फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election Voting Live: अब तक 64.46 फीसदी मतदान, निर्वाचन आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी

Thu, 06 Nov 2025 08:29 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Assembly Election Phase 1 Voting Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ। शाम छह बजे तक 121 सीटों पर 64.46 फीसदी वोटिंग हुई। 
विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव में शाम छह बजे तक 64.46 फीसदी मतदान हुआ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:29 PM, 06-Nov-2025

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि पहले चरण में कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनमें 8,608 शहरी क्षेत्र और 36,733 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित थे। सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग किया गया। मतदान के दौरान 385 बैलेट यूनिट, 421 कंट्रोल यूनिट और 847 वीवीपैट्स बदले गए, जबकि मॉक पोल के दौरान 165 बैलेट यूनिट, 159 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट्स बदले गए।

08:25 PM, 06-Nov-2025

एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि मतदान केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में अब तक 1,415 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह आंकड़ा शाम 5 बजे तक का है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा द्वारा राजद एमएलसी पर शराब पीने की शिकायत के संबंध में उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई गई, लेकिन राजद नेता के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।

08:24 PM, 06-Nov-2025

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि अभी भी कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया जारी है। कुछ केंद्रों का डाटा अब तक प्राप्त नहीं हो सका है।

विज्ञापन
05:38 PM, 06-Nov-2025

Bihar Assembly Election 2025: जानिए अब तक कहा कितना हुआ मतदान


बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम पांच बजे तक 60.18 प्रतिशत मतदान हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 6 नवंबर को शाम 5 बजे तक औसतन 60.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। मधेपुरा में 65.74%, सहरसा में 62.65%, दरभंगा में 58.38%, मुजफ्फरपुर में 65.23%, गोपालगंज में 64.96%, सीवान में 57.41%, सारण में 60.90%, वैशाली में 59.45%, समस्तीपुर में 66.65%, बेगूसराय में सर्वाधिक 67.32%, खगड़िया में 60.65%, मुंगेर में 54.90%, लखीसराय में 62.76%, शेखपुरा में न्यूनतम 52.36%, नालंदा में 57.58%, पटना में 55.02%, भोजपुर में 53.24% और बक्सर में 55.10% मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक बेगूसराय में और सबसे कम पटना में मतदान हुआ। 

 

05:06 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: पूर्व मंत्री शैलेश कुमार ने लगाए गंभीर आरोप


मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण के चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री शैलेश कुमार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जमालपुर के जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार के घर पुलिस पहुंची, उनके साथ मारपीट कर थाने ले गई। शैलेश कुमार का आरोप है कि पुलिस ने उनके कई समर्थकों को बिना किसी कारण हिरासत में लिया और दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है ताकि उनके चुनाव अभियान को कमजोर किया जा सके। पूर्व मंत्री ने जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं जिले की तारापुर, जमालपुर और मुंगेर विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण और सामान्य रूप से जारी है।

विज्ञापन
04:42 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: राजद MLC और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बीच भिड़ंत


लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और राजद MLC के बीच तकरार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दोनों नेता एक दूसरे पर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। विजय सिन्हा में कहा कि राजद एमएलसी ने शराब पी ली है। इसीलिए ऐसा कर रहे हैं। वहीं एमएलसी अजय कुमार सिंह ने कहा कि रात में इनको पैसा बांटने नहीं दिया गया। इसीलिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी पर उतर आए। वह चुनाव हार गए इसलिए बौखला गए हैं। विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ। वो कई दिनों से ये नाटक रचने का प्रयास कर रहे थे। 

04:09 PM, 06-Nov-2025
मोकामा में सूरजभान सिंह का विरोध। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Assembly Election 2025: सूरजभान सिंह का हुआ विरोध


मोकामा विधानसभा के दर्वे भदौर में राजद प्रत्याशी वीणा देवी के पति और बाहुबली सूरजभान सिंह का विरोध किया गया। वह मतदान की अपील करने गए थे। इसी दौरान लोगों ने उनका विरोध कर दिया। हालांकि, उन्होंने ने मतदाताओं को समझाने की कोशिश जरूर की लेकिन, किसी ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद वह वहां से लौट गए। 

03:56 PM, 06-Nov-2025
सीवान में भाजपा प्रत्याशी का विरोध। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: बुर्का हटाने कहा तो हुआ जमकर विरोध


सीवान के गोरेयाकोठी विधानसभा क्षेत्र के लकड़ी नवीगंज प्रखंड स्थित बूथ संख्या 349 और 350 लकड़ी मकतब पर भाजपा प्रत्याशी देवेशकांत सिंह के पहुंचने पर विवाद हो गया। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद मुस्लिम महिला मतदाताओं से बुर्का हटाने को कहा, जिसके बाद स्थानीय वोटरों ने कड़ा विरोध जताया। मौके पर हंगामा बढ़ने पर लोगों ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे लगाए। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ। 

03:51 PM, 06-Nov-2025
मतदान करने के बाद परिवार के साथ सैयद शमायल अहमद। - फोटो : अमर उजाला

 

प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद ने अपने परिवार के साथ दीघा विधानसभा क्षेत्र 181, समनपुरा स्थित सामुदायिक भवन, मेहंदी नगर में मतदान किया। इस दौरान उनके पुत्र सैय्यद शान अहमद ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद पहली बार मतदान किया। सैयद शमायल अहमद ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का यह पहला चरण लोकतंत्र का महापर्व है, जिसे जनता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ मना रही है। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्य का पालन करना एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि सभी लोग घरों से निकलकर मतदान करें और बिहार को मजबूत लोकतंत्र की दिशा में आगे बढ़ाएं।

03:33 PM, 06-Nov-2025
बिहार विधानसभा चुनाव। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: जानिए कहां कितना हुआ मतदान


पहले चरण की 121 सीटों पर 53.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों में औसतन 53.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार सबसे अधिक मतदान बेगूसराय में 59.82 प्रतिशत रहा, जबकि राजधानी पटना में सबसे कम 48.69 प्रतिशत वोट पड़े। मुज़फ्फरपुर में 58.40%, गोपालगंज में 58.87%, लखीसराय में 57.39%, समस्तीपुर में 56.35%, खगड़िया में 54.77%, सारण में 54.60%, वैशाली में 53.63%, नालंदा में 52.32%, मुंगेर में 52.17%, बक्सर में 51.69%, भोजपुर में 50.07%, सीवान में 50.93%, शेखपुरा में 49.37% मधेपुरा में 55.96%, सहरसा सहरसा में 55.22% व दरभंगा में 51.75% मतदान हुआ। अब मतदान के दौरान 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं। वहीं 300 से अधिक EVM बदले गए। 

03:28 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: खान सर ने पटना में किया मतदान


शिक्षक और यूट्यूबर खान सर ने प्रथम चरण के मतदान के तहत मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़कर शामिल होने की अपील की। 

03:17 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: लखीसराय मामले में CEC ने डीजीपी को दिया निर्देश


लखीसराय में बूथ पर हंगामे के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बिहार के डीजीपी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। लखीसराय एसपी खुद घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। एडिनिशल सीईओ अमित कुमार पांडेय ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

03:01 PM, 06-Nov-2025
मतदान करने पहुंचे भाई वीरेंद्र। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: वोटर आईडी चेक करने पर भड़के भाई वीरेंद्र


बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इस दौरान पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत महिनावा स्थित मध्य विद्यालय मतदान केंद्र संख्या 79 पर पुलिस कर्मियों के द्वारा मतदाताओं की वोटर कार्ड चेक करने के दौरान रोके जाने पर मनेर के वर्तमान विधायक व राजद प्रत्याशी भाई वीरेंद्र ने इसका विरोध करते हुए पुलिसकर्मी को चेतावनी दी। इस दौरान मतदान केंद्र पर पुलिसकर्मी और विधायक के बीच काफी देर तक कहा सुनी के साथ ही हो हंगामा हुआ। इस दौरान विधायक भाई वीरेंद्र पुलिसकर्मी को मतदाताओं को रोके जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया। जिसे लेकर मतदान केंद्र पर काफी देर तक गहमा गहमी की स्थिति बनी रही।

02:44 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: खुड़ियारी गांव में हुआ फ्लैग मार्च
लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड के खुड़ियारी गांव स्थित बूथ संख्या 404 और 405 पर बूथ कैप्चरिंग की सूचना मिलने पर एसपी अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा बलों ने गांव में फ्लैग मार्च कर लोगों में विश्वास बहाल किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है

