फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG Board Result Out Live : बोर्ड के 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित, इंटर 80.74- हाईस्कूल का 75.64% रहा परिणाम

Thu, 09 May 2024 07:12 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, छत्तीसगढ़

खास बातें

CGBSE CG Board Result 2024 live updates: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, रायपुर ने कक्षा 10 और 12 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in) पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। सबसे पहले यहां देखें नतीजे
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:12 PM, 09-May-2024

दसवीं में दीपक ने 92.17 व बारहवीं में अक्षरा ने 82.80 फीसदी अंक के जिले में रहे अव्वल

दसवीं क्लास के दीपक चिलमुल 92.17 फीसदी अंक के साथ बीजापुर जिले में अव्वल रहे हैं। दीपक मूलतः बीजापुर जिले के उसूर के रहने वाले हैं। वहीं, बारहवीं क्लास में बीजापुर की अक्षरा चौहान ने 82.80 फीसदी अंक अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। बीजापुर कलेक्टर अनुराग पांडेय ने दोनों होनहार छात्रों सहित परीक्षा में सफल हुए छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

07:09 PM, 09-May-2024

भाटापार की आदिती साहू ने छठा और प्रीति ने हासिल किया तीसरा स्थान

भाटापारा की रहने वाली आदिती साहू ने 12 वीं कक्षा में छत्तीसगढ टॉप टेन में छठा नंबर हासिल किया। परिणाम घोषित होते ही आदिती के घर बधई देने वालों की लाइन लग गई। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य ने मिठाई लेकर आदिती के घर पहुंचकर बधाई दी। इसी तरह भाटापारा के ग्राम करही बाजार की 12 वीं कक्षा की प्रीती यादव छत्तीसगढ़ में तीसरे नंबर पर रहीं। 



आदिती साहू के पिता निजी कोचिंग क्लासेस चलाते थे, लेकिन कुछ माह पहले उनका देहांत हो गया, जिससे आदिती खुद से टुट गई थी। लेकिन बडे भाई व उनकी मां ने उन्हें कहा कि पापा का सपना पूरा करना है। जब परिणाम घोषित हुए और आदिती का नाम छत्तीसगढ के टॉप टेन में आया तो स्वर्गीय पिता का छाया चित्र देख आदिती भावुक हो गईं। उन्होंने इसका श्रेय पिता विमल साहू के साथ अपने गुरूजनों, मां और बड़े भाई को दिया।

प्रीति यादव चार बहन और एक भाई हैं, जिसमें प्रिती यादव तीसरे नंबर की बहन हैं। प्रीती के पिता राज मिस्त्री का कार्य करते हैं। जब प्रीति के पिता को मालूम हुआ कि उनकी बेटी छत्तीसगढड में तीसरे नंबर में अपना स्थान बनाई है तो वह खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। प्रीती ने छत्तीसगढड़ मे तीसरा स्थान प्राप्त करने का श्रेय गुरूजनों व अपने माता-पिता को दिया।

06:24 PM, 09-May-2024

10वीं में मनीष सोम और 12वीं में गुनगुन चंदेल ने हासिल किया जगदलपुर जिले में प्रथम स्थान

प्रयास विद्यालय जगदलपुर के छात्र मनीष सोम पुत्र ओमप्रकाश सोम ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 96.83 प्रतिशत के साथ जिले में प्रथम स्थान और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में विमल विद्याश्रम मारीगुड़ा की छात्रा गुनगुन चंदेल पुत्री भारत सिंह चंदेल ने 90.60 प्रतिशत प्राप्तांक के साथ जिले में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

विज्ञापन
06:19 PM, 09-May-2024

10वीं में कुमारी वंशिका साहू ने 97.83 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में प्राप्त किया छठा स्थान

राजनांदगांव जिले से कक्षा 10वीं में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छुरिया की छात्रा कुमारी वंशिका साहू ने 97.83 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में छठा एवं जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह कक्षा 12वीं में सर्वेश्वर दास शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव के छात्र रिकेश देवांगन एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेड़ीकला राजनांदगांव के छात्र ओगेश कुमार ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 

जिले में कक्षा 10वीं में 76.76 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। जिसमें छात्रों का प्रतिशत 71.85 एवं छात्राओं का प्रतिशत 80.78 है। इस तरह कक्षा 12वीं में 83.57 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। जिसमें छात्रों का प्रतिशत 80.11 एवं छात्राओं का प्रतिशत 86.24 है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में सफल होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

