सीनेट चुनाव की तारीख घोषणा की मांग पर पंजाब यूनिवर्सिटी रण का मैदान बन गया है। आज छात्रों की ओर से बड़े प्रदर्शन का एलान किया गया है। इसके मद्देनजर कैंपस में रविवार को मास गैदरिंग की तैयारी पूरे दिन चली।
पुलिस का कड़ा इंतजाम
दूसरी तरफ चंडीगढ़ पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। सोमवार सुबह कैंपस के तीनों मुख्य गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात है। बिना वैध आईडी कार्ड के किसी को भी कैंपस में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर में भारी संख्या में पुलिस तैनात रहेगी। सभी बॉर्डर सील रहेंगे और बिना पहचान पत्र के किसी भी बाहरी व्यक्ति को चंडीगढ़ में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
20 डीएसपी तैनात
एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर 20 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सभी प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। खुद एसएसपी शहर की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगी और हालात पर लगातार नजर रखेंगी।
एसएसपी ने लोगों से की अपील
सोमवार को सुबह से शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किए जा सकते हैं ताकि प्रदर्शन की वजह से आम लोगों को परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से बॉर्डर इलाकों की ओर न जाएं और आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस का मकसद शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है। -कंवरदीप कौर, एसएसपी
सभी बॉर्डर पर कड़ी चेकिंग
सोमवार को चंडीगढ़ के सभी प्रमुख बॉर्डर मनीमाजरा, मोहाली, पंचकूला और खुड्डा लाहौरा रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनाती है। हर आने-जाने वाले वाहन की सघन चेकिंग जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति नाकाबंदी या बैरिकेड पार कर शहर में प्रवेश करने की कोशिश करता है तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाएगा। सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
पीयू के गेट नंबर 2 पर एंट्री बंद
पीयू के गेट नंबर 2 पर एंट्री बंद कर दी गई है। मीडिया को भी एंट्री नहीं दी जा रही। कुछ लोगों को पुलिस पकड़ कर ले गई है। विद्यार्थियों को यहां से भगा दिया गया है।
प्रदर्शन के लिए पहुंचने लगे छात्र
प्रदर्शन के लिए छात्र पहुंचने लगे हैं।
गेट नंबर एक तोड़कर छात्र अंदर घुसे
चंडीगढ़ की पीयू के गेट नंबर एक पर पुलिस से लाठीचार्ज कर दिया है। स्टूडेंट्स ने सारे बैरिकेड हटाकर अंदर एंट्री की। इस दाैरान चंडीगढ़ पुलिस गो बैक के नारे भी लगे।
प्रदर्शनकारी छात्रों को पकड़कर ले जा रही पुलिस
पुलिस प्रदर्शनकारी छात्रों को पकड़कर ले जा रही है।
चंडीगढ़ की सीमाएं सील, मोहाली में लगा लंबा जाम
पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में चल रहे सीनेट चुनाव को लेकर सोमवार को चंडीगढ़ में हुए प्रदर्शन ने आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मचा दी। छात्र संगठनों के समर्थन में निकले किसानों और अन्य जत्थेबंदियों के प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सीमाएं सील कर दीं, जिससे मोहाली, जीरकपुर और न्यू चंडीगढ़ की तरफ से आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही चंडीगढ़ पुलिस ने फेज 6, फेज 2, जीरकपुर, न्यू चंडीगढ़ समेत सभी एंट्री पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी थी। पुलिस ने कई जगहों पर बेरिकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। फेज 6 में किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद किसानों ने वहीं धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस ने परमिंदर ढींडसा को अंदर जाने से रोका
पंजाब के नेता परमिंदर ढींडसा माैके पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोका जिसके बाद छात्र भड़क गए।
सेक्टर 15 से लोगों की भीड़ गेट नंबर एक से जबरन अंदर घुसी
चंडीगढ़ सेक्टर 15 मार्किट में प्रोटेस्ट के सपोर्ट में पहुंचे हुए अलग अलग जत्थेबंदियों के सदस्य यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 1 की तरफ गए। एसएसपी भी यहीं मौजूद थी। कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद भीड़ बेकाबू हुई और गेट तोड़कर अदंर घुस गए। कई निहंग जत्थेबंदियां भी साथ हैं।
आईजी पुष्पेंद्र कुमार पहुंचे
आईजी पुष्पेंद्र कुमार भी पीयू गेट नंबर 1 पर पहुंचे।
मोहाली में किसान यूनियन ने लगाया धरना
मोहाली फेज छह में किसान जत्थेबंदियों ने धरना लगाकर सड़क को जाम कर दिया गया है। तीनों तरफ से वाहनों को वापस भेजा जा रहा है। कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम लग गया है।
एमएलए रोपड़ का आईफोन चोरी
प्रदर्शन के दाैरान दिनेश चड्ढा एमएलए रोपड़ का आईफोन 16 प्रो फोन चोरी हो गया।
किसान जत्थेबंदियां मोहाली से चंडीगढ़ में घुसी
पीयू में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मोहाली की तरफ से किसान जत्थेबंदियां चंडीगढ़ में दाखिल हो गई हैं।
गिरफ्तार लोगों को रिहा करने की चेतावनी
पीयू बचाओ मोर्चा ने गेट नंबर 2 से सुबह 10 बजे गिरफ्तार किए लोगों को एक घंटे के अंदर रिहा करने की चेतावनी दी है।
किसान जत्थेबंदियों के लोग पीयू में घुसे
किसान जत्थेबंदियों के लोग हाथों में झंडे लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी में घुस गए हैं।
पीयू पंजाब की, पर एचएसए ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
पंजाब यूनिवर्सिटी की हिन्दुस्तान स्टूडेंट एसोसिएशन के हरियाणा के रहने वाले युवा भी प्रदर्शन को तैयार हैं। पीयू पंजाब की है, इस बात का विरोध शुरू हो गया है। सूत्रों ने बताया कि एचएसए पार्टी इस बात का विरोध करने के लिए शाम 6 बजे गेट नंबर 1 से विरोध प्रदर्शन करेगी। उनका कहना है कि पंजाब यूनिवर्सिटी हरियाणा, हिमाचल और सभी राज्यों से आए छात्रों की है। उन्होंने कहा कि हर विरोध में वह साथ हैं, लेकिन पीयू पंजाब की है, इसका वह खुलकर विरोध करेंगे।
मोर्चा की घोषणा- अनिश्चितकालीन चलेगा धरना
पंजाब विश्वविद्यालय में चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे हरियाणा के किसानों को मनीमाजरा पुलिस ने रोक दिया है। मनीमाजरा सीमा पर हरियाणा से आ रहे करीब 20 किसानों को फन रिपब्लिक से पीछे वाले बैरियर से पड़कर मनीमाजरा पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। उधर, पीयू में धरने पर लाउड स्पीकर को पुलिस ने बंद करवा दिए हैं। पंजाब विश्वविद्यालय बचाओ मोर्चा ने घोषणा की है कि उनका यह धरना अनिश्चितकालीन समय तक चलेगा।