कांग्रेस ने भी की शिकायत
कांग्रेस ने भी भाजपा व कार्तिकेय शर्मा की केंद्रीय चुनाव आयोग से शिकायत की है।
भाजपा नेता भी जाएंगे इलेक्शन कमिशन के दफ्तर
शाम साढ़े पांच बजे बीजेपी नेताओं का डेलिगेशन इलेक्शन कमिशन के दफ्तर जाकर मुलाकात करेगा।
रिटर्निंग अफसर के खिलाफ शिकायत
रिटर्निंग ऑफिसर आरके नंदल के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त दिल्ली को शिकायत दी गई है।
सीएम को उम्मीद-हम ही जीतेंगे
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हमें यकीन है कि हम जीतेंगे। जिस तरह से वोटिंग हुई, हमें पूरा भरोसा है कि दोनों सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी जीतेंगे. कांग्रेस के कुछ विधायकों के वोट खारिज कर दिए गए क्योंकि उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया।
महम के विधायक बोले-मेरा वोट बिकाऊ नहीं है
महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने राज्यसभा चुनाव पर कहा कि मेरा वोट बिकाऊ नहीं, मैं चौधरी देवीलाल की कर्मभूमि से विधायक चुनकर आया हूं, मुझे ना कोई खरीद सकता है ना डरा सकता है। मुझे महम की जनता ने आजाद चुनकर भेजा है और मैंने खरीद फरोख्त का सारा खेल देखते हुए अपनी अंतरात्मा से किसी को भी वोट नहीं करने का निर्णय लिया है। भाजपा-जजपा ने किसानों की जो दुर्गति की है, मैं उसे कभी नहीं भूल सकता। इस सरकार के घोटालों को कोई कैसे भुला सकता है। कांग्रेस हाईकमान को क्या हरियाणा प्रदेश में एक भी काबिल और ईमानदार उम्मीदवार नहीं मिला जो जनभावनाओं का अपमान करते हुए बाहरी प्रत्याशी को थोप दिया। मुझे वोट देकर विधानसभा भेजने वाली जनता ही मेरी मालिक है और जनता की भलाई के लिए ही काम करता हूं।
कार्तिकेय शर्मा के एजेंट जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने किया माहौल खराब करने का प्रयास
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता किरण चौधरी और बीबी बत्तरा अपना वोट पोल करने के बाद पार्टी के एजेंट को दिखा रहे थे। दिग्विजय चौटाला ने उनके दायरे में आकर जबरदस्ती वोट देखने का प्रयास किया और हंगामा कर दिया कि मैंने वोट देख लिया है इस कारण इसे रद्द किया जाए। लेकिन रिटर्निंग अफसर ने इसे बेवजह का हंगामा करार दिया और वोट को वैलिड बॉक्स में डलवा दिया।
वोटिंग पूरी
राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरी हो गई है। 89वां वोट नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने डाला। सबसे पहला वोट शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने डाला था।
भूपेंद्र हुड्डा ने दिया वोट
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपना वोट डाल दिया है।
चार बजे तक चलेगा मतदान
राज्यसभा के लिए चार बजे तक मतदान होगा। देर शाम ही परिणाम घोषित किया जाएगा।
निर्दलीय विधायक बलराज कूंडू ने नहीं दिया वोट
निर्दलीय विधायक बलराज कूंडू ने वोट नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मैं कार्तिकेय शर्मा या किसी अन्य उम्मीदवार को वोट नहीं दूंगा और आज अनुपस्थित रहूंगा। मैं हरियाणा के लोगों के साथ खड़ा रहूंगा। यहां विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए 'मंडी' है। मेरे पास कई प्रस्ताव आए लेकिन कोई मुझे खरीद नहीं सकता या मुझे धमकी नहीं दे सकता।
किरण चौधरी और बीबी बत्तरा का वोट रद्द करवाने की शिकायत
चुनाव आयोग को किरण चौधरी और बीबी बत्तरा का वोट रद्द करवाने के लिए शिकायत की गई है। ऑथराइज्ड एजेंट के अलावा किसी और को वोट दिखाने की शिकायत की गई है।
कुलदीप बोले-अंतरात्मा की आवाज पर दिया वोट
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने अंतरात्मा की आवाज पर वोट दिया। आगे जीत सही होगी।
कांग्रेस विधायक पहुंचे विधानसभा
कांग्रेस के विधायक भी विधानसभा पहुंच गए हैं। सभी विधायक दिल्ली से बस में एक साथ आए हैं।
गोलन का बड़ा दावा
निर्दलीय विधायक रणधीर गोलन ने दावा किया कि कांग्रेस का एक वोट रद्द हो गया है। कुलदीप बिश्नोई में ऑब्जर्वर को अपना वोट नहीं दिखाया। कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस से खफा हैं, वे उन्हें वोट नहीं देंगे। कांग्रेस का एक और विधायक भी पार्टी को वोट नहीं देने जा रहा है लेकिन मैं नाम नहीं लूंगा। सभी छह निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है।
दीपेंद्र हुड्डा ने किया माकन की जीत का दावा
कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस राज्यसभा चुनाव में अजय माकन की जीत होगी। कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस विधायक हैं, मेरा मानना है कि उन्होंने कांग्रेस को वोट दिया है।
भूपेंद्र हुड्डा के आवास पर पहुंचे कांग्रेस विधायक
हरियाणा कांग्रेस के विधायक पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर पहुंच गए हैं।
विधायक कुंडू का वोट बेहद अहम
निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा को 9 भाजपा विधायक, दस जजपा विधायक, छह निर्दलीय, एक इनेलो, एक हलोपा विधायक पहली प्राथमिकता के तौर पर वोट करेंगे। उनके वोट की संख्या 27 बन रही है। विधायक कुंडू का वोट बेहद अहम है। इस पर सबकी निगाहें हैं। कुंडू साथ आते हैं, तो भी कार्तिकेय को जीत के लिए दो वोट कांग्रेस के तोड़ने होंगे।
सीएम ने किया मतदान
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना वोट दे दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि संसद के ऊपरी सदन में हमारे द्वारा चुनकर भेजे गए प्रतिनिधि राष्ट्र सेवा और नीति निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
भीतरघात और वोट रद्द होने से हारेंगे माकन
कांग्रेस के 31 विधायक हैं। सभी अजय माकन को पहली प्राथमिकता के तौर पर वोट देते हैं तो उनका जीतना तय है। अगर भीतरघात होता है या वोट रद्द होती है, तो माकन की जीत का समीकरण गड़बड़ा जाएगा। जीत के लिए 30 वोट चाहिए।
अभय चौटाला ने किया कार्तिकेय का समर्थन
इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला जब जेल में सजा काट रहे तो अजय सिंह ने चौटाला से किनारा कर लिया था। तब पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा ने पांच साल तक उनकी देखभाल की। मनु शर्मा ने ओपी चौटाला को पिता का दर्जा देते हुए बेटे का धर्म निभाया था। आज उस कर्ज को उतारने के लिए उनका वोट मनु शर्मा के भाई कार्तिकेय शर्मा को जाएगा।
भाजपा के नौ विधायक देंगे कार्तिकेय को वोट
भाजपा के 40 विधायक हैं। 31 विधायक पहली प्राथमिकता के तौर पर कृष्ण लाल पंवार को वोट करेंगे। उसके साथ ही उनकी जीत सुनिश्चित हो जाएगी। भाजपा ने तय कर दिया है कि कौन 31 विधायक पंवार व कौन नौ विधायक कार्तिकेय को वोट डालेंगे।
हुड्डा की साख से जुड़ी माकन की जीत
माकन की जीत-हार का हरियाणा कांग्रेस की भविष्य की राजनीति पर सीधा असर पड़ेगा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की साख इस चुनाव से जुड़ी हुई है।
कार्तिकेय के लिए हुई जबरदस्त लॉबिंग
भाजपा उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार की जीत तय है। जंग कांग्रेस के अजय माकन और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा के बीच हैं। भीतरघात न होने पर ही माकन जीतेंगे। कार्तिकेय के लिए भी जबरदस्त लॉबिंग हुई है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने अजय माकन को 35 विधायकों के वोट मिलने का दावा किया है।
बसों में विधानसभा पहुंचे भाजपा जजपा और निर्दलीय विधायक
सुख विलास होटल से बसों में भाजपा जजपा और निर्दलीय विधायक विधानसभा पहुंचे। डिप्टी सीएम दुष्यन्त चौटाला भी बस में मौजूद हैं। अभी तक कांग्रेस विधायक चंडीगढ़ नहीं पहुंचे हैं।
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। शाम को ही नतीजा आ जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, रंजीत चौटाला, कुलदीप बिश्नोई, ज्ञानचंद गुप्ता, आफताब अहमद, भारत भूषण बत्रा, कंवरपाल गुर्जर, घनश्याम अरोड़ा, दीपक मंगला, मोहन लाल बिडोली, कमल गुप्ता और दिग्विजय चौटाला विधानसभा पहुंचे। मतदान के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने अंतरात्मा की आवाज पर ही वोट दिया है।