06:19 PM, 09-May-2024

प्रयास विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर टॉप टेन में बनाई जगह, कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

वर्ष 2024 में कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर की तीन बालिका और एक बालक सहित चार विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर टॉप टेन में अपनी जगह बनाई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने राज्य स्तर पर मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले जिले के विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। 

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि प्रयास विद्यालय के कक्षा 10वीं में 91 विद्यार्थियों में से 43 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये हैं। कुल 84 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं और परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत हैं। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में 89 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 75 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किये हैं और परीक्षा परिणाम 94.38 प्रतिशत है।

विज्ञापन
05:45 PM, 09-May-2024

डॉक्टर बनकर सबका सपना पूरा करना चाहती हैं प्रेरणा, 10वीं में प्राप्त किए 97.67 प्रतिशत अंक

10वीं बोर्ड में महासमुंद के स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा प्रेरणा साहू ने 97.67 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप 10 में 7वां स्थान प्राप्त किया है। प्रेरणा की इस सफलता पर उनके परिजन व शिक्षकों ने खुशी जताई है। प्रेरणा भी इस सफलता के पीछे अपने माता-पिता और शिक्षकों का हाथ होना बता रही है। प्रेरणा अब अपनी आगे की पढ़ाई बायो विषय लेकर करना चाहती हैं और डॉक्टर बनना चाहती हैं। 

प्रेरणा जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम भोरिंग की रहने वाली है। प्रेरणा के पिता पुरुषोत्तम लाल साहू समोदा स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और माँ गृहणी है। प्रेरणा अपने माता-पिता की अकेली बेटी हैं, जो डॉक्टर बनकर सबका सपना पूरा करना चाहती हैं।

05:31 PM, 09-May-2024

किसान की बेटी करूणा कैवर्त बनना चाहती हैं कलेक्टर, 10वीं की परीक्षा में बनाया दसवां स्थान  

रायगढ़ जिले की रहने वाली करूणा कैवर्त ने 97.17 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में दसवा स्थान हासिल करते हुए रायगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। करूणा कैवर्त ने अमर उजाला से चर्चा करते हुए बताया कि वह बड़ी होकर कलेक्टर बनना चाहती है और आगे साइंस और बायोलाजी विषय लेकर पढ़ाई करेगी। करूणा की इस सफलता के बाद रिश्तेदारों के अलावा गांव वालों के द्वारा बधाई देने का सिलसिला जारी है। 



करूणा ने यह भी बताया कि गांव में रहते हुए उसने काफी मेहनत की और उसे अपनी बडी बहन का बहुत साथ मिला है और घर में माता-पिता ने भी काफी सहयोग दिया है। बातचीत के दौरान होनहार छात्रा करूणा कैवर्त ने बताया कि शहर की अपेक्षा गांव में पढ़ाई की सुविधा कम मिलती है फिर भी वह पूरी मेहनत से पढ़ाई कर रही थी, जिसके कारण यह स्थान मिला। 

03:44 PM, 09-May-2024

गरियाबंद कोपरा की होनिषा दूसरे स्थान पर तो शौर्य शुक्ला राजिम नौवें स्थान पर

गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा छोटे से गांव भेंडरी निवासी कुमारी होनिषा साहू पुत्री नोहेश्वर साहू ने 10वीं की हाईस्कूल परीक्षा में 98.83 प्रतिशत अंक के साथ मेरिट लिस्ट में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नगर एवं जिले का नाम रौशन किया है। होनिषा साहू ने कहा कि मेरिट में द्वितीय स्थान आने का श्रेय पूरी फैमिली और गुरुजनों को जाता है।

उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ाई करना 7 से 8 बजे के बीच पढ़ाई करना ज्यादा अच्छा लगता है। कहा कि सोशल मीडिया और मोबाइल से दूर ही रहें तो अच्छा है। वहीं, राजिम सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यनरत शौर्य शुक्ला पुत्र रोशन शुक्ला नवें स्थान पर हैं। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय माता-पिता सहित समस्त गुरुजनों को जाता है। शौर्य शुक्ला ने कहा कि उन्हें रात में पढ़ाई करना ज्यादा अच्छा लगता है।

03:40 PM, 09-May-2024

धमतरी के समीर चक्रधारी ने बढ़ाया जिले का मान

धमतरी जिले के समीर चक्रधारी ने 12वीं में 96.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। पूरे गांव में खुशी का माहौल है। बधाई देने के लिए उनके घर पर स्थानीय लोगों का तांता लगा हुआ है। 

 

03:02 PM, 09-May-2024

कबीरधाम जिले की दो छात्राओं ने 12वीं के टॉप टेन में बनाई जगह 

12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में कबीरधाम जिले की दो छात्राओं ने टॉप टेन में जगह बनाई है। दोनों छात्राओं ने कबीरधाम जिले के सरकारी आत्मानंद स्कूल से पढ़ाई की है। इसमें बोड़ला के आत्मानंद स्कूल से यमुना पुत्री महेश राम ने कक्षा 12वीं में 500 अंक में से 476 अंक हासिल कर 95.20 प्रतिशत लाई हैं। इसी प्रकार कवर्धा के सरकारी आत्मानंद स्कूल में पढ़ाई करने वाली रिफा जावेरी पुत्री अनवर जावेरी ने भी कक्षा 12वीं में 500 अंक में से 476 अंक हासिल कर 95.20 प्रतिशत लाई हैं। 



कवर्धा की रहने वाली रिफा जावेरी ने बताया कि उन्होंने शुरू से पढ़ाई पर ध्यान दिया है। प्रतिदिन स्कूल से आने के बाद तीन से चार घंटे पढ़ाई करती थीं। यही कारण है कि उनका परिणाम बेहतर रहा है। रिफा जावेरी ने आने वाले समय में सीए बनने की बात कही है। वहीं, परीक्षा परिणाम के बाद कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रिफा जावेरी को बधाई दी।

02:57 PM, 09-May-2024

विजय नर्सरी स्कूल की छात्रा शिप्रा ने 10वीं में हासिल की 10वीं रैंक

10वीं बोर्ड परीक्षा में मनेन्द्रगढ़ की सिविल लाइन निवासी शिप्रा तिवारी ने मेरिट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने 10वीं रैंक हासिल की है। शिप्रा मनेन्द्रगढ़ के विजय नर्सरी स्कूल की छात्रा हैं। शिप्रा का सपना आईएएस अफसर बनने का है। 

02:56 PM, 09-May-2024

झलमला विद्यालय की हर्षवती ने टॉप 10 में बनाई जगह, सिविल सर्विसेस में जाने की तैयारी 

बालोद जिले के झलमला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली हर्षवती साहू ने 12वीं कक्षा में टॉप 10 में स्थान बनाया है। उनकी इस कामयाबी से विद्यालय और परिजन काफी खुश हैं। झलमला विद्यालय ने अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा है। हर्षवती साहू आर्ट्स की स्टूडेंट हैं और वो आगे शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं। हर्षवति ने बताया कि मेहनत करते हैं तो सफलता जरूर मिलती है बिना मेहनत के सफलता की उम्मीद नहीं की जा सकती है। 



हर्षवती सिविल सर्विसेज में जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी वह बेहतर करना चाहती हैं। वह अपने भविष्य के लिए दो ऑप्शन लेकर रखी हुईं हैं, जिसमें शिक्षा विभाग और सिविल सर्विसेज शामिल हैं। उनका कहना है कि हम मेहनत करेंगे तो सफलता जरूर हाथ आएगी। 
 

01:46 PM, 09-May-2024

छात्रा सिमरन शब्बा ने दसवीं में किया टॉप

जशपुर की आत्मानन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा सिमरन शब्बा ने दसवीं में 99.50% लाकर छत्तीसगढ़ की दसवीं बोर्ड में टॉप वन में जगह बनाई है। रिजल्ट घोषित होने के बाद से सिमरन के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सिमरन के पिता मो. शाहिद अंसारी दर्जी का काम करते हैं। सिमरन के दो भाई बहन हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर घरवाले खुशी से झूम रहे हैं।जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई दिया है।वहीं कलेक्टर रवि मित्तल ,जिला शिक्षाधिकारी पीके भटनागर भी कुछ देर बाद टॉप टेन में आये छात्र-छत्राओ को सम्मानित करेंगे।

वहीं शासकीय संकल्प संस्थान के शिक्षक प्रभात मिश्रा ने अमर उजाला को बताया कि जशपुर जिले में शिक्षा का स्तर रिकार्ड स्तर पर बढ़ा है। दसवीं बोर्ड में संकल्प संस्थान में रहकर पढ़ने वाली अर्पिता कुजूर पिता समीर कुजूर ने चौथा स्थान लेकर नाम रोशन किया है। अर्पिता कांसाबेल आत्मानन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा है जो घोघरा गांव की रहने वाली है। इसके साथ ही छात्रा आनन्दी मांझी ने दसवीं में 91.3 फीसदी अंक लाकर संकल्प संस्थान का मान बढ़ाया है।

01:12 PM, 09-May-2024

CGBSE Board Result 2024: 10वीं में सिमरन शब्बा, 12वीं में महक अग्रवाल रहीं टॉपर

छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें महक अग्रवाल ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। कुल 34 प्रतिशत छात्र प्रथम श्रेणी से सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए हैं। 10वीं में सिमरन शब्बा ने टॉप किया है।

12:57 PM, 09-May-2024

CGBSE Board Result 2024: इंटर के टॉपर

इंटर में महक अग्रवाल ने 97.40 फीसदी अंक लाकर टॉप किया है। कोपल ने दूसरा स्थान पर रहीं, उन्होंने 97.00 फीसदी अंक पाए। प्रीति 96.80 फीसदी अंक के तीसरे नंबर पर रहीं, आयुषी भी तीसरे नंबर पर रहीं। समीर कुमार भी चौथे नंबर पर रहे हैं। समीर ने 96.60 फीसदी अंक हासिल किए हैं। 

12:49 PM, 09-May-2024

CGBSE Board Result 2024: हाई स्कूल के टॉपर

जशपुर की रहने वाली सिमरन शबबा ने 600 में 597 यानि 99.50 फीसदी अंक पाकर टॉप किया है। दूसरे नंबर पर गारियाबंद की होनिसा 98.83 फीसदी रहीं हैं। श्रेयांश कुमार यादव 98.33 फीसदी तीसरे नंबर पर रहे। जबकि चौथे पर क्रमश: राहुल 98.17 प्रतिशत, डॉली साहू, अंशिका, अर्पिता रहे हैं। 

12:46 PM, 09-May-2024

कक्षा 10 और 12 के नतीजे घोषित

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, रायपुर ने कक्षा 10 और 12 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in) पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। इंटर का रिजल्ट 80.74 फीसदी रहा। जबकि हाईस्कूल का 75.64% परिणाम रहा। 

12:18 PM, 09-May-2024

CGBSE Result: ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

  • छात्र छ्त्तीसगढ़ बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं परिणाम की घोषणा के बाद अपना रिजल्ट देखने के लिए नीचे बताए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
  • आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in.) पर जाएं।
  • होमपेज पर, 'स्टूडेंट्स कॉर्नर' सेक्शन के तहत, 'परीक्षा परिणाम 2024' पर क्लिक करें।
  • 'सीजीबीएसई हाई स्कूल परीक्षा परिणाम 2024' या 'सीजीबीएसई हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम 2024' पर क्लिक करें।
  • अब, 'मुख्य परीक्षा' विकल्प पर क्लिक करें।
  • रोल नंबर डालें और कैप्चा कोड भरें।
  • अब, 'सबमिट' बटन पर क्लिक करें।
  • सीजीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।

12:10 PM, 09-May-2024

Chattisgarh Board Result: पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया

यदि कोई छात्र परिणाम से असंतुष्ट है, तो उनके पास अपनी परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन या पुनः जांच का अनुरोध करने का विकल्प रहता है। पुनर्मूल्यांकन और पुन: जांच आवेदन जमा करने की विंडो परिणाम घोषित होने के 15 दिन बाद खुलेगी। आवेदन पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in.) पर उपलब्ध किया जाता है।

12:10 PM, 09-May-2024

CG Board 10th, 12th Result 2024: जून में हो सकती है कंपार्टमेंट परीक्षा

फेल स्टूडेंट्स के लिए सीजी बोर्ड की ओर से कम्पार्टमेंट एग्जाम का आयोजन जून माह में किया जा सकता है।

11:59 AM, 09-May-2024

CG Board Result 2024: 08 मई को जारी किया गया था नोटिस

छत्तीसगढ़ बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के नतीजे 09 मई को जारी करने करने के संबंध में नोटिस जारी कर जानकारी दी थी। बोर्ड ने बुधवार, 08 मई को नोटिस जारी किया था।

11:50 AM, 09-May-2024

CG Board 10th, 12th Result 2024: पिछले वर्षों में कब-कब जारी हुआ 10वीं का रिजल्ट

  • 2023    10 मई
  • 2022    14 मई
  • 2021    19 मई
  • 2020    23 जून
  • 2019    10 मई
  • 2018    9 मई

