फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalandhar Bypoll 2023 Live: जालंधर उपचुनाव में हुआ 54 फीसदी मतदान, 13 मई को आएंगे नतीजे

Wed, 10 May 2023 07:59 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Jalandhar Lok Sabha ByElection 2023 Live News in Hindi: जालंधर लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। नौ विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता 1972 केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम साढ़े छह बजे तक वोट डालेंगे। 16 लाख से ज्यादा मतदाता 19 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। जानें पल-पल के अपडेट....
विज्ञापन
गाड़ी में बैठा बाबा बकाला का विधायक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:57 PM, 10-May-2023

जालंधर लोकसभा सीट पर बुधवार को कुल 54 फीसदी मतदान हुआ है। 13 मई को नतीजे आएंगे। 

05:32 PM, 10-May-2023

जालंधर में पांच बजे तक 50.5 फीसदी मतदान हुआ। शाम छह बजे के बंद हो जाएगी मतदान प्रक्रिया।

03:50 PM, 10-May-2023

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने अमृतसर वेस्ट से विधायक जसबीर संधू की जालंधर उपचुनाव में बूथ पर बैठे एक फोटो ट्वीट की। उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव आयोग इन पर कार्रवाई करेगा?

विज्ञापन
03:48 PM, 10-May-2023

जालंधर लोकसभा उपचुनाव में तीन बजे तक 41 फीसदी मतदान हुआ है।

03:31 PM, 10-May-2023

आप हल्का इंचार्ज के दफ्तर में घुसकर पुलिस ने की जांच, हुई बहस

चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा उत्पन्न ना हो इसके लिये में सीआरपीएफ तैनात हैं। जिले में कोई बाहरी व्यक्ति ना हो इसलिए पुलिस कई बूथों पर चैकिंग कर रही है। इसी तरह ढन्न मोहल्ले में आम आदमी पार्टी के नेता दिनेश ढल्ल के ऑफिस पुलिस ने चैकिंग की। इस दौरान पुलिस ने दफ्तर में बैठे सभी व्यक्तियों के आईडी कार्ड चैक किए। चैकिंग के दौरान दिनेश ढल्ल की पुलिस के साथ बहसबाजी भी हुई।

विज्ञापन
03:22 PM, 10-May-2023

शाहकोट में घूम रहे आप विधायक टोंग पर मामला दर्ज

शाहकोट में घूम रहे आप विधायक दलबीर सिंह टोंग के खिलाफ थाना शाहकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जमानत पर छोड़े जाने की सूचना है। विधायक टोंग को सुबह शाहकोट के कांग्रेसी विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने घूमते हुए पकड़ा था और उन्हें कमरे में बंद कर लिया था जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें छुड़ाकर थाने ले गई थी। यह कार्रवाई चुनाव आयोग के आदेशों पर हुई है, जिसकी शिकायत कांग्रेसी उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी ने की थी।

03:15 PM, 10-May-2023


1923 में जन्मे स्वर्ण नगर जालंधर के रहने वाले 100 साल के प्रकाश सिंह वोट डालने के बाद अपना निशान दिखाते हुए

03:01 PM, 10-May-2023

देहात में पुलिस ने करवाई अनाउंसमेंट

उपचुनाव में पोलिंग बूथों पर बैठे बाहरी नेताओं की उपस्थिति की शिकायत चुनाव आयोग के पास पहुंची तो बाद दोपहर कुंभकरण की नींद सो रही पुलिस ने अलावलपुर के गांव में अनाउंसमेंट करवाई। पुलिस ने कहा कि बूथ पर दूसरे जिले का तो छोड़ो दूसरे गांव का कोई भी व्यक्ति नहीं होना चाहिये। अगर कोई मतदान प्रक्रिया को बाधित कर रहा है या मतदाताओं को लालच दे रहा है तो इसकी शिकायत करें, उसे तुरंत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

02:45 PM, 10-May-2023

जालंधर वेस्ट में आप के बूथ पर बैठे दिखे अमृतसर के विधायक अजय गुप्ता

उपचुनाव में चुनाव आयोग के आदेशों की धज्जियां जमकर उड़ाई जा रही है। अब बाहरी लोगों को लेकर गरमाए सियासी माहौल के बीच मॉडल हाउस में अमृतसर सेंट्रल के विधायक अजय गुप्ता आम आदमी पार्टी के बूथ पर बैठे दिखे। इस दौरान वह आप वर्करों के साथ चर्चा करते दिखे। लेकिन किसी भी पार्टी द्वारा उनके पोलिंग बूथ पर बैठने का विरोध नहीं किया है।

