फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्तार की वापसी : बांदा जेल पहुंचा काफिला, कानपुर देहात के सट्टी थाने के बाहर मीडिया को रोका

Wed, 07 Apr 2021 04:43 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को मंगलवार को यूपी पुलिस के हवाले कर दिया गया। अंसारी पंजाब की रोपड़ जेल से यूपी की बांदा जेल शिफ्ट किया जा रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद यूपी पुलिस अंसारी को लेकर निकल गई। पढ़ें पल पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
मुख्तार अंसारी की बांदा यात्रा शुरू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:41 AM, 07-Apr-2021

बांदा जेल पहुंचा पुलिस का काफिला

बाहुबली मुख्तार अंसारी को लेकर यूपी पुलिस का काफिला बांदा जेल पहुंच गया है। वहां एंबुलेंस के अंदर ही मुख्तार का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। इसके बाद उसे व्हील चेयर पर अंदर ले जाया जाएगा।  पुलिस का काफिला 4.30 बजे बांदा जेल पहुंच गया था। 

03:57 AM, 07-Apr-2021

बांदा पहुंचा पुलिस का काफिला

बाहुबली मुख्तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ जेल से लेकर आने वाला यूपी पुलिस का काफिला बांदा जिले में प्रवेश कर गया है। कुछ ही देर में माफिया डॉन बांदा जेल में होगा। 

02:40 AM, 07-Apr-2021
बांदा जेल के बाहर तैनात पुलिस - फोटो : अमर उजाला

बांदा जेल में सुरक्षा चौकस

बाहुबली मुख्तार अंसारी बांदा जेल आने वाला है। इसे लेकर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जेल के बाहर भी जवान मुस्तैद हैं। जेल में मुख्तार की सुरक्षा के साथ ही स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी पूरा इंतजाम किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के अनुसार मुख्तार के सेहत का ध्यान रखने के लिए डॉक्टरों की एक कमेटी गठित कर दी गई है। 

विज्ञापन
01:40 AM, 07-Apr-2021
सट्टी थाने के बाहर - फोटो : अमर उजाला

मीडिया को रोका

कानपुर देहात के सट्टी थाने के बाहर मीडिया को रोका गया। मीडिया के साथ पुलिस ने की हाथापाई। एम्बुलेंस को थाने के अंदर  लेकर गये। घाटमपुर से हमीरपुर होकर बांदा लाया जा रहा मुख्तार अंसारी।

01:27 AM, 07-Apr-2021
काफिला... - फोटो : अमर उजाला

जनपद कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र पहुंच गया मुख्तार का काफिला। सिकंदरा थानाक्षेत्र से भोगनीपुर औक फिर मूसानगर होते हुए बांदा जाएगा काफिला। 

विज्ञापन
12:16 AM, 07-Apr-2021
बाहुबली का काफिला... - फोटो : अमर उजाला

बाहुबली मुख्तार अंसारी का काफिला इटावा NH2 होते हुए इटावा जनपद की सीमा से औरेया सीमा के लिए बढ़ा। 
 

11:32 PM, 06-Apr-2021
मुस्तेदी... - फोटो : ani

औरैया में हाइवे पर टोल प्लाज़ा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसपी व पुलिस अधिकारी। कुछ घंटे बाद यहीं से गुजरेगा मुख्तार का काफिला।
मुख्तार के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से औरैया पहुंचने से पहले इटावा, औरैया, कानपुर देहात की पुलिस फोर्स अलर्ट हो गई है। सभी जिलों के तेज तर्रार पुलिस अफसरों की टीम हाईवे पर मुस्तैद है। औरैया की एसपी अपर्णा गौतम अनंतराम टोल से काफिले को एस्कॉर्ट करते हुए कानपुर देहात तक लाएंगी। कानपुर देहात के सिंकदरा से काफिले का रूट बदल सकता है। सिंकदरा के आगे बारा टोल प्लाजा पड़ता है जो कानपुर सीमा पर है। इसी टोल के पास विकास दुबे की गाड़ी पलटी थी।

10:33 PM, 06-Apr-2021

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजरा काफिला

पंजाब से बांदा ले जाते समय मुख्तार अंसारी को यमुना एक्सप्रेसवे होकर ले जाया गया। वहीं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी गाड़ियां गुजरीं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद के क्षेत्र में कुछ देर के लिए गाड़ियों को रोका गया। बताया जा रहा है कि यहां ड्राइवरों की अदला-बदली की गई।

10:24 PM, 06-Apr-2021

खंदौली टोल प्लाजा से गुजरा काफिला

बाहुबली मुख्तार अंसारी को लेकर पुलिस का काफिला खंदौली टोल प्लाजा से गुजरा। मंगलवार रात करीब 9:50 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा से काफिला गुजरा।

09:18 PM, 06-Apr-2021

तानाशाहों की सरकार का अंत करीब है: मुख्तार अंसारी के भाई अफजल

बांदा पहुंचने से पहले मुख्तार की गाड़ी पलटने को लेकर उनके भाई अफजल अंसारी ने कहा कि अगर वो जानबूझकर कुछ करते हैं, तो ऐसे तानाशाहों का अंत करीब आ गया है। तानाशाही को खत्म करने के लिए बलिदान देना पड़ता है। अगर रास्ते में कुछ भी ऐसा होता है, तो मैं यही मानूंगा कि मुख्तार ने एक तानाशाह सरकार के अंत के लिए बलिदान दिया है।

09:14 PM, 06-Apr-2021

प्रदेश सरकार पर अफजल अंसारी ने बोला हमला

अफजल अंसारी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट यह सुनिश्चित करेगा कि सत्ता में बैठे लोग किसी की हत्या न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री खुद जनसभा में कहते हैं कि गाड़ी तो पलट कर रहेगी। गाड़ी यूपी के किस बॉर्डर पर पलटेगी, ये नहीं बताऊंगा।
 

09:09 PM, 06-Apr-2021

मुख्तार के भाई बोले- सरकार की मंशा ठीक नहीं

बसपा सांसद और मुख्तार अंसारी के भाई अफजल अंसारी ने कहा है कि सरकार की मंशा सही नहीं है। इसी बांदा जेल में उन्हें चाय में जहर मिलाकर देने की कोशिश की गई थी। हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। हमने उन्हें मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने को लेकर एक अपील दाखिल की है।
 

08:04 PM, 06-Apr-2021

हर जिले की पुलिस को दिए गए आदेश

बताया जा रहा है कि अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश अवस्थी ने आदेश दिया है कि मुख्तार को लेकर आ रहा यूपी पुलिस का काफिला जिस-जिस जिले से गुजरेगा, उस-उस जिले की पुलिस काफिले को एस्कॉर्ट करेगी।

07:29 PM, 06-Apr-2021

बागपत जनपद से निकला काफिला

मुख्तार अंसारी को लेकर पुलिस का काफिला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से होते हुए बागपत जनपद से निकल गया। सीओ खेकड़ा मंगल सिंह रावत ने बताया कि मुख्तार अंसारी को लेकर कोई सूचना जिले को पुलिस को नहीं दी गई थी। उसे लेकर पहले ही काफी फोर्स तैनात है। यहां से फोर्स नहीं भेजा गया है।

06:23 PM, 06-Apr-2021

यूपी पहुंचा मुख्तार अंसारी

मुख्तार अंसारी को लेकर रोपड़ से बांदा जेल के लिए रवाना हुई टीम का काफिला उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर चुका है। मुख्तार को लेकर जा रही पुलिस का काफिला गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश कर मसूरी क्षेत्र से होते हुए निकल गया। 


 

06:18 PM, 06-Apr-2021

झांसी में खुफिया अलर्ट

माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर निकलने के बाद झांसी जिले में भी खुफिया अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसे लेकर अफसर भी चैकन्ने हो गए हैं। झांसी-ग्वालियर और कानपुर हाइवे पर गोपनीय निगरानी बढ़ा दी गई है। बाहर से आने वाले वाहनों की टोल से निगरानी शुरू कर दी गई है। सादी वर्दी में भी फोर्स लगाया गया है।

06:08 PM, 06-Apr-2021

मुरथल में कुछ देर के लिए रुका काफिला

मुख्तार अंसारी का काफिला यूपी सीमा में प्रवेश करने से पहले कुछ देर के लिए मुरथल के पास रुका। अब अगले 10 मिनट के अंदर काफिला यूपी में प्रवेश कर जाएगा। इसे लेकर बागपत पुलिस अलर्ट हो गई है।

05:56 PM, 06-Apr-2021

सोनीपत से निकला मुख्तार

मुख्तार अंसारी को लेकर आ रही पुलिस की टीम सोनीपत से निकल चुकी है। बताया जा रहा है कि अगले कुछ ही पलों में मुख्तार उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेस कर जाएगा।



 

05:41 PM, 06-Apr-2021

शामली में बढ़ाई गई सुरक्षा

माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर आने की सूचना पर शामली पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। बताया गया कि यूपी पुलिस शामली के रास्ते मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर निकल सकती है। इस सूचना के बाद मेरठ रोड पर भी पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

05:19 PM, 06-Apr-2021

अंसारी के भाई ने जताई स्वास्थ्य पर चिंता

वहीं मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी ने कहा है कि मुख्तार अंसारी बीमार है। हमें चिंता है। बांदा जेल में पहले भी एक बार उसे चाय में जहर दे दिया गया था। जहां तक न्यायिक प्रक्रिया की बात है, अंसारी के खिलाफ 40-50 मामले होने की फर्जी बातें की जा रही हैं। छोटी-बड़ी धाराओं के 13 मुकदमें एमपी एमएलए कोर्ट इलाहाबाद में विचाराधीन हैं। उनका परीक्षण होगा। 

05:01 PM, 06-Apr-2021

पानीपत से निकला काफिला

मुख्तार अंसारी का काफिला पानीपत से आगे निकल चुका है। सूत्रों के मुताबिक सोनीपत से काफिला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चढ़ेगा।  

04:39 PM, 06-Apr-2021

दिल्ली पहुंचने वाला है काफिला

जानकारी के अनुसार, मुख्तार अंसारी का काफिला दिल्ली पहुचंने वाला है। कुछ ही देर में यह यूपी सीमा में प्रवेश करेगा।

04:30 PM, 06-Apr-2021

एंबुलेंस में लेटकर निकला है अंसारी

एंबुलेंस में अंसारी को बांदा जेल ले जाया जा रहा है। वह एंबुलेंस में लेटकर निकला है। उसके साथ डॉक्टरों की एक टीम है। 

04:18 PM, 06-Apr-2021

तेजी से आगे बढ़ रहा है काफिला

जानकारी के अनुसार, यूपी पुलिस का काफिला काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंसारी जिस एंबुलेंस में है, उसके आगे दो गाड़ियां भी चल रही हैं।

04:16 PM, 06-Apr-2021

अंबाला से आगे निकला काफिला

अंसारी को लेकर चला यूपी पुलिस का काफिला हरियाणा में अंबाला को पार कर चुका है। 

04:08 PM, 06-Apr-2021

हरियाणा में घुसा काफिला

रोपड़ जेल से रवाना हुआ यूपी पुलिस का काफिला हरियाणा में प्रवेश कर चुका है। 

03:57 PM, 06-Apr-2021

सीधे बांदा ले जाया जाएगा अंसारी को 

सूत्रों के अनुसार, मुख्तार अंसारी को सीधे बांदा जेल ले जाया जाएगा। यूपी पुलिस रात को भी सफर जारी रखेगी। 

03:47 PM, 06-Apr-2021

मऊ से बीएसपी का विधायक है अंसारी

उत्तर प्रदेश के मऊ के बीएसपी विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ प्रदेश में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जबकि उसके गैंग के करीब 95 सदस्यों को यूपी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी उस पर कार्रवाई चल रही है।

03:26 PM, 06-Apr-2021

चिंता में था अंसारी 

उत्तर प्रदेश जाने को लेकर अंसारी काफी चिंतित था। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से वह अधिकतर समय जेल में बनी अपनी विशेष बैरक में ही बिता रहा था। चिंता से उसकी भूख भी आधी रह गई थी। वह खाना भी एक ही समय खा रहा था।

03:16 PM, 06-Apr-2021

चाक चौबंद सुरक्षा में ले जाया जा रहा है अंसारी को

रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस कोई भी चूक नहीं करना चाहती है। सुरक्षा की गंभीरता इस बात से भी पता चलती है कि यूपी पुलिस की टीम में किसी अनहोनी को देखते हुए पुलिस जवानों के साथ एक बटालियन पीएसी भी रोपड़ भेजी गई है।

  

02:59 PM, 06-Apr-2021

नौ बार बैरंग लौट चुकी है यूपी पुलिस

रोपड़ जेल प्रशासन के मेडिकल बोर्ड ने मुख्तार अंसारी को शुगर, अवसाद (डिप्रेशन), स्लिप डिस्क, दिल की बीमारी सहित कई गंभीर बीमारियां बताई थी। इसका हवाला देकर अब तक पंजाब सरकार की ओर से यूपी पुलिस को नौ बार बैरंग लौटाया जा चुका है। 

02:37 PM, 06-Apr-2021

वाया बनूड़ निकल रहा काफिला

पुलिस के अनुसार, मुख्तार अंसारी को वाया बनूड़ यूपी ले जाया जा रहा है। 
 

02:08 PM, 06-Apr-2021

अंसारी यूपी पुलिस के हवाले

मुख्तार अंसारी को एंबुलेंस में बिठा दिया गया है। अंतिम समय में गेट बदला, 2 नंबर से बाहर निकाला गया। इसके बाद अंसारी की बांदा यात्रा शुरू हो गई।

02:07 PM, 06-Apr-2021

अंतिम समय में बदली जगह

अंतिम समय में मुख्तार को बाहर निकालने की जगह बदल दी गई।

02:06 PM, 06-Apr-2021

यूपी पुलिस के वाहनों की फोटो ले रही पंजाब पुलिस

कागजी कार्रवाई अंतिम दौर में है। पंजाब पुलिस के कर्मचारी यूपी पुलिस के वाहनों की तस्वीरें ले रही हैं। 

02:03 PM, 06-Apr-2021

कागजी कार्रवाई में लग रहा समय

दो घंटे से यूपी पुलिस जेल परिसर के अंदर है। कागजी कार्रवाई में समय लगने से अंसारी की शिफ्टिंग में समय लग रहा है। सूत्रों के अनुसार, अब कागजी कार्रवाई अंतिम दौर में है।

01:46 PM, 06-Apr-2021

रोपड़ से बांदा तक अलर्ट 

पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मुख्तार अंसारी की यूपी वापसी के तहत रोपड़ से बांदा तक के रास्ते में आने वाले सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।

01:42 PM, 06-Apr-2021

सिर्फ पंजाब की सीमा तक साथ रहेगी पंजाब पुलिस

वहीं मुख्तार अंसारी को यूपी पुलिस की टीम ही यूपी लेकर जाएगी। पंजाब पुलिस का कोई जवान साथ में यूपी नहीं जाएगा। पंजाब पुलिस के जवान सिर्फ पंजाब की सीमा में ही मुख्तार की सुरक्षा में रहेंगे। 

01:31 PM, 06-Apr-2021

पीएसी की प्लाटून भी काफिले में शामिल

यूपी के बांदा से पहुंचने वाली टीम में एक डीएसपी, दो इंस्पेक्टर, छह एएसआई, 20 हेड कांस्टेबल, 30 कांस्टेबल, पीएसी की एक प्लाटून, जीपीएस से लैस वज्र वाहन, 10 पुलिस वाहन, डॉक्टर और एंबुलेंस शामिल है। 

01:23 PM, 06-Apr-2021

आधुनिक हथियारों से लैस हैं यूपी पुलिस के सभी जवान

अंसारी को रोपड़ से बांदा जेल ले जाने के लिए यूपी से लगभग 100 पुलिसकर्मियों की टीम पंजाब आई है। सभी जवान आधुनिक हथियारों और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस हैं। 

01:16 PM, 06-Apr-2021

एसएसपी रोपड़ जेल पहुंचे 

एसएसपी रोपड़ अखिल चौधरी रोपड़ जेल पहुंच गए हैं। वे अंसारी की शिफ्टिंग से पहले सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं। पुलिस कर्मियों से बात करके वे मौके से रवाना हो गए। 

01:09 PM, 06-Apr-2021

12 वाहनों में रोपड़ आए हैं मुख्तार के गुर्गे 

सीआईए से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्तार की रवानगी से पहले ही उसके गुर्गे रोपड़ से निकल गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस वाहनों के अतिरिक्त अंसारी के गुर्गों के भी 12 वाहन रोपड़ आए थे। 

01:03 PM, 06-Apr-2021

रोपड़ जेल के दोनों गेटों पर पुलिस तैनात

रोपड़ जेल के दोनों गेट पर पुलिस तैनात कर दी गई है। एक घंटे पहले जेल परिसर में यूपी पुलिस के वाहनों ने प्रवेश किया था। कागजी कार्रवाई में अभी और समय लग सकता है।

12:52 PM, 06-Apr-2021

एंबुलेंस में रखा जा रहा जरूरत का सारा सामान

अंसारी को ले जाने वाली एम्बुलेंस में रास्ते की सभी जरूरत की वस्तुओं को रखा जा रहा है। मुख्तार ने पुलिस से कुछ चीजों की इच्छा जताई थी। इसमें शुगर फ्री जूस भी शामिल है।

12:45 PM, 06-Apr-2021

एनएच 44 से निकलेगा काफिला

मुख्तार अंसारी को बांदा जेल ले जाने वाले रुट में नेशनल हाईवे 44 शामिल है। इस रूट पर नौ से अधिक हाईवे पड़ते हैं। 

12:33 PM, 06-Apr-2021

रवानगी में अब जेल मैन्यूल नहीं बन पाएगा बाधा

यूपी पुलिस के 12 बजे से पहले रोपड़ जेल के अंदर पहुंचने के बाद अब मुख्तार अंसारी की वापसी में जेल मैन्यूल बाधा नहीं बनेगा। 

12:24 PM, 06-Apr-2021

पत्नी को एनकाउंटर का डर

मुख्तार अंसारी की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में अंसारी की सुरक्षा की मांग को लेकर याचिका लगाई है।  मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां ने आशंका जताई है कि मुख्तार को फर्जी एनकाउंटर में मारने की साजिश रची जा सकती है।  

12:18 PM, 06-Apr-2021

12 बजे से पहले जेल के अंदर दाखिल हुई यूपी पुलिस की गाड़ियां

यूपी पुलिस के काफिले ने दोपहर 12 बजे से पहले रोपड़ जेल परिसर में प्रवेश किया। कागजी कार्रवाई शुरू हो गई है। इसमें समय लग सकता है।

12:13 PM, 06-Apr-2021

अंसारी के गुर्गों के काफिले के इर्द गिर्द होने की सूचना

वहीं खुफिया सूत्रों से पता चला है कि वापसी यात्रा में मुख्तार के गुर्गे भी काफिले के इर्दगिर्द रहेंगे। इसके बाद पंजाब और यूपी का खुफिया तंत्र भी सतर्क हो गया है।

12:10 PM, 06-Apr-2021

रोपड़ जेल पहुंची यूपी पुलिस

यूपी पुलिस रोपड़ जेल पहुंच गई है। कागजी कार्रवाई जारी है। कुछ ही देर में अंसारी की वापसी यात्रा शुरू होने की संभावना है। यूपी पुलिस के काफिले में वज्र वाहन सहित सात वाहनों ने जेल परिसर में प्रवेश किया।

12:04 PM, 06-Apr-2021

रास्ते में पड़ने वाले यूपी के सभी जिले अलर्ट पर

मुख्तार अंसारी को पंजाब से उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में लाया जाएगा। उत्तर प्रदेश के रास्ते में पड़ने वाले सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं मुख्तार अंसारी की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में मुख्तार अंसारी की सुरक्षा की मांग को लेकर याचिका लगाई है।  

11:58 AM, 06-Apr-2021
रोपड़ जेल रवाना होते यूपी पुलिस के अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला

यूपी पुलिस जेल रवाना

पुलिस लाइन से मुख्तार को लेने के लिए यूपी पुलिस रवाना हो गई है। जेल और पुलिस लाइन के बीच करीब दो किलोमीटर का फासला है। सीआईए की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

11:54 AM, 06-Apr-2021

रास्ता भटक गए थे यूपी पुलिस के वाहन

सोमवार सुबह बांदा से चला यूपी पुलिस का काफिला मंगलवार तड़के रोपड़ पहुंचा। हालांकि अलग रुट से आना यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बना रहा। पुलिस के कई वाहन रास्ते से भटक गए। 
 

11:54 AM, 06-Apr-2021

12 बजे बंद हो जाएगी जेल

अंसारी रोपड़ जेल की बैरक नंबर एक में है। रोपड़ जेल सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि जेल सुबह छह बजे से 12 बजे तक खुली होती है। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जेल बंद हो जाती है। उसके बाद जेल दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक खुलती है। 

11:42 AM, 06-Apr-2021

मुख्तार की वापसी : बांदा जेल पहुंचा काफिला, कानपुर देहात के सट्टी थाने के बाहर मीडिया को रोका

यूपी का बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी अब किसी भी पल यूपी पुलिस को सौंपा जा सकता है। रोपड़ जेल में पंजाब पुलिस ने सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। अंसारी की शिफ्टिंग के लिए रोपड़ जेल को किले में तब्दील कर दिया गया है। जेल के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कुछ ही देर में यूपी पुलिस रोपड़ पुलिस लाइन से जेल पहुंचेगी। जेल और पुलिस लाइन के बीच करीब दो किलोमीटर का फासला है। अंसारी की सभी मेडिकल जांच पूरी हो गई है लेकिन कोरोना रिपोर्ट पर पेंच फंस सकता है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें