फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan: आज किसानों का दिल्ली कूच टला, हरियाणा के सात जिलों में इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी

Wed, 21 Feb 2024 09:38 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Delhi Farmers Protest News Live Updates: केंद्र सरकार के प्रस्ताव को मानने से इनकार के बाद किसान आज दिल्ली कूच पर आमादा हैं। इसके लिए शंभू बॉर्डर पर हाईड्रोलिक क्रेन, जेसीबी व बुलेटप्रूफ पोकलेन जैसी भारी मशीनरी लाई गई है। वहीं खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से दो किसानों की मौत की सूचना है। यहां पढ़ें किसान आंदोलन का हर अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:16 PM, 21-Feb-2024

हरियाणा के सात जिलों में दो दिन और बढ़ी मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी

हरियाणा सरकार ने किसान आंदोलन को देखते हुए मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी दो दिन के लिए और बढ़ा दी है। गृह विभाग की ओर से जारी पत्र के मुताबिक अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में 23 फरवरी रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट व बल्क एसएमएस भेजने पर पाबंदी रहेगी। उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने इन जिलों में 11 फरवरी से मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी लगाई हुई है।

07:46 PM, 21-Feb-2024

दिल्ली कूच टला, अगली रणनीति बनाएंगे किसान

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि सरकार हमारी मांगें नहीं मान रही है। बुधवार को उन्होंने दिल्ली कूच को टाल दिया। उन्होंने किसानों को संबोधित किया और कहा कि सभी यूनियन नेताओं के साथ गुरुवार को चर्चा करने के बाद अगली रणनीति बनाई जाएगी। तब तक के लिए सभी किसानों को बॉर्डर से दूरी बनाने की अपील की। इसके बाद किसान लौटने लगे हैं।

07:08 PM, 21-Feb-2024

उधर, किसानों ने बुधवार को अपना दिल्ली कूच टाल दिया है। गुरुवार को किसान नई रणनीति बनाएंगे।  

विज्ञापन
06:42 PM, 21-Feb-2024

प्रदर्शनकारियों के हमले में 12 पुलिसकर्मी घायल

हरियाणा पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि दाता सिंह-खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियो ने पराली में मिर्च पाउडर डालकर पुलिस को चारो तरफ से घेर लिया। इसके बाद पथराव के साथ लाठी, गंडासे से पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसमें लगभग 12 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति की अपील। 
 

04:17 PM, 21-Feb-2024

किसान नेता बोले मौत हुई है

किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने बताया कि संगरूर के खनौरी बॉर्डर पर 23 साल के शुभकरण सिंह पुत्र चरणजीत सिंह गांव वलो जिला बठिंडा की मौत हो गई है। मृतक के शव को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रखा गया है। वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस बारे में ट्वीट किया है।
 

विज्ञापन
04:00 PM, 21-Feb-2024

किसानों की मौत से हरियाणा पुलिस का इनकार

दाता सिंह वाला-खनौरी बॉर्डर पर दो किसानों की मौत को हरियाणा पुलिस ने अफवाह करार दिया है। पुलिस का कहना है कि दो पुलिसकर्मी और एक प्रदर्शनकारी घायल हुआ है। वहीं जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि फिलहाल किसी किसान की मौत नहीं हुई है। एक किसान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। किसानों ने धान की पराली में आग लगाकर और मिर्ची डालकर पुलिस पर हमला किया है। इसके अलावा काफी किसानों ने तलवार व गंडासों से भी पुलिस पर हमला किया है। अब तक लगभग 10 पुलिस गंभीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 

 

03:23 PM, 21-Feb-2024

हरियाणा सरकार ने भी तैनात की जेसीबी

तनाव के बीच हरियाणा प्रशासन ने भी शंभू बॉर्डर पर जेसीबी और पोकलाइन मशीन तैनात कर दी हैं। 

03:22 PM, 21-Feb-2024

टोहाना बॉर्डर पर तैनात एसआई का निधन

टोहाना बॉर्डर पर तैनात हरियाणा पुलिस के एसआई विजय कुमार का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उनका स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
 

03:11 PM, 21-Feb-2024

केंद्र से वार्ता को लेकर नहीं बनी सहमति

केंद्रीय मंत्रियों से वार्ता को लेकर संगठन एकमत नहीं है। कुछ किसान नेता वार्ता को तैयार हैं लेकिन कुछ का मानना है कि सरकार से अब तक बातचीत में कोई मसला हल नहीं हुआ है। इस ग्रुप का यह भी मानना है कि युवा बहुत उत्तेजित हैं अगर बार बार आगे बढ़ने की स्थिति को डिफ्यूज किया गया तो वे हुड़दंग भी मचा देंगे। धरना स्थल पर कई निहंग भी आगे बढ़ने को लेकर बयान दे रहे हैं, दूसरी तरफ हरियाणा पुलिस की ओर से एक बार फिर ड्रोन के जरिए पंजाब के अधिकार क्षेत्र में गोले फेंके जा रहे हैं। पंजाब पहले भी इस पर एतराज जता चुका है।
 

03:01 PM, 21-Feb-2024

बैरिकेडिंग के नजदीक पहुंचे निहंग

शंभू बॉर्डर पर एक तरफ जहां किसान नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। वहीं दूसरी तरफ उग्र हुए किसान और निहंग हरियाणा की बैरिकेडिंग के बिल्कुल नजदीक पहुंच चुके हैं।

02:44 PM, 21-Feb-2024

खनौरी बॉर्डर पर दो किसानों की मौत

जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर पुलिस तथा किसानों के बीच हुए टकराव में दो किसानों की गोली लगने से मौके पर ही मौत की सूचना है। इसके अलावा 20 से ज्यादा किसान घायल हो गए हैं। काफी किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनको हरियाणा की तरफ ले आई है। काफी देर तक किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। काफी किसान खेतों के रास्ते से बॉर्डर को पार करने की तैयारी कर रहे थे, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिस किसान की मौत हुई है, वह खनौरी का बताया जा रहा है। फिलहाल उसके बारे में और कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है। पुलिस लगातार आंसू गैस के गोले दाग रही है और लाठीचार्ज किया जा रहा है। पुलिस तथा किसानों के बीच लगातार टकराव जारी है। किसान जेसीबी के माध्यम से बॉर्डर पर लगे अवरोधक को हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

02:18 PM, 21-Feb-2024

किसानों की बैठक खत्म

शंभू बॉर्डर पर किसानों की बैठक समाप्त हो गई है। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि वे केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर विचार करेंगे। इस बारे में कुछ देर में पत्रकारवार्ता की जाएगी।

02:10 PM, 21-Feb-2024

टिकैत ग्रुप ने मेरठ में किया प्रदर्शन 

भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत ने यूपी के मेरठ में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा कि हम एमएसपी गारंटी कानून और अन्य मुद्दों पर डीएम कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हम कल एसकेएम की बैठक में अपनी भविष्य की कार्रवाई तय करेंगे। 
 

01:43 PM, 21-Feb-2024

पंजाब के मंत्री ने की शांति बनाए रखने की अपील

पंजाब के मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सीमा पर स्थिति बहुत तनावपूर्ण है क्योंकि सरकार और किसानों के बीच बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला है। मैं अपील करता हूं कि किसान शांति बनाए रखें। मैं हरियाणा सरकार और प्रशासन के साथ-साथ केंद्र सरकार से भी आग्रह करता हूं कि उन्हें शांतिपूर्ण विरोध मार्च का उनका सांविधानिक अधिकार दिया जाए और उन्हें दिल्ली जाने की अनुमति दी जाए...सीएम ने मुझे जिम्मेदारी दी है और हमने सभी सीमावर्ती जिलों के अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं कीं। मैं सभी से संयम बरतने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने का आग्रह करता हूं।
 

01:38 PM, 21-Feb-2024

कुंडली बॉर्डर पर दो लेयर सुरक्षा और बढ़ी

पुलिस ने किसान आंदोलन-2 को लेकर कुंडली-सिंधु बॉर्डर पर सुरक्षा और बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने सिंघु क्षेत्र में दो लेयर सुरक्षा और बढ़ाई है। पत्थर के बैरिकेड पर चार अलग-अलग कंटीले तार लगाए गए हैं। बैरिकेड को कंक्रीट की तीन फीट की दीवार बनाकर पक्का कर दिया गया है। किसानों के आंदोलन के चलते पुलिस फोर्स और अर्धसैनिक बलों ने टेंट लगा दिए हैं।

01:27 PM, 21-Feb-2024

जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर पुलिस व किसानों के बीच टकराव

जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर दोपहर लगभग एक बजे पुलिस और किसानों के बीच टकराव हो गया। यहां पंजाब की तरफ से किसान बॉर्डर की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन से पानी की बौछार शुरू कर दी। इसमें लगभग 12 किसान घायल हो गए हैं। उनको एंबुलेस द्वारा अस्पतालों में भिजवाया जा रहा है। 




खनौरी बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। किसान भी ट्रैक्टरों के अलावा जेसीबी व पोकलेन मशीनें लेकर पहुंच रहे हैं। किसान किसी भी सूरत में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। दूसरी तरफ जींद-पटियाला हाईवे पर किसानों ने उचाना में भी पक्का मोर्चा शुरू कर दिया है। पंजाब के किसानों को हर मदद का ऐलान किया गया है। खटकड़ टोल प्लाजा को भी वाहनों के लिए फ्री किया जा चुका है।

01:22 PM, 21-Feb-2024

किसानों ने की आतिशबाजी

शंभू पर हरियाणा पुलिस की तरफ से आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं वहीं किसानों की तरफ से आतिशबाजी की जा रही है।  

01:09 PM, 21-Feb-2024

फिर दागे गए आंसू गैस के गोले

शंभू बॉर्डर पर फिर आंसू गैस के गोले दागे गए हैं।  
 

01:08 PM, 21-Feb-2024

पटियाला प्रशासन ने किसानों को बातचीत के लिए बुलाया

पटियाला प्रशासन ने किसान संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया है। प्रशासन के अधिकारियों और किसान नेताओं के साथ बातचीत शुरू हो गई है। प्रशासन की तरफ से पटियाला के कमिश्नर डीएस मांगट, डिप्टी कमिश्नर शौकत अहमद, डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर, एसएसपी वरुण शर्मा शामिल हैं। जबकि किसान नेताओं में जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवन सिंह पंधेर, रमनदीप सिंह आदि शामिल है। 

वहीं, धरनास्थल पर पर मौजूद किसान नेता सुरजीत फूल ने कहा कि सरकार का बातचीत का न्यौता आया है। क्या सरकार सिर्फ बातचीत के लिए बातचीत करना चाहती है। समय बर्बाद करने के लिए बातचीत करना चाहती है। हमने उनसे कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृह मंत्री अमित शाह अपने ट्विटर पर बयान जारी करें कि हम सभी फसलों पर एमएसपी कानून बनाने सहित सभी मांगों को मानने के लिए तैयार हैं।

12:50 PM, 21-Feb-2024

पंजाब को कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को एक एडवाइजरी भेजकर किसान आंदोलन के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा है।
 

12:22 PM, 21-Feb-2024

बैठक कर रहे हैं किसान

शंभू बॉर्डर पर किसान नेताओं की बैठकें जारी हैं। 

12:03 PM, 21-Feb-2024

हरियाणा पुलिस की अपील-शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें किसान

एआईजी मनीषा चौधरी ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने पंजाब से लगी सभी सीमाओं पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। किसान शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं और उन्हें कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। हमें जानकारी मिली कि किसान विरोध स्थल पर भारी मशीनरी लेकर आए हैं और हमने पंजाब पुलिस से ऐसी मशीनरी को अनुमति नहीं देने का अनुरोध किया है। हम किसानों से फिर से अपील करते हैं कि वे विरोध स्थल पर भारी मशीनरी न लाएं। वे अपनी मांगों के संबंध में हमें ज्ञापन सौंप सकते हैं... हम पंजाब पुलिस के साथ नियमित संपर्क में हैं और उनके साथ जानकारी साझा कर रहे हैं।
 

11:41 AM, 21-Feb-2024

कुछ समय के लिए टाला दिल्ली कूच

केंद्र सरकार के न्योते के बाद किसानों ने फिलहाल दिल्ली कूच कुछ समय के लिए टाल दिया है। किसानों की पटियाला प्रशासन से बात चल रही है।

11:25 AM, 21-Feb-2024

ट्रैक्टरों को पीछे हटने के आदेश

किसान संगठनों के नेताओं ने घोषणा की है कि ट्रैक्टर बंद कर दें, किसान नेता पैदल ही आगे जाएंगे। ट्रैक्टर आगे नहीं जाएंगे। हरियाणा पुलिस द्वारा पांच मिनट लगातार आंसू गैस गोले छोड़े गए, जिसके बाद किसान नेताओं ने आगे चल रहे युवाओं को दो कदम पीछे हटने के लिए कहा। किसान नेता डल्लेवाल ने कहा कि वह सरकार की तरफ से बातचीत के लिए प्रस्ताव का कुछ मिनट इंतजार करेंगे।

11:22 AM, 21-Feb-2024

ड्रोन से गिराए आंसू गैस के गोले, किसानों ने पतंग की डोर में फंसाए

शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े। ड्रोन को फंसाने के लिए किसान पतंग उड़ा रहे हैं। किसानों ने पतंग की डोर से ड्रोन को फंसाने की कोशिश की तो ड्रोन वापस चले गए। किसानों ने गुलेल का भी इंतजाम कर लिया है।

11:17 AM, 21-Feb-2024

फिर किसानों से बात करेगी सरकार

कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सरकार किसानों से पांचवें दौर की बातचीत के लिए तैयार है।

11:06 AM, 21-Feb-2024

पानीपत से शंभू बॉर्डर गए किसान 

भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पानीपत के किसान प्राइवेट गाड़ियों में मंगलवार सुबह रवाना हुए। किसान नेता हरेंद्र राणा और अन्य नेताओं की अगुवाई में किसान दस गाड़ियों में रवाना हुए। प्राइवेट गाड़ियों में किसान अलग-अलग स्थानों से आए। किसान भवन पर पुलिस तैनात रही। डीएसपी मुख्यालय धर्मबीर खर्ब ने पुलिसबल के साथ गाड़ियों का पीछा किया। किसानों ने चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन ने रोकने का प्रयास किया तो वे सारे नाके तोड़ देंगे। गुप्तचर विभाग किसानों के कूच को लेकर अलर्ट रहा। पंजाब के किसानों की मदद के लिए  भारतीय किसान यूनियन आगे आई।

11:02 AM, 21-Feb-2024

किसानों पर दागे गए आंसू गैस के गोले

पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागने शुरू किए। 

10:55 AM, 21-Feb-2024

हाईकोर्ट पहुंची हरियाणा सरकार 

हरियाणा सरकार किसान आंदोलन को लेकर फिर हाईकोर्ट पहुंची है। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में मोडिफाई किए ट्रैक्टरों और ट्रालियों को इकट्ठा न होने की गुहार लगाई गई है। सरकार ने कहा कि यह कानून व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा है, पंजाब सरकार इस पर कार्रवाई करे और इन्हें वहीं रोका जाए। हालांकि हाईकोर्ट ने इस पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है।
 

10:17 AM, 21-Feb-2024

किसानों से मिलने पहुंचे पंजाब के अधिकारी

पंजाब सरकार के अधिकारी आंदोलनकारी किसानों से मिलने के लिए शंभू बॉर्डर पहुंचे।
 

09:53 AM, 21-Feb-2024

शांति से आगे बढ़ेंगे

पंधेर ने कहा कि हम आगे बढ़ेंगे और पूरी दुनिया हमें शांति से आगे बढ़ते हुए देखेगी। अगर सरकार को लगता है कि किसानों को मारने से उनकी समस्या हल हो जाएगी तो वह ऐसा कर सकती है। लेकिन हम शांतिपूर्वक आगे बढ़ना जारी रखेंगे। पंधेर ने कहा कि हमने तय किया है कि कोई भी किसान, युवा आगे नहीं जाएगा। सिर्फ नेता शांतिपूर्ण आगे जाएंगे। हम सरकार से आज भी मांग करेंगे कि दिल्ली से बड़ा फैसला करें। आप कहें कि MSP पर गारंटी कानून बनाएंगे, ये आंदोलन अभी खत्म हो सकता है।
 

09:45 AM, 21-Feb-2024

मांग एक पर विरोध का तरीका अलग

किसान आंदोलन-2.0 में किसान संगठन एकजुट नहीं हो पा रहे हैं, बल्कि धड़ों में बंटे हुए हैं। खास बात ये है कि सभी किसान संगठनों की मांग एक ही है कि एमएसपी पर गारंटी कानून लागू किया जाए, लेकिन संगठनों के विरोध के तरीकों का रूप अलग-अलग है। संगठन अपने-अपने तरीके से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, लेकिन पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच के समर्थन से बच रहे हैं। भाकियू टिकैत गुट का कहना है कि उनका दिल्ली कूच को समर्थन नहीं है। लेकिन बुधवार को प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के पुतले फूंके जाएंगे।

09:02 AM, 21-Feb-2024

एक दिन और बढ़ी मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी

हरियाणा सरकार ने किसान आंदोलन को देखते हुए सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी 21 फरवरी रात 12 बजे तक के लिए बढ़ा दी है। राज्य सरकार ने 11 फरवरी को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में मोबाइल इंटरनेट और बल्क एसएमएस भेजने पर प्रतिबंध लगा दिया था। 

08:47 AM, 21-Feb-2024

11 बजे दिल्ली कूच तय

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर और जगजीत डल्लेवाल ने एलान किया है कि अब हम किसी से बात नहीं करेंगे। पूरे 11 बजे दिल्ली कूच किया जाएगा। 

08:32 AM, 21-Feb-2024

किसानों ने बनाई लीगल टीम

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने शंभू बॉर्डर पर कहा कि एमएसपी की मांग को लेकर उन्होंने अपनी एक लीगल टीम भी गठित कर ली है। इस टीम में एडवोकेट अखिल चौधरी को को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। टीम में एडवोकेट पंकज श्योराण, अदिति श्योराण, वर्तिका त्रिपाठी, मोहित तोमर और कपिल कुहाड़ शामिल हैं।

08:26 AM, 21-Feb-2024

पूरी तैयारी से आए हैं किसान

शंभू पर जुटे नौजवानों के पास आंसू गैस के गोलों से बचाव के लिए मास्क हैं। मिट्टी से भरे प्लास्टिक के थैले भी इकट्ठा कर लिए गए हैं। किसानों का कहना है कि वैसे तो वह भारी मशीनरी के जरिये सीमेंट से तैयार की भारी बैरीकेडिंग तोड़ लेंगे, लेकिन अगर फिर भी जरूरत पड़ी, तो नदी में इन मिट्टी के थैलों को डाल कर एक अस्थायी पुल बनाने का भी प्लान बी तैयार है, ताकि किसी भी हालत में दिल्ली कूच के कार्यक्रम में किसी तरह की कोई बाधा न आ सके। 
 

08:04 AM, 21-Feb-2024

पजाब-हरियाणा बॉर्डर पर 14000 की भीड़

केंद्र ने अनुमान लगाया है कि पंजाब-हरियाणा सीमा पर 1,200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, 300 कारों, 10 मिनी बसों के अलावा छोटे वाहनों के साथ लगभग 14,000 लोग एकत्र हुए हैं और इसके लिए पंजाब सरकार को अपनी कड़ी आपत्ति से अवगत कराया गया है। पंजाब सरकार को भेजे एक पत्र में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति चिंता का विषय है और उसने कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

07:41 AM, 21-Feb-2024

किसानों को रोकते शंभू थाना एसएचओ जख्मी

डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर किसानों को शंभू बॉर्डर की तरफ भारी वाहन और जेसीबी ले जाते समय रोकने के दौरान शंभू थाना के एसएचओ और एक अन्य अधिकारी जख्मी हो गए हैं। पटियाला शंभू थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अमन पाल सिंह विर्क और मोहाली के एसपी जगविंदर सिंह चीमा जख्मी हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया है। अधिकारियों ने शंभू बॉर्डर से करीब 5 किलोमीटर पहले नाकाबंदी की हुई थी, जहां पर यह वाक्या हुआ है। थाना प्रभारी अमनपाल सिंह विर्क के घुटनों पर चोट आई है।

07:27 AM, 21-Feb-2024

हरियाणा डीजीपी ने पंजाब डीजीपी को लिखा पत्र

Farmers Protest Today: हरियाणा के डीजीपी द्वारा पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखने के बाद पंजाब के डीजीपी ने खनौरी और शंभू में पंजाब-हरियाणा सीमा की ओर जेसीबी, पोकलेन, टिपर, हाइड्रा और अन्य भारी मिट्टी हटाने वाले उपकरणों की आवाजाही को रोकने का आदेश दिया है।

07:22 AM, 21-Feb-2024

हाईकोर्ट ने जताई आपत्ति

Delhi Farmers Protest: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने किसानों के प्रदर्शन के तरीके पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग नहीं किया जा सकता, लेकिन किसान इन पर अमृतसर से दिल्ली तक यात्रा कर रहे हैं। सभी अपने अधिकारों के बारे में जानते हैं, लेकिन सांविधानिक कर्तव्य भी हैं, उन्हें क्यों भूल जाते हैं। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, प्रदर्शनकारियों को बड़ी संख्या में क्यों इकट्ठा होने दिया जा रहा है। पंजाब सरकार सुनिश्चित करे कि लोग बड़ी संख्या में एकत्र न हों।

07:21 AM, 21-Feb-2024

कृषि मंत्री ने की शांति बनाए रखने की अपील

Famers Protest News: केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों और किसान संगठनों से शांति बनाए रखने की अपील की है। कहा, हम सभी शांति चाहते हैं और हमें मिलकर समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा, हमने कई प्रस्तावों पर चर्चा की। हमें पता है कि किसान प्रस्तावों से संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन यह चर्चा जारी रहनी चाहिए, हमें शांतिपूर्वक समाधान निकालना चाहिए। एमएसपी पर सरकार के प्रस्ताव को खारिज किए जाने का हवाला देते हुए मुंडा ने कहा, हम अच्छा करना चाहते हैं। इसके लिए कई राय दी जा सकती हैं। हम हमेशा अच्छी राय का स्वागत करते हैं। लेकिन, वह राय कैसे उपयोगी होगी, इसका हल खोजने के लिए बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। 

07:19 AM, 21-Feb-2024

Kisan Andolan: आज किसानों का दिल्ली कूच टला, हरियाणा के सात जिलों में इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी

Kisan Andolan News: न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी पर केंद्र के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेतृत्व में किसान बुधवार को सुबह 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे। इसके लिए वे सीमा पर बुलडोजर, हाइड्रोलिक क्रेन, बुलेटप्रूफ पोकलेन जैसी भारी मशीनों के साथ जुट गए हैं। आंसू गैस के गोलों से बचाव के लिए बड़ी संख्या में मास्क भी हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें