स्पीकर ने फिर से कुमार सर्वजीत से पूछा कि तेजस्वी यादव कहां हैं? अब तो बता दीजिए। इसपर राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने जवाब दिया कि वह दिल्ली में अपने पिता लालू यादव का इलाज करवा रहे हैं।
सत्ताधारी दलों ने जब विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के गायब होने पर सवाल पूछा तो राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने जवाब दिया। कहा- आप लोग तेजस्वी यादव को खोज रहे हैं? लेकिन, यह तो बता दें कि निशांत कुमार कहां हैं? स्पीकर ने कहा कि निशांत कुमार लगातार सदन आ रहे हैं। पलटवार करते हुए कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि निशांत कुमार विधान परिषद में हैं। हमलोगों को तेजस्वी यादव की चिंता है, इसीलिए बता दीजिए कि वह कहां है? उनकी तबीयत तो ठीक है न?
तेजस्वी यादव कहां हैं? इस सवाल पर एनडीए विधायकों ने जमकर हंगामा किया। कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सदन जानना चाहता है कि नेता प्रतिपक्ष कहां हैं? शासन और सदन की खूबसूरती नेता प्रतिपक्ष कहां हैं? राजद वाले ही बता दें कि कहां हैं नेता प्रतिपक्ष? सदन में हंगामा हो रहा है।
राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने छात्र आंदोलन के मुद्दे को भी उठाया। कहा कि वह अपने लिए कुछ नहीं मांग रहे हैं। वह तो केवल अपनी परीक्षा को सही ढंग से कराने की मांग कर रहे हैं। आज अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होते तो इस तरह से पटना में छात्रों की नहीं मारा जाता। इतना कहते ही भाजपा के विधायक हंगामा करने लगे।
खजाना खाली होने की बात पर ही उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार आकस्मिक फंड से राशि निकाल कर काम करती रही है। राजद विधायक ने कहा कि आपके पास पैसा ही नहीं है। सरकार वित्तीय संकट से जूझ रही है। आकस्मिक निधि से फंड निकाल कर ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन में दी गई है। दो वर्षों से आपने ठेकेदारों को पैसा नहीं दिया? अगर वित्तीय संकट नहीं था तो जिन सड़क का शिलान्यास किया गया, उसका टेंडर क्यों कैंसिल किया गया। इस पर वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि ठेकेदार को सही रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट देने के बाद पैसा भेज दिया जाएगा।
विपक्ष की ओर से बिहार सरकार का खजाना खाली बताए जाने को लेकर वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि खजाना की हालत की जानकारी चोर को होती है। इसपर राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि हमारे वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव खजाना की जानकारी रखने वाले को चोर बता रहे हैं। अगर ऐसा है तो बिहार की जनता चोर है क्या? इस पर एनडीए के विधायकों ने तंज कसते हुए कहा कि आप चारा घोटाला वाला खाना दे दीजिए। पलटवार करते हुए कुमार सर्वजीत ने कहा कि राम मंदिर समेत देश के तमाम मंदिर का ख़ज़ाना किसने लूटा? यह सर्वविदित है।
लंच ब्रेक के बाद वित्त विभाग के प्रभारी मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 151(2) के तहत भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) से प्राप्त बिहार सरकार से संबंधित तीन लेखापरीक्षा प्रतिवेदन सदन की मेज पर रखे। इनमें मार्च 2024 को समाप्त वर्ष 2023-24 का 'निष्पादन एवं अनुपालन लेखापरीक्षा", वर्ष 2017-18 से 2022-23 का 'निष्पादन लेखापरीक्षा (सिविल)' तथा वर्ष 2024-25 का 'राज्य के वित्त' प्रतिवेदन शामिल हैं।
इसके बाद मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने सदन में प्रस्ताव रखा कि बिहार विधानसभा के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद इन CAG प्रतिवेदनों को लोक लेखा समिति (PAC) द्वारा विचार किए जाने से पहले ही जनता के लिए बिक्री हेतु उपलब्ध कराया जाए। विधानसभा ने दोनों प्रस्ताव सदन के समक्ष पेश कर दिए।
भाजपा विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि विपक्ष के लोग सदन की कार्यवाही चलने देना ही नहीं चाहते हैं। इसीलिए ऐसा आरोप लगा रहे हैं। आप वीडियो देख लें। सारी बातें साफ हो जाएगी। एक दिन पहले जिस तरह से विपक्ष के गुंडों ने जिस तरह से पटना में उपद्रव किया। वह अन्याय है। वह कोई छात्र नहीं कर सकता है। यह लोग उपद्रवी थे। आज भी विपक्ष ने सदन में हंगामा करने की कोशिश की।
राजद विधायक कुमार सर्वजीत में आरोप लगाया कि मेरे बगल में बैठे विधायक आईपी गुप्ता पर हमला करने की कोशिश हुई। वेल में आकर भाजपा के विधायकों ने गुंडागर्दी की। यह कैसा लोकतंत्र है? आज सदन की गरिमा तार तार हो गई। यह लोग जनता की आवाज को दबाना चाहते हैं। छात्रों पर इनलोगों ने अन्याय किया। बर्बर तरीके से लाठियां बरसाई।
दोनों मामलों को लेकर सत्ता और विरोधी दल आमने-सामने थे, तभी भाजपा विधायक श्या बाबू यादव ने बड़ा आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों के कुछ लोग डाकबंगला चौराहे पर उनकी हत्या की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाकर्मी पर हमला हुआ। किसी तरह जान बचाकर भागे। उन्होंने वामपंथी छात्र संगठन के प्रदर्शन की आड़ में गुंडागर्दी पर बड़ा बयान दिया। दोनों पक्षों के हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही दो बजे दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का चौथा दिन पिछले सत्रों की तरह हंगामेदार रहा। बुधवार को पटना में वामपंथी छात्र संगठन के हंगामे को आज विधान मंडल के दोनों सदनों में कांग्रेस-राजद का साथ मिला। लेकिन, आज भाजपा के पास भी मुद्दा था। कल ही कांग्रेस कार्यालय जाने के दौरान भाजपा नेताओं की जमकर पिटाई हुई थी। लगभग 30 नेता-कार्यकर्ता घायल हुए थे।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें अल्पसूचित एवं तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके बाद ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर चर्चा होगी। शिक्षा विभाग से जुड़े मामले पर विधायक विमल राजवंशी की ध्यानाकर्षण सूचना का सरकार जवाब देगी। वहीं, सहकारिता विभाग से संबंधित विधायक आलोक कुमार सिंह की ध्यानाकर्षण सूचना पर भी सरकार का वक्तव्य आएगा।
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। आज दिन काफी खास रहने वाला है। आज वामपंथियों के आंदोलन को राजद-कांग्रेस का साथ मिलेगा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर सदन के अंदर और बाहर हंगामा के आसार हैं। विपक्ष छात्रों पर हुए हमले को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इधर, लंच ब्रेक सदन में सरकार आज साल 2026-27 के लिए द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी (अनुपूरक बजट) सदन के पटल पर रखेगी। कार्यसूची के अनुसार, सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें शिक्षा और सहकारिता विभाग से जुड़े तारांकित प्रश्नों के उत्तर सरकार देगी।