हरियाणा के 4 जिलों में जिला परिषद की 78 और ब्लॉक समिति की 559 सीटों पर शाम 6 बजे तक 70.4 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब छह बजे के बाद वो मतदाता मतदान कर सकेंगे जो पॉलिंग स्टेशन के अंदर प्रवेश कर चुके हैं।
कुल मतदाता 2227319
शाम 6:00 बजे तक कुल मतदान-1569736
हरियाणा के चार जिलों में जारी मतदान में साढ़े पांच बजे तक 67.6 फीसदी मतदान हो चुका है।
भट्टू मंडी में तीन बूथों पर ईवीएम बंद हो गई। इस कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। अधिकारी ईवीएम को ठीक करने में लगे रहे। गांव दौलतपुर में भी मतदान प्रक्रिया बेहद धीमी चली। इस कारण मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया पूरी करने में काफी देर लगी। इस संबंध में मतदाताओं ने रोष जताते हुए अधिकारियों पर ही मतदान धीमा करवाने का आरोप लगाया।
फतेहाबाद के गांव भिरड़ाना में जिला परिषद की महिला प्रत्याशी के पति के कारण कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। वार्ड नंबर छह से चुनाव लड़ रही ज्योति रानी के पति दीपक भिरडाना पर मतदान करने जा रहे मतदाताओं को पकड़-पकड़कर उनसे वोट मांगने के आरोप लगे। दूसरे पक्ष के प्रत्याशियों के समर्थकों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष आपत्ति जताई। पुलिसकर्मियों ने प्रत्याशी के पति को ऐसा नहीं करने के लिए कहा। बड़ी मुश्किल से मामला शांत हुआ।
नारनौंद क्षेत्र के गांव मिर्चपुर के बूथ नंबर 88 पर करीब 15 मिनट तक मशीन खराब होने की वजह से मतदान रुका रहा। हांसी के कुंवरी गांव में बूथ संख्या 87 बूथ पर ईवीएम में एरर का सिग्नल आने पर वोटिंग रोकनी पड़ी। यहां कंट्रोल रूम से दूसरी ईवीएम भेजी गई। इसके बाद वोटिंग शुरू हो पाई।
हिसार में दोपहर एक बजे तक 30.1 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं। सबसे अधिक 37.9 प्रतिशत वोट उकलाना ब्लॉक में और सबसे कम 28.1 प्रतिशत वोट आदमपुर क्षेत्र में डाले गए थे। हिसार ब्लॉक में भी पहले एक घंटे में मतदान काफी धीमा रहा, लेकिन जल्दी ही रफ्तार अन्य जगहों जैसी ही हो गई। दोपहर एक बजे तक बरवाला में 33.5, हांसी प्रथम में 28.1 हांसी द्वितीय में 35.4, हिसार प्रथम में 32.1, हिसार द्वितीय में 28.8 और नारनौंद में 30.4 प्रतिशत वोट डाले गए थे।
फरीदाबाद में 4 घंटे में 23 प्रतिशत मतदान हुआ। 11 बजे तक सबसे अधिक फरीदाबाद खंड में 25.3 प्रतिशत मतदान हुआ। बल्लभगढ़ में 23.1 प्रतिशत व तिगांव में 21.2 प्रतिशत मतदान रहा। जिप के 10 वार्डों व ब्लॉक समिति के 60 सदस्यों के लिए चुनाव हो रहा है।
हिसार में बालसमंद गांव में देर रात जिला परिषद के वार्ड नंबर 10 से प्रत्याशी भगत सिंह का अपहरण करने का प्रयास किया गया। उस पर फायरिंग भी गई और उसकी गाड़ी के चारों टायर पंचर कर दिए गए। प्रत्याशी ने प्रतिद्वंद्वी आशीष गोदारा पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने आरोपी प्रत्याशी आशीष गोदारा, बजीर और अन्य पर अपहरण, हत्या प्रयास आदि धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
हिसार में पहले 4 घंटे में 18.6 प्रतिशत मतदान हुआ। 11 बजे तक सबसे अधिक उकलाना खंड में 27.1 प्रतिशत मतदान हुआ। हांसी खंड द्वितीय में 21.7 प्रतिशत, हिसार
सेकेंड में 21 प्रतिशत मतदान रहा। हिसार प्रथम में सबसे कम 10.4 प्रतिशत मतदान रहा।
