फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election 2025 Live: दीघा में भाकपा माले प्रत्याशी के रोड शो में शामिल हुए लालू, खरगे ने NDA को घेरा

Mon, 03 Nov 2025 06:21 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार चुनाव के पहले चरण के प्रचार के लिए अब सिर्फ 2 दिन बाकी हैं। सभी राजनीतिक दल वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। आज भी बिहार में कई बड़े नेताओं की रैलियां और जनसभाएं हुईं। 

विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:19 PM, 03-Nov-2025

दीघा की भाकपा माले प्रत्याशी दिव्या गौतम के साथ रोड शो में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शामिल हुए। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने कहा कि इस बार तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। 14 नवंबर को सरकार बदल जाएगी।

04:16 PM, 03-Nov-2025

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का रोड शो
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन ने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को मुंगेर पहुंचीं, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत कोणार्क मोड़ से शुरू हुई, जो गोला चौक, शादीपुर रोड, जुबली बेल चौक, गांधी चौक, राजीव गांधी चौक, दीनदयाल चौक, आजाद चौक, पीएनबी चौक और सोनार पट्टी होते हुए एनडीए गठबंधन कार्यालय (जैन धर्मशाला) में जाकर संपन्न हुआ।

पूरे मार्ग में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और भाजपा महिला मोर्चा की सदस्याएं शामिल हुईं। समर्थकों ने उत्साहपूर्वक नारेबाजी करते हुए पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल को गर्मा दिया। इस दौरान स्मृति ईरानी ने लोगों से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशी कुमार प्रणय को भारी मतों से विजयी बनाएं और बिहार में एनडीए गठबंधन की मजबूत सरकार बनाने में सहयोग करें।रोड शो के दौरान जगह-जगह स्मृति ईरानी के प्रति लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

02:23 PM, 03-Nov-2025

गृहमंत्री अमित शाह ने किया बड़ा वादा

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, “मैंने रीगा में वादा किया था कि वहां की चीनी मिल को फिर से चालू करेंगे। आज वो मिल फिर से चलने लगी है। अब मैं बिहार के लोगों से ये वादा करता हूं कि राज्य में जितनी भी चीनी मिलें बंद पड़ी हैं, उन्हें केंद्र सरकार का सहकारिता विभाग दोबारा चालू करेगा। इससे गन्ना किसानों के लिए समृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे।”

विज्ञापन
02:15 PM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: PM मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस की बदले की राजनीति का खामियाजा बिहार के लोगों को वर्षों तक भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब कोसी-मिथिलांचल के बड़े हिस्से के लोगों को एक पार से दूसरी पार जाने के लिए करीब 300 किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ता था, लेकिन आज यह दूरी 30 किलोमीटर से भी कम रह गई है। पीएम मोदी ने आगे कहा, “आरजेडी और कांग्रेस को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती। उनकी डिक्शनरी में बस कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, कुशासन और करप्शन जैसे शब्द ही भरे हैं। जंगलराज की पाठशाला में इन्होंने बस यही सीखा है।”

02:06 PM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: जीविका दीदी अभियान बना नारी सशक्तिकरण की मिसाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज बिहार के ‘जीविका दीदी अभियान’ की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान ने बिहार की महिलाओं को नई पहचान दी है। पीएम मोदी ने कहा, “बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण को मुख्यमंत्री रोजगार योजना से भी बहुत बल मिला है। इस योजना को लेकर बिहार की हमारी बहनों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत बिहार की करीब 1.40 करोड़ बहनों के खातों में ₹10-10 हजार की राशि पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में एक मजबूत कदम है।

विज्ञापन
01:52 PM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार की विकास रफ्तार को और तेज करना है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है। अब इस रफ्तार को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हमें मिलकर बिहार को और आगे बढ़ाना है। इसलिए फिर एक बार एनडीए की सरकार बननी चाहिए, ताकि बिहार में फिर से सुशासन की सरकार जारी रहे।” महिलाओं की भूमिका पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “बिहार हमेशा से नारीशक्ति का प्रतीक रहा है। माता सीता, देवी भारती और विदुषी गार्गी जैसी महान महिलाओं से हमें हमेशा प्रेरणा मिलती है।”

01:43 PM, 03-Nov-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। 6 नवंबर की सुबह सहरसा और मधेपुरा के लोग वोट डालेंगे। उन्होंने कहा, “मैं यहां अपने साथियों के लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। इस बार मेरे बहुत से बेटे-बेटियां पहली बार वोट डालने जा रहे हैं।”

पीएम मोदी ने याद किया, “जब मैंने जीवन में पहली बार वोट डाला था, तो मन में बस एक ही इच्छा थी – मेरा वोट बेकार न जाए। और मुझे खुशी है कि मेरा वोट सफल रहा।” उन्होंने युवाओं से अपील की, “आपका पहला वोट सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए। आपका वोट एनडीए की सरकार को और मजबूत करेगा।”

01:40 PM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: गृह मंत्री अमित शाह ने साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 14 नवंबर को राहुल गांधी और लालू यादव की पार्टियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। शाह ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि न उनके पास कोई नेता है, न कोई नीति। उन्हें तो ये भी नहीं पता कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ रहा है। वहीं, एनडीए की पांचों पार्टियां एकजुट होकर पांडवों की तरह बिहार की सभी 243 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही हैं।

12:43 PM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: नीतीश को लेकर BJP पर इमरान प्रतापगढ़ी का तंज


कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पटना रोड शो में नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने पूछा, “क्या भाजपा ने अब नीतीश कुमार को किनारे कर दिया है और उनकी जगह ललन सिंह को आगे बढ़ा रही है?” प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि जैसे महाराष्ट्र में भाजपा ने एकनाथ शिंदे का इस्तेमाल कर साजिश रची, वैसी ही साजिश अब बिहार में नीतीश कुमार के खिलाफ रची जा रही है।

11:07 AM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: प्रधानमंत्री मोदी आज सहरसा में जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 1:30 बजे सहरसा पहुंचेंगे और पटेल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वे पूर्णिया से हेलीकॉप्टर द्वारा सहरसा आएंगे। दस साल में यह तीसरी बार है जब प्रधानमंत्री मोदी सहरसा आ रहे हैं, जिससे यह जनसभा चुनावी दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है।

जनसभा स्थल पटेल मैदान को एसपीजी के सुरक्षा घेरे में लिया गया है। प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मैदान में करीब 13 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जिनमें 500 वीआईपी अतिथियों के लिए आरक्षित हैं। पूरे मैदान और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा जोनों में बांटा गया है और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।

सभा में एनडीए के 13 विधानसभा सीटों  सोनबरसा, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, आलमनगर, बिहारीगंज, सिंहेश्वर, मधेपुरा, सुपौल, पिपरा, निर्मली और त्रिवेणीगंज  के प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहेंगे। इन सभी सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। शहर के हर चौक-चौराहे पर भाजपा, जदयू और लोजपा (रामविलास) कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और स्वागत द्वार लगाए हैं। सभा में लगभग एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
पीएम मोदी पूर्णिया से 12:50 बजे हेलीकॉप्टर से सहरसा के लिए रवाना होंगे, 1:30 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, और 1:40 पर पटेल मैदान पहुंचेंगे। वे 1:45 से 2:25 बजे तक लगभग 50 मिनट सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 2:30 बजे पूर्णिया के लिए रवाना होंगे।

10:57 AM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: मुजफ्फरपुर में लोकतंत्र के महापर्व की गूंज,

मुजफ्फरपुर जिले में लोकतंत्र के महापर्व यानी विधानसभा चुनाव की तैयारी चरम पर है। जिले में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। इसी को लेकर शहर से गांव तक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 3 नवंबर को जिलेभर में “मतदान शपथ दिवस” मनाया गया। शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में आयोजित विशेष मतदाता शपथ कार्यक्रम में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, किसान, मजदूर, व्यापारी, महिलाएं और युवा एक साथ मताधिकार के प्रयोग की शपथ ली।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी कोटा किरण कुमार समेत जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डीएम और अधिकारियों ने गुब्बारे उड़ाकर लोकतंत्र के महापर्व का आगाज किया। जिला निर्वाचन अधिकारी सुब्रत सेन ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी नागरिकों की भागीदारी समान रूप से जरूरी है, इसमें न कोई जाति, धर्म या वर्ग भेद होता है। उन्होंने अपील की कि 6 नवंबर को सभी मतदाता मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

मुजफ्फरपुर में इस मौके पर मेगा स्वीप कैंपेन भी चलाया गया, जिसके तहत जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में एक साथ मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित हुए। अधिकारी ने कहा कि इस बार मुजफ्फरपुर मतदान और मतदाता जागरूकता दोनों में उदाहरण पेश करेगा और यह अभियान लोकतंत्र के महापर्व को जन-जन तक पहुंचाने की ऐतिहासिक पहल साबित होगा।

10:50 AM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आज वैशाली में जनसभा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज (3 नवंबर 2025) वैशाली जिले के राजापाकर में कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिमा कुमारी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। यह सभा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रतिमा कुमारी के लिए जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। राजापाकर सीट पर महागठबंधन से कांग्रेस की प्रतिमा कुमारी और सीपीआई के मोहित पासवान, जबकि एनडीए से महेंद्र राम के बीच त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है।

09:44 AM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: चुनाव से पहले छपरा मंडल कारा में सख्त जांच

विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सारण के जिलाधिकारी अमन समीर और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने मंडल कारा (छपरा जेल) का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए की गई। अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की और उसे और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल में तलाशी अभियान भी चलाया गया ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या सुरक्षा में कमी न रह जाए।

09:42 AM, 03-Nov-2025

Bihar Chunav 2025 Live Updates: सहरसा में पीएम मोदी की सभा का पूरा शेड्यूल तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहरसा दौरा तय हो गया है। वे पूर्णिया से दोपहर 12:50 बजे हेलीकॉप्टर से सहरसा के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर 1:30 बजे सहरसा हवाई अड्डे पर लैंड करेगा। इसके बाद 1:35 बजे वे हवाई अड्डे से पटेल मैदान के लिए रवाना होंगे और 1:40 बजे वहां पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 1:45 से 2:25 बजे तक पटेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद 2:25 बजे वे वापस सहरसा हवाई अड्डे के लिए निकलेंगे और 2:30 बजे पूर्णिया के लिए उड़ान भरेंगे। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री मोदी करीब 50 मिनट तक सहरसा में रहेंगे और इस दौरान जनता को संबोधित करेंगे।
 

07:45 AM, 03-Nov-2025

Bihar Election 2025 Live: दीघा में भाकपा माले प्रत्याशी के रोड शो में शामिल हुए लालू, खरगे ने NDA को घेरा

बिहार की सियासी जमीन इन दिनों चुनावी नारों, जनसभाओं और तीखे आरोप-प्रत्यारोपों से थर्रा रही है। 243 सीटों की इस जंग में नेता मैदान में हैं, माइक गरज रहे हैं, और जनता के बीच चुनावी माहौल चरम पर है। एक ओर पीएम मोदी पटना में रोड शो कर रहे हैं, तो दूसरी ओर राहुल गांधी बेगूसराय से सत्ता पर प्रहार कर रहे हैं। आज बिहार का हर कोना नेताओं की रैलियों से गूंजेगा। तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ और अमित शाह जैसे दिग्गज रैली करेंगे। इसी बीच मोकामा की हिंसक झड़प ने चुनावी फिजा में नया तूफान खड़ा कर दिया है, जिस पर अब सियासी बयानबाजी का दौर जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें