08:13 AM, 30-Oct-2025
Bihar Vidhan Sabha Chunav Live: प्रधानमंत्री मोदी के सारण दौरे को लेकर छपरा में आज सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू
धानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 अक्टूबर को छपरा आगमन और हवाई अड्डा मैदान में प्रस्तावित चुनावी सभा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान छपरा शहर और आसपास के कई इलाकों में वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए कई रूट पर प्रतिबंध लगाया गया है। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। रिविलगंज, सिवान और मांझी की ओर से आने वाले बड़े वाहन स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल मोड़ से बाईपास होकर अपने गंतव्य जाएंगे।
उमधा चौक, थाना चौक, गांधी चौक, कटहरी बाग और पुलिस लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। एनएच मार्ग से माला गांव और नेवाजी टोला रोड पर भी भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित की गई है।
छोटे वाहनों और तीन पहिया/टोटो के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। स्कॉर्पियो, बोलेरो जैसे वाहनों की पार्किंग जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में की जाएगी, जबकि बड़े वाहनों की पार्किंग मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज के पास होगी। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा या जाम की स्थिति न बने।