02:40 PM, 10-May-2023

फिल्लौर और करतारपुर में हंगामा... भिड़ गए कांग्रेसी और आप कार्यकर्ता

मतदान के दौरान विधानसभा करतारपुर और फिल्लौर में हंगामा हुआ। करतारपुर में लुधियाना के विधायक मदन लाल बग्गा की गाड़ी रोका गया है तो फिल्लोर में बिक्रमजीत चौधरी ने हल्के के बाहर से आए आप वर्करों को पकड़ा है। दोनो विधानसभा हल्कों में तीखी नोकझोंक की खबरे भी सामने आई। बताया जा रहा है कि आप नेता और वर्कर जिला के बाहर से आकर वोटिंग को प्रभावित कर रहे हैं।

02:32 PM, 10-May-2023

आदमपुर में पूर्व अकाली विधायक ने भी पकड़े बाहरी लोग

आदमपुर में अकाली दल के पूर्व वियायक पवन टीनू ने आरोप लगाया कि यहां पोलिंग बूथ में अटारी से आए आम आदमी पार्टी के वर्कर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकल कोई भी बैठे, हमें कोई एतराज नहीं है। चुनाव आयोग के ही नियम है कि कोई बाहरी व्यक्ति नहीं आ सकता। इसके बावजूद ये सब हो रहा है। ऐसे में क्या यह फ्री एंड फेयर इलेक्शन है?

02:24 PM, 10-May-2023

पोलिंग एजेंटों को लेकर बवाल

जालंधर के लोकसभा उपचुनाव में पोलिंग एजेंटों को लेकर सियासी बवाल मच गया है। कांग्रेस और भाजपा ने कुछ फोटो जारी की हैं, जिसमें दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने बाहर से कार्यकर्ता बुलाकर यहां पोलिंग एजेंट बना रखे हैं। तो आम आदमी पार्टी सरकार के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि विरोधी पार्टियों को पोलिंग एजेंट नहीं मिल रहे हैं। उनके बूथ खाली पड़े हुए हैं। वहीं इसको लेकर भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग और जालंधर के डीसी को भी शिकायत भेज दी है और बाहरी लोगों को चुनाव प्रभावित करने पर कार्रवाई करने के लिये कहा है। 

02:15 PM, 10-May-2023

पत्थरबाजी में एक युवक बुरी तरह से लहुलुहान

वोटिंग के दौरान जालंधर वेस्ट के भार्गव कैंप में नारी निकेतन के पास लगे बूथ पर हिंसक झड़प हुई है। मारपीट के दौरान कुछ देर के लिये बूथ पर वोटिंग रोकी गई। विरोधी पार्टी के वर्करों द्वारा पत्थरबाजी हुई है। पत्थरबाजी में एक युवक बुरी तरह से लहुलुहान हुआ है। उसे गंभीर हालात में अस्पताल दाखिल करवाया गया है ।

01:19 PM, 10-May-2023

चुनाव आयोग की मेल कर शिकायत दर्ज करवाई

जालंधर उपचुनाव में बूथों पर बैठे आप विधायकों का विरोध करते हुए कांग्रेसी प्रत्याशी करमजीत कौर चौधरी ने चुनाव आयोग की मेल कर शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा गया कि आप के अन्य जिलों से आये विधायकों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्णता को भंग किया है, वोटरों को लुभा रहे हैं और धमका रहे हैं। इन पर तुरंत कार्रवाई की जाये।

12:55 PM, 10-May-2023



दिव्यांग बेटी को साथ लेकर वोट डालने आई बबिता

12:25 PM, 10-May-2023

वोट के बदले दे रहे थे आटा, पुलिस पहुंची तो भाग गये लोग

वोटरों को लुभाने के लिये सियासी पार्टियां कोई कसर नहीं छोड़ नहीं। देर रात थाना डिविजन नंबर 8 इलाके में पड़ते लंबा पिंड चौक के पास बंट रहा चुनावी आटा पुलिस ने बरामद किया। हालांकि इस दौरान आटा बांटने वाले मौके से फरार हो गए। इलाके में कुछ लोग वोटों पर आटे का लालच देकर वोट मांग रहे थे।


मौके से पुलिस को बरामद हुई आटे की बोरियां।

पता लगने पर दूसरी पार्टी के लोग मौके पर पहुंच गए। दूसरी पार्टी की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ आटे की थैली बरामद कीं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया लेकिन कुछ लोग फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच करने के साथ आटा किसके कहने पर बांटा जा रहा था इसकी पूछताछ की जा रही है।

12:13 PM, 10-May-2023

फिल्लौर में मतदान के बाद निशान दिखाती कांग्रेसी उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी, विधायक बेटा विक्रमजीत सिंह चौधरी और अन्य के साथ।

11:55 AM, 10-May-2023

एएसआई ने काम के लिए बोला तो झगड़ पड़ा हवलदार... हुई नोकझोंक

मकसूदां एरिया में पड़ते गांव नंदनपुर रोड़ पर बने वोटिंग बूथ में गेट पर तैनात हवलदार और ड्यूटी पर तैनात एएसआई के बीच तीखी नोकझोंक हुई। वोटरों के सामने हुई इस नोकझोंक से लोग पुलिस कर्मियों पर हंस रहे थे। जानकारी के मुताबिक एएसआई ने गेट पर खड़े हवलदार से कुछ काम बोला तो वो बिफर कर कहने लगा कि मैं गेट पर ड्यूटी दे रहा हूं। सारे काम कैसे करूं। इस पर थानेदार ने कहा कि मैं सीनीयर हूं, सारे काम हमें मिल कर देखने हैं, लेकिन हवलदार गुस्से में ऊंची आवाज में थानेदार से बहसने लगा। वहां मतदान करने पहुंचे लोगों ने उन्हें शांत करवाया।

11:29 AM, 10-May-2023

विधायक दलवीर सिंह टोंग जालंधर में घूम रहे

जालंधर उपचुनाव के दौरान शाहकोट में झड़प हो गई। शाहकोट में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। इस दौरान कांग्रेस के विधायक ने आम आदमी पार्टी के विधायक को कमरे में बंद कर दिया। शाहकोट से कांग्रेस विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने आरोप लगाया कि बाबा बकाला से आप विधायक दलवीर सिंह टोंग जालंधर में घूम रहे हैं।

चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक वोटिंग के दिन बाहरी आदमी जालंधर में नहीं आ सकता। इसके बावजूद विधायक यहां वोटरों को प्रभावित कर रहे हैं। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्करों ने धक्केशाही की। जिसके बाद विधायक टोंग को वहां कमरे में बंद कर दिया गया। मौके पर पुलिस ने वहां पहुंचकर विधायक को बाहर निकाला और अब थाने ले गई है।

11:15 AM, 10-May-2023

शाहकोट में तनाव 

कांग्रेसी विधायक लाडी शेरेवालिया ने बाबा बकाला के विधायक की गाड़ी को घेर लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की उलंघना है, बाबा बकाला विधायक जालंधर में क्या कर रहे हैं ? वह जालंधर छोड़कर क्यों नहीं गए ? विधायक लाडी का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां धक्के से वोट डलवाई जा रही है।

11:14 AM, 10-May-2023

प्रशासन ने वोटिंग को लेकर पुख्ता प्रबंध किए

जालंधर सेंट्रल के बूथ नंबर 56,57,58,59 में एक व्यक्ति फोन लेकर अंदर घुस गया। जब घंटी बजी तो पंजाब पुलिस के एएसआई ने फटकार लगाते हुए व्यक्ति को बाहर भेजा। पंजाब पुलिस के एएसआई तारा सिंह ने कहा कोई व्यक्ति बूथ के अंदर अपना मोबाइल फोन ले गया था। जिसे उन्होंने बूथ से बाहर निकाल दिया। प्रशासन ने वोटिंग को लेकर पुख्ता प्रबंध किए हैं और किसी को भी अंदर मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं है।

11:10 AM, 10-May-2023



भाजपा के जिला प्रधान सुशील शर्मा परिवार के साथ मतदान के बाद।

11:09 AM, 10-May-2023

वोटर लंबी कतार देखकर वापस लौटे

लद्देवाली क्षेत्र में बने पोलिंग स्टेशन के बूथ नंबर 149 के ऊपर मतदान शुरू होने से पहले ही मशीन खराब हो गई। जिसे काफी समय बीत जाने के बावजूद भी चालू नहीं किया जा सका। कुछ वोटर लंबी कतार देखकर वापस लौट गए।

10:49 AM, 10-May-2023

जालंधर सिटी में रहने वाली कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी कर्मजीत कौर वोट डालने के लिए फिल्लौर रवाना हुई। क्योंकि उनका वोट अपने विधायक बेटे बिकम चौधरी के हलके फिल्लौर में है।

10:48 AM, 10-May-2023

लोहियां में बूथ नंबर-32 में वोटिंग मशीन खराब हुई

लोहियां में बूथ नंबर-32 में वोटिंग मशीन खराब होने के कारण वोटिंग प्रक्रिया थोड़ी देरी से शुरू हुई। जानकारी के अनुसार 10 मिनट तक मशीन खराब रहने के कारण बाद में चालू की गई।

10:47 AM, 10-May-2023

मतदान करने आए लोगों को थोड़ी मुश्किल आई

कई पोलिंग स्टेशनों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार एस.डी. कॉलेज और आसपास बने पोलिंग बूथों पर सुबह 9 बजे स्टाफ के लिए नाश्ता शुरू हो गया, जिसके चलते मतदान करने आए लोगों को थोड़ी मुश्किल पेश आई और 10-15 मिनट इंतजार करना पड़ा।

10:42 AM, 10-May-2023

सरकार ने एक साल में दमदार तरीके से काम किया

आप उम्मीदवार सुशील रिंकू जालंधर वेस्ट में वोट डालने पहुंचे है। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लोगों को तसल्ली है कि अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान पंजाब को दी गारंटी पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियां मिल रही हैं, कच्चे कर्मचारी पक्के किए जा रहे हैं।

मोहल्ला क्लीनिक बनने शुरू हो गए हैं। सरकार ने एक साल में दमदार तरीके से काम किया है। साथ ही उन्होंने अपनी जीत का दावा करते कहा कि आप का किसी के साथ कोई मुकाबला नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद चौधरी ने सारा रुपये अपने बेटे विधायक विक्रम चौधरी के हलके में खर्च किया

10:39 AM, 10-May-2023

खून-पसीने की कमाई लूट रही सरकार

जालंधर कैंट से कांग्रेसी विधायक परगट सिंह ने मतदान के बाद कहा कि इस बार जो उप चुनाव हो रहे हैं वह पंजाब में आम आदमी पार्टी की एक साल की परफॉर्मेंस और दिल्ली में भाजपा की 9 सालों की परफॉर्मेंस जगजाहिर होगी। केंद्र हो या राज्य सरकार, दोनों जनता की खून-पसीने की कमाई लूटती आ रही हैं लोग घरों में सुरक्षित नहीं।

10:25 AM, 10-May-2023


राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने किया मतदान।

10:20 AM, 10-May-2023


जालंधर उपचुनाव में मतदान के दौरान गहनता से जांच करती पुलिस।

10:08 AM, 10-May-2023


मॉडल पोलिंग बूथ पर मतदाताओं का ढोल की थाप के साथ हुआ रेड कारपेट वेलकम।

09:54 AM, 10-May-2023



जालंधर उपचुनाव में पहली बार मतदान करने आए वोटर को किया गया सम्मानित।

09:30 AM, 10-May-2023


पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भारी उत्साह और आयोग कर रहा सम्माननित।

09:02 AM, 10-May-2023


जालंधर उपचुनाव के लिए पोलिंग बूथ को दुल्हन की तरह गुब्बारों से सजाया गया है और बाहर मतदाताओं के लिए सेल्फी केंद्र भी बनया गया है।

08:44 AM, 10-May-2023



बुजुर्ग और दिव्यांग भी मतदान के लिए पहुंचे।

08:30 AM, 10-May-2023


भाजपा नेता जयवीर शेरगिल ने मतदान कर सोशल मीडिया पर अपना फोटो शेयर किया।

08:25 AM, 10-May-2023

कुल 34 शिकायतें विभाग को पार्टी वाइस मिली थीं

कांग्रेस की 23 शिकायतें निर्वाचन आयोग को मिली थीं, जो कि इस चुनाव में सबसे अधिक है। जबकि आप की एक केवल एक शिकायत आयोग को मिली। शिरोमणि अकाली दल की छह, बीजेपी की दो और बसपा की दो शिकायतें आयोग को मिली थीं। कुल 34 शिकायतें विभाग को पार्टी वाइस मिली थीं। इन सभी शिकायतों को निपटा दिया गया।

08:11 AM, 10-May-2023

सी विजिल एप के माध्यम से आयोग को 1457 शिकायतें मिली

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील कुमार टिंकू के चुनावी खर्च से जुड़ी नौ शिकायतें मिली थीं। आयोग ने 4.65 लाख रुपये उनके चुनावी खाते में जोड़े हैं। सी विजिल एप के माध्यम से आयोग को 1457 शिकायतें मिली थीं। इसमें 1176 कार्रवाई की गई। इन शिकायतों को तय 90 मिनट के समय में निपटाया गया है।

07:50 AM, 10-May-2023

19 उम्मीदवारों में से पांच पर आपराधिक केस

पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि चुनाव मैदान में उतरे 19 उम्मीदवारों में से पांच पर आपराधिक केस दर्ज हैं। निर्वाचन कार्यालय आयोग को कुल 85 लिखित शिकायतें मिली थीं। इनमें 47 शिकायतों निपटा दिया गया है, जबकि 38 अभी पेंडिंग चल रही है।

07:42 AM, 10-May-2023

नकदी और नशीले पदार्थ बरामद

उपचुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के प्रयास से 3.77 करोड़ की नकदी व एतराज योग्य सामान बरामद किया। इसमें 2.90 करोड़ के नशीले पदार्थ, 34 लाख कैश व अन्य सामान शामिल हैं।  

07:28 AM, 10-May-2023

मतदान हुआ शुरू

जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लोग लाइन में लगे हैं।

07:15 AM, 10-May-2023

अकाली दल-बसपा गठबंधन में उतरे हैं मैदान में

शिअद ने बंगा सीट से अपने दो बार के विधायक सुखविंदर कुमार सुखी को मैदान में उतारा है, जो पेशे से डॉक्टर हैं। शिअद उम्मीदवार को उसकी सहयोगी बहुजन समाज पार्टी का समर्थन प्राप्त है। सिमरनजीत सिंह मान के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने गुरजंट सिंह को मैदान में उतारा है।

07:12 AM, 10-May-2023

अकाली दल से आए अटवाल हैं भाजपा प्रत्याशी

भाजपा ने पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल के बेटे इंदरबीर सिंह अटवाल को टिकट दिया है। अटवाल शिअद से भाजपा में आए हैं। 

07:09 AM, 10-May-2023

कांग्रेस से आए सुशील रिंकू हैं आप प्रत्याशी

आप ने पूर्व विधायक रिंकू को मैदान में उतारा है, जो कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ पार्टी में शामिल हुए थे। कांग्रेस ने संतोख सिंह चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर पर भरोसा जताया है। 

07:07 AM, 10-May-2023

उपचुनाव एक नजर में 

कुल उम्मीदवार: 19
पुरुष उम्मीदवार: 15
महिला उम्मीदवार: 4
मतदान केंद्र: 1972
संवेदनशील: 542
अति संवेदनशील: 16
कुल मतदाता: 16,21,800
पुरुष मतदाता: 8,43,299
महिला मतदाता: 7,75,173
फर्स्ट टाइम वोटर्स: 23,649
दिव्यांग मतदाता: 10,286
सर्विस वोटर्स: 1851
ट्रांसजेडर मतदाता: 41
एनआरआई मतदाता: 73

07:04 AM, 10-May-2023

Jalandhar Bypoll 2023 Live: जालंधर उपचुनाव में हुआ 54 फीसदी मतदान, 13 मई को आएंगे नतीजे

जालंधर लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। नौ विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता 1972 केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम साढ़े छह बजे तक वोट डालेंगे। जालंधर लोकसभा (आरक्षित) सीट कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद खाली हुई थी। इस बार यहां मुकाबला चतुष्कोणीय है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें