ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को आठ विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सेमीफाइनल के लिए अपनी तैयारी और मजबूत कर ली है। वहीं, हार के चलते बांग्लादेश के चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होने का खतरा बना हुआ है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 306 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 44.4 ओवर में दो विकेट खोकर 307 रन बना लिए और मैच अपने नाम किया।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 74 रन तौहिद हृदोय ने बनाए। कप्तान शांतो ने 45 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के शॉन एबॉट और एडम जैम्पा ने दो-दो विकेट लिए। स्टोइनिस को एक विकेट मिला। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श ने नाबाद 177 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने नाबाद 63 रन की पारी खेली। डेविड वॉर्नर 53 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश के लिए तस्किन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट लिया।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 306 रन बनाए। तौहिद हृदोय ने 79 गेंद में 74 रन की पारी खेली। इसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। वहीं, कप्तान नजमुल शांतो ने 45 रन बनाए। इसके अलावा तंजीद हसन ने 36, लिटन दास ने 36, महमूदुल्लाह ने 32, मुशफिकुर रहीम ने 21, मेहदी हसन मिराज ने 29, नसुम अहमद ने सात रन की पारी खेली। महेदी हसन दो रन और तास्कीन अहमद शून्य पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से शॉन एबॉट और एडम जाम्पा ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मार्कस स्टोइनिस को एक विकेट मिला।
दूसरी पारी में क्या हुआ?
307 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद वॉर्नर ने मिचेल मार्श के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। मुस्तफिजुर ने वॉर्नर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वॉर्नर ने 53 रन बनाए। इसके बाद मार्श और स्मिथ ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 175 रन की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार सात जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है। मिचेल मार्श 132 गेंद में 177 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और नौ छक्के लगाए। वहीं, स्टीव स्मिथ 64 गेंद में 63 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट लिया।
दो विकेट पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। स्मिथ अपने अर्धशतक के करीब हैं। वहीं, मार्श 150 रन के नजदीक पहुंच गए हैं।
मिचेल मार्श ने 87 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार पारी खेली है। स्टीव स्मिथ के साथ मार्श ने अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है।
ऑस्ट्रेलिया ने 25 ओवर में दो विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श 72 गेंद में 83 रन और स्टीव स्मिथ चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद डेविड वॉर्नर ने वनडे करियर का 33वां अर्धशतक लगाया। वह 61 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरे ओवर में 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तस्कीन अहमद ने क्लीन बोल्ड किया। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 25 रन है। फिलहाल मिचेल मार्श और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं।
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 307 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 306 रन बनाए। तौहिद हृदोय ने 79 गेंद में 74 रन की पारी खेली। इसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। वहीं, कप्तान नजमुल शांतो ने 45 रन बनाए। इसके अलावा तंजीद हसन ने 36, लिटन दास ने 36, महमूदुल्लाह ने 32, मुशफिकुर रहीम ने 21, मेहदी हसन मिराज ने 29, नसुम अहमद ने सात रन की पारी खेली। महेदी हसन दो रन और तास्कीन अहमद शून्य पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से शॉन एबॉट और एडम जाम्पा ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मार्कस स्टोइनिस को एक विकेट मिला।
40 ओवर के बाद बांग्लादेश ने चार विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए हैं। फिलहाल मुशफिकुर रहीम 13 रन और तौहिद हृदोय 57 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हृदोय ने वनडे करियर का छठा और विश्व कप करियर का पहला अर्धशतक लगाया। महमूदुल्लाह 28 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए।
34 ओवर के बाद बांग्लादेश ने तीन विकेट गंवाकर 206 रन बना लिए हैं। फिलहाल तौहिद हृदोय 44 रन और महमूदुल्लाह 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
29 ओवर के बाद बांग्लादेश ने तीन विकेट गंवाकर 171 रन बना लिए हैं। फिलहाल महमूदुल्लाह और तौहिद हृदोय क्रीज पर हैं। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 57 गेंद में 45 रन बनाकर रन आउट हुए। दो रन लेने के चक्कर में वह अपना विकेट गंवा बैठे। अपनी पारी में शांतो ने छह चौके लगाए।
बांग्लादेश को 17वें ओवर में 106 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। लिटन दास 45 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। इससे पहले तंजीद हसन आउट हुए थे। उन्हें शॉन एबॉट ने आउट किया था। फिलहाल कप्तान नजमुल शांतो 23 रन और तौहिद हृदोय पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 114 रन है।
बांग्लादेश की टीम को 12वें ओवर में 76 के स्कोर पर पहला झटका लगा। शॉन एबॉट ने तंजीद हसन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 34 गेंद में 36 रन बना सके। फिलहाल कप्तान नजमुल हुसैन शांतो दो रन और लिटन दास 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 83 रन है।
बांग्लादेश ने 10 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 62 रन बना लिए हैं। फिलहाल लिटन दास 24 और तंजीद हसन 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने अब तक सूझबूझ वाली बैटिंग की है।
बांग्लादेश: तंजीद हसन, लिटन दास, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), महमुदुल्लाह, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), तौहीद हृदोय, मेहदी हसन मिराज, मेहदी हसन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, शॉन एबॉट, पैट कमिंस (कप्तान), एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कमिंस ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। सेमीफाइनल से पहले उन्होंने मैक्सवेल और स्टार्क को आराम दिया है। उनकी जगह स्टीव स्मिथ और शॉन एबॉट की वापसी हुई है। वहीं, बांग्लादेश की कप्तानी नजमुल हुसैन शांतो कर रहे हैं। शाकिब फ्रैक्चर की वजह से नहीं खेल रहे। उन्होंने भी प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव किए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर आठ पारियों में 446 रन बना चुके हैं, जबकि छठे नंबर के बल्लेबाज मैक्सवेल ने 397 रन बना लिए हैं जिसमें विश्व कप में वनडे का सबसे तेज शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने वापसी पर शतक जमाया है, जबकि मिचेल मार्श ने अर्धशतक और शतक बनाया है लेकिन मध्यक्रम अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पाया है। बांग्लादेश के गेंदबाज इस कमजोरी का फायदा उठाने की फिराक में होंगे।
कप्तान शाकिब ने पिछले मैच में दो विकेट लिए और 65 गेंद में 82 रन बनाए लेकिन मैथ्यूज को आउट करने से उनकी खेलभावना पर सवाल उठे हैं। वह आखिरी मैच में बाएं अंगूठे में फ्रेक्चर के कारण नहीं खेल सकेंगे। अनामुल हक को आखिरी मैच के लिए बुलाया गया है। नजमुल हुसैन शांतो इस मैच में कप्तानी करेंगे जिनके सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोकने की चुनौती होगी।
बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी का जिम्मा शरीफुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज पर होगा। युवा तंजिम हसन शाकिब ने तीन विकेट लिए लेकिन दस ओवर में 80 रन दे डाले। बल्लेबाजों में लिटन दास और शंटो से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी जबकि निचले क्रम पर महमूदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम जिम्मा संभालेंगे। उनका सामना हालांकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और एडम जाम्पा से है।
जीत के लिए 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट 91 रन पर गंवा दिए थे जिसके बाद चोट से जूझते हुए मैक्सवेल ने 128 गेंद में नाबाद 201 रन बनाए। दूसरी ओर बांग्लादेश ने तनावपूर्ण मुकाबले में श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी क्वालिफिकेशन की उम्मीदें कायम रखी हैं। एंजेलो मैथ्यूज को टाइम आउट किए जाने से वह मैच काफी तनावपूर्ण हो गया था। मेजबान पाकिस्तान समेत आठ शीर्ष टीमें 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेलेंगी। बांग्लादेश आठवें स्थान पर है और इस पर बने रहने की कोशिश में होगा। उनकी नजरें चैंपियंस ट्रॉफी पर होंगी, जिसमें विश्व कप की शीर्ष आठ टीमें क्वालिफाई करेंगी।
सेमीफाइनल में जगह बना चुकी आत्मविश्वास से ओतप्रोत ऑस्ट्रेलियाई टीम विश्व कप के आखिरी लीग मैच में शनिवार को शाकिब अल हसन के बिना उतरने वाली बांग्लादेश के खिलाफ इस लय को कायम रखने उतरेगी। पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने पिछले छह मैचों में शानदार प्रदर्शन करके जीत दर्ज की है। वहीं, बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम रही। पैट कमिंस की टीम ने ग्लेन मैक्सवेल के नाबाद दोहरे शतक के दम पर अफगानिस्तान पर चमत्कारिक जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 43वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना बांग्लादेश से है। ऑस्ट्रेलियाई टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद उसने जबरदस्त वापसी की और लगातार छह मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, बांग्लादेश आठ में से छह मैच हारकर विश्व कप से बाहर हो चुकी है, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी में जगह बनाना इस टीम का लक्ष्य होगा।