राहुल गांधी ने रैली के दौरान कहा कि मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। हरियाणा बेरोजगारी में चैंपियन है, ये कोई अच्छी बात नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई और आज हम पानीपत की ऐतिहासिक जमीन पर चल रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारे प्यारे कार्यकर्ताओं का दूसरा नाम बब्बर शेर है।
मंच से राहुल गांधी ने एलान किया कि उनकी सरकार बनने पर हर गरीब किसान मजदूर को 72 हजार रुपये देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो न्याय योजना लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि हम ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहते जिसमे समानता न हो। हम मोहब्बत और भाईचारे का हिंदुस्तान चाहते हैं, जहां नफरत और डर न हो। सभी धर्म के लोग और सभी जातियों के लोग एक साथ प्यार से रहें।
राहुल गांधी ने पानीपत में बढ़ रहे प्रदूषण और उजड़ती लघु इंडस्ट्री को लेकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से छोड़े व्यापारी उजड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार चंद 100 लोगों के लिए काम कर रही है, जबकि इस देश में 140 करोड़ लोग रहते हैं।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में महंगाई, बेरोजगारी और अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी भारत यात्रा के दौरान काफी संख्या में बेरोजगार और सेना में जाने के लिए तैयारी करने वाले युवा मिल रहे हैं। वह लोग रोजगार चाहते हैं और देश की सेवा करना चाहते हैं, लेकिन सरकार वादे से मुकर रही है और युवाओं को देश सेवा से रोक रही है।
राहुल गांधी मंच पर पहुंच गए हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला मंच पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा कुलदीप शर्मा पूर्व स्पीकर, विधायक अमित सिहाग, नीरज शर्मा, रघबीर कादियान, इंदराज नरवाल, बलबीर वाल्मीकि बीबी बत्रा, आफताब अहमद, राव दान सिंह, कुलदीप वत्स, पूर्व विधायक अशोक अरोड़ा और बीएल सैनी मंच पर हैं।
पानीपत के सेक्टर 13-17 में आयोजित रैली स्थल में भीड़ पहुंच रही है। राहुल गांधी के डेढ़ बजे तक पहुंचने की संभावना है।
संजय चौक से राहुल गांधी कार में अनाज मंडी पहुंचे, जहां लंच होगा।
सेक्टर 13-17 रैली ग्राउंड में दिग्गज नेता पहुंचने लगे हैं। रैली के मंच पर किरण चौधरी, पूर्व डिप्टी सीएम चन्द्रमोहन, गन्नौर विधायक शकुंतला खटक और महम से पूर्व विधायक आनन्द सिंह दांगी पहुंच गए हैं।
संजय चौक पर राहुल गांधी के पहुंचने से पहले पुलिस ने नाका लगाकर वाहन रोक दिए। इसके कारण संजय चौक से रेलवे रोड तक जाम लग गया।
यात्रा के दौरान एक एम्बुलेंस को प्राथमिकता दी गई और काफिला रोककर उसे पहले जाने दिया गया।
यात्रा के दौरान उग्राखेड़ी गांव निवासी आजाद शर्मा ने राहुल गांधी से मिलने की कोशिश की। घेरे के न जाने देने पर राहुल गांधी ने उन्हें बुलाया और हाल जाना।
राहुल गांधी सनोली रोड स्थित एक फैक्टरी में गए। उनके साथ अंदर जाने को लेकर कांग्रेसियों में होड़ लग गई।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी काफिले में शामिल हुए। हालांकि बाद राहुल गांधी पैदल चलते रहे लेकिन भूपेंद्र हुड्डा राहुल गांधी की कार में बैठ गए। गांव ग्राम खेड़ी में दूध का पंडाल लगाया गया है। दीपेंद्र ने यहां दूध का गिलास लिया।
पद यात्रा गांव उग्रखेड़ी पहुंच गई है। एक समर्थक ने राहुल के काफिले में घुसकर उनको तस्वीर भेंट की।
पद यात्रा बापौली कट पर पहुंच गई है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेता राहुल गांधी के साथ हैं।
राहुल गांधी पानीपत पहुंच गए हैं और सनौली से यात्रा शुरू हो गई है।
19 साल का आबिद मजदूरी करता है। आबिद ने गरीबी के चलते पढ़ाई छोड़ दी है। शामली जिले के तिरावड़ा के रहने वाले आबिद राहुल गांधी को भाई मानते हैं। उनका कहना है की जब तक राहुल से नहीं मिलेंगे तब तक वापस नहीं जाएंगे। आबिद ने कहा की राहुल गांधी सच्चे देशभक्त हैं। वे ही गरीबों के लिए काम करते हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज पानीपत से आगे बढ़कर हरियाणा के अन्य जिलों में जाएगी। इसके तहत बड़ी संख्या में हरियाणा की आम जनता यात्रा स्थल पर पहुंच चुकी है। बहुत सारे लोग तो ऐसे हैं जिन्होंने राहुल गांधी के इंतजार में जाग कर रात गुजार दी। भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी को मां सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के चलते रात को पानीपत के सनौली में अपने रात्रि ठहराव को रद्द कर दिल्ली चले गए थे। आज यात्रा यहीं से शुरू होगी।