फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs AFG Highlights: अकेले मैक्सवेल के दम पर ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचा, अफगानिस्तान तीन विकेट से हारा

Tue, 07 Nov 2023 10:29 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

AUS vs AFG World Cup 2023 Highlights: वनडे विश्व कप 2023 के 39वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को तीन विकेट से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 291 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 293 रन बना लिए और मैच जीत लिया।
विज्ञापन
ऐतिहासिक पारी के दौरान ग्लेन मैक्सवेल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:19 PM, 07-Nov-2023

ऑस्ट्रेलिया तीन विकेट से जीता

ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को तीन विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सेमीफाइनल में पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम है। अब चौथे स्थान के लिए न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला होगा। इस मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 291 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 293 रन बना लिए और मैच जीत लिया।

अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 129 रन इब्राहिम जादरान ने बनाए। राशिद खा ने 35 रन की नाबाद पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए। मिचेल स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एडम जैम्पा को एक-एक विकेट मिला। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए अकेले ग्लेन मैक्सवेल ने नाबाद 201 रन बना दिए। मिचेल मार्श ने 24 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के लिए नवीन उल हक, अजमतुल्लाह ओमरजई और राशिद खान ने दो-दो विकेट लिए। 

ऑस्ट्रेलिया ने 91 रन पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मैक्सवेल ने पैट कमिंस के साथ 202 रन की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी। यह इस विश्व कप का पहला दोहरा शतक था।

09:06 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ग्लेन मैक्सवेल का शतक

ग्लेन मैक्सवेल ने 76 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए हैं। उनकी बेहतरीन पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम मैच में बनी हुई है। मैक्सवेल और कमिंस के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। 40 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 232/7 है।

08:35 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ग्लेन मैक्सवेल का अर्धशतक

ग्लेन मैक्सवेल ने 51 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी भी मैच में बनी हुई है। मैक्सवेल के साथ पैट कमिंस क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 28 ओवर के बाद 145/7 है।

विज्ञापन
08:29 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 125 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 125 रन के पार जा चुका है। ग्लेन मैक्सवेल और पैट कमिंस क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए यहां से मैच जीत पाना बेहद मुश्किल होगा।

08:08 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट गिरे

91 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट गंवा दिए हैं। मिचेल स्टार्क सात गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने उन्हें विकेटकीपर अलीखिल के हाथों कैच कराया। अब मैक्सवेल के साथ पैट कमिंस क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 98/7 है।

विज्ञापन
07:59 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

87 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट गंवा दिए हैं। राशिद खान ने मार्कस स्टोइनिस को विकेटों के सामने फंसाया। स्टोइनिस ने सात गेंद में छह रन बनाए। अब ग्लेन मैक्सवेल के साथ मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 91/6 है।

07:46 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट गिरे

69 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवा दिए हैं। मार्नस लाबुशेन 28 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रहमत शाह के सटीक थ्रो ने उन्हें रन आउट किया। अब मैक्सवेल के साथ मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 73/5 है।

07:06 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अजमत ने दो विकेट झटके

अजमतुल्लाह ओमरजई ने लगातार दो गेंदों में विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की टीम को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने पहले डेविड वॉर्नर को बोल्ड किया। वॉर्नर ने 29 गेंद में 18 रन बनाए। इसके बाद जोश इंग्लिस को इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराया। हालांकि, ओवर की तीसरी गेंद में मैक्सवेल के बल्ले का किनारा लग गया और वह हैट्रिक से चूक गए। नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 51/4 है।

06:48 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

43 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवा दिए हैं। मिचेल मार्श 11 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नवीन उल हक ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इस मैच में यह उनकी दूसरी सफलता है। अब डेविड वॉर्नर के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 43/2 है।

06:23 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत

292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही है। ट्रेविस हेड खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। नवीन उल हक ने उन्हें विकेटकीपर इकरम अलीखिल के हाथों कैच कराया। अब वॉर्नर के साथ मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 9/1 है।