02:36 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की एसपी से बात
घटना के बाद उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एसपी से बात की और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि वे गांव में रूके हुए हैं और धरना दे रहे हैं। सिन्हा ने गांव में स्पेशल फोर्स भेजने के लिए एसपी से निवेदन किया। 

02:12 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election: विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर पथराव
राजद समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया गया है। काफिले पर चप्पल फेंकी गई है। इसके अलावा "मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए भीड़ ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बयान दिया है कि भीड़ में राजद के गुंडे हैं। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया है। खोरियारी गांव के 404 और 405 बूथ नंबर हैं।

01:48 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025 : छपरा में माले प्रत्याशी की गाड़ी पर हमला


छपरा के मांझी विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित भाकपा माले के प्रत्याशी डॉ. सत्येंद्र यादव की स्कॉर्पियो गाड़ी पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। घटना दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

01:32 PM, 06-Nov-2025
बिहार विधानसभा चुनाव। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: दोपहर एक बजे तक कहां-कितना हुआ मतदान


पहले चरण की 121 सीटों पर दोपहर एक बजे तक 42.31 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 1 बजे तक औसतन 42.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अब तक गोपालगंज जिले में सर्वाधिक 46.73 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जबकि पटना में सबसे कम 37.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अन्य जिलों में मधेपुरा में 44.16, सहरसा में 44.20, दरभंगा में 39.35, मुजफ्फरपुर में 45.41, सिवान में 41.20, सारण में 43.06, वैशाली में 42.60, समस्तीपुर में 43.03, बेगूसराय में 46.02, खगड़िया में 42.94, मुंगेर में 41.47, लखीसराय में 46.37, शेखपुरा में 41.23, नालंदा में 41.87, भोजपुर में 41.15 और बक्सर में 41.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

01:22 PM, 06-Nov-2025
वोट बहिष्कार के बाद बूथ पर पसरा सन्नाटा। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: कुसुम्ही में वोट का बहिष्कार, बूथ संख्या 175 पर मात्र तीन वोट पड़े

 

भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुसुम्ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित बूथ संख्या 175 पर मतदान के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया का सर्वसम्मति से बहिष्कार कर दिया, जिसके चलते मतदान शुरू होने के कई घंटों बाद भी केवल तीन वोट ही पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा आज तक कोई समाधान नहीं किया गया। विकास कार्यों के अभाव से आक्रोशित लोगों ने चुनावी प्रतिनिधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए मतदान से दूरी बनाई। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपने निर्णय पर अड़े रहे।

01:11 PM, 06-Nov-2025
मतदाताओं ने लिया वोट बहिष्कार। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election: मधेपुरा में लोगों ने किया वोट बहिष्कार


मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुरलीगंज प्रखंड के दीनापट्टी सखुआ पंचायत के तिलकोरा गांव में बूथ संख्या 92, 93, 94 पर वार्ड 11, 12 और 13 के मतदाता सड़क की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार कर दिया है। सुबह से बहुत कम संख्या में लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं। बीडीओ और सीओ लोगों को समझाने पहुंचे हैं, लेकिन लोग लिखित आश्वासन मांग कर रहे थे। इसके बाद दोनों अधिकारी वापस लौट गए।

12:54 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025 : दरभंगा में बोगस वोट करने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार।

 

दरभंगा के गौड़ाबौराम विधानसभा इलाके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बोगस वोट करने का आरोप है।घनश्यामपुर थाना क्षेत्र लगमा गांव में 172 बूथ नंबर पर दो युवक बोगस वोटिंग कर रहे थे। मतदान कर्मियों ने दोनों की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान केशव कुमार और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। 

12:48 PM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: मतदान का फोटो लेते धराया युवक


वैशाली जिले के महुआ विधानसभा में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह मतदान कक्ष में घुसकर ईवीएम की फोटो ले रहा था। इसी बीच मतदान कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। फौरन पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोप युवक को  पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा अन्य सात लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा है। इन लोगों पर अवैध रूप से मतदान केंद्र में घुसने का आरोप है। इन सब से पूछताछ चल रही है। 

12:36 PM, 06-Nov-2025
बिहार विधानसभा चुनाव। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: पवन सिंह विकास के नाम पर वोट करने की अपील की


भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और पावर स्टार पवन सिंह ने आज सुबह अपने पैतृक गांव बड़हरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जोकहरी पहुंचकर मतदान किया। वे सुरक्षा व समर्थकों के बीच मतदान केंद्र पर पहुंचे और बूथ संख्या 152 पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। पवन सिंह ने कहा कि वोट सिर्फ एक अधिकार नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की सबसे मजबूत ताकत है। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को विकास, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और क्षेत्र की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए वोट करने की अपील की। मतदान के बाद पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशंसक भी उमड़ पड़े। पवन सिंह ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोकहरी में वोट किया।

12:26 PM, 06-Nov-2025
मुकेश सहनी ने परिवार के साथ किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने किया मतदान

 
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कुशेश्वरस्थान विधानसभा प्राथमिक विद्यालय खेवा पर बने मतदान केंद्र ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट नए बिहार के सपने को साकार करने में मील का पत्थर से साबित होगा। 

12:12 PM, 06-Nov-2025
मतदान करने के बाद लालू परिवार। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: रोहिणी बोलीं- बढ़ चढ़कर करें मतदान


राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने बिहार की जागरूक जनता से अपील की है कि राज्य के बदलाव के लिए महागठबंधन/इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में बढ़-चढ़कर मतदान करें। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और न्याय की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए तेजस्वी यादव के नेतृत्व में “पढ़ाई, दवाई, कमाई, सुनवाई और कार्रवाई” के संकल्प वाली सरकार का आना जरूरी है। रोहिणी ने कहा कि जनता की एकजुटता ही बिहार को नई दिशा और नई रोशनी दे सकती है, इसलिए हर मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाए।

11:34 AM, 06-Nov-2025

Bihar Election 2025: जानिए सुबह 11 बजे तक कहां-कितना हुआ मतदान


पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 27.65 प्रतिशत मतदान हुआ। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के पहले चरण में छह नवंबर को सुबह 11 बजे तक कुल औसत मतदान प्रतिशत 27.65% दर्ज किया गया। मधेपुरा में 28.46%, सहरसा में 29.68%, दरभंगा में 26.07%, मुजफ्फरपुर में 29.66%, गोपालगंज में 30.04%, सीवान में 27.09%, सारण में 28.52%, वैशाली में 28.67%, समस्तीपुर में 27.92%, बेगूसराय में 30.37%, खगड़िया में 28.96%, मुंगेर में 26.68%, लखीसराय में 30.32%, शेखपुरा में 26.04%, नालंदा में 26.86%, पटना में 23.71%, भोजपुर में 26.76% तथा बक्सर में 28.02% मतदान दर्ज किया गया। इनमें बेगूसराय में सर्वाधिक और पटना में सबसे कम मतदान हुआ।

11:29 AM, 06-Nov-2025
मुंगेर में राजद प्रत्याशी अरुण शाह ने लगया आरोप। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: मुंगेर में राजद प्रत्याशी ने लगाया बड़ा आरोप


बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा। महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अरुण शाह ने असरगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गोपी स्थित बूथ संख्या 61 पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए प्रत्याशी के कार्यकर्ता उनके समर्थकों और मतदाताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। अरुण शाह ने कहा कि उनके कार्यकर्ता किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे और लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार है। तारापुर सीट पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अरुण शाह के बीच कड़ा मुकाबला है। सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क है।

11:17 AM, 06-Nov-2025
मंत्री श्रवण कुमार ने किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: मंत्री श्रवण कुमार ने किया एनडीए की जीत का दावा


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री श्रवण कुमार ने अपने गृह प्रखंड बेन के उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि एनडीए इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। श्रवण कुमार ने दावा किया कि “पहले चरण की 112सीटों में से 99 सीटें एनडीए के खाते में आएंगी। जनता ने विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के लिए मतदान किया है। बिहार में काम बोल रहा है, और लोग उसी काम के आधार पर एनडीए पर भरोसा जता रहे हैं।”

11:07 AM, 06-Nov-2025
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने किया मतदान


भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदान किया। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं, माताओं और बहनों का मतदान करना इस बात का संकेत है कि हवा किस तरफ बह रही है और यह NDA सरकार द्वारा किए गए कार्यों और बिहार के विकास का नतीजा है। जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा करती है।

11:02 AM, 06-Nov-2025
धरना पर बैठ गए जनसुराज के प्रत्याशी आरके मिश्रा। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election 2025: दरभंगा में धरना पर बैठ गए जनसुराज के प्रत्याशी आरके मिश्रा।


दरभंगा में जनसुराज प्रत्याशी आरके मिश्रा नगर थाना में धरना पर बैठे हुए हैं। पूर्व आईजी आरके मिश्रा अपनी पत्नी के साथ नगर थाना मे धरना पर बैठ गए हैं। भाजपा विधायक के खिलाफ वह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल तक इन्होंने जनता का कोई काम नहीं किया। एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है। इसलिए मुझे ऐसा कदम उठाना पड़ा। 

11:00 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav Polling Phase 1: कन्हैया कुमार ने इन मुद्दों पर वोट करने की अपनी की


कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि आज लोकतंत्र का महापर्व है, पहले चरण का मतदान हो रहा है, सभी से अपील है कि अपने मुद्दों, अपने बच्चों के भविष्य, रोज़ी-रोटी, कपड़े, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के लिए वोट करें। राहुल गांधी ने सिर्फ़ सवाल नहीं उठाए, उन्होंने सबूत पेश किए। चुनाव आयोग के सामने ये तथ्य रखे गए हैं कि आप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। वोट चोरी से बनी सरकार कभी ठीक तरह से काम नहीं करेगी। 

10:54 AM, 06-Nov-2025

Bihar Election Phase 1 Voting: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने दोनों बेटों को दी शुभकामनाएं


पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने अपने परिवार के साथ पटना में मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामनाएं मेरे दोनों बेटों के साथ हैं। तेज प्रताप अपनी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं। मैं उनकी मां हूं। मैं तेजस्वी और तेज प्रताप यादव दोनों को शुभकामनाएं देती हूं। राबड़ी ने आगे कहा कि मैं बिहार की जनता से अपील करती हूं कि बाहर निकलकर मतदान करें और अपने मत देने के अधिकार को कभी न भूलें।

10:34 AM, 06-Nov-2025

Bihar Election Phase 1 Voting: बिहार की जनता को मतदान अवश्य करना चाहिए


जनता शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार की जनता को मतदान अवश्य करना चाहिए। प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। माता-पिता का आशीर्वाद अपने आप में विशेष होता है, वहीं जनता का आशीर्वाद अपनी अलग ही अहमियत रखता है।

10:14 AM, 06-Nov-2025
सीएम नीतीश कुमार ने किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Phase 1 Voting: बख्तियारपुर में सीएम नीतीश कुमार ने किया मतदान


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में मतदान किया। वोटिंग करने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए वोट डालने का संदेश दिया। वहीं उनके मौजूद जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दावा किया कि NDA की प्रचंड जीत होने जा रही है। सभी मतदाता से अपील है कि वह लोकतंत्र में जरूर भाग लें। 

10:03 AM, 06-Nov-2025
मोकामा में वोटिंग। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Phase 1 Voting: मोकामा की महिला मतदाताओं में काफी उत्साह


पहले चरण की सबसे चर्चित विधानसभा सीट में मतदाताओं में काफी उत्साह है। सुबह नौ बजे तक मतदान केंद्र 228 और 229 पर 9 बजे तक 18 फीसदी मतदान हुआ। वहीं। 230, 231, 232 पर 9 बजे तक 20 फीसदी मतदान हुआ है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की काफी भीड़ देखी जा रही है। महिला मतदाताओं में भी काफी उत्साह देखा रहा है। 

 

09:19 AM, 06-Nov-2025

Bihar Election Phase 1 Voting: जानिए नौ बजे तक कितना प्रतिशत हुआ मतदान


पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह नौ बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान सहरसा में 15.27 % दर्ज किया गया, इसके बाद बेगूसराय में 14.60% दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरपुर में 14.38%, वैशाली में 14.30%, खगड़िया में 14.15% और गोपालगंज में 13.97% मतदान हुआ। मधेपुरा, मुंगेर, लखीसराय, सीवान, सारण, और बक्सर में मतदान प्रतिशत क्रमशः 13.74%, 13.37%, 13.39%, 13.35%, 13.30%, और 13.28% रहा, जबकि भोजपुर में 13.11% दर्ज किया गया। समस्तीपुर 12.86%, दरभंगा 12.48%, नालंदा 12.45%, और शेखपुरा 12.97% में मतदान हुआ।। पटना जिले में सबसे कम मतदान प्रतिशत 11.22% दर्ज किया गया।

09:16 AM, 06-Nov-2025
मंत्री सुनील कुमार ने लिया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Phase 1 Voting: मंत्री सुनील कुमार ने एनडीए की जीत का दावा


नालंदा जिले के बिहारशरीफ से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार ने अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार बनाने और विकसित बिहार के संकल्प को पूर्ण करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने आम लोगों से भी एनडीए प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। मतदान के रुझान और अपनी जीत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने दावा किया कि मैं पांच बार चुनाव जीता हूं। इस बार के चुनाव में सबसे हाईएस्ट वोट (सबसे अधिक मतों के अंतर) से चुनाव जीतूंगा।

09:10 AM, 06-Nov-2025
लालू परिवार ने लिया मतदान - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Phase 1 Voting: लालू परिवार ने पटना में किया मतदान


राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी और उनकी बेटी मीसा भारती ने पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में बने बूथ पर मतदान किया। मीसा भारती ने महागठबंधन की जीत का दावा किया। 

08:55 AM, 06-Nov-2025
दरभंगा के गांधी नगर में ईवीएम खराब हो गया था। कुछ देर बार इसे ठीक कर लिया गया। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Election Phase 1 Voting: यहां हो गया था ईवीएम खराब, इसे ठीक करवाया गया


दरभंगा के गांधीनर कटराहिया स्थित 153 में ईवीएम खराब हो गया था। सुबह मे EVM खराब होने के बाद बैटरी बदला गया लेकिन वह भी पांच मिनट मे खराब हो गया। लगभग दो घंटे बाद इसे ठीक कर लिया गया। पटना के दीघा के बूथ नंबर 203-204, आरा के जगदीशपुर के बूथ नंबर 137, पटना के बाढ़ के अगवानपुर के बूथ नंबर 255 और वैशाली के राघोपुर के बूथ नंबर 368 पर ईवीएम खराब हो गया था। कुछ देर बार इसे ठीक कर लिया गया।  

08:51 AM, 06-Nov-2025
सहरसा में मतदान करने पहुंचे मतदाता। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav Polling Phase 1: सहरसा में शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है मतदान


सहरसा में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के उर्दू कन्या मध्य विद्यालय 267, 268, 269 पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। यहां एक ही जगह तीन बूथ बनाए गए थे। मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। 

08:47 AM, 06-Nov-2025
स्वीप आईकोन ने किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav News: दिव्यांग मतदाता ने मतदान की अपील

छपरा के गड़खा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 78 पर सारण जिला स्वीप आइकन (मतदाता जागरूकता अभियान के मॉडल) दिव्यांग मतदाता अमित कुमार सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि पहले मतदान फ़िर जलपान। मैंने अपना वोट डाला, आप भी बूथ पर जाकर अपना वोट जरूर डालें।

08:40 AM, 06-Nov-2025
मतदान केंद्र पर पहुंची भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav Polling Phase 1: मैथिली ठाकुर अलीनगर में बूथ पर पहुंचीं


दरभंगा के अलीनगर से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर मतदान केंद्र पर पहुंचीं। उन्होंने अहले सुबह अलीनगर के महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इसके बाद बूथ पर घूम रही हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने की अपील की। 

08:28 AM, 06-Nov-2025
भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्रा ने किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav News: पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा ने किया मतदान


बक्सर विधानसभा मतदान केंद्र संख्या- 62 पर पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने NDA की जीत का दावा भी किया। 

08:21 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav News: पीएम मोदी बोले- पहले मतदान, फिर जलपान


पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!

08:16 AM, 06-Nov-2025
बक्सर में मतदान करने पहुंचे मतदाता। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav News: गोपालगंज की 6 विधानसभा सीटों पर हो रहा मतदान


गोपालगंज में मतदान जारी है। यहां छह विधानसभा में कुल 2373 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक प्रखंड में बनाया गया है एक-एक पिंक बूथ, एक-एक यूथ और पीडब्ल्यूडी बूथ बनाए गए हैं। जिले में कुल 18 लाख 16 हजार मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग। कुल 2373 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान प्रक्रिया की लाइव वेबकास्टिंग भी की जा रही है ताकि पूर्णतः पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान हो। 

07:59 AM, 06-Nov-2025
मधेपुरा में मतदान करने पहुंचे मतदाता। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav 2025:मधेपुरा और बक्सर में जारी मतदान जारी


मधेपुरा के बिहारीगंज में मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बूथ संख्या 82 और 83 पर मतदान के लिए मतदाता खड़े हैं। वहीं बक्सर जिले के राजपुर विधानसभा ( अ. जा) बूथ संख्या 255 एवं 256 पर निर्धारित समय 7:00 बजे ही मतदान को लेकर लंबी लाइन लगी है। लोगों में मतदान के प्रति सुबह में ही उत्साह देखा जा रह है। मतदाताओं ने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान। 

07:53 AM, 06-Nov-2025
लीची थीम पर सजाया गया बूथ। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav 2025: लीची थीम पर सजाया गए बूथ


बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के दौरान आज मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र में एक अनोखी झलक देखने को मिली। पूर्व मध्य रेलवे प्रशिक्षण केंद्र के मतदान केंद्र संख्या 38 और 39 को लीची थीम पर सजाया गया है, जो मतदाताओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इन बूथों को मुजफ्फरपुर की पहचान लीची के रंग और स्वरूप में विशेष रूप से सजाया गया है। इस दौरान मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुजफ्फरपुर नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा कि हमारा पूरा प्रयास है कि मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। हमने एक बूथ को विशेष रूप से सजाया है ताकि मतदाताओं में मतदान के प्रति आकर्षण बढ़े और वे उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लें।

07:49 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav 2025:गिरिराज सिंह और विजय सिन्हा ने किया मतदान

लखीसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। सिंह ने दावा करते हुए कहा कि हमलोग 121 में से 95 सीट जीतने जा रहे हैं। वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी मतदान किया। भाजपा ने उन्हें लखीसराय विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधी वोटरों को धमका रहे हैं। लेकिन, मतदाता डरने वाले नहीं हैं। 

07:39 AM, 06-Nov-2025
दरभंगा में वोट करने के बाद स्याह निशान दिखातीं महिला मतदाताएं। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav 2025: दरभंगा में 28.90 लाख मतदाता 123 उम्मीदवार के भाग्य को EVM मे कर रहे बंद

दरभंगा पहले चरण के चुनाव मे दरभंगा के 10 विधानसभा मे मतदान शुरू हो गया है। यहां 28 लाख 90 हजार मतदाता 123 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला EVM मे बंद करने वाले है। इमने कुल 115 पुरुष उम्मीदवार हैं, जबकि 8 महिला उम्मीदवार। यहां कुल 63 हजार फर्स्ट टाइम वोटर जोड़े गए, जो निर्णायक भूमिका निभाने वाले है। मतदान शरू होते लोग अपने घरो से निकलर मतदान केंद्र पर वोट करने पहुंचने लगे हैं 

07:17 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की यह अपील


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है। सभी मतदाताओं से अपील है कि आप सभी घर से निकलें और लोकतंत्र के महापर्व में सहभागी बने। अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट करें। किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। 

07:01 AM, 06-Nov-2025
मतदान से पहले की तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला

Bihar Chunav News:18 जिलों में मतदान शुरू


बिहार के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्र के 45341 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

06:42 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav News: सात लाख 37 हजार 765 मतदाता पहली बार करेंगे मतदान


मतदान केंद्रों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। 3, 22, 077 दिव्यांग मतदाता और 5, 31, 423 वरिष्ठ नागरिक मतदाता (जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 5, 24, 687 और 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 6,736 मतदाता शामिल हैं) भी लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेंगे। पहले चरण के मतदान में सात लाख 37 हजार 765 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। इनमें से अधिक 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा वोटर है। वहीं 18 से 40 वर्ष के बीच के 1, 96, 27, 330 युवा मतदाता इस चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। 

06:13 AM, 06-Nov-2025

Bihar Chunav News:पहले चरण में तीन करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता


पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। एक करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।। इसके अलावा, 1, 00, 904 सर्विस वोटर भी इस चरण में वोट डालेंगे। 

05:41 AM, 06-Nov-2025

Bihar Election Voting Live: अब तक 64.46 फीसदी मतदान, निर्वाचन आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी

बिहार में पहले चरण मतदान सात बजे से शुरू हो जाएगा। आज यानी गुरुवार सुबह पांच बजे ही बूथ लेवल एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल किया गया।  115 विधानसभा क्षेत्र के 45341  मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। छह विधानसभा क्षेत्रों के 2135 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से पांच बजे तक ही वोटिंग होगी। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होने जा रहा है। यह जिले हैं- मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें