367 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए उसके दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने शतक लगाए। डेविड वॉर्नर ने 163 और मिचेल मार्श ने 121 रन की पारी खेली। इनदोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 25 रन के आंकड़े को नहीं छू सका। मार्कस स्टोइनिस ने 21 रन बनाए। जोश इंगलिश ने 13 रन का योगदान दिया। मार्नश लाबुशेन आठ और स्टीव स्मिथ सात रन बनाकर आउट हुए। पैट कमिंस ने छह और मिचेल स्टार्क ने दो रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल और जोश हेजलवुड खाता नहीं खोल पाए। एडन जम्पा ने नाबाद एक रन बनाए। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। हारिस रऊफ को तीन सफलता मिली। उसामा मीर ने एक विकेट अपने नाम किया।

05:45 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: लाबुशेन भी हुए आउट

हारिस रऊफ ने 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर मार्नश लाबुशेन को आउट कर दिया। लाबुशेन 12 गेंद पर आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। सब्सीट्यूट फील्डर शादाब खान ने उनका कैच लिया।

05:37 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: शाहीन ने स्टोइनिस को किया आउट

शाहीन अफरीदी ने मार्कस स्टोइनिस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया है। स्टोइनिस 24 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। शाहीन अफरीदी ने 48वें ओवर की पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। मार्शन लाबुशेन और पैट कमिंस क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 354 रन है।

05:27 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: हारिस को मिली दूसरी सफलता

हारिस रऊफ को दूसरी सफलता 45वें ओवर की दूसरी गेंद पर मिली। उन्होंने जोश इंगलिश को विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच करा दिया। इंगलिश नौ गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हुए।

05:12 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पवेलियन लौटे वॉर्नर

डेविड वॉर्नर की पारी आखिरकार समाप्त हो गई। वह 163 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वॉर्नर 43वें ओवर की दूसरी गेंद पर हारिस रऊफ का शिकार बने। सब्सीट्यूट फील्डर शादाब खान ने उनका कैच लिया। वॉर्नर ने 124 गेंद पर 163 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 14 चौके और नौ छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया ने 43 ओवर में चार विकेट पर 330 रन बना लिए हैं। मार्कस स्टोइनिस 14 और जोश इंगलिश पांच रन बनाकर नाबाद हैं।

04:53 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: स्मिथ हुए फेल

दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह नौ गेंद पर सात रन बनाकर आउट हो गए। स्मिथ को उसामा मीर ने पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने 39 ओवर में तीन विकेट पर 291 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 144 और मार्कस स्टोइनिस चार रन बनाकर नाबाद हैं।

04:30 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका

पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका लगा है। शाहीन अफरीदी ने मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल को आउट कर पाकिस्तान की वापसी कराई है। उन्होंने 34वें ओवर में पांचवीं गेंद पर मार्श को उसामा मीर के हाथों कैच कराया। मार्श ने 108 गेंद की पारी में 121 रन बनाए। इस दौरान 10 चौके और नौ छक्के लगाए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए ग्लेन मैक्सवेल खाता भी नहीं खोल पाए। ओवर की छठी गेंद पर मैक्सवेल ने उन्हें कप्तान बाबर आजम के हाथों कैच कराया। ऑस्ट्रेलिया के 34 ओवर में दो विकेट पर 259 रन हो गए हैं।

04:08 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: ऑस्ट्रेलिया के दोनों ओपनर्स ने लगाया शतक

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाजों डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना-अपना शतक पूरा कर लिया। वॉर्नर ने 31वें ओवर में मोहम्मद नवाज की गेंद पर एक रन लेकर शतक पूरा किया। अगली ही गेंद पर मिचेल मार्श ने चौका लगाकर शतक जड़ा। वॉर्नर का वनडे में यह 21वां और मार्श का दूसरा शतक है। ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप इतिहास में पहली बार एक ही मैच में दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली है। कंगारू टीम ने 31 ओवर में बिना किसी नुकसान के 214 रन बना लिए हैं।

03:41 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: वॉर्नर और मार्श ने की 171 रन की साझेदारी

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने 24 ओवर में बिना किसी नुकसान के 171 रन बना लिए हैं। वॉर्नर 84 और मार्श 76 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपना शतक पूरा कर सकते हैं।

03:22 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 18 ओवर में 144/0

ऑस्ट्रेलिया ने 18 ओवर में बिना किसी नुकसान के 144 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 71 और मिचेल मार्श 62 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज आराम से बल्लेबाजी कर रहे हैं। पाकिस्तान को मैच में पहले विकेट की तलाश है।

03:14 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: मिचेल मार्श ने भी लगाया अर्धशतक

डेविड वॉर्नर के बाद मिचेल मार्श ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। मार्श ने लगाया दूसरे मैच में अपना अर्धशतक पूरा किया है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भी अर्धशतकीय पारी खेली थी।

03:00 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: वॉर्नर ने लगाया अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। साथ ही मिचेल मार्श के साथ उनकी शतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 14 ओवर में बिना किसी नुकसान के 119 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 61 और मिचेल मार्श 49 रन बनाकर नाबाद हैं।

02:52 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 11 ओवर में 88/0

ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है। उसने 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के 88 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 45 और मिचेल मार्श 36 रन बनाकर नाबाद हैं। पाकिस्तान को पहले विकेट की तलाश है।

02:23 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: बाल-बाल बचे वॉर्नर

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पांचवें ओवर में जीवनदान मिला। शाहीन अफरीदी की गेंद पर उसामा मीर ने उनका कैच छोड़ दिया। अफरीदी की शॉर्ट गेंद को वॉर्नर ठीक से नहीं खेल पाए। गेंद उनके बल्ले से लगकर काफी ऊपर चली। अपना पहला विश्व कप मैच खेल रहे उसामा मीर उस कैच को नहीं ले पाए। उन्होंने आसान कैच को छोड़ दिया। वॉर्नर बाल-बाल बच गए। पाकिस्तान ने पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 27 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श 14 और डेविड वॉर्नर 11 रन बनाकर नाबाद हैं।

02:02 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू

पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर के साथ मिचेल मार्श क्रीज पर उतरे हैं। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी की शुरुआत शाहीन अफरीदी ने की। उनकी पहली गेंद डेविड वार्नर के पैड पर लगी। अफरीदी ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। पाकिस्तान ने रीव्यू लिया। इस दौरान यह साफ पता चला कि गेंद पैड पर लगने से पहले बल्ले से लगी थी। पाकिस्तान का एक रीव्यू बर्बाद हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के सात रन बना लिए हैं।

01:37 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिश (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।

01:34 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: बाबर ने जीता टॉस, एक बदलाव किया

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने टॉस के दौरान बताया कि उपकप्तान शादाब खान इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। शादाब की जगह उसामा मीर को मौका दिया गया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने एक भी बदलाव नहीं किया है।

01:19 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: टॉस पर सबकी नजरें

ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच मैच में थोड़ी देर में टॉस होगा। अब देखना है कि टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला लेती है। बाबर आजम और पैट कमिंस के फैसले पर सबकी नजरें हैं।

12:41 PM, 20-Oct-2023

AUS vs PAK Live Score: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया पर दबाव

पाकिस्तान को दबाव में बेखौफ क्रिकेट खेलने के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार भारत के खिलाफ महामुकाबले में 1992 की चैंपियन टीम दबाव नहीं झेल सकी। भारत ने बिल्कुल एकतरफा अंदाज में सात विकेट से जीत दर्ज की। श्रीलंका के खिलाफ हैदराबाद में पाकिस्तान का प्रदर्शन भले ही अच्छा रहा हो, लेकिन श्रीलंका का आक्रमण भी आला दर्जे का नहीं था।

12:33 PM, 20-Oct-2023

PAK vs AUS Highlights: वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार, ऑस्ट्रेलिया ने 62 रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। विश्व कप के 18वें मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने पाकिस्तान की चुनौती है। दोनों टीमें बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। ऑस्ट्रेलिया की नजर लगातार दूसरी जीत पर है। उसने पिछले मैच में श्रीलंका को हराया था। वहीं, पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। बाबर आजम की टीम जीत की राह पर लौटना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें