फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AFG vs AUS: अफगानिस्तान ने किया उलटफेर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया, 21 रन से जीते

Sun, 23 Jun 2024 10:08 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सेंट विन्सेंट

खास बातें

Afghanistan vs Australia T20 World Cup : आज टी20 विश्व कप 2024 के 48वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से था। यह सुपर-8 का अहम मुकाबला था। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ने 148 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 127 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
अफगानिस्तान की टीम - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:29 AM, 23-Jun-2024

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रन से हराया

अफगानिस्तान की टीम ने इतिहास रच दिया है। राशिद खान की अगुआई वाली इस टीम ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया है। पिछले साल हुए वनडे विश्व कप 2023 में वह जीत की दहलीज तक पहुंचे थे, लेकिन मैक्सवेल ने उनसे जीत छीन ली थी। हालांकि, इस बार अफगानिस्तान ने ऐसी कोई गलती नहीं की और ऑस्ट्रेलिया को किंग्सटाउन के मैदान पर 21 रन से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच वनडे में चार और टी20 में दो मुकाबले खेले गए हैं। वनडे में अफगानिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया से कभी नहीं जीती है, लेकिन टी20 में दूसरे ही मैच में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी और इतिहास रच दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 60 रन और इब्राहिम जादरान ने 51 रन की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। गुलबदीन नईब ने चार विकेट लिए। 

इस मैच में एक वक्त ऑस्ट्रेलिया ने 32 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। फिर ग्लेन मैक्सवेल ने मार्कस स्टोइनिस के साथ 39 रन की साझेदारी निभाई। नईब को स्टोइनिस को आउट करा कर इस साझेदारी को तोड़ा। यहीं से मैच पलट गया। मैक्सवेल ने जब टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया तो 2023 वनडे विश्व कप की याद आ गई, जब मैक्सवेल ने अविश्वसनीय पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को अफगानिस्तान पर जीत दिलाई थी। ऐसा लग रहा था कि फिर ऐसा होगा, लेकिन गुलबदीन ने मैक्सवेल को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 

मैक्सवेल के अलावा कोई खिलाड़ी 15 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। ट्रेविस हेड (0), डेविड वॉर्नर (3), कप्तान मिचेल मार्श (12), मार्कस स्टोइनिस (11), टिम डेविड (2), मैथ्यू वेड (5), पैट कमिंस (3), एश्टन एगर (2) और एडम जैम्पा (9) कुछ खास नहीं कर सके। अफगानिस्तान की इस जीत ने सुपर-8 ग्रुप-1 में सेमीफाइनल में पहुंचने की जंग को रोमांचक कर दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान दोनों के दो-दो अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी सुपर-8 मैच भारत के खिलाफ और अफगानिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। दोनों ही टीमों को जीत की जरूरत होगी। दोनों के हारने पर नेट रन रेट का खेल आएगा।

09:12 AM, 23-Jun-2024

AUS vs AFG Live: ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका

ऑस्ट्रेलिया को 111 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। गुलबदीन नईब ने पैट कमिंस को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल एश्टन एगर और एडम जैम्पा क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब 18 गेंद में 36 रन की जरूरत है। नईब ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका, एश्टन एगर के रूप में लगा। उन्हें नवीन उल हक ने गुलबदीन के हाथों कैच कराया।

09:08 AM, 23-Jun-2024

AUS vs AFG Live: वेड भी आउट

16वें ओवर में 108 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। ग्लेन मैक्सवेल के बाद मैथ्यू वेड भी आउट हो गए। वेड को राशिद ने जनत के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। इससे पहले मैक्सवेल 59 रन बनाकर आउट हुए थे। फिलहाल पैट कमिंस और एश्टन अगर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब 24 गेंद में 38 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
09:02 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: मैक्सवेल आउट

15वें ओवर में 106 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका लगा। मैक्सवेल 41 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें गुलबदीन नईब ने नूर के हाथों कैच कराया। फिलहाल मैथ्यू वेड और पैट कमिंस क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को 30 गेंद में 41 रन की जरूरत है।

08:59 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: मैक्सवेल फिर बने रोड़ा

अफगानिस्तान और जीत के बीच एकबार फिर ग्लेन मैक्सवेल रोड़ा बन गए हैं। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 105 रन है। मैक्सवेल 59 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ मैथ्यू वेड निभा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया को 36 गेंद में 44 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
08:49 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका

ऑस्ट्रेलिया को 85 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। गुलबदीन नईब ने टिम डेविड को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह दो रन बना सके। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू वेड क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 94 रन है। ऑस्ट्रेलिया को 42 गेंद में 55 रन की जरूरत है। इसी के साथ मैक्सवेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 11वां अर्धशतक पूरा किया।

08:38 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका

11वें ओवर में 71 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। गुलबदीन नईब ने मार्कस स्टोइनिस को गुरबाज के हाथों कैच कराया। वह 11 रन बना सके। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और टिम डेविड क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 76 रन है। कंगारुओं को अब 54 गेंद में 73 रन की जरूरत है।

08:32 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: मैक्सवेल फिर जमे

10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैक्सवेल 31 रन और मार्कस स्टोइनिस 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 38 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को अब 60 गेंद में 79 रन की जरूरत है। 

08:13 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को 32 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मोहम्मद नबी ने डेविड वॉर्नर को नूर अहमद के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह ओवर के बाद तीन विकेट पर 33 रन है। कंगारुओं को अब 84 गेंद में 116 रन की जरूरत है।

07:59 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को तीसरे ओवर में 16 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नवीन उल हक घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। ट्रेविस हेड (0) को क्लीन बोल्ड करने के बाद उन्होंने मिचेल मार्श को नबी के हाथों कैच कराया। मार्श ने 12 रन बनाए। तीन ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 18 रन है। फिलहाल डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं।

07:49 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को शून्य पर पहला झटका लगा। नवीन उल हक ने ट्रेविस हेड को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान मिचेल मार्श और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर एक रन है।

07:33 AM, 23-Jun-2024

अफगानिस्तान ने 148 रन बनाए

अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 149 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाए। एक वक्त अफगानिस्तान की टीम ने बिना विकेट गंवाए 118 रन बनाए थे। हालांकि, इसके बाद 30 रन बनाने में टीम ने छह विकेट गंवा दिए। पैट कमिंस ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने लगातार दूसरे मैच में हैट्रिक ली है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच में कमिंस ने हैट्रिक ली थी। अब अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन विकेट निकाले। पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कमिंस ने राशिद खान को आउट किया था। इसके बाद 20वें ओवर की शुरुआती दो गेंद पर करीम जनत और गुलबदीन नईब को आउट किया। वह टी20 विश्व कप में दो हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

अफगानिस्तान की पारी
अफगानिस्तान की शुरुआत शानदार रही थी। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने पहले विकेट के लिए 95 गेंद में 118 रन की साझेदारी निभाई। स्टोइनिस ने गुरबाज को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वह 49 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद जैम्पा ने 17वें ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई और इब्राहिम जादरान को आउट किया। जादरान ने 48 गेंद में छह चौके की मदद से 51 रन की पारी खेली। ओमरजई ने दो रन बनाए। करीम जनत 13 रन और कप्तान राशिद खान दो रन बना सके। मोहम्मद नबी 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

07:24 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: अफगानिस्तान के चार विकेट गिरे

एक वक्त अफगानिस्तान का स्कोर बिना विकेट गंवाए 118 रन था। अब 19 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 141 रन है। राशिद खान दो रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले जैम्पा ने एक ओवर में ओमरजई और जादरान को आउट किया। 

07:18 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: जैम्पा की जबरदस्त वापसी

17 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। जैम्पा ने 17वें ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई और इब्राहिम जादरान को पवेलियन भेजा। ओमरजई दो रन और जादरान 48 गेंद में छह चौके की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले रहमनुल्लाह गुरबाज ने 60 रन की पारी खेली थी। 

07:10 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: गुरबाज आउट

118 के स्कोर पर अफगानिस्तान को पहला झटका लगा। 16वें ओवर में जाकर रहमुल्लाह गुरबाज आउट हुए। उन्हें स्टोइनिस ने कैच आउट कराया। गुरबाज ने 49 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। 16 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 119 रन है। जादरान भी अर्धशतक लगा चुके हैं। उनके साथ बल्लेबाजी के लिए अजमतुल्लाह जजई उतरे हैं।

07:04 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: गुरबाज-जादरान का अर्धशतक

अफगानिस्तान ने 15 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 109 रन बना लिए हैं। रहमनुल्लाह गुरबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। उनके साथ बल्लेबाजी कर रहे इब्राहिम जादरान ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक लगाया।

06:40 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: ऑस्ट्रेलियाई टीम विकेट को तरसी

सेंट विन्सेंट के किंग्सटाउन का यह मैदान स्पिन गेंदबाजों को मदद के लिए जाना जाता है। इस पिच पर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को विकेट को तरसे हैं। अफगानिस्तान ने 10 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 64 रन बना लिए हैं। फिलहाल इब्राहिम जादरान 22 रन और रहमनुल्लाह गुरबाज 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

06:34 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी

अफगानिस्तान के ओपनर्स रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई है। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। आठ ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना विकेट गंवाए 52 रन है। जादरान 20 और गुरबाज 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कंगारूओं को स्टार्क की कमी खल रही है। गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं।

06:20 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: पांच ओवर समाप्त

पांच ओवर के बाद अफगानिस्तान की टीम ने बिना विकेट गंवाए 29 रन बना लिए हैं। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान क्रीज पर हैं। जादरान सात रन और गुरबाज 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम आज स्टार्क को नहीं खिला रही है।

06:18 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, करीम जनत, नांगेयालिया खारोटे, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, एश्टन एगर, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।

06:18 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मार्श ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। मिचेल स्टार्क की जगह एश्टन एगर अंतिम एकादश में शामिल किए गए। वहीं, राशिद खान ने अफगानिस्तान की प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए। खरोते और जनत को मौका दिया गया, जबकि नजीबुल्ला जादरान और हजरतुल्ला जजई को बाहर किया गया।

05:57 AM, 23-Jun-2024

AFG vs AUS: अफगानिस्तान ने किया उलटफेर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराया, 21 रन से जीते

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के 48वें मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से है। यह सुपर-8 का अहम मुकाबला है। इस मैच में अगर ऑस्ट्रेलिया जीतता है तो अफगानिस्तान और बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वहीं, अफगानिस्तान की जीत ग्रुप को रोमांचक बना देगी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें