फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan Live: केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक बेनतीजा, अब रविवार को फिर से होगी वार्ता, MSP पर अड़े किसान

Fri, 16 Feb 2024 01:57 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Farmer Protest Live Updates News in Hindi: किसानों के दिल्ली कूच का आज तीसरा दिन है। मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर हुए बवाल के बाद बुधवार को भी तनाव की स्थिति बनी रही। शाम को तय हुआ कि गुरुवार को एक बार फिर केंद्र किसानों से बात करेगा। तब तक किसानों ने आगे न बढ़ने का निर्णय लिया है। जानें पल-पल के अपडेट...
विज्ञापन
बैठक के बाद बाहर निकलते किसान नेता। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:41 AM, 16-Feb-2024

किसान यूनियनों के साथ बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का कहना है, "आज सरकार और किसान यूनियनों के बीच बहुत सकारात्मक चर्चा हुई. किसान यूनियन द्वारा उठाए गए विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए हमने फैसला किया है कि अगली बैठक रविवार शाम 6 बजे होगी। हम सभी शांतिपूर्वक समाधान निकालेंगे।

01:34 AM, 16-Feb-2024

किसानों की केंद्रीय मंत्रियों के साथ तीसरी बैठक बेनतीजा रही है। बल प्रयोग पर किसानों ने विरोध जताया है। वहीं किसान एमएसपी पर अड़े हुए हैं। अगली वार्ता रविवार को होगी। किसानों और सरकार में तीसरे दौर की वार्ता खत्म हो गई है, किसान अगली बातचीत जल्दी चाह रहे थे।

01:27 AM, 16-Feb-2024

एमएसपी पर अड़े किसान, हरियाणा के बल प्रयोग पर जताई कड़ी आपत्ति
केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चल रही तीसरे दौर की बैठक वीरवार-शुक्रवार रात एक बजे तक जारी है। इस बैठक के शुरू होते ही किसानों ने हरियाणा सरकार और पुलिस की ओर से किए गए बल प्रयोग पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर केंद्रीय मंत्री उन्हें समझाते नजर आए। इसके बाद एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित अन्य मांगों पर चर्चा शुरू हुई। केंद्रीय मंत्री लखीमपुर खीरी कांड समेत अन्य मांगों पर किसानों के साथ सहमत दिखे, लेकिन एमएसपी की कानूनी गारंटी पर कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया।

विज्ञापन
12:39 AM, 16-Feb-2024

तीसरे दौर की बैठक में किसानों ने हरियाणा के बल प्रयोग पर जताया विरोध

किसान संगठनों ने हरियाणा सरकार की ओर से की गई बैरिकेडिंग और किसानों पर बल प्रयोग का विरोध भी इस बैठक में जताया। किसानों ने दिल्ली का रास्ता खोलने की मांग भी की। इससे पहले भी 8 और 12 फरवरी को वार्ता हो चुकी है, जो कि बेनतीजा रहीं। किसानों की तरफ से एमएसपी की गारंटी और स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट ही मुख्य मांगें हैं। इससे पहले की बैठक में किसानों पर दर्ज पुलिस केस वापस लेने जैसी मांगों पर सहमति बन गई थी। दोनों पक्षों में बैठक शाम 5 बजे शुरू होनी थी, जिसके लिए किसान नेता समय पर मगसीपा भवन पहुंच गए, लेकिन ताज होटल में ठहरे केंद्रीय नेताओं के साथ मुख्यमंत्री मान एवं वित्त मंत्री हरपाल चीमा की बैठक के चलते केद्रीय नेता रात 8 बजे तक ही किसानों के साथ बैठक के लिए पहुंच सके।

11:48 PM, 15-Feb-2024

शंभू सीमा पर एक बार फिर टकराव की स्थिती बन गई। निहंग सिंह की पीठ में रबर की गोली लगी है। वह अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस फोर्स ने आंसू गैस के गोले भी दागे हैं। बताया जाता है कि कुछ निहंग घग्गर के पुल पर बैरिकेड के पास जाकर पुलिसकर्मियों को ललकार रहे थे। समझाने पर नहीं माने तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट का प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा।

विज्ञापन
09:28 PM, 15-Feb-2024

कल पंजाब में प्राइवेट बसें नहीं चलेंगी

भारत बंद के समर्थन में शुक्रवार को पंजाब में प्राइवेट बसें नहीं चलेंगी। प्राइवेट बस ऑपरेटर ने यह ऐलान किया है।

09:04 PM, 15-Feb-2024

किसानों के समर्थन में पंजाब कांग्रेस भी भारत बंद में शामिल

पंजाब कांग्रेस 16 फरवरी को भारत बंद के दौरान राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी। अपने दिल्ली कूच आंदोलन के तहत इस समय हरियाणा की सीमाओं पर बैरिकेडिंग और बल प्रयोग के विरोध में किसान संगठनों ने भारत बंद का एलान किया है। वहीं, देशभर के किसान संगठनों द्वारा 16 फरवरी को भारत बंद की घोषणा की गई है। किसान बेरोजगारी जैसे मुद्दों के साथ-साथ जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ते हुए एमएसपी पर गारंटी जैसे अधिकार भी मांग रहे हैं।

इसके तहत, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से पीसीसी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पंजाब के राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें राज्य के किसानों के लिए न्याय की मांग की जाएगी।

08:58 PM, 15-Feb-2024

पीएसईबी ने जारी की एडवाइजरी

भारत बंद की लेकर पीएसईबी ने एडवाइजरी जारी की है। 16 फरवरी को भारत बंद के चलते एक घंटा पहले पहुंचने की कोशिश की जाए, जिससे पेपर में कोई प्रॉब्लम न आए। भारत बंद के चलते कोई भी बोर्ड का पेपर मुल्तवी नहीं किया गया।

08:44 PM, 15-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री बैठक के लिए पहुंचे

किसान नेताओं के साथ बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री मीटिंग स्थल पर पहुंचे।

07:59 PM, 15-Feb-2024

किसान नेताओं से मिलने पहुंचे सीएम मान

सीएम भगवंत मान किसान नेताओं से बैठक के लिए सेक्टर 26 के महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट पहुंचे। 

07:40 PM, 15-Feb-2024

भगवंत मान के साथ केंद्र की बैठक

किसानों से पहले केंद्रीय मंत्रियों की पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ होटल ताज में बैठक चल रही है। बैठक में पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा भी मौजूद हैं। 

07:13 PM, 15-Feb-2024

सात जिलों में 17 फरवरी तक मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप

हरियाणा सरकार ने किसान आंदोलन को देखते हुए सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी 17 फरवरी रात 12 बजे तक बढ़ा दी है। गृह विभाग की ओर से जारी पत्र के मुताबिक अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में मोबाइल इंटरनेट और बल्क एसएमएस भेजने की सेवाएं बंद रहेंगी। उल्लेखनीय है कि इन जिलों में सरकार ने 11 फरवरी से मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी लगा रखी है।

07:04 PM, 15-Feb-2024

भारतीय किसान परिषद ने भारत बंद का किया समर्थन

भारतीय किसान परिषद ने भारत बंद का समर्थन किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि कल हजारों की तादाद में किसान चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ऐलान किया गया।

06:45 PM, 15-Feb-2024

हरियाणा कांग्रेस ने 17 फरवरी तक सभी कार्यक्रम किए स्थगित

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 17 फरवरी तक के अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है। किसान आंदोलन के चलते इन कार्यक्रमों को फिलहाल टाला गया है। स्थगित हुए कार्यक्रमों में 17 तारीख को हिसार में होने वाला पिछड़ा वर्ग सम्मेलन, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के विभिन्न कार्यक्रम भी शामिल हैं। कार्यक्रम निर्धारण समिति के प्रमुख अशोक अरोड़ा ने यह जानकारी दी। 

06:06 PM, 15-Feb-2024

किसान आंदोलन के चलते कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की 20 से शुरू होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा शाखा द्वारा गुरुवार को किसान आंदोलन के चलते जारी अलर्ट और सड़कों के बंद होने के कारण 20 फरवरी से शुरू होने वाली सेंटर फॉर डिस्टेंस और ऑनलाइन एजूकेशन (दूरवर्ती शिक्षा) के पाठ्यक्रमों व अन्य कोर्सेज की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इस संबंध में परीक्षा शाखा द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