फरीदाबाद में अभी तक 19.3 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। 227796 वोट में से 43976 वोट पोल हो चुके हैं।
फतेहाबाद में मंगलवार सुबह 7 बजे से जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे तक 93 हजार 134 लोग मतदान कर चुके थे।
पहले एक घंटे में मतदान में फतेहाबाद बाकी तीन जिलों से आगे रहा है।
मतदान के लिए जिले में कुल 629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 55 संवेदनशील व 43 अति संवेदनशील गांव हैं। जहां पर एसपी आस्था मोदी की ओर से पुलिस की अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करवाई गई है। एसपी व सात डीएसपी के नेतृत्व में 2732 कर्मचारी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। 17 निरीक्षक, 124 सहायक निरीक्षक, 1300 हवलदार व सिपाही, 750 होमगार्ड, 50 पेट्रोलिंग पार्टियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान प्रक्रिया शुरू होने से एक घंटे पहले सभी प्रत्याशियों के एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल करवाया गया। मॉक पोल के बाद एजेंटों के हस्ताक्षर होने पर ही मतदान प्रक्रिया शुरू की गई।
फतेहाबाद जिले में मंगलवार सुबह 7 बजे से जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह-सुबह ठंडी हवा चलने के कारण वोटिंग धीमी रही। पहले घंटे में मतदाताओं की ज्यादा लंबी लाइन देखने को नहीं मिली। जिले के 529548 मतदाता जिला परिषद के 123 व पंचायत समिति के 479 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए ईवीएम बटन दबाएंगे।
बताया गया है कि पंचायती राज संस्थाओं के चार जिलों में होने जा रहे अंतिम चरण के चुनाव मतदान में कुल 2226756 वोटर अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इनके लिए फरीदाबाद में 311,फतेहाबाद 629,हिसार में 1020 और पलवल में 702 बूथ बनाए गए हैं।
इनमें 615 संवेदनशील और 781 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। इनमें हिसार जिला के 265 संवेदनशील और 360 अति संवेदनशील बूथ हैं,जबकि पलवल में 211 और 295, फरीदाबाद में 84 और 84 और फतेहाबाद जिला में 55 संवेदनशील और 42 बूथ अति संवेदनशील हैं।
हरियाणा चुनाव आयोग के आयुक्त धनपत सिंह के मुताबिक चुनावों की मद्देनजर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सोमवार को ईवीएम का वितरण कर दिया गया है। टीमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि तीसरे चरण के चुनाव मतदान से पहले1396 संवेदनशील और अति संवेदनशील मतगान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात जाएगी।
इन सीटों पर 581 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 250 महिलाएं और 331 पुरुष शामिल हैं। वहीं ब्लॉक समिति की सीटों पर 2208 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 963 महिलाएं और 1245 पुरुष हैं। इस मतदान के बाद हरियाणा के सभी जिलों का परिणाम 27 नवंबर को मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित होगा।
हरियाणा के चार जिलों में ब्लॉक समिति की 559 और जिला परिषद के 78 वार्डों की सीटों के लिए मतदान हो रहा है। फरीदाबाद, पलवल, हिसार और फतेहाबाद में होने वाले इन चुनावों की तैयारियां हरियाणा चुनाव आयोग ने पूरी कर ली थी। इनमें फरीदाबाद में जिला परिषद की 10, फतेहाबाद में 18, हिसार में 30 और पलवल में 20 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।