सोशल मीडिया पर लोगों ने व्यक्त किया शोक
मूसेवाला की हत्या से दुखी उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जताया
वहीं, पिछले साल मोहाली में सरेआम विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या कर दी गई थी, इस हत्या के अकेले चश्मीदीद गवाह उसके बड़े भाई अजय पाल सिंह मिड्डूखेड़ा ने अब अपनी जान पर खतरा बताया है और हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सुरक्षा दिए जाने की मांग की है।
लॉरेंस बिश्नोई पहुंचा हाईकोर्ट
मूसेवाला की हत्या के आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एनआईए कोर्ट के बाद मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी सुरक्षा को लेकर याचिका दायर की है। उसने हाईकोर्ट से मांग की है कि पंजाब पुलिस उसका एनकाउंटर कर सकती है, ऐसे में उसे सुरक्षा प्रदान की जाए और पंजाब पुलिस को उसे न सौंपा जाए।
मूसेवाला का अंतिम संस्कार
सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
मूसेवाला को बांधी गई लाल पगड़ी
मूसेवाला को लाल पगड़ी पहनाई गई है।
लगे सिद्धू मूसेवाला अमर रहे के नारे
अंतिम यात्रा के दौरान मूसेवाला के प्रशंसकों ने सिद्धू मूसेवाला अमर रहे के नारे भी लगाए।
मूसेवाला के कुत्ते भी गमगीन
सूत्रों के अनुसार, मूसेवाला के दो कुत्तों ने भी खाना पीना छोड़ दिया है।
फूट फूटकर रोए बलकौर सिंह
मूसेवाला की अंतिम यात्रा के दौरान उनके पिता बलकौर सिंह फूट फूट कर रोए। लोगों को उन्हें ढांढस बंधाना भी मुश्किल हो गया था। उन्होंने अपनी पगड़ी उतारकर बेटे की मौत का इंसाफ मांगा।
गांव मूसा में जुटे हजारों लोग
अपने पसंदीदा गायक सिद्धू मूसेवाला को अंतिम विदाई देने के लिए गांव मूसा में हजारों लोग उमड़ पड़े हैं। हर किसी की आंख नम है। गांव के हर घर, हर सड़क, हर गाड़ी और पेड़ पर लोग दिख रहे हैं।
मूसेवाला की अंतिम यात्रा शुरू
गायक मूसेवाला की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है।
मूसेवाला का आखिरी गाना बजाया जाएगा
जानकारी के अनुसार, सिद्धू मूसेवाला का आखिरी गाना 'द लास्ट राइड' गांव मूसा में बजाया जाएगा।
पिता ने अंतिम बार बांधी बेटे को पगड़ी
अंतिम संस्कार से पहले सिद्धू मूसेवाला को उनके पिता बलकौर सिंह ने पगड़ी बांधी।
लॉरेंस बिश्नोई ने जताई थी एनकाउंटर की आशंका
नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने खुद के एनकाउंटर की आशंका जताते हुए अदालत से मांग की है कि जेल अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि उसे पंजाब पुलिस को हिरासत में न दिया जाए।
कनाडा की कॉमेडियन ने दी श्रद्धांजलि
कनाडा की कॉमेडियन लिली सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी है। लिखी ने लिखा कि बिल्कुल तोड़ने वाली और अपसेट करने वाली खबर है। पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के यंग लीजेंड को मार दिया गया।
अंतिम यात्रा के लिए सजाया गया ट्रैक्टर
गायक की अंतिम यात्रा के लिए उनके पसंदीदा ट्रैक्टर को फूलों से सजाया गया है।
भूखे प्यासे खड़े हैं मूसेवाला के फैन
मूसेवाला के प्रशंसक भूखे प्यासे गांव में खड़े हैं। वे विश्वास नहीं कर पा रहे कि उनका प्रिय गायक अब इस दुनिया में नहीं रहा।
मां बाप का दुख देख सबकी आंखें हुईं नम
मूसेवाला के शव के पास उनके माता पिता काफी देर तक बैठे रहे। दोनों एकटक अपने बेटे को निहारते रहे। पिता की आंखों से आंसू निकले तो मां ने उन्हें हौसला रखने को कहा और उनके आंसू पोंछे।
मूसेवाला के शव को दुलारते दिखे पिता
मूसेवाला की मौत से उनके माता-पिता टूट गए हैं। शव गांव पहुंचने के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह बेटे को दुलार रहे हैं।
खेत में होगा अंतिम संस्कार
मूसेवाला का अंतिम संस्कार उनके घर के पास ही एक खाली खेत में किया जाएगा।
ट्रैक्टर पर निकाली जाएगी अंतिम यात्रा
जानकारी के अनुसार, मूसेवाला की अंतिम यात्रा उनके पंसदीदा 5911 ट्रैक्टर पर निकाली जाएगी।
तिहाड़ जेल में रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में अब तक सामने आया कि मूसेवाला की हत्या की साजिश तिहाड़ जेल में रची गई। जिसके पीछे वहां बंद गैंगस्टर लॉरेंस है।
पुलिस हत्याकांड से जुड़े स्लीपर सेल को खोजने में जुटी
मूसेवाला की हत्या में स्थानीय स्लीपर सेल ने अहम भूमिका निभाई है। स्लीपर सेल सीधे तौर पर आरोपियों के संपर्क में था। जिसने मूसेवाला की पल -पल की खबर आरोपियों तक पहुंचाई और आरोपी वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे।
अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया शव
सिद्धू मूसेवाला के शव को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है।
दिल्ली पुलिस ने दो गैंगस्टर को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने इस हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के शक में गैंगस्टर काला जथेड़ी और काला राना को हिरासत में लिया है। दोनों गैंगस्टरों के बारे में तब खुलासा हुआ जब दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने लुटेरे शाहरुख को गिरफ्तार किया था। उसने पुलिस को उक्त हत्याकांड की साजिश रचने वाले दोनों गैंगस्टरों के बारे में बताया था।
गांव पहुंचा मूसेवाला का शव
सिद्धू मूसेवाला का शव उनके पैतृक गांव पहुंच गया है। मौके पर उनके हजारों प्रशंसक मौजूद हैं। कुछ ही देर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस जल्द करेगी बड़ा खुलासा
आईजी फरीदकोट रेंज प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा करेगी। पुलिस सारे पहलुओं व तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी। मानसा के एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला कत्ल कांड को लेकर पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं जिसकी जांच की जा रही है।
असाल्ट राइफल का इस्तेमाल देख एजेंसियां चकराईं
सिद्धू मूसेवाला पर गैंगस्टरों ने जिन तीन हथियारों से गोलियां बरसाई थीं, उनमें एक असाल्ट राइफल एएन-94 भी शामिल थी। इस हथियार के उपयोग ने खुफिया एजेंसियां भी चकरा गई हैं, क्योंकि इस असाल्ट राइफल का उपयोग केवल सशस्त्र सेनाओं द्वारा ही किया जाता रहा है।
मोगा के धर्मकोट में मिली थी ऑल्टो कार
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद भाग रहे हमलावरों ने जो आल्टो कार छीनी थी, वह मोगा जिले के धर्मकोट इलाके में लावारिस हालत में मिली थी। मोगा पुलिस ने मूसेवाला हत्याकांड में मोगा के एक व्यक्ति को नकोदर से हिरासत में लिया था।
बठिंडा के एंट्री प्वाइंट से लेकर मानसा तक पुलिस ही पुलिस
बठिंडा से मानसा तक पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हुए है। बठिंडा में एंट्री प्वाइंट पर भी पुलिस ने नाकाबंदी की है, यहां पर गाड़ियों की चेकिंग की जा रही। मंगलवार को सिद्धू मुस्सेवाला को अंतिम विदायगी देने बड़ी गिनती में समर्थक गांव मुस्सेवाला में पहुंच रहे है। रास्ते में पुलिस द्वारा चेकिंग के लिए रोके जा रहे वाहन सवारों का कहना था कि अगर मानसा पुलिस ने पहले से ही इतनी सख्त सुरक्षा की होती तो शायद आज सिद्धू हम सब के बीच होते। सिद्धू के समर्थकों का कहना है कि सिद्धू पर हमले को लेकर सीआईडी और इंटेलिजेंस विंग पूरी तरह फेल रहे है। सिद्धू अकेले मानसा का ही नही था उसने पूरी दुनिया में अपना नाम बनाया था।
फेफड़े और लिवर में गोली लगने से हुई थी मौत
प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को करीब दो दर्जन गोलियां लगीं। यह खुलासा सोमवार को डॉक्टरों की पांच सदस्यीय टीम के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, बाएं फेफड़े और लिवर पर गोलियों की बौछार ही सिद्धू मूसेवाला की मौत का कारण बनी। डॉक्टरों की टीम ने मूसेवाला की शरीर में गोलियां ढूंढने के लिए पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्स-रे कराया, ताकि शरीर में गोलियों की स्थिति का पता चल सके।
मूसेवाला की मौत पर कनाडा में हजारों युवाओं ने जताया रोष
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब से लेकर सात समुंदर पार तक शोक की लहर है और खासकर युवाओं में खासा रोष है। कनाडा के वैंकुवर के सरींह में भारी संख्या में युवा जुट गए, जिनहोंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर शोक जताया। कनाडा से लेकर अमेरिका, यूके में सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर शोक की लहर है। सिद्धू मूसेवाला कुछ समय बाद कनाडा व अन्य देशों में लाइव शो में जाने की तैयारी कर रहे थे।
जून में बजनी थी शहनाई
11 जून को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का जन्मदिन था। वहीं जून महीने में ही विवाह भी होना था। मगर उससे पहले ही प्रसिद्ध पंजाबी गायक ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। दुनिया भर में उनके फैन घटना से बेहद आहत हैं। परिवार ने हाल ही में नई हवेली में शिफ्ट भी किया था। मगर कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। बताया जा रहा है मूसेवाला की मंगेतर भी सोमवार को परिवार के साथ दुख बांटने पहुंची थी।