06:04 PM, 15-Feb-2024

हिसार में किसानों ने सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

शंभू बॉर्डर पर किसानों पर हुए लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले दागने पुलिस द्वारा रास्ता रोकने के विरोध में गुरुवार को सिसाय कालीरामण गांव के चबूतरे पर किसानों की महापंचायत हुई। महापंचायत की  अध्यक्षता सिसाय गांव के सरपंच राजेश सिहाग ने की। बैठक में हिसार जिले के 40 गांव किसान व ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में हरियाणा के किसानों ने पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का समर्थन करने, दिल्ली तक पहुंचाने में उनकी हर संभव मदद करने व सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। जिले के किसान गांव-गांव जाकर संपर्क अभियान चलाएंगे। ट्रेक्टर मार्च निकालकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को पंजाब के किसानों की मदद करने की अपील करेंगे। बैठक में किसानों ने कहा कि किसानों के दिल्ली कूच के बीच में सरकार के आदेश  पर पुलिस प्रशासन रोड़ा बन रहा है। हाईवे को बंद किया जा रहा है। इंटरनेट बंद कर दिए गए हैं। किसानों ने कहा कि सरकार ऐसा करके लोकतंत्र का हनन कर रही है।

05:55 PM, 15-Feb-2024

बैठक के लिए चंडीगढ़ पहुंचने लगे किसान नेता

किसान नेता केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ बातचीत के लिए चंडीगढ़ सेक्टर 26 के महात्मा गांधी स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन पहुंचना शुरू हो गए। इस बार के किसान आंदोलन के प्रमुख नेता में से एक जगजीत सिंह डल्लेवाल पहुंच चुके हैं।

05:50 PM, 15-Feb-2024

बैठक में मौजूद रहेंगे पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा

पंजाब सरकार की तरफ से केंद्र सरकार और किसानों की बैठक में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा मौजूद रहेंगे।

05:36 PM, 15-Feb-2024

एमएसपी पर कानूनी गारंटी कब थी-बिनोद आनंद 

किसान आंदोलन पर पीएम एमएसपी समिति के सदस्य बिनोद आनंद ने कहा कि अगर एमएसपी पर कानूनी गारंटी देश की आर्थिक प्रगति और किसानों के कल्याण का एकमात्र तरीका है, तो हम ऐसा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। लेकिन एमएसपी पर कानून की गारंटी कब थी। प्रधानमंत्री ने कभी ऐसा नहीं कहा। उन्होंने कहा कि ये गुंडे किसान और कुछ राजनीति से प्रेरित लोग हैं...एक विशेष राज्य के लोग अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ किसानों का इस तरह इस्तेमाल कर रहे हैं...एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी पर कभी कुछ नहीं कहा गया। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी कृषि नीतियां बनानी होंगी जो 2075 तक वैध हों ताकि वित्तीय असमानताएं कम हों...एमएसपी एक जटिल विषय है, उन्हें हमारे साथ आना चाहिए और बैठना चाहिए। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि अगर मैं उनके सवालों का जवाब देने में असमर्थ हूं तो मैं समिति से इस्तीफा दे दूंगा। यह एक नाटक है और देश का ध्यान भटकाने और तोड़ने वाली बात है। 
 
 

05:18 PM, 15-Feb-2024

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अन्य नेताओं के साथ पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से किसान आंदोलन की गतिविधियों को लेकर मुलाकात की और उन्हें हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज व हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पंजाब के किसानों पर हरियाणा पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़ने और रबड़ की गोलियां चलाने का मामला उठाया। राजा वड़िंग ने कहा कि ऐसा कर हरियाणा पुलिस ने गलत किया। हरियाणा पुलिस ने पंजाब की तरफ प्रदर्शन कर रहे किसानों पर अत्याचार किया। इस दौरान कई किसानों को आंखों, सिर, गर्दन पर चोटें आईं। हरियाणा पुलिस पर कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नेशनल हाईवे राष्ट्र की संपत्ति है। किसानों को बिना किसी रोक-टोक से आने जाने का अधिकार है।

05:05 PM, 15-Feb-2024

कुछ ही देर में होगी बैठक

किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच कुछ ही देर में चंडीगढ़ में बैठक होगी। इसी बैठक का नतीजा पूरे आंदोलन की रुपरेखा तय करेगा। 

04:22 PM, 15-Feb-2024

पंजाब के तीन जिलों में नेट बंद, गृह मंत्रालय की सख्ती

किसान आंदोलन के बीच गृह मंत्रालय ने अब पंजाब पर सख्ती करते हुए प्रदेश के तीन जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। पंजाब सरकार ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। 

04:19 PM, 15-Feb-2024

किसान नेता चंडीगढ़ रवाना

किसान नेता केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक के लिए चंडीगढ़ रवाना हो गए हैं। 

03:15 PM, 15-Feb-2024

शंभू बॉर्डर पर दिखी शांति

हरियाणा पंजाब के शंभू बॉर्डर पर किसान यूनियन अब भटके हुए आंदोलन को राह दिखाने में जुट गई है। सुबह 10 बजे से बॉर्डर पर दोनों तरफ शांति बनी हुई है। यूनियन की तरफ से दो दिन से आगे बढ़कर टकराव कर रहे युवा किसानों को पीछे किया गया है। बुजुर्ग किसान खुद हाथ में झंडे लेकर बॉर्डर पर मोर्चा संभाले हैं। जब तक वार्ता नहीं हो जाती है तब तक शांति बनी रहेगी।

02:51 PM, 15-Feb-2024

कल हरियाणा में फ्री किए जाएंगे टोल

किसानों के प्रदर्शन पर किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि आज की बैठक में तीन फैसले लिए गए। पहला ये कि हम कल 3 घंटे के लिए हरियाणा को टोल फ्री रखेंगे, दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक। शनिवार को हर तहसील में दोपहर 12 बजे से ट्रैक्टर परेड होगी। 18 फरवरी को सभी किसान और मजदूर संगठनों की संयुक्त बैठक होगी...उसी बैठक में आगे के फैसले लिए जाएंगे।

02:31 PM, 15-Feb-2024

ये ट्रेनें प्रभावित

पंजाब में किसानों का रेल रोको प्रदर्शन शाम चार बजे तक चलेगा। आंदोलन के कारण  12 से 1 बजे तक के समय की आम्रपाली एक्सप्रेस, अमृतसर से कटिहार एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, मुंबई अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर दिल्ली 12498 शान ए पंजाब प्रभावित हुई। 

02:20 PM, 15-Feb-2024

हाईकोर्ट में सुनवाई

किसान संगठनों के दिल्ली कूच करने के मामले में सभी पक्षों ने हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दी। कोर्ट को बताया गया कि आज  सरकार व किसान संगठनों के बीच बैठक होनी है जिसमें सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। इस जवाब के बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई मंगलवार तक स्थगित कर दी।

01:27 PM, 15-Feb-2024

किसानों के दिल्ली कूच पर बोले हरियाणा के सीएम

किसानों के दिल्ली कूच पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसान लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें। ट्रैक्टर खेती के लिए है, ट्रांसपोर्ट के लिए नहीं। बातचीत से समाधान निकलेगा। दिल्ली जाना सबका लोकतांत्रिक अधिकार है लेकिन जाने से पहले मोटिव होना चाहिए।

12:25 PM, 15-Feb-2024

सुरक्षा में तैनात बीएसएफ के जवान हुए बीमार

टिकरी बॉर्डर से पहले सेक्टर 9 मोड़ पर तैनात बीएसएफ और आईटीबीपी के जवान खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए। लूज मोशन की शिकायत के बाद सभी 11 जवानों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। 5 जवानों को प्रारम्भिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई जबकि 6 जवानो का अभी भी उपचार चल रहा है। बहादुरगढ के गर्ल्स कॉलेज में बीएसएफ की टुकड़ी का ठहराव है।

12:15 PM, 15-Feb-2024

रेल रोको आंदोलन भी शुरू

पंजाब में किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू हो गया है। साथ ही सभी टोल भी फ्री करवा दिए गए हैं।
 

11:19 AM, 15-Feb-2024

आप ने दो रैलियां कैंसिल की

किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने 18 और 22 तारीख को होने वाली रैलियां स्थगित कर दी हैं।  

10:43 AM, 15-Feb-2024

करनाल में लगा लंबा ट्रैफिक जाम

करनाल में किसान आंदोलन के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। जिसकी वजह से यात्रियों को दिल्ली में प्रवेश करने में देरी का सामना करना पड़ा रहा है।
 