11:46 AM, 09-May-2024

CG Board Result 2024: 03 लाख छात्रों को है इंतजार

इस वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में 03 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया है और उत्सुकता से सीजीबीएसई कक्षा 10 परिणाम 2024 की तारीख की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। परिणाम की घोषणा के बाद, छात्र अपने संबंधित स्कूलों से अपनी आधिकारिक मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे।

11:37 AM, 09-May-2024

CG Board Result 2024: एसएमएस के माध्यम से ऐसे चेक करें रिजल्ट

  • छात्र एसएमएस के माध्यम से भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
  • कक्षा 10वीं के परिणाम के लिए - CG10स्पेस>रोल नंबर टाइप करें।
  • सीजी बोर्ड 12वीं के नतीजों के लिए - CG12स्पेस>रोल नंबर टाइप करें।
  • उदाहरण के लिए: CG12 1235831289
  • इस संदेश को 56263 पर भेजें।

11:36 AM, 09-May-2024

CG Board Result 2024: सीजीबीएसई रिजल्ट पर उल्लिखित विवरण

  • रोल नंबर
  • छात्र का नाम
  • माता-पिता/अभिभावक का नाम
  • स्कूल कोड
  • केंद्र कोड
  • विषय का नाम
  • प्रैक्टिकल और थ्योरी पेपर में प्राप्त अंक
  • कुल योग
  • डिविजन

11:25 AM, 09-May-2024

2,58,500 छात्रों ने उत्तीर्ण की थी परीक्षा

पिछले साल कक्षा 12वीं में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 79.96 फीसदी दर्ज किया गया था। परीक्षा के लिए पंजीकरण करने वाले 3,28,121 छात्रों में से 3,23,625 छात्र उपस्थित हुए और 2,58,500 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी। 
 

11:17 AM, 09-May-2024

पिछले साल कक्षा 10 में 75.05 प्रतिशत बच्चे रहे थे उत्तीर्ण

पिछले साल कक्षा 10वीं में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 75.05 प्रतिशत था। पंजीकृत छात्रों की कुल संख्या 3,37,569 थी, जिनमें से 3,30,681 परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे। कुल 2,47,721 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल छात्रों में से 1,09,903 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 1,19,901 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी और 17,914 छात्रों ने तृतीय श्रेणी हासिल की थी। 

11:00 AM, 09-May-2024

पिछले साल का प्रदर्शन

इस बार कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं क्रमशः 2 से 21 मार्च और 1 से 23 मार्च के बीच आयोजित कराई गई थी। पिछले साल कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 2 से 24 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षा 1 से 31 मार्च तक आयोजित की गई थी । बोर्ड का रिजल्ट 10 मई को जारी किए गए थे। 

10:31 AM, 09-May-2024

लोकसभा चुनाव होने से जल्द हो गई बोर्ड परीक्षाएं 

बोर्ड परीक्षाएं एक मार्च से 23 मार्च तक हुई थी। जहां 10वीं की परीक्षा 2 मार्च शुरू होकर 21 मार्च को खत्म हुई। वहीं 12वीं की परीक्षा 1 मार्च से 23 मार्च तक चली। इस बार लोकसभा चुनाव होने की वजह से जल्द ही बोर्ड परीक्षाएं खत्म हो गईं। बोर्ड परीक्षा जल्द खत्म होने से मूल्यांकन भी 16 अप्रैल तक पूरा हो चुका था। 10वीं में इस बार 3 लाख 45 हजार छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसी तरह 12वीं में 2 लाख 55 हजार छात्रों ने पंजीयन कराया है। 

10:17 AM, 09-May-2024

ऑफिशियल वेबसाइट पर डाला जाएगा रिजल्ट

कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य 16 अप्रैल को पूरा हो चुका है। रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से बोर्ड अध्यक्ष की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषित किया जाएगा। इसके बाद लिंक ऑफिशियल वेबसाइट पर डाल दिया जाएगा। जहां छात्र रोल नंबर से अपने रिजल्ट चेक कर सकेंगे।

09:51 AM, 09-May-2024

CG Board Result Out Live : बोर्ड के 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित, इंटर 80.74- हाईस्कूल का 75.64% रहा परिणाम

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे आज जारी होंगे। परीक्षा के नतीजे 12.30 बजे घोषित किए जाएंगे। रिजल्ट जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट (cgbse.nic.in) पर रिजल्ट लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें