'सीताराम केसरी का अपमान कभी नहीं भूलेगा बिहार'
पीएम मोदी ने कहा कि साथियों आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी की पुण्य तिथि है। देश कभी नहीं भूलेगा कि किस तरह कांग्रेस ने सीताराम केसरी का अपमान किया था। इनलोगों ने दलितों और पिछड़ों का अपमान किया। सीताराम केसरी बिहार का गर्व थे। लेकिन, कांग्रेस के एक परिवार वालों ने उन्हें बाथरूम में फेंक दिया। अध्यक्ष पद से हटा कर फेंक दिया। और, उस परिवार ने अध्यक्ष पद की चोरी कर ली। लेकिन, एनडीए सरकार ने कभी दलितों और पिछड़ों का अपमान नहीं किया। उनके लिए कई योजनाएं लाई। आप सभी को राजद और कांग्रेस वालों से सावधान रहना है। राजद और कांग्रेस वाले महिला रोजगार योजना पर भी ताला लगा सकते हैं। जब महिला की बात आई तो कांग्रेस ने संसद में बिल फाड़ दिया था।
सीएम नीतीश कुमार ने गिनाई एनडीए सरकार की उपलब्धियां
भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी सीधे जनसभा को संबोधित करने मंच पर पहुंचे। यहां पर सीएम नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को फिर से बिहार आने के लिए धन्यवाद दिया। इसके बाद बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाई। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों ने बिहार के विकास के लिए बहुत काम किया। केंद्र सरकार ने बजट में विशेष आर्थिक सहायता के लिए सड़क, पुल, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि दी। मखाना बोर्ड का गठन किया।