10:36 AM, 15-Feb-2024

शंभू बॉर्डर पर चल रहा लंगर

शंभू सीमा पर आंदोलनकारी किसानों के बीच भोजन तैयार और वितरित किया जा रहा है।
 

10:16 AM, 15-Feb-2024

हमारे लिए जीवन-मृत्यु का मामला है-पंधेर

किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि हमारी मांगें 'पुनरावृत्ति' नहीं बल्कि हमारे लिए जीवन और मृत्यु का मामला है। हम अपनी बात मंत्रियों के सामने रखेंगे। 

09:55 AM, 15-Feb-2024

नौकरीपेशा, उद्योगपति सभी परेशान

हाईवे बंद होने से दिल्ली से आने वाले उद्योगपति व कर्मी गांवों के रास्ते आ रहे है। दिल्ली में कार्यरत सोनीपत के सरकारी विभागों के कर्मियों को भी परेशानी हो रही है। सोनीपत शहर में रहने वाले अधिकारी व कर्मचारी ट्रेन का सहारा लेकर दिल्ली जा रहे है। हाईवे से सटे गांवों में रहने वालों को मुसीबत हो रही है। उन्हें अपने वाहनों में गांवों की गलियों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
 

09:52 AM, 15-Feb-2024

नाके पर खड़ी पुलिस टीम को कार ने मारी टक्कर

गुरुवार तड़के केजीपी-केएमपी जीरो प्वाइंट पर नाका लगाए खड़ी पुलिस टीम को कार चालक ने टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने एक तरफ कूदकर जान बचाई। जिसमें एक होमगार्ड जवान घायल हो गया। कार सवार पटरी से टकरा गए। कार सवार तीन युवक शराब के नशे मिले। उनके खिलाफ राई थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। 

09:38 AM, 15-Feb-2024

तीन घंटे फ्री किए जाएंगे टोल

पंजाब में आज सुबह 11 बजे से 2 बजे सारे सभी टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे।

09:12 AM, 15-Feb-2024

तीन मांगें पूरी होने तक आंदोलन 

सरवण सिंह पंधेर ने बताया कि तीन मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ये मांगें हैं-एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्जमाफी और बिजली अधिनियम रद्द करना। राज्य की सीमा पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती, पुलिस की कार्रवाई और ड्रोन के इस्तेमाल पर भी पंधेर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं, तो बलप्रयोग क्यों किया जा रहा है। 

08:45 AM, 15-Feb-2024

शंभू पर डटे हैं 25 हजार किसान

करीब 25 हजार किसान शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं, फिलहाल कूच रोक दिया है। वहीं आज भाकियू एकता उगराहां ने पंजाब में ट्रेनें रोकने का एलान किया है। इसके अलावा एसकेएम की करीब 34 जत्थेबंदियों ने 15 फरवरी को सुबह 11 से 2 बजे तक टोल फ्री कराने की घोषणा की है।

08:16 AM, 15-Feb-2024

पीएम मंत्रियों से बात करें ताकि हम समाधान तक पहुंचे : पंधेर

पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि आज हमारी मंत्रियों के साथ बैठक है और हम चाहते हैं कि पीएम मोदी उनसे बातचीत करें ताकि हम अपनी मांगों के समाधान तक पहुंच सकें। हमें दिल्ली में शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए। हम आज पूरी तरह से सकारात्मक मूड में बैठक में शामिल होने जा रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि इस बैठक से कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा।
 

07:58 AM, 15-Feb-2024

तीन केंद्रीय मंत्री करेंगे बात

बैठक में तीन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय शामिल होंगे। पहले यह बैठक बुधवार शाम को ही प्रस्तावित थी। इसमें केंद्र के प्रतिनिधि ऑनलाइन जुड़ने थे। मगर इसे बाद में वीरवार के लिए निर्धारित कर दिया गया।

07:52 AM, 15-Feb-2024

Kisan Andolan Live: केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक बेनतीजा, अब रविवार को फिर से होगी वार्ता, MSP पर अड़े किसान

पंजाब के किसान दिल्ली कूच पर अड़े हैं। दो दिन से वे हरियाणा की सीमाओं पर डटे हैं। केंद्र सरकार से दो बार वार्ता विफल होने के बाद किसानों और केंद्र सरकार के बीच अब गुरुवार को चंडीगढ़ में शाम पांच बजे तीसरे दौर की बातचीत होगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें