फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election 2025 LIVE: सूरजभान सिंह ने RLJP के सभी पदों से दिया इस्तीफा; गोपाल मंडल ने किया यह एलान

Thu, 16 Oct 2025 12:31 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन बेहद अहम है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया। इधर, खेसारी लाल यादव की पत्नी के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। 
विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:30 AM, 16-Oct-2025

गोपाल मंडल का बड़ा बयान
चुनावी सरगर्मी के बीच गोपाल मंडल ने कहा हम निर्दलीय चुनाव गोपालपुर से ही लड़ेंगे। जीतने के बाद अपना समर्थन नीतीश कुमार को देंगे। हम नीतीश कुमार को ही नेता मानते हैं। कल हमने 4 घंटा प्रदर्शन किया मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू के ऐसे कई बड़े नेता हैं जिसके कारण हमको मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए नहीं दिया गया। 

उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को राजनीति में लाने की बात की थी, इस कारण से जदयू के कई बड़े लीडर जो निशांत को राजनीति में नहीं आने देना चाहते हैं, उनको यह बात बुरी लग गई जिसके कारण मेरा टिकट कट गया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की तरफ से भी हमको ऑफर आया था लेकिन हमने कुछ नहीं बोला। हम निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। 

12:08 AM, 16-Oct-2025

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने छोड़ा पारस का साथ
पूर्व सांसद और बाहुबली सूरजभान सिंह ने पशुपति पारस की पार्टी (राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी) से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह मध्य रात्रि को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। वह मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को चुनौती देंगे। 

10:06 PM, 15-Oct-2025

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सहित पार्टी के सभी पदों एवं पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का एलान किया है।
 

विज्ञापन
07:17 PM, 15-Oct-2025

जनसुराज राजद की बी टीम और वोट कटवा पार्टी है: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की बिहार विधानसभा चुनाव में नहीं उतरने की घोषणा की आलोचना करते हुए कहा कि चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने किशोर जानते थे कि वे चुनाव नहीं जीतेंगे।

प्रशांत किशोर के 150 से कम सीटें जीती तो इसे हार माना जाएग वाले बयान पर गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसी बात है। गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर ने महसूस कर लिया कि वे चुनाव नहीं जीतेंगे और इसलिए उन्होंने यह घोषणा की है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने जो कुछ भी जनसुराज पार्टी बनाने में लगाया था, वह उन्हें वापस मिल गया। उनकी पार्टी कुछ नहीं बल्कि वोट कटवा है। जनसुराज, राजद की 'बी' टीम है।

 

07:05 PM, 15-Oct-2025

जन सुराज से जुड़ना मेरी गलती
बक्सर से बीजेपी प्रत्याशी और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने एएनआई से कहा कि जन सुराज से जुड़ना मेरी तरफ से एक गलत कदम था। अब वह मेरे लिए एक निशान बन गया है। जब लोग मुझसे वहां के समय के बारे में पूछते हैं तो मुझे घुटन महसूस होती है।

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव नहीं लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे शुरू से ही यह पता था। मैं हमेशा जानता था कि ऐसा कभी नहीं होगा। वह जन सुराज के लिए एक सलाहकार की भूमिका निभा रहे हैं और यह अच्छी बात है। अगर कोई वही काम करता है जिसके लिए वह बना है, तो वह हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

विज्ञापन
06:03 PM, 15-Oct-2025

एलजेपी(आर) ने जारी की 14 उम्मीदवारों की पहली सूची

05:51 PM, 15-Oct-2025

खगड़िया विधानसभा क्षेत्र संख्या 149 से जयंती पटेल ने भरा नामांकन पत्र
जनसुराज पार्टी की उम्मीदवार जयंती पटेल ने बुधवार को खगड़िया विधानसभा क्षेत्र (संख्या 149) से अपना नामांकन पत्र भरा। उन्होंने नामांकन की प्रक्रिया सादगी और अनुशासन के साथ पूरी की। इस मौके पर उनके साथ परिवार के सदस्य, पार्टी के कार्यकर्ता और क्षेत्र के कुछ सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए जयंती पटेल ने कहा कि उनके लिए राजनीति दिखावे का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और ज़िम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह सादगी और पारदर्शिता में विश्वास रखती हैं और जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने आगे कहा कि जनसुराज पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जयंती पटेल ने संकल्प लिया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वह ईमानदारी, जवाबदेही और जनभागीदारी के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगी और विकास को प्राथमिकता देंगी।

05:02 PM, 15-Oct-2025

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आज भाजपा ने अपने दूसरे प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। 

04:20 PM, 15-Oct-2025

तेजस्वी यादव ने नामांकन किया दाखिल

04:03 PM, 15-Oct-2025

रामगढ़ विधानसभा से 17 अक्तूबर को बसपा प्रत्याशी सतीश यादव करेंगे नामांकन
रामगढ़ विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी सतीश यादव उर्फ पिंटू 17 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वे 17 अक्तूबर को अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के बाद बिछिया महाविद्यालय के प्रांगण में नामांकन सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान सतीश यादव ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। यदि जनता उन्हें जीत का आशीर्वाद देती है तो उनका पहला एजेंडा शिक्षा होगा। उन्होंने कहा कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी कॉलेज की स्थापना उनकी प्राथमिकता में होगी। साथ ही यहां पॉलिटेक्निक कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में प्रयास करेंगे।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पास से जीटी रोड गुजरती है, लेकिन बेहतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर की सुविधा नहीं होने के कारण दुर्घटना पीड़ितों को इलाज के लिए बनारस ले जाना पड़ता है। किसानों और युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि खेतों तक बेहतर सिंचाई व्यवस्था पहुंचाना और युवाओं के लिए खेलकूद स्टेडियम की स्थापना उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि ये सभी काम आज तक रामगढ़ विधानसभा में किसी ने नहीं किए हैं।

02:38 PM, 15-Oct-2025

गायघाट से कोमल सिंह और मीनापुर से अजय कुशवाहा मैदान में

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जेडीयू ने मुजफ्फरपुर की उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। गायघाट से लोजपा आर की नेता और पूर्व प्रत्याशी कोमल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि मीनापुर से जेडीयू के नेता अजय कुशवाहा को टिकट मिला है। कोमल सिंह लोजपा आर सांसद वीणा देवी की पुत्री हैं और बीते दो साल से क्षेत्र में सक्रिय हैं। अजय कुशवाहा को मीनापुर से पार्टी ने फिर से मौका दिया है। इन दोनों सीटों पर एनडीए की दावेदारी और मजबूत हो गई है।

02:37 PM, 15-Oct-2025

सारण में जदयू ने जारी की प्रत्याशी सूची

सारण जिले में जदयू ने एकमा, मांझी और परसा विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। एकमा से पूर्व विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ़ धूमल सिंह को टिकट मिला है, जबकि मांझी सीट से पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के पुत्र और छपरा के पूर्व राजद विधायक रणधीर कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। परसा से राजद छोड़कर जदयू में शामिल हुए निवर्तमान विधायक छोटेलाल राय को टिकट मिला है।

जदयू ने जातीय संतुलन और राजनीतिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए पुराने और प्रभावशाली नेताओं पर भरोसा जताया है। वहीं, कुछ सीटों पर विपक्षी दलों और बागी उम्मीदवारों की दावेदारी के चलते हलचल जारी है। सारण जिले में राजपूत, यादव, भूमिहार और अति पिछड़ा वर्ग की भूमिका निर्णायक मानी जाती है और जदयू ने उम्मीदवार चयन में इन्हीं समीकरणों को ध्यान में रखा है।

02:35 PM, 15-Oct-2025

जन सुराज पार्टी ने तारापुर से किया उम्मीदवार घोषित
जन सुराज पार्टी ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र से डॉ संतोष सिंह को उम्मीदवार बनाया है। डॉ संतोष जाने-माने शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने भागलपुर मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की और PMCH, पटना से MD करते समय गोल्ड मेडल भी जीता।

02:35 PM, 15-Oct-2025


दिव्या गौतम ने दीघा से भाजपा में दाखिल किया नामांकन
बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की ममेरी बहन दिव्या गौतम ने दीघा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन किया। वह वर्तमान विधायक और भाजपा प्रत्याशी संजीव चौरसिया को चुनौती देंगी।

02:35 PM, 15-Oct-2025

मुजफ्फरपुर में इसराइल मंसूरी का नामांकन
मुजफ्फरपुर के कांटी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री और राजद प्रत्याशी इसराइल मंसूरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि यह नामांकन बिहार में बदलाव का संदेश है। उन्होंने जीत के प्रति खुद को आश्वस्त बताया और कहा कि बिहार में महागठबंधन की ही जीत होगी।
 

02:34 PM, 15-Oct-2025

बड़हरिया से श्याम बहादुर सिंह ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
सीवान के बड़हरिया से जदयू के पूर्व नेता श्याम बहादुर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे जनता के कहने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे टिकट कटने का बहुत दुख है। मैं शुरू से इस पार्टी के साथ रहा हूं, जब जदयू नहीं थी तब समता पार्टी में था। अब मेरा टिकट काट दिया गया। मैं चुनाव जीतकर लौटूंगा।"
 

01:10 PM, 15-Oct-2025

राघोपुर निकले तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव नामांकन करने के लिए राघोपुर के लिए निकल गए हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नामांकन के दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दिल्ली की नेता रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

12:32 PM, 15-Oct-2025

JDU ने जारी की लिस्ट 

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन पूरी तरह तैयार हो गया है। सीट शेयरिंग के एलान के बाद बीजेपी और हम ने अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। वहीं, जदयू ने भी आज दोपहर तक अपनी सीटों का एलान कर दिया है।
 

10:59 AM, 15-Oct-2025

'NDA में सब पूरी तरह ठीक है'

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "बिहार को जिसने बर्बाद किया वो लोग जो जंगल राज की पाठशाला से पढ़कर आए हैं उन्हें बिहार स्वीकार नहीं करेगा। बिहार लोकतंत्र की धरती है जो जाति से ऊपर होता है। 2010 का रिकॉर्ड इस बार टूटेगा। समस्या उन लोगों को हो जो ठगबंधन बना कर बैठे हैं। NDA में सब पूरी तरह ठीक है।"

08:05 AM, 15-Oct-2025

'सब कुछ ठीक है और सब कुछ ठीक हो जाएगा'

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "जैसा कि उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, सब कुछ ठीक है और सब कुछ ठीक हो जाएगा।" इससे पहले राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "मैं दिल्ली जा रहा हूं, NDA जो भी तय कर रहा है, उस पर चर्चा, बात करने के लिए दिल्ली जा रहा हूं और इसी उम्मीद के साथ जा रहा हूं कि सब ठीक हो जाएगा।"

07:53 AM, 15-Oct-2025

Bihar Election 2025 LIVE: सूरजभान सिंह ने RLJP के सभी पदों से दिया इस्तीफा; गोपाल मंडल ने किया यह एलान

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन बहुत अहम माना जा रहा है। महागठबंधन और एनडीए दोनों ही खेमों में हलचल तेज है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज नामांकन दाखिल करने वाले हैं, लेकिन गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर अभी तक आखिरी सहमति नहीं बनी है। कांग्रेस और वामदलों के बीच कुछ सीटों पर अब भी मतभेद जारी हैं।

वहीं एनडीए में भी हालात पूरी तरह ठीक नहीं दिख रहे हैं। जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा फिर से नाराज बताए जा रहे हैं। आज उनकी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात होनी है। माना जा रहा है कि कुशवाहा अपनी नाराजगी और सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर बात करने दिल्ली पहुंचे हैं।

चुनावी माहौल के बीच आज का दिन कई बड़े फैसलों और ऐलानों का गवाह बन सकता है। अब सबकी नजरें पटना और दिल्ली की बैठकों पर टिकी हैं, जहां से चुनावी तस्वीर का नया रूप सामने आ सकता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें