फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar CM Oath: मंत्रियों के विभाग बंटवारे पर सीएम नीतीश कुमार का मंथन, शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी हुए रवाना

Thu, 20 Nov 2025 10:30 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar CM Nitish Kumar Shapath Grahan Samaroh Live: बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटें लाने वाली एनडीए ने बिहार में नई सरकार बना ली है। सीएम नीतीश कुमार के साथ 26 मंत्रियों ने शपथ ली। पीएम मोदी निकले तो विभागों पर मंथन शुरू हुआ।
विज्ञापन
10वीं बार नीतीश कुमार ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:02 PM, 20-Nov-2025
दीपक प्रकाश - फोटो : अमर उजाला

Deepak Prakash : उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने पर ट्रोलिंग
आज गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान 26 मंत्री भी बने, जिसमें कई चेहरे नए भी हैं, लेकिन सबसे अधिक जिन बातों पर चर्चा एनडीए में शामिल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी मंत्री बनाया जाना है। सबसे बड़ी बात यह है कि अब तक उनके नाम की बहुत कोई चर्चा नहीं थी। ऐसे में दीपक प्रकाश ना तो विधायक हैं ना एमएलसी हैं फिर भी  उन्होंने नीतीश कुमार के कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। फिलहाल सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा ट्रोल हो रही है।  

09:17 PM, 20-Nov-2025

Bihar Minister Department : स्वास्थ्य-खेल सहित कुछ मंत्रियों का नाम पक्का

बिहार की नई सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 35 मंत्री बन सकते थे। फिलहाल सीएम नीतीश कुमार के साथ 26 मंत्रियों ने शपथ ली है। शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी पटना से निकले, तब कुछ घंटे बधाई-स्वागत का सिलसिला चला। अब मंत्रियों के विभागों पर बात चल रही है। पहले दोनों भाजपाई डिप्टी सीएम के साथ बिहार चुनाव प्रभारी, बिहार प्रभारी आदि ने विमर्श किया। इसके बाद, इस संबंध में दलों के अंदर भी बात हुई। अब तक सबकुछ फाइनल नहीं हुआ है, इसलिए सूची नहीं जारी की गई है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ समेत कुछ विभाग पुराने मंत्रियों के पास ही रहेंगे। खेल विभाग श्रेयसी सिंह को देने का फैसला लगभग हो गया है। 

08:41 PM, 20-Nov-2025

चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर और अन्य विपक्षी नेताओं पर किया तीखा हमला 
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर और अन्य विपक्षी नेताओं पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि वे लोग अहंकार की पराकाष्ठा को पार कर गए थे, जिसका जवाब जनता ने दिया है।
 

विज्ञापन
06:23 PM, 20-Nov-2025

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने दी बधाई 
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने एनडीए की नयी सरकार में शामिल सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि नयी सरकार में शामिल सभी मंत्रियों को मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं और अभिनंदन। उन्होंने कहा कि बिहारवासियों के लिए आज गौरव का दिन है। बिहार में न सिर्फ नयी सरकार का गठन हुआ है, बल्कि विकास की नयी गति का आगाज हुआ है। नयी सरकार विकास का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। यह विकास हर क्षेत्र और हर तबके के लिए खास होगा। आज विकास की क्षितिज में सूर्य की नयी किरणें प्रस्फुटित हुई है, जिसमें की कुछ ज्यादा ऊर्जा और उजास है। इस नयी ऊर्जा और उजास से बिहार का कोना-कोना रोशन होगा। 

05:31 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: मंगल पांडेय बोले- विकास की नीति मजबूत हुई

नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मंत्री मंगल पांडेय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। पटना में पांडेय ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में समावेशी विकास हुआ है और हर वर्ग के आर्थिक व सामाजिक जीवन स्तर में सुधार आया है। उनके कार्यकाल में न्याय के साथ विकास की नीति मजबूत हुई है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। गांधी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी से बिहार की जनता के बीच सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का संदेश गया। पांडेय ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम पद की शपथ पर भी बधाई दी और आशा जताई कि उनके कुशल मार्गदर्शन में विकास की नई गति मिलेगी। साथ ही, मंत्री बनाए जाने पर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह समेत शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन
04:56 PM, 20-Nov-2025
निशांत को गले लगाते सीएम नीतीश कुमार। - फोटो : सोशल मीडिया।

Bihar CM Oath: सीएम नीतीश कुमार से उनके बेटे निशांत ने लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री पद की शपथ पद की लेने के बाद नीतीश कुमार एक अणे मार्ग स्थित अपने पहुंचे। यहां उनसे उनके बेटे निशांत कुमार ने मुलाकात की। निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद दिया। इसके बाद सीएम नीतीश ने उने लगे लगा लिया। इस पल की तस्वीर तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। 

04:36 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: चिराग पासवान की पार्टी से दो संजय बने मंत्री

नई एनडीए सरकार में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास से दो विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इसमें महुआ विधानसभा से जीते संजय सिंह और बखरी विधानसभा संजय पासवान शामिल हैं। संजय सिंह ने लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को हराया था। शपथ ग्रहण समारोह के बाद चिराग पासवान ने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प के प्रति समर्पित नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के शामिल पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता श्री संजय कुमार सिंह जी को उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पार्टी के प्रति आपका समर्पण और जनसेवा की भावना, साथ ही दो दशकों का आपका अमूल्य अनुभव, निश्चित रूप से बिहार के नव-निर्माण को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। आपकी ऊर्जा, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता से राज्य के विकास कार्य और अधिक सशक्त होंगे।

03:47 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: एकनाथ शिंदे बोले- इसी तरह का परिवर्तन बंगाल में भी देखने को मिलेगा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अपना विश्वास जताया, जंगलराज को नकारकर विकास को स्वीकार किया। इसी तरह का परिवर्तन बंगाल में भी देखने को मिलेगा।

03:01 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: केंद्रीय मंत्री बोलीं- महिलाएं हमारी शासन प्रणाली के केंद्र में हैं

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि एनडीए सरकार अपने घोषणा पत्र में युवाओं को एक करोड़ नौकरियां देने की बात कही है। महिलाएं हमारी शासन प्रणाली के केंद्र में हैं। हमारी सभी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में हैं। इसी तरह एक विकसित भारत का निर्माण होगा।

02:35 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: तेजस्वी यादव ने दी नई एनडीए सरकार को बधाई

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।

02:00 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: जानिए सीएम नीतीश के बेटे निशांत ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने राज्य की जनता को “ऐतिहासिक जनादेश” के लिए धन्यवाद दिया और महिलाओं के “विशेष योगदान” को सराहा, लेकिन अपने राजनीतिक पदार्पण पर सवालों से बचते रहे। निशांत कुमार ने कहा कि बिहार की जनता को धन्यवाद और शुभकामनाएं। मैं दिल से आभार और बधाई व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों ने काम किया, जिस तरह महिलाओं ने मतदान किया, उनका विशेष योगदान, यह बिहार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

01:30 PM, 20-Nov-2025

Bihar Cabinet Ministers: जानिए श्रेयसी सिंह ने क्या कहा?

भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने बिहार की मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने कहा कि मैं जमुई की जनता और अपने परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त करती हूं। आज शपथ लेने वाले कैबिनेट में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता शामिल हैं।

01:09 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: गिरिराज सिंह- अगली बारी बंगाल की है

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जीत हमारी है, अगली बारी बंगाल की है। हम बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे। एसआईआर बंगाल में लागू किया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि मैं बिहार की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी पर अपना विश्वास जताया। हमें बड़ा जनादेश मिला है, इसलिए हमारी जिम्मेदारियाँ भी बढ़ गई हैं। बिहार की जीत हमारी है, अगली बारी बंगाल की है। हम बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।

12:40 PM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: दिलीप जायसवाल बोले- ‘विकसित बिहार’ के सपने को पूरा करने की चुनौती है

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ के सपने को पूरा करने की चुनौती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार कानून के राज में विकसित हो। मैं पहले भी मंत्री रह चुका हूँ, लेकिन मुझे संगठन की सेवा करनी थी। यह चुनाव मैंने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लड़ा। अब मैं फिर से मंत्री बना हूं।

12:06 PM, 20-Nov-2025
पीएम मोदी और सीएम नीतीश के साथ एनडीए के नेता। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: 26 मंत्रियों की पूरी लिस्ट देखिए

पीएम नरेंद्र मोदी ने गमछा लहरा कर लोगों का अभिनंदन किया। इससे पहले पांच-पांच नेताओं को एक साथ शपथ दिलाया गया। अंत में श्रेयसी सिंह समेत छह नेताओं ने एक साथ मंत्री पद की शपथ ली। एनडीए सरकार में सीएम नीतीश कुमार के अलावा 26 मंत्री बनाए गए। शपथ लेने वालों में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय कुमार चौधरी बिजेन्द्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, राम कृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, जमां खान, संजय सिंह ‘टाइगर’, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेद्र मेहता, नारायण प्रसाद, सुमित निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, शैलेश कुमार सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश शामिल हैं।

11:57 AM, 20-Nov-2025
श्रेयसी सिंह समेत छह ने ली मंत्री पद की शपथ। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: श्रेयसी सिंह समेत इन छह ने ली मंत्री पद की शपथ

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने श्रेयसी सिंह, लखेंद्र रोशन, दीपक प्रकाश, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह, डॉ प्रमोद कुमार को मंत्री मद की शपथ दिलाई।

11:54 AM, 20-Nov-2025
रमा निषाद समेत पांच ने ली मंत्री पद की शपथ। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath : नारायण प्रसाद समेत इन नेताओं ने एक साथ ली शपथ

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने जमा खान, संजय सिंह टाइगर, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद और रमा निषाद को मंत्री पद की शपथ दिलाई। 

11:49 AM, 20-Nov-2025
इन पांच ने एक साथ ली मंत्री पद की शपथ। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath : लेशी सिंह समेत इन पांच नेताओं ने एक साथ ली शपथ

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन और सुनील कुमार को  एक साथ मंत्री पद की शपथ दिलाई। 
 

11:44 AM, 20-Nov-2025
पांच नेताओं ने एक साथ ली शपथ। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath : इन पांच नेताओं ने एक साथ ली शपथ

विजय सिन्हा के शपथ लेने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय और दिलीप जायसवाल को एक साथ मंत्री पद की शपथ दिलाई। 

11:36 AM, 20-Nov-2025
सीएम पद की शपथ लेते नीतीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: नीतीश कुमार बने बिहार के सीएम

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार शपथ ग्रहण कर लिया है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके बाद सम्राट चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। वह दूसरी बार बिहार के डिप्टी सीएम बने हैं। 

11:32 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: इन लोगों को बनाया गया मंत्री

राज्यपाल के आदेश पर सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, डॉ दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया। 

11:27 AM, 20-Nov-2025
मंच पर मौजूद एनडीए के वरिष्ठ नेता। - फोटो : अमर उजाला

मंच पर पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी राम विलास के प्रमुख चिराग पासवान ने एनडीए के सभी वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लिया। वह अपनी पार्टी से तीन मंत्री चाहते थे। लेकिन, आज उनकी पार्टी से एक मंत्री शपथ लेंगे। बाकी बाद में लेगें। 

11:14 AM, 20-Nov-2025
मंच पर नीतीश कुमार, अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद हैं। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: एसपीजी के हाथों में सुरक्षा

गांधी मैदान की सुरक्षा एसपीजी के हाथों में है। पूरे गांधी मैदान में त्रि स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जिला पुलिस बल भी गांधी मैदान के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में तैनात है। 

11:05 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे पटना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में वह गांधी मैदान पहुंचेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे हैं। 

10:59 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: पवन और मनोज ने बांधा समा

गृह मंत्री अमित शाह मंच पर पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार, एनडीए के मुख्यमंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गृह मंत्री का स्वागत किया। इधर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने अपनी गीतों से मंच पर समा बांध दिया है। दोनों 'हां हम बिहारी गा रहे' हैं। 

10:54 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: यह लोग लेंगे मंत्री पद की शपथ

एनडीए की नई सरकार में भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नितिन नवीन, मंगल पांडेय, रमा निषाद, श्रेयसी सिंह, रामकृपाल यादव मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे। वहीं जदयू कोटे से विजय चौधरी, लेसी सिंह, श्रवण कुमार, जमा खान, अशोक चौधरी, विजेंद्र यादव और जमा मंत्री पद की शपथ लेंगे। इन सभी शपथ पत्र दिया जा रहा है। 

10:49 AM, 20-Nov-2025
मंच पर गीत गाते मनोज तिवारी और पवन सिंह। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: मनोज तिवारी और पवन सिंह मंच पर गा रहे गीत

नीतीश कुमार के साथ मंच पर यूपी, मेघालय और छत्तीसगढ़ हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी हैं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह मंच पर गीत गा रहे हैं। नीतीश कुमार ने जनता का अभिवादन कर रहे हैं। लोग एनडीए सरकार के लिए नारेबाजी कर रहे हैं। भाजपा की नवनिर्वाचित मैथिली ने कहा कि मैं बहुत उत्साहित हूं। आज पूरे बिहार के उत्साह का दिन है। 

10:44 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government: मंच पर पहुंचे नीतीश कुमार

नीतीश कुमार अमित शाह से मुलाकात कर होटल मौर्या से निकल कर गांधी मैदान पहुंचे। मंच पर उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, मेघालय और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई नेता मौजूद हैं। 

10:36 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government: इन दो राज्यों से सीएम पहुंचे पटना

शपथ ग्रहण समारोह के लिए मेघालय और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पटना पहुंचे। इधर, नीतीश कुमार गृह मंत्री अमित शाह से मिलने होटल मौर्या पहुंच चुके हैं। यहां से वह गांधी मैदान जाएंगे। 

10:31 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government: सीएम हाउस से निकले नीतीश कुमार

नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास से निकल चुके हैं। कुछ ही देर में वह गांधी मैदान पहुंचेंगे। यहां वह सीएम पद की शपथ लेंगे। उनके साथ सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नितिन नवीन, मंगल पांडेय, विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार समेत कई नामी चेहरे मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा कोटे से 14 मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं जदयू कोटे से 14, लोजपा राम से 2, हम और रालोमो से एक-एक मंत्री पर की शपथ लेने जा रहे हैं। 

10:23 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government: रत्नेश कुशवाहा बोले- बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है

बिहार भाजपा प्रदेश सचिव और निवर्तमान विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। बिहार एक विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर होगा।

09:57 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government: मनोज तिवारी बोले- जनता विकास चाहती है

बिहार सीएम शपथ ग्रहण समारोह पर बीजेपी नेता व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता को हार्दिक बधाई। 10वीं बार नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शपथ लेंगे। बिहार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जनता विकास चाहती है। आज बिहार और उसके नागरिकों के लिए ऐतिहासिक दिन है और मैं इस समारोह का हिस्सा बनकर तथा इस महत्वपूर्ण अवसर का साक्षी बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। तेजस्वी यादव को भी यह समारोह अटेंड करना चाहिए अगर वह लोकतंत्र का सम्मान करते हैं। राजनीति में रहने वालों को जीत-हार से ऊपर उठकर जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

09:29 AM, 20-Nov-2025

New Face in Bihar Government : चौंकाने वाले चेहरे होंगे मंत्रिपरिषद् में

शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने में डेढ़ घंटे भी नहीं बचे हैं, लेकिन अब तक नई सरकार के चेहरों की तस्वीर सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा को विधान परिषद् की एक सीट भी मिलने वाली है। वह अपनी पत्नी की जगह बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाना चाह रहे हैं। अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अगर उन्हें शपथ दिलाई जाती है तो कुछ समय के बाद उनके लिए विधान परिषद् का रास्ता खोला जाएगा। उपेंद्र कुशवाहा को केंद्र में जिम्मेदारी देने की तैयारी पहले से चल रही है।

09:22 AM, 20-Nov-2025

Jayant Chaudhary : केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दी शुभकामनाएं, बताया जीत का कारण

केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने नई दिल्ली से बिहार की नई सरकार को बधाई देते हए कहा- "बिहार की जनता ने बिहार के विकास, नीतीश कुमार की सादगी-ईमानदारी से प्रभावित होकर फिर से उन्हें मौका दिया है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर बहुत काम किया, जिसके कारण सभी वर्गों ने वोट दिया। वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जो लोग मतदाताओं के अधिकारों को छीनना चाहते थे, जनता उन्हें सत्ता से बाहर देखना चाहती थी और उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। नई सरकार को बधाई!"

09:12 AM, 20-Nov-2025
सुबह से ही गांधी मैदान में शपथ ग्रहण के लिए पहुंचने लगीं महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

पटना में हर तरफ सुबह से माहौल समारोह जैसा हो गया है। सड़कों के किनारे भाजपा-जदयू समेत एनडीए के सभी दलों के पोस्टर-बैनर दिख रहे हैं तो पटना एयरपोर्ट पर लगातार वीआईपी मूवमेंट चल रहा है। पटना जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस से भी कई नेता पहुंचे हैं। वीआइपी मूवमेंट के कारण सड़कों पर आम आवाजाही को कई जगह प्रतिबंधित किया गया है।

08:54 AM, 20-Nov-2025

Vijay Sharma : छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम ने रायपुर में क्या कहा?

पटना में शपथ ग्रहण समारोह के लिए निकलने से पहले छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि हम लोगों ने बिहार आकर देखा था कि नीतीश कुमार की जन-मानस में बहुत गजब की स्वीकार्यता है। नीतीश 10वीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। यह ऐतिहासिक है।

08:52 AM, 20-Nov-2025

Gajendra Singh Shekhawat : शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री क्या बोले

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन के मौके पर पटना पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस नई सरकार के साथ बिहार विकसित हो रहे भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा। उन्होंने एनडीए सरकार चुनने के लिए आम लोगों को बधाई दी।

08:40 AM, 20-Nov-2025

Nitish Kumar Bihar CM : नई सरकार में किन्हें बना रहे मंत्री, अब तक सिर्फ चर्चा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिपरिषद् में आज कितने विधायक या विधान पार्षद शामिल होंगे, इसकी अब तक चर्चा ही चल रही है। जिनके पास कॉल गया है, उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया है। रात में गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के बाद भी सभी नाम फाइनल होते-होते सुबह हो चुकी है। दो घंटे बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण में आ रहे हैं। शाह ने दागियों को मंत्री नहीं बनाने की बात कही है। ऐसे में भाजपा फूंक-फूंक कर नाम फाइनल कर रही है। 

08:19 AM, 20-Nov-2025
शपथ ग्रहण से पहले बेली रोड की तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: शपथ ग्रहण समारोह से पहले पटना की सड़क का हाल

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। बैनर, पोस्टर और झंडों से पटना की सड़कों को पाट दिया गया है। हर जगह एनडीए के दलों के झंडे लगाए गए हैं। इधर, सुरक्षा के भी चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। हर चौक चौराहों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। 

08:12 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: गांधी मैदान में प्रवेश व्यवस्था

जिला प्रशासन के अनुसार, आम जनता का प्रवेश गेट संख्या 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से होगा। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गेट संख्या 11 निर्धारित किया गया है। सहायता के लिए कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय है। किसी भी प्रकार की सूचना, सहायता या मार्गदर्शन के लिए लोग जिला नियंत्रण कक्ष से 0612-2219810, 0612-2219234 या डायल 112 पर कॉल कर संपर्क कर सकते हैं। 

07:53 AM, 20-Nov-2025
पटना में हर तरफ झंडे-बैनर और पोस्टर कल रात से ही लगकर स्वागत में तैयार हैं। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

Bihar CM Oath: जिला प्रशासन ने की यह अपील

20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाले नई सरकार के शपथ-ग्रहण समारोह के मद्देनज़र पटना जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की घोषणा की है। प्रशासन ने कहा है कि कार्यक्रम के दौरान जन-सुविधा, सुरक्षा और लोकहित सुनिश्चित करने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।  जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

07:30 AM, 20-Nov-2025
पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार। - फोटो : अमर उजाला

Bihar CM Oath: पीएम मोदी की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह होगा। आज 11:30 बजे के आसपास शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। मुख्यमंत्री लगभग 12:00 बजे शपथ लेंगे। नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत 18 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके बाद बजट सत्र से पहले तक मंत्रिमंडल विस्तार कर लिया जाएगा। 

07:16 AM, 20-Nov-2025
नीतीश कुमार आज 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे - फोटो : अमर उजाला प्रिन्ट/एजेंसी

Bihar CM Oath: सम्राट चौधरी ने रखा था नीतीश कुमार के नाम प्रस्ताव 

बुधवार को पटना में विधानसभा के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक हुई। इसमें भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी के सभी नव निर्वाचित विधायक और नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी ने बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। सर्वसम्मति से, फिर से नीतीश कुमार का नारा लगाते हुए एनडीए विधायक दल ने गुरुवार होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी कर ली।

06:58 AM, 20-Nov-2025

Bihar CM Oath: मंत्रियों के विभाग बंटवारे पर सीएम नीतीश कुमार का मंथन, शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी हुए रवाना

बिहारवासियों के लिए आज बड़ा दिन है। आज एनडीए के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। नीतीश कुमार10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। गृह मंत्री अमित शाह बुधवार रात ही पटना पहुंच चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। इससे पहले बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया और नए सिरे से सरकार गठन का दावा पेश किया था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें