फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh Samvad Live: गुल पनाग बोलीं- जो भी हूं अपने पिता की वजह से हूं, जनरल की बेटी होने पर होता है गर्व

Mon, 07 Aug 2023 11:19 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Amar Ujala Samvad Punjab 2023 Live News Updates in Hindi: अमर उजाला संवाद-पंजाब आज चंडीगढ़ के होटल हयात रेजेंसी में हो रहा है। कार्यक्रम में उद्योग, शिक्षा, खेल, कृषि, सिनेमा और कला क्षेत्र के माहिर जुटे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मंत्रिमंडल में उनके सहयोगियों समेत खेल, उद्योग और सिनेमा जगत के कई सितारे एक मंच पर आए हैं। जानें पल-पल के अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:34 PM, 07-Aug-2023

मुझे मेरी बेटी पर गर्व: एचएस पनाग

गुल पनाग ने कहा मेरी कैरियर की शुरुआत मिस इंडिया से हुई। मैंने इस प्लेटफार्म का इस्तेमाल अपनी हर इच्छा पूरी करने के लिए किया। गुल पनाग के बारे में एचएस पनाग ने कहा कि वह आज पहले से ज्यादा फिट हैं और कुछ नया कर करना चाहती हैं। वह हर उम्मीद पर खरा उतरी हैं, मुझे मेरी बेटी पर गर्व।

05:26 PM, 07-Aug-2023

प्रेशर हमेशा जिंदगी में रहता है और उससे ही हीरा बनता है: गुल पनाग

अभिनेत्री गुल पनाग ने कहा कि प्रेशर तो हमेशा जिंदगी में रहता है और प्रेशर से ही हीरा बनता है। मैं अपने बेटे को ऐसे तैयार कर रही हूं कि उसे स्पोर्ट्स ही चुनना पड़ेगा। मैं हमेशा अपने पिता के साथ आईडिया डिस्कशन करती हूं।

05:09 PM, 07-Aug-2023

जो भी हूं अपने पिता की वजह से हूं: गुल पनाग

गुल पनाग ने कहा मैं जो भी हूं अपने पिता की वजह से हूं। उन्होंने कहा जब लोग मुझे जनरल पनाग की बेटी कहते हैं तो मुझे गर्व महसूस होता है। गुल पनाग ने कहा पिता ने जो सिखाया उसे अपने पांच साल के बेटे को भी सिखाने की कोशिश करती हूं। उनके पिता एचएस पनाग ने कहा किसी भी पेरेंट्स के लिए यह बेहद गौरव की बात है जब उनके बच्चे अचीवर होते हैं।

विज्ञापन
05:05 PM, 07-Aug-2023

संवाद के मंच पर पिता संग पहुंचीं अभिनेत्री गुल पनाग

फादर्स एंड डॉटर्स ऑफ पंजाब विषय पर चर्चा के लिए अभिनेत्री गुल पनाग और उनके पिता एचएस पनाग चंडीगढ़ संवाद के मंच पर पहुंचे। एचएस पनाग रिटायर्ड ब्रिगेडियर जनरल हैं।

05:03 PM, 07-Aug-2023

एमएस धोनी बेहद जमीन से जुड़े इंसान: वेंकटेश प्रसाद

वेंकटेश ने कहा महेंद्र सिंह धोनी बेहद जमीन से जुड़े आदमी हैं और उन्होंने जो हासिल किया भारत में किसी क्रिकेटर ने नहीं किया। वेंकटेश ने कहा महेंद्र सिंह धोनी की गाड़ियों का शोरूम नहीं बल्कि वह म्यूजियम है।

विज्ञापन
04:57 PM, 07-Aug-2023

कपिल देव मेरे ही नहीं बल्कि पूरी पीढ़ी के रोल मॉडल: वेंकटेश प्रसाद

वेंकटेश प्रसाद ने चर्चा के बीच कहा कपिल देव मेरे ही नहीं बल्कि पूरी पीढ़ी के रोल मॉडल हैं। मैंने 83 का विश्वकप नहीं देखा लेकिन उस समय न्यूज और लोगों में जो चर्चा हो रही थी उसका काफी असर हुआ।

04:52 PM, 07-Aug-2023

वेस्टइंडीज से टी-20 मैच हारने को लेकर वेंकटेश प्रसाद ने कही ये बात

वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि इंडिया-पाकिस्तान के मैच में बेहद प्रेशर होता है। भारत-वेस्टइंडीज सीरीज में वेस्टइंडीज से टी-20 मैच हारने पर अपने ट्वीट पर वेंकटेश ने कहा हम किसी को नीचा नहीं दिखाना चाहते। उन्होंने कहा कि जब टीम देश के लिए खेलती है तो हमेशा जीत का एटीट्यूड होना चाहिए।

04:48 PM, 07-Aug-2023

वेंकटेश प्रसाद ने आमिर सोहेल से जुड़ा किस्सा सुनाया

वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि मेरी गेंद पर एक बाउंड्री मारने के बाद आमिर ने इशारा किया और यह कहने की कोशिश कि दूसरी गेंद पर भी वहीं बाउंड्री मारूंगा। फिर उन्होंने वैसे ही बाउंड्री मारने की कोशिश की, लेकिन अच्छी लाइसेंस की गेंद होने पर आमिर क्लीन बोल्ड हो गए।

04:40 PM, 07-Aug-2023

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद मंच पर पहुंचे

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने कहा चंडीगढ़ बहुत बेहतरीन शहर है, यहां मैंने बहुत से मैच खेले हैं। यहां होना बेहतरीन अनुभव है। उन्होंने चंडीगढ़ के खाने की भी तारीफ की।

04:36 PM, 07-Aug-2023

हर मां-बाप को अपने बच्चों को सपोर्ट करना चाहिए: गुरजीत कौर

गुरजीत कौर ने कहा मैं अपनी फैमिली की सबसे बड़ी फैन हूं, क्योंकि उनके सपोर्ट की वजह से ही आज इस मुकाम तक पहुंची हूं। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि हर मां-बाप को अपने बच्चों को सपोर्ट करना चाहिए।

04:33 PM, 07-Aug-2023

पढ़ाई के साथ खेलना भी जरूरी: गुरजीत कौर

गुरजीत कौर ने कहा इस समय पूरा मिनट बहुत कम होते हैं टूर्नामेंट का आयोजन और अधिक किया जाना चाहिए, इससे खिलाड़ियों को फायदा होता है। गुरजीत कौर ने कहा पढ़ाई के साथ-साथ खेलना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज-कल बच्चे मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करने लगे मगर खेलना जरूरी है।

04:29 PM, 07-Aug-2023

गुरजीत कौर ने भगवंत मान सरकार की प्रशंसा की

गुरजीत कौर ने मान सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सरकार अच्छा काम कर रही है। खिलाड़ियों को बहुत अच्छी सुविधा और कोच की सुविधा मिलेगी तो वह और आगे बढ़ेंगे।

04:27 PM, 07-Aug-2023

जैसा कोच डिसाइड करते थे, वैसे ही हम गोल करते थे: गुरजीत कौर

गुरजीत कौर ने कहा कि जैसा कोच डिसाइड करते थे, वैसे ही हम गोल करते थे। उन्होंने कहा इस दौरान टीम का भी भरपूर सहयोग मिला। गुरजीत कौर ने कहा कि रुपिंदर पाल सिंह जी जब सिखाते हैं तो बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने अभी दो सेशन दिए हैं और बहुत कुछ सीखने को मिला है। बता दें कि रूपिंदर पाल सिंह देश के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हैं।

04:24 PM, 07-Aug-2023

हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर मंच पर पहुंचीं

गुरजीत कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी हैं और वो बेहतरीन डिफेंडर हैं। गुरजीत कौर ने कहा हॉकी तक का सफर आसान नहीं था मैं भी गांव से आती हूं। मैंने हॉकी के बारे में अपने पिताजी को बताया तो उन्होंने कहा कि आपका जो मन है वह खेल सकती हो, इसके बाद से ही हॉकी का सफर शुरू हुआ। एशियन गेम्स में 8 गोल का किस्सा भी गुरजीत कौर ने साझा किया।

04:20 PM, 07-Aug-2023

हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर बनी अमर उजाला संवाद का हिस्सा

उन्होंने बताया कि हॉकी के बारे में जब पिताजी को बताया तो उन्होंने कहा कि आपका जो मन है वह खेल सकती हो, इसके बाद से ही हॉकी का सफर शुरु हुआ।

04:16 PM, 07-Aug-2023

मल्लिका दुआ ने कहा हमें इंटरनेट के बिना कुछ समय बिताना चाहिए

उन्होंने यह भी कहा कि हमें इंटरनेट के बिना भी कुछ समय बिताना चाहिए। स्ट्रेस भरी जिंदगी पर मल्लिका दुआ ने कहा कि व्यायाम करना बहुत जरूरी है और जिंदगी में कॉमेडी भी जरूरी है। फोन से जितना हो उतनी दूरी  बेहतर है। अच्छा खाना और सोना इसके साथ अपने आप का ख्याल रखना चाहिए।

04:05 PM, 07-Aug-2023

मंच पर पहुंची मल्लिका दुआ

मल्लिका दुआ मंच पर पहुंच गई हैं। मल्लिका दुआ ने कहा कि हमारे प्रोफेशन में इंटरनल संघर्ष ज्यादा होता है। हमारे यहां कहा जाता है कि स्प्रिंटर की तरह कैरियर को ना देखें बल्कि मैराथन की तरह देखें।

03:57 PM, 07-Aug-2023

आयुष मंत्रालय में रजिस्ट्रेशन जरूरी

आचार्य मनीष ने कहा कि आयुष मंत्रालय में रजिस्ट्रेशन के बगैर कोई भी आदमी आयुर्वेद की दवा नहीं बेच सकता।

03:47 PM, 07-Aug-2023

बीमारी का मैनेजमेंट आयुर्वेद के पास हो

उन्होंने यह कहा कि बीमारी का मैनेजमेंट आयुर्वेद के पास होना चाहिए और आपात स्थिति एलोपैथिक के पास होनी चाहिए। उन्होंने कहा की एलोपैथिक और विज्ञान की बात हर 10 साल में बदल जाती है। लेकिन आयुर्वेद का कोई तथ्य नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए लेकिन अभी भी आयुर्वेद को बढ़ावा नहीं मिल रहा। हालांकि अभी सरकार आयुर्वेद को बढ़ावा दे रही। आयुष्मान के कार्ड एलोपैथिक में चल रही है मगर आयुर्वेद में यह कार्ड नहीं चल रहे हैं। आयुर्वेद की दवाओं की विश्वसनीयता पर आचार्य मनीष ने कहा कि हर दवा सर्टिफाइड होती है। उन्होंने उपवास के महत्व पर भी बात की और कहा कि उपवास से कई चीजें सही हो सकती हैं।

03:43 PM, 07-Aug-2023

एलोपैथिक की कोई दवा किसी बीमारी को खत्म नहीं करती  

मनीष जी ने कहा कि एलोपैथिक की कोई भी दवा किसी बीमारी को खत्म नहीं करती, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई एक भी दवा का नाम बता दे तो मैं ₹100000 का इनाम दूंगा। उन्होंने कहा कि आज हमारे आयुर्वेदिक के पूरे भारत में 21 हॉस्पिटल और 120 क्लीनिक खुल गए हैं। पंजाब के डेराबस्सी में hims के नाम पर पहला अस्पताल बनाया। 

मनीष जी ने कहा कि किडनी फेल पर हमने एक ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट तैयार की। 100 किडनी के मरीज पर रिसर्च किया गया। इसमें 72 लोगों की dialysis तीन महीने में खत्म हो गई। उन्होंने यह भी कहा पीएम मोदी के छोटे भाई का इलाज भी हमारे अस्पताल में हो रहा। 

03:39 PM, 07-Aug-2023

मंच पर पहुंचे शुद्धि हिम्स के फाउंडर आचार्य मनीष

शुद्धि हिम्स के फाउंडर आचार्य मनीष जी मंच पर पहुंच गए हैं। मनीष जी ने बताया कि बचपन में बहुत बीमार रहते थे। कई जगह इलाज करवाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। एक ज्योतिषी ने बताया कि सनी खराब है, उसका भी उपचार किया गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद मौसा जी के पास गए। मौसा जी आयुर्वेद के डॉक्टर थे। 
 

03:29 PM, 07-Aug-2023

तीन साल की उम्र में देखी थी बॉर्डर

अभिनेता उत्कर्ष ने कहा कि उन्होंने तीन साल की उम्र में सनी देओल की पहली फिल्म बॉर्डर देखी थी। इस फिल्म ने मेरे अंदर देशभक्ति भर दी।

03:14 PM, 07-Aug-2023

अमीषा बोलीं-किरदार के लिए पढ़ी कुरान

अमीषा पटेल ने कहा कि सकीना हमारे अंदर रची बसी है। स्क्रीन पर यह हमारा सबसे बेहतरीन करेक्टर है जीवन पर्यंत इसे भूलेंगी नहीं। उन्होंने भी गदर का एक डायलॉग सुनाया। अमीषा ने अपने कैरेक्टर के बारे में कहा कि इसके लिए उन्होंने उर्दू भी सीखी और कुरान भी पढ़ी।

03:09 PM, 07-Aug-2023

पता नहीं मेरी उम्र क्या-सनी

सनी देओल ने कहा कि मुझे नहीं पता कि मेरी उम्र क्या है जब मुझे पाजी बोलते और सम्मान देते हैं तो थोड़ा अजीब सा लगता है। इस दौरान सनी देओल ने फिल्म गदर का एक डायलॉग भी सुनाया।
 

03:03 PM, 07-Aug-2023

मां की गोदी में देखी थी गदर की शूटिंग-सिमरन

उत्कर्ष ने अपने किरदार के बारे में कहा कि हमारे किरदार में मस्ती है लेकिन मां-बाप के लिए उतनी ही जिम्मेदारी है। वहीं सिमरन ने कहा कि मैं सबसे खुशनसीब लड़की हूं जिसे गदर 2 फिल्म से डेब्यू करने को मिल रहा है और सनी देओल के साथ काम कर पाई। सिमरन में गदर 1 फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि अमृतसर स्टेशन पर गदर फिल्म की शूटिंग चल रही थी, उस समय मेरी मां ने गोदी में लेकर मुझे उस फिल्म की शूटिंग दिखाई थी और आज मैं इस फिल्म का हिस्सा हूं।

02:58 PM, 07-Aug-2023

फिल्म की स्टार कास्ट मंच पर पहुंची

फिल्म गदर टू में खलनायक का रोल अदा करने वाले मनीष बाजवा, अभिनेता उत्कर्ष और अभिनेत्री सिमरन कौर भी पहुंची। अमरीश पुरी की जगह खलनायक के रोल पर मनीष ने कहा कि फिल्म में अशरफ अली सकीना के फादर हैं। मेरी अमरीश पुरी जी से कोई तुलना नहीं है। मैं उनके काम के आगे बच्चा हूं। जब मुझसे पूछा गया कि आप यह रोल कर पाएंगे तो मैंने कहा था कि मैं पूरी कोशिश करूंगा और सभी के आशीर्वाद से अच्छा किया। इस दौरान उन्होंने गदर का एक डायलॉग भी सुनाया।

02:52 PM, 07-Aug-2023

गदर से अलग नहीं गदर 2 का सेट

अभिनेत्री अमीषा पटेल ने कहा कि पंजाब आने में बेहद खुशी होती है। यहां देश की मिट्टी की खुशबू है। गदर वन और गदर 2 के बीच 20 साल के फर्क पर उन्होंने कहा कि ये बेहद खूबसूरत रहा है। हमारी और सनी जी के काम की तुलना हमेशा गदर से ही होती थी। अच्छे काम की वजह से ही आज 22 साल बाद तारा सिंह और सकीना का रोल हमें दोबारा करने को मिल रहा है। अमीषा पटेल ने कहा कि तारा सिंह और सकीना की जोड़ी आईकॉनिक है जो हमेशा अमर रहेगी। 22 साल बाद भी गदर 2 के सेट में गदर वन से कुछ अलग नहीं है । उन्होंने यह भी कहा कि हमारे शौहर तारा सिंह पहले से ज्यादा रोमांटिक और जवान है।

02:48 PM, 07-Aug-2023

सनी देओल ने याद की गदर की सफलता

सनी देओल ने गदर की सफलता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तारा सिंह एक ऐसा कैरेक्टर है जो परिवार के लिए सब कुछ करता है। गदर-2 बनाने का विचार हमारे डायरेक्टर लेकर आए थे। सनी देओल ने कहा कि मुझे कहानी और सीन बहुत अच्छा लगा। इसके बाद इस फिल्म पर काम किया गया। मुझे उम्मीद है कि आप लोग तारा सिंह और सकीना के साथ हैं। 

02:39 PM, 07-Aug-2023

चौथा सत्र शुरू, मंच पर पहुंचे सनी देओल

कार्यक्रम का चौथा सत्र मनोरंजन जगत की नई दिशाएं शुरू हो गया है। गदर 2 के हीरो सनी देओल और अभिनेत्री अमीषा पटेल मंच पर पहुंची।

01:46 PM, 07-Aug-2023

वित्त मंत्री हरपाल सिंह का बड़ा एलान, लुधियाना में जल्दी बनेगा एयरपोर्ट

हरपाल सिंह चीमा ने कहा हमारी सरकार उद्योगों को हर प्रकार की सुविधा प्रदान करेगी। क्योंकि जब प्रदेश में इंडस्ट्री लगेगी तभी ही पंजाब का युवा यहां रुकेगा। कोमल जैन के सवाल पर वित्त मंत्री हरपाल सीमा ने कहा कि लुधियाना में जल्दी एयरपोर्ट बनेगा

01:44 PM, 07-Aug-2023

लुधियाना जैसा शहर एयरपोर्ट से नहीं जुड़ा-कोमल जैन

कोमल जैन ने कहा कि मफलर बनियान बनानी शुरू किए। उस समय लोग विदेश से मंगवा कर टी-शर्ट पहनते थे। इसके बाद मैंने सोचा क्यों ना यहां टी-शर्ट बनाई जाए। इसके बाद ड्यूक का ब्रांड तैयार किया। आज देश के कोने-कोने में हमारा ब्रांड है। हमारा उद्देश्य क्वालिटी अच्छी और प्राइस कम हो। यही वजह है कि ड्यूक को आज देश के कोने- कोने में लोग पसंद करते हैं। कोमल जैन ने कहा कि अगर अच्छी नियत से कम किया जाए तो सफलता मिलती ही मिलती है। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट की समस्या को भी रखा। उन्होंने कहा कि लुधियाना जैसा शहर एयरपोर्ट से नहीं जुड़ा है। फ्लाइट के लिए दिल्ली जाना पड़ता है। सरकार को कनेक्टिविटी की व्यवस्था करनी चाहिए। हालांकि उम्मीद है कि अब सरकार इस पर काम कर रही है।

01:26 PM, 07-Aug-2023

19 साल की उम्र में मैंने पहले होजरी की एक यूनिट लगाई-कोमल

ड्यूक फैशन इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन कोमल कुमार जैन ने अपनी कहानी सुनाई। उन्होंने कहा 1962 में मैं अंबाला से लुधियाना आया था। मैंने लुधियाना में अपने मौसा के पास काम सिखा। होजरी का काम कैसा होता है। 19 साल की उम्र में मैंने पहले होजरी की एक यूनिट लगाई।

01:26 PM, 07-Aug-2023

पंजाब के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी-चीमा

वित्त मंत्री हरपाल सिंह ने कहा कि पंजाब में टैक्स की लूट को हमने खत्म कर पंजाब के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी। हमने इंडस्ट्री के लिए ग्रीन सेल डीड रजिस्ट्री तैयार की है। इससे स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को एक ही जगह पर सारी अनुमति मिल जाएगी। इससे पहले उन्हें ऑफिसों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे वह घर ऊब कर भाग जाते थे।

01:20 PM, 07-Aug-2023

हमारी सरकार ने भाई भतीजावाद खत्म किया: वित्त मंत्री हरपाल सिंह

अगला सेशन जुनून पंजाब का शुरू हो गया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह मंच पर पहुंच गए हैं। उनके साथ में साथ में अतुल गांधी हैं। अतुल गांधी केपीएमजी एश्योरेंस एंड कंसल्टिंग सर्विसेस एलएलपी चंडीगढ़ के ऑफिस मैनेजिंग पार्टनर हैं। वित्र मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने खजाना खाली होने पर कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ पांच साल यही राग अलापा है। इससे युवाओं में नकारात्मकता पैदा हुई है। मगर हमारी सरकार ने डेढ़ साल में 30,000 नौकरी देकर एक अच्छा माहौल पैदा किया। हमारी सरकार ने भाई भतीजावाद खत्म किया। हमने पंजाब में पे स्केल लागू किया और अध्यापकों को नियमित किया जो पिछली सरकारों में पानी की टंकियों पर धरने देते थे। पहली बार पंजाब में एक ईमानदार सरकार आई है। पहली बार ही पंजाब में आबकारी नीति आई है। कोई भी नया टैक्स पंजाब के लोगों पर नहीं लगाया गया है। वहीं टैक्स लीकेज को भी खत्म किया है।
 

01:13 PM, 07-Aug-2023

देहात के को- फाउंडर श्याम सुंदर ने कहा कि हमारा गांव- देहात से जुड़ा काम है, ऐसे हमारी छुट्टी भी किसानों के बीच होती है। यही हमारा पैशन है। इसके साथ ही यह सेशन खत्म हो गया है। 

01:11 PM, 07-Aug-2023

मुझे मूवी देखना पसंद है और मैं गाने भी गाता हूं-रमेश अय्यर

श्याम सुंदर ने कहा कि भारत में किसानों के पास जोत कम है और छोटी है। यही वजह है कि दूसरे देशों की मशीन यहां काम नहीं करती, क्योंकि वहां बड़ी-बड़ी मशीनों से कम होता है। रमेश अय्यर ने अपने निजी जिंदगी पर कहा मुझे मूवी देखना पसंद है और मैं गाने भी गाता हूं। उन्होंने कहा कि सीईओ बनने के बाद खूब समय मिल जाता है क्योंकि इस पद पर आने के बाद काम करना नहीं होता है बल्कि करवाना होता है और प्लानिंग करनी होती है। ऐसे में पूरा टाइम मिलता है। अगर 24 घंटे में हम अपने लिए भी समय नहीं निकाल पाते तो फिर किस बात के सीईओ हैं।

01:05 PM, 07-Aug-2023

'देहात स्टार्टअप किसानों की हर जरूरत को पूरा करने पर काम करती है'

देहात स्टार्ट अप के को फाउंडर श्याम सुंदर ने कहा कि कहा कि देहात स्टार्टअप किसानों की हर जरूरत को पूरा करने पर काम करती है। वही उन्हें सलाह भी उपलब्ध कराती है। रमेश अयर ने कोरोना काल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने अपने कर्मचारियों से सीधे बात की। CO के रूप में यह मेरी जिम्मेदारी थी और मैंने उनको समझाया कि कंपनी बंद नहीं होने वाली है। हमने अपने ग्राहकों को भी लोन चुकाने के लिए समय दिया। उस क्वार्टर में हम लॉस में थे लेकिन जब साल का अंत आया तो हमारी कंपनी 1000 करोड़ की प्रॉफिट में थी।

01:01 PM, 07-Aug-2023

'कोई जानबूझकर डिफाल्टर नहीं होना चाहता'

महिंदरा फाइनेंस के एमडी रमेश अय्यर ने कहा कि किसानों की खुदकुशी पर उन्होंने कहा कि अगर हमें ट्रैक्टर की जरूरत है तो पूछना चाहिए क्या हमें लोन मिल सकता है, यह नहीं होना चाहिए कि हमें लोन मिल रहा है इसलिए ट्रैक्टर ले लूं। उन्होंने कहा कि एक फाइनेंस कंपनी को सलूशन कंपनी होना चाहिए। महिंद्रा फाइनेंस एक ऐसी कंपनी है। महिंद्रा फाइनेंस ट्रैक्टर घर की मरम्मत बीमा पॉलिसी के लिए भी लोन देती है। लोन डिफॉल्टर पर उन्होंने कहा ज्यादातर डिफाल्टर परिस्थिति के अनुसार होते हैं। कोई जानबूझकर डिफाल्टर नहीं होना चाहता।

12:43 PM, 07-Aug-2023

संघर्ष की सौगात

दूसरा सत्र शुरू हो गया है। इस सेशन का नाम संघर्ष की सौगात है। रमेश अय्यर, महिंदरा फाइनेंस के एमडी और श्याम सुंदर देहात स्टार्ट अप के को फाउंडर इस सत्र में शामिल हुए हैं।

12:43 PM, 07-Aug-2023

सीएम भगवंत मान का सम्मान

पहले सत्र की समाप्ति पर अमर उजाला के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी ने सीएम भगवंत मान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

12:23 PM, 07-Aug-2023

मां की महिमा पर बोले मान

सीएम मान ने मां की महिमा पर भी खूब बोला। उन्होंने कहा कि मेरा घर गांव में आज भी पुराना घर है। एक चैनल वाले ने मेरी मां से पूछा कि घर की ईंट दिख रही है। आपका बेटा सीएम बन गया है अब तो इसे सही करवा लो। तब मां ने कहा कि मेरे रहते इस घर में एक हथोड़ा नहीं चलेगा। पता नहीं कौन सी किस्मत की ईंट लगी है, जिसने मेरे बेटे को इतने ऊंचे पद पर पहुंचाया।

 

12:20 PM, 07-Aug-2023

व्यंग्यकारों को किया जा रहा परेशान

भगवंत मान ने कहा कि आज व्यंग्यकार को लोग परेशान कर रहे हैं, राजस्थान में पीएम मोदी की नकल करने वाले व्यक्ति को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने अपनी मुंबई की यात्रा का भी जिक्र किया और बताया कि वहां पर मुझे एक लिस्ट दी गई थी और कहा गया था कि इन शब्दों को नहीं बोलना है। इन शब्दों में काला धन, एनडीए, 15 लाख जैसे शब्द शामिल थे।
 

12:12 PM, 07-Aug-2023

राहुल गांधी पर भी दी राय

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत पर मान ने कहा कि हर बात के लिए हमें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ रहा है। जीएसटी और आरडीएफ का पैसा हमारा पैसा है और उसे ही लेने के लिए हमें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ रहा है। केंद्र सरकार हमारा पैसा ही हमें वापस नहीं करती है। सीएम ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र का मतलब लोगों का तंत्र है। इसे षड्यंत्र या राजतंत्र ना बनाएं। 

12:08 PM, 07-Aug-2023

विपक्ष के चेहरे पर जवाब

सीएम भगवंत मान ने पीएम मोदी के सामने विपक्ष के चेहरे पर कहा कि 140 करोड़ लोग चेहरा हैं। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को परेशान कर रही है। कोई अगर कुछ बोलता है तो जेल में डालती है। अरविंद केजरीवाल के चेहरा होने पर मान ने कहा कि चेहरा लोग चुनेंगे। सीएम मान ने कहा कि बीजेपी के जीतने पर पूरा दिन खबरें चलती हैं, मगर हमारी जीत पर जिक्र नहीं होता। जीत गए तो मोदी, हार गए तो लोकल। उन्होंने कहा इससे तो लग रहा है हमारा कुत्ता कुत्ता, तुम्हारा कुत्ता टॉमी।

12:05 PM, 07-Aug-2023

चपरासी भी बदलना हो तो पीएम से परमिशन लेनी होगी: मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली का चपरासी भी बदलना हो तो पीएम से परमिशन लेनी होगी। यह सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी नहीं मानते हैं। मान ने लोगों से पूछा क्या 15 लाख रुपये खाते में आ गए। दो करोड़ रोजगार भी नहीं मिला। किसानों की आय भी दोगुनी नहीं हुई।
 

12:03 PM, 07-Aug-2023

सीएम मान ने दिल्ली सेवा बिल पर दी प्रतिक्रिया

दिल्ली सेवा बिल पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये दिल्ली का बिल नहीं है। केंद्र पहले भी कई बार ऐसा कर चुकी है। मान ने कहा दिल्ली बिल पर लोकसभा में गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली विधानसभा नहीं है... तो मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वह पहले वहां पर्ची क्यों बांट रहे थे। पीएम को देश के बारे में सोचना चाहिए।

11:59 AM, 07-Aug-2023

पंजाब शांत तो देश शांत

मान ने कहा कि अगर पंजाब नंबर वन बना तो देश नंबर वन बन जाएगा। पंजाब शांत रहेगा तो देश शांत रहेगा।  पंजाब का माहौल बहुत अच्छा है।

11:54 AM, 07-Aug-2023

पहले की सरकारों ने पाले गैंगस्टर

पंजाब में कानून व्यवस्था पर सीएम मान ने कहा कि हम डेढ़ साल से सरकार में हैं, गैंगस्टर डेढ़ साल में पैदा नहीं हुए। पहली की सरकारों ने उन्हें पाला। अमृतपाल के सवाल पर मान ने कहा कि इस मामले में सरकार कामयाब रही। हमने अमृतपाल को जेल में डाला। कोई खून खराबा नहीं हुआ। भाजपा नेताओं से पूछिए हरियाणा, मणिपुर में कौन फेल रहा है। नूंह में क्या हो रहा है। रामनवमी के दौरान पंजाब में कोई बवाल नहीं हुआ। लॉ आर्डर ठीक नहीं होता तो इन्वेस्टर पंजाब में क्यों आते। पंजाब की जमीन पर हर बीज उगेगा लेकिन मैं पंजाब में नफरत का बीज नहीं उगने दूंगा। श्री आनंदपर साहिब सिखों के पांच तख्तों में से एक है लेकिन वहां के सांसद मनीष तिवारी हैं। फरीदकोट में सिर्फ 15 हजार मुस्लिम आबादी है वहां के सांसद मोहम्मद सादिक हैं। पंजाब के लोग भाईचारे को पसंद करते हैं।

11:51 AM, 07-Aug-2023

सीएम ने नेताओं पर कसा तंज

उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश के नेता ईमानदार थे, कोई घटना होने पर इस्तीफा दे देते थे। पहले लोग टिकट उस इलाके से मांगते थे, जहां लोग उन्हें जानते थे मगर अब नेता उस इलाके से टिकट मांगते हैं, जहां उन्हें कोई नहीं जानता हो।

11:49 AM, 07-Aug-2023

पीएम मोदी को भी रिवर्स माइग्रेशन की जरूरत 

पीएम मोदी के मेक इन इंडिया पर मान ने कहा कि मोदी विदेश में ज्यादा रहते हैं, उन्हें भी रिवर्स माइग्रेशन की जरूरत है। मान ने कहा कि हमने पंजाब में दफ्तरों का समय बदला और 10500 मेगावाट बिजली बचाई। आगे भी हम ऐसा करेंगे। दुनिया भर के अखबारों ने हमारी तारीफ की।

11:47 AM, 07-Aug-2023

पंजाब में रिवर्स माइग्रेशन शुरू 

युवाओं के विदेश जाने के सवाल पर मान ने कहा कि ब्रेन ड्रेन की समस्या बहुत बड़ी है। हमारा टेलेंटेड युवा बाहर जा रहा है। 2016 से 21 तक सरकार ने कहा कि खजाना खाली है। इससे युवा हताश हुए। लेकिन अब हमने पंजाब में जॉब शुरू कर दी है। अब कई लोग पंजाब में विदेश से लौट रहे हैं। रोज मेरे पास लोगों के फोन आते हैं कि हम कनाडा छोड़कर पंजाब आ रहे हैं। विदेश में बसे लोग पंजाब आना चाहते हैं। पहले की सरकार ने अवसर नहीं पैदा किए। पंजाब के एनआरआई यहां आना चाहते हैं। बोइंग में 60 फीसदी इंजीनियर भारतीय हैं।

11:41 AM, 07-Aug-2023

गिनाई सरकार की तीन उपलब्धियां

मान ने कहा कि मेरी सरकार की तीन उपलब्धियां हैं। हमने बिजली का बिल शून्य किया और बिजली बोर्ड को भी पूरी सब्सिडी दी। हमने झारखंड में कोयला खान खरीदी। हमने 12 हजार कच्चे अध्यापकों को पक्का किया है। हमने ग्रीन स्टांप पेपर इंडस्ट्री के लिए जारी किया है। अब उद्योग को एक ही जगह पर सभी एनओसी मिलेगी। अपनी सरकार को नंबर दिए जाने पर मान ने कहा कि मैं खुद नंबर हूं। नंबर तो जनता देती है। मैं नंबरिंग में नहीं पड़ता। मेरा मानना है कि काम करते रहो। 

11:31 AM, 07-Aug-2023

शहीदों को किया याद 

सीएम भगवंत मान ने अपने संबोधन की शुरुआत में शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब की दो प्रतिशत आबादी है लेकिन नब्बे प्रतिशत कुर्बानी दी। पंजाब के हर गांव में शहीद हैं। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह जब अंग्रेजों से लड़ रहे थे तो वे आजादी के लिए कान्फिडेंट थे। बस उनकी चिंता थी कि देश किसके हाथ में जाएगा। मान ने कहा कि 75 साल हो गए अभी भी देश में कई समस्याएं हैं। आज भी हमारे युवा अपनी जमीन बेच कर फिर अंग्रेजों के देश में जा रहा है। मान ने कहा कि हमारे पास शहीदों का विजन है। हम उसी पर काम कर रहे हैं।

11:22 AM, 07-Aug-2023

अमर उजाला का आभार

सीएम मान ने अमर उजाला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संवाद से ही विकास का रास्ता खुलता है।

11:20 AM, 07-Aug-2023

पहला सत्र शुरू

राइजिंग पंजाब के सत्र का शुभारंभ हो गया है। 

11:18 AM, 07-Aug-2023

खेल और संगीत में पंजाब का डंका  

तन्मय माहेश्वरी ने कहा कि पंजाब के संगीत का पूरा विश्व में डंका बजता है। कहीं भी शादी हो तो पंजाब के ढोल के बिना जश्न नहीं मनता। वहीं खेल में भी पंजाब की प्रतिभा का कोई सानी नहीं है। 

11:16 AM, 07-Aug-2023

अमर उजाला के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी का संबोधन

अमर उजाला के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी ने मंच से कहा कि पंजाब का देश की प्रगति में बड़ा अहम रोल रहा है। पंजाब ने देश में कभी अन्न की कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में पंजाब का अहम योगदान है। 
 

11:10 AM, 07-Aug-2023

मंच पर पहुंचे सीएम मान

सीएम भगवंत मान कार्यक्रम में पहुंच गए हैं। 

10:54 AM, 07-Aug-2023

जुनून पंजाब का सत्र में शामिल होंगे अतुल गांधी

अमर उजाला संवाद- पंजाब के 'जुनून पंजाब का' सत्र में शामिल होने जा रहे अतुल गांधी केपीएमजी एश्योरेंस एंड कंसल्टिंग सर्विसेस एलएलपी चंडीगढ़ के ऑफिस मैनेजिंग पार्टनर हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के सदस्य अतुल गांधी को अपने क्षेत्र में 36 वर्षों का कार्यानुभव है। वह उत्तरी भारत के राज्यों में अग्रणी प्रोमोटर्स के साथ टैक्स प्लानिंग की सेवाओं से जुड़े हैं। गांधी सरकारी क्षेत्र के साथ-साथ करदाताओं और कंपनियों को आयकर से संबंधित सहायता व सलाह प्रदान करते हैं। वह कर से जुड़े विभिन्न विषयों के एक नियमित वक्ता भी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बेचलर ऑफ लॉ की पढ़ाई की है।

10:34 AM, 07-Aug-2023

डीजीपी पंजाब भी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता, मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, मुख्य सचिव पंजाब अनुराग वर्मा, एडवाइजर चंडीगढ़ प्रशासन डॉ. धर्मपाल, डीजीपी पंजाब गौरव यादव, महाधिवक्ता (एजी) पंजाब विनोद घई भी हिस्सा लेंगे। 

09:53 AM, 07-Aug-2023

पहुंचने लगे मेहमान

मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। कुछ ही देर में पंजाब के सीएम भगवंत मान भी समारोह में पहुंचेंगे।

09:25 AM, 07-Aug-2023

संवाद में ये करेंगे शिरकत

अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में चंडीगढ़ और पंजाब की नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, हरजोत सिंह बैंस, गुरमीत सिंह मीत हेयर, गुरमीत सिंह खुड्डियां, चेतन सिंह जौड़माजरा, बलकार सिंह के अलावा सांसद सुशील रिंकू शिरकत करेंगे।

09:00 AM, 07-Aug-2023

पीजीआई निदेशक बोले-विकास की रुपरेखा को मिलेगा नया आयाम

पीजीआई के निदेशक का कहना है कि अमर उजाला सामाजिक सरोकार के साथ ही देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित करता रहा है। संवाद इसी कड़ी में एक ऐसा कार्यक्रम होगा जो प्रदेश के विकास की रूपरेखा को नए आयाम प्रदान करने में सहायक होगा। आम जन तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचे, इस दिशा में मंथन करने की आवश्यकता है। 

08:46 AM, 07-Aug-2023

ये हैं सहयोगी

कार्यक्रम के सह प्रायोजक शुद्धि हिम्स, विशेष सहयोगी चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेस झंझेड़ी मोहाली, सहयोगी ड्यूक, करतार एग्रो और रेडियो पार्टनर 93.5 एफएम हैं। 

08:26 AM, 07-Aug-2023

विकास के नए आयाम होंगे स्थापित

चंडीगढ़ के लोगों का कहना है कि यह कार्यक्रम विकास के नए आयाम स्थापित करेगा, जो पंजाब और चंडीगढ़ के समग्र विकास को लेकर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। 

08:03 AM, 07-Aug-2023

पंजाब पुलिस के बैंड की धुनों से होगा स्वागत

कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों का स्वागत पंजाब पुलिस के बैंड की धुनों से होगा। समारोह में पंजाब आर्म्ड पुलिस जालंधर की एक स्पेशल टीम मौजूद रहेगी। इसके पीछे प्रयास है कि इस पल को यादगार बनाया जा सकें। समारोह में पुलिस बैंड के बीस सदस्य मौजूद रहेंगे, जो कि विभिन्न गानों की धुने बजाकर लोगों के दिल जीतेंगे। इस बैंड की विशेषता है कि जितने भी राज्यस्तरीय बड़े समागम होते हैं, उसमें यह शामिल होता है। इसके अलावा पुलिस और लोगों के रिश्ते मजबूत करने में भी इसकी अहम भूमिका रही है। कई बड़ी हस्तियों की शादियों में यह बैंड प्रस्तुति दे चुका है।  

07:46 AM, 07-Aug-2023

अभिनेत्री गुल पनाग पिता के साथ करेंगी शिरकत

लाफिंग थ्रू लाईफ सत्र में अभिनेत्री मल्लिका दुआ शामिल होंगी। वहीं, मन की जीत में पूर्व क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद, जबकि फादर एंड डॉटर्स ऑफ पंजाब सत्र में अभिनेत्री गुल पनाग और उनके पिता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एचएस पनाग शिरकत करेंगे।

07:25 AM, 07-Aug-2023

लंच के बाद रंग जमाएंगे सनी-अमीषा

खेल के लिए समर्पित सत्र जिद्द और जुनून में पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर के साथ हॉकी खिलाड़ी रूपिंदर पाल सिंह और गुरजीत कौर भाग लेंगी। भोजनावकाश के बाद मनोरंजन जगत की नई दिशाएं सत्र में गदर टू की मशहूर जोड़ी सनी देओल और अमीषा पटेल भाग लेंगे। 

06:53 AM, 07-Aug-2023

वित्त और शिक्षा पर होगी चर्चा

एजुकेशन सिनेरियो ऑफ पंजाब-रोशन राहें में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस और सेंट्रल यूनिवर्सिटी पंजाब के वाइस चांसलर प्रो. रघुवेंद्रा पी तिवारी पैनल चर्चा में भाग लेंगे। इसके बाद के सत्र में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और ड्यूक के एमडी कोमल कुमार जैन के साथ केपीएमजी कंसल्टिंग सर्विस के ऑफिस मैनेजिंग पार्टर अतुल गांधी शिरकत करेंगे। 

06:02 AM, 07-Aug-2023

Chandigarh Samvad Live: गुल पनाग बोलीं- जो भी हूं अपने पिता की वजह से हूं, जनरल की बेटी होने पर होता है गर्व

पंजाब के विकास को लेकर चंडीगढ़ में आज अमर उजाला संवाद-पंजाब का आयोजन हो रहा है। नौ विभिन्न सत्रों में चलने वाला संवाद सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर शाम के 5:00 बजे तक जारी रहेगा। पहले सत्र में मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वह राइजिंग पंजाब सत्र की अध्यक्षता करेंगे और अपने विचार रखेंगे।

पैनल डिस्कशन में राइजिंग स्टार्टअप एंड इंडस्ट्री सिनेरियो ऑफ पंजाब-संघर्ष की सौगात में महिंद्रा फाइनांस के एमडी एवं उपाध्यक्ष रमेश अय्यर के साथ एग्री स्टार्टअप देहात के को-फाउंडर श्याम सुंदर शिरकत करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें