शादी संपन्न
सीएम भगवंत मान और डॉ. गुरप्रीत कौर विवाह बंधन में बंध गए हैं।
शादी की रस्में शुरू
सीएम भगवंत मान और डॉ. गुरप्रीत कौर की शादी की रस्में शुरू हो गई हैं।
संगरूर के सांसद ने दी मान को बधाई
संगरूर के सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने मुख्यमंत्री मान को विवाह की बधाई दी। साथ ही विवाह में नहीं बुलाए जाने का शिकवा भी किया।
तेजिंदर बग्गा ने भेजा गिफ्ट
भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा ने मुख्यमंत्री मान के लिए गिफ्ट भेजा है। उन्होंने इसका स्क्रीनशॉट ट्वीट किया।
भूपेंद्र हुड्डा ने मान को दी शादी की मुबारकबाद
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को शादी की मुबारकबाद दी है। हुड्डा ने कहा कि दूधो नहाओ, पूतो फलो। मेरी उन्हें यही शुभकामनाएं हैं।
केजरीवाल पहुंचे सीएम हाउस
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सीएम हाउस पहुंच गए हैं।
दूल्हा बने सीएम मान की पहली फोटो
सांसद राघव चड्ढा ने दूल्हा बने सीएम भगवंत मान के साथ फोटो शेयर की है। चड्ढा ने लिखा कि साडे वीरे दा ब्याह... सानू गोडे गोडे चा
मान की शादी पर अकाली दल ने साधा निशाना
अकाली दल के प्रवक्ता और सीनियर नेता दलजीत चीमा ने कहा कि शादी में अकाली दल को नहीं बुलाया गया है। वह बोले कि दिल्ली मॉडल के बाद अब पंजाब सरकार इमरान खान मॉडल पर आ गई है। चीमा ने मान की दूसरी शादी पर तंज कसा।
कुछ ही देर में शुरू होंगी शादी की रस्में
सीएम भगवंत मान की शादी की रस्में सुबह 11 बजे शुरू होंगी और दोपहर 2 बजे तक चलेंगी।
केजरीवाल निभाएंगे शादी की रस्में
अरविंद केजरीवाल शादी की रस्में निभाएंगे।
सीएम आवास में होंगे फेरे
सुरक्षा कारणों से सीएम मान की शादी सीएम आवास में ही होगी। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी सीएम हाउस पहुंची।
शाही होगा मेन्यू
सीएम मान की शादी के लिए शाही दावत का इंतजाम किया गया है। शादी का मेन्यू सामने आया है।
कुछ ही देर में पहुंचेंगे सीएम केजरीवाल
आप सांसद राघव चड्ढा ने बताया कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जल्द ही अपने परिवार के साथ पहुंचेंगे। वे यहां अपनी मां के साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस मौके पर मान साहब और उनके परिवार को तहे दिल से बधाई देता हूं।
सेक्टर 8 गुरुद्वारे में बढ़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री भगवंत मान चंडीगढ़ के सेक्टर 8 के गुरुद्वारे में शादी करने की चर्चाओं के बाद गुरद्वारे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लोकसभा स्पीकर ने दी बधाई
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सीएम भगवंत मान को शादी की बधाई दी। मान ने जवाब में कहा कि मुझे बधाई देने के लिए मैं माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बहुत आभारी हूं।
मान की कैबिनेट में हैं कई कुंवारे
पंजाब के सीएम भगवंत मान की गुरुवार को शादी करेंगे। उनके कुनबे के तीन मंत्री अभी कुंवारे हैं। पंजाब के खेल मंत्री मीत हेयर बरनाला विधानसभा क्षेत्र की अगुवाई करते हैं और दूसरी बार विधायक बने हैं। वह 32 साल के हैं। ऐसी उम्मीद है कि मीत हेयर भी अगले साल शादी कर सकते हैं। वहीं नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान 31 साल की हैं और कुंवारी हैं। जेल हरजोत बैंस भी कुंवारे हैं।
सांसद बनने के बाद हुआ था इंद्रप्रीत कौर से तलाक
भगवंत मान की पहली शादी इंद्रप्रीत कौर के साथ हुई थी। मार्च 2015 को भगवंत मान और इंद्रप्रीत कौर ने कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी। इस अर्जी में मान का तर्क था कि वे राजनीति के चलते अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं। लोगों ने विश्वास से उन्हें चुना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोर्ट में दी गई अर्जी में भगवंत मान की पत्नी ने शर्त रखी थी कि वे अगर मान भारत छोड़कर कैलिफोर्निया शिफ्ट हो जाते हैं तो तलाक की अर्जी वापस ले लेंगी। मान राजनीति छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहते थे। मान का तर्क था कि वे लोगों का विश्वास नहीं तोड़ सकते।
राघव चड्ढा पहुंचे चंडीगढ़
आप सांसद राघव चड्ढा पार्टी नेता और पंजाब के सीएम भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित आवास पर पहुंचे
हरियाणा के पिहोवा की हैं गुरप्रीत कौर
मुख्यमंत्री भगवंत मान की होने वाली पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर हरियाणा के पिहोवा की रहने वाली हैं। दोनों परिवारों में पहले से नजदीकियां हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर के पिता इंद्रजीत सिंह नत पिहोवा खंड के गांव मदनपुर के पूर्व सरपंच हैं। इस समय उनका परिवार मोहाली में रहता है जबकि गुरप्रीत कौर राजपुरा में रहती हैं। अपने परिवार में गुरप्रीत कौर की दो बहनें अमेरिका और आस्ट्रेलिया में बसी हैं। गुरप्रीत कौर के चाचा एडवोकेट गुरविंदर जीत सिंह नत ने पिछले महीने ही आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 1991 में पिहोवा विधानसभा से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा के भी नजदीकी रहे हैं। बाद में कांग्रेस छोड़कर वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।
भगवंत मान के विवाह की खबर फैलते ही बुधवार को चंडीगढ़ में उनके आवास पर जहां पंजाब के मंत्रियों-विधायकों के पहुंचने और उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ, इसी के बीच किन्नर समाज भी अपने अंदाज में मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से बधाई लेने आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मान को विवाह की बधाई देने के साथ ही कहा- छेती छोटा सीएम वी आए (जल्दी छोटा सीएम भी आए)।
आपको बता दें कि मु्ख्यमंत्री के आवास पर आज एक सादे समारोह में भगवंत मान और गुरप्रीत कौर का विवाह होगा, जिसकी तैयारियों का जिम्मा आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी राघव चड्ढा को सौंपा गया है। इस समारोह में चुनिंदा और परिवार के खास लोगों को ही निमंत्रण दिया गया है। समारोह राघव चड्ढा की देखरेख में होगा।
इसके अलावा, चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी साझा की है, इसमें एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी था, इस पोस्ट में लिखा था, और, एक ने सोचा कि राघव चड्ढा आप में सबसे योग्य कुंवारे थे।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी राघव चड्ढा के बधाई संदेश ने लोगों का दिल जीत लिया। चड्ढा ने सीएम मान के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की और चुटकी लेते हुए लिखा- छोटे दा नंबर वड्डे तो बाद ही आता है, यानि (छोटे की बारी तभी आती है जब बड़ा बसा हो)। मेरे वड्डे वीर (बड़े भाई) भगवंत मान साब और डॉ गुरप्रीत कौर को सुखी और धन्य वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं।
बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री भगवंत मान के विवाह की खबर मीडिया में आते ही उन्हें बधाई देने वालों का भी तांता लग गया। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने ट्वीट किया- ‘मुख्यमंत्री भगवंत मान को जीवन में नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं। मैं उनके सुखद विवाह की कामना करता हूं।’ पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वह दोनों के लिए आजीवन प्यार, सम्मान और साथ की कामना करते हैं। अमन अरोड़ा ने भगवंत मान को नया विवाहित जीवन शुरू करने के लिए बधाई देते हुए लिखा- मैं दोनों के सुख, प्रेम, समृद्धि, स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
‘आनंद कारज’ आज दोपहर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के आवास पर होगा, जिसमें चंडीगढ़ सेक्टर-8 स्थित गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी लावां (फेरे) करवाएंगे। गौरतलब है कि सिख रीति रिवाज के अनुसार दूल्हा-दूल्हन श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की हाजिरी में चार लावां (फेरे) करते हुए विवाह बंधन में बंधते हैं।
भगवंत मान, मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विवाह करने वाले पंजाब के पहले मुख्यमंत्री होंगे। गुरप्रीत कौर से मुख्यमंत्री मान का रिश्ता उनकी माता और बहन ने कराया है।
भगवंत मान का अपनी पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर से 2016 में तलाक हो गया था। मान के दो बच्चे- बेटा दिलशान और बेटी सीरत हैं, जोकि अमेरिका में अपनी मां के साथ ही रहते हैं। दोनों बच्चे विवाह समारोह में भगवंत मान के खटकड़कलां में शपथ ग्रहण समारोह में भी पहुंचे थे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर एक सादे समारोह में विवाह बंधन में बंधकर वैवाहिक जीवन की दूसरी पारी की शुरुआत करेंगे। 48 वर्षीय भगवंत मान पेशे से डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी करेंगे। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्यों के अलावा पार्टी के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय समन्वयक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अपने परिवार सहित मौजूद रहेंगे।