05:48 PM, 07-Nov-2023

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 292 रन का लक्ष्य दिया

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 292 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 291 रन बनाए। यह अफगानिस्तान का विश्व कप के इतिहास में उच्चतम स्कोर है। इब्राहिम जादरान ने 143 गेंद में 129 रन और राशिद खान ने 18 गेंद में 35 रन की नाबाद पारी खेली। इब्राहिम और राशिद के बीच छठे विकेट के लिए आखिर में 28 गेंद में 58 रन की नाबाद साझेदारी हुई। आखिरी पांच ओवर में अफगानिस्तान ने 64 रन बनाए और सिर्फ एक विकेट गंवाया।

विश्व कप में अफगानिस्तान का सर्वोच्च टीम स्कोर

  • 291/5 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मुंबई, 2023
  • 288 बनाम वेस्टइंडीज, लीड्स, 2019
  • 286/2 बनाम पाकिस्तान, चेन्नई, 2023
  • 284 बनाम इंग्लैंड, दिल्ली, 2023
  • 272/8 बनाम भारत, दिल्ली, 2023

अफगानिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। रहमनुल्लाह गुरबाज 25 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद रहमत शाह और इब्राहिम जादरान ने दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी निभाई। रहमत 30 रन बनाकर मैक्सवेल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद इब्राहिम ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। शाहिदी 26 रन बनाकर आउट हुए। अजमतुल्लाह ओमरजई भी 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मोहम्मद नबी 12 रन बना सके। इस बीच इब्राहिम ने वनडे करियर का पांचवां शतक लगाया। वह विश्व कप में अफगानिस्तान की ओर से शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने।

इब्राहिम 143 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 129 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, राशिद ने 18 गेंद में 35 रन की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एडम जाम्पा को एक-एक विकेट मिला।

05:25 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान को पांचवां झटका

अफगानिस्तान को 46वें ओवर में पांचवां झटका लगा। हेजलवुड ने मोहम्मद नबी को क्लीन बोल्ड किया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल राशिद खान 13 रन और इब्राहिम जादरान 110 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 252 रन है।

05:08 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: इब्राहिम जादरान का शतक

अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान ने 131 गेंद में शतक जड़ा। उनके वनडे करियर का यह पांचवां शतक रहा। वहीं, इब्राहिम वनडे विश्व कप में शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बने। इससे पहले विश्व कप में अफगानिस्तान के लिए सर्वश्रेष्ठ पारी सैमिउल्लाह शिनवारी की थी, जिन्होंने 2015 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 96 रन बनाए थे। इससे पहले 43वें ओवर में 210 के स्कोर पर अफगानिस्तान को चौथा झटका लगा। जाम्पा ने अजमतुल्लाह ओमरजई को मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। वह 18 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। 45 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 227 रन है।

04:46 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान को तीसरा झटका

38वें ओवर में 173 के स्कोर पर अफगानिस्तान को तीसरा झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने हशमतुल्लाह शाहिदी को क्लीन बोल्ड किया। वह 43 गेंद में 26 रन बना सके। फिलहाल 38 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 179 रन है। इब्राहिम जादरान 86 रन और अजमतुल्लाह ओरमजई छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

04:27 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: शाहिदी-इब्राहिम क्रीज पर

अफगानिस्तान ने 34 ओवर में दो विकेट गंवाकर 159 रन बना लिए हैं। फिलहाल इब्राहिम जादरान 80 रन और हशमतुल्लाह शाहिदी 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 38 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

03:51 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

121 रन पर अफगानिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। रहमत शाह 44 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें जोश हेजलवुड के हाथों कैच कराया। अब इब्राहिम जादरान के साथ हशमतुल्लाह शहीदी क्रीज पर हैं। 27 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 128/2 है।

03:47 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान का स्कोर 100 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। रहमत और इब्राहिम क्रीज पर हैं। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है।

03:31 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: जादरान का अर्धशतक

इब्राहिम जादरान ने 62 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने एक बार फिर शानदार पारी खेली है। 18 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 93/1 है।

03:30 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। रहमत शाह और इब्राहिम जादरान क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

02:40 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान को पहला झटका

अफगानिस्तान को आठवें ओवर में 38 के स्कोर पर पहला झटका लगा। हेजलवुड ने रहमनुल्लाह गुरबाज को स्टार्क के हाथों कैच कराया। गुरबाज 25 गेंद में दो चौके की मदद से 21 रन बना सके। नौ ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 41 रन है। फिलहाल इब्राहिम जादरान 19 रन और रहमत शाह क्रीज पर हैं।

02:18 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान की अच्छी शुरुआत

चार ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 20 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज 13 गेंद में 13 रन और इब्राहिम जादरान 11 गेंद में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

01:36 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड।

अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, नवीन-उल-हक।

01:28 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। शाहिदी ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। फजलहक फारुकी की जगह नवीन उल हक खेल रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने दो बदलाव किए हैं। ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल मार्श की वापसी हुई है। कैमरन ग्रीन और स्टीव स्मिथ नहीं खेल रहे हैं। स्मिथ को चोट लगी है।

01:27 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान को नेट रन रेट पर देना होगा ध्यान

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभी तक जो तीन वनडे मैच खेले हैं उनमें उसे हार का सामना करना पड़ा लेकिन पिछले पांच में से चार मैच जीतने के कारण उसकी टीम का भी मनोबल बढ़ा हुआ है। अफगानिस्तान को हालांकि अपने अगले दो मैच में नेट रन रेट पर भी ध्यान देना होगा।

कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (282 रन), रहमत शाह (264) अजमतुल्लाह ओमरजई (234), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (234) और इब्राहिम जादरान (232) ने बल्लेबाजी में जो निरंतरता दिखाई है उससे अफगानिस्तान लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार तीन मैच जीतने में सफल रहा है।

01:26 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: वॉर्नर शानदार फॉर्म में

शीर्ष क्रम में डेविड वॉर्नर ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके नाम पर सात मैच में दो शतकों की मदद से 428 रन दर्ज हैं। ट्रेविस हेड ने भी दो मैच में 120 रन बनाए हैं और ऑस्ट्रेलिया को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। मिचेल मार्श की वापसी के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास कैमरन ग्रीन की जगह उन्हें उतारने का विकल्प भी मौजूद है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशाने ने अभी तक सात मैच में केवल तीन अर्धशतक लगाए हैं तथा तीसरे और चौथे नंबर के बल्लेबाज का इस तरह का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता का विषय होगा।

01:26 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: अफगानिस्तान के स्पिनर्स होंगे चुनौती

अफगानिस्तान के पास कुशल स्पिनर हैं और उसके बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के आक्रमण के सामने अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया के पास भी एडम जांपा के रूप में अनुभवी स्पिनर हैं जिन्होंने विश्व कप में अभी तक सर्वाधिक 19 विकेट लिए हैं।

01:26 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया का दावा सबसे मजबूत

ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी तीसरे स्थान पर है और कोई भी अन्य टीम उसकी सेमीफाइनल की सीट को सीधे चुनौती देने की स्थिति में नहीं दिख रही है, लेकिन पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम इस मैच में जीत दर्ज करके अंतिम चार में अपनी जगह सुरक्षित करने की कोशिश करेगी। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा जहां बल्लेबाजों की तूती बोलती रही है।

01:25 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Live: सेमीफाइनल में पहुंचने की होड़

विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने जगह तय कर ली है। बाकी दो टीमों के लिए कड़ी होड़ है और ऐसे में ऑस्ट्रेलिया मंगलवार को मुंबई उलटफेर करने में माहिर अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेलने उतरेगा। पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को अपने मध्यक्रम की अपनी कमजोरी को दूर करना होगा।

01:10 PM, 07-Nov-2023

AUS vs AFG Highlights: अकेले मैक्सवेल के दम पर ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचा, अफगानिस्तान तीन विकेट से हारा

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 39वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। शुरुआती कुछ मैच गंवाने के बाद अफगानिस्तान की टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। उसने अपने पिछले पांच में से चार मैच जीते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद लगातार पांच मैच जीते हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने की जंग में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें