फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Live: बिहार में फिर बनी चाचा-भतीजे की सरकार, ललन सिंह बोले, सीबीआई-ईडी से नहीं डरेंगे

Wed, 10 Aug 2022 10:56 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Nitish Kumar Oath Ceremony Live News in Hindi: बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। आज दोपहर दो बजे राजभवन में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। वहीं भाजपा ने आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) किया। बिहार में सियासी उलटफेर से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
नीतीश कुमार ने ली सीएम पद की शपथ - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:55 PM, 10-Aug-2022

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को हटाने की मांग

नीतीश कुमार के रिकॉर्ड आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने के बीच महागठबंधन के विधायकों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को तत्काल हटाए जाने की मांग की। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि महागठबंधन के विधायकों ने मंगलवार को बिहार विधानसभा के सचिव को एक नोटिस भेजा, जिसमें सदन के अध्यक्ष को उनके पद से हटाने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन के कई विधायकों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के नोटिस पर हस्ताक्षर किए थे। चौधरी ने कहा कि इसकी एक कॉपी भी बुधवार को विधानसभा सचिवालय को सौंपी गई। चौधरी ने कहा कि सदन के वर्तमान अध्यक्ष सिन्हा के खिलाफ यह प्रस्ताव नीतीश कुमार द्वारा विश्वास मत लाने के लिए सत्र आहूत किए जाने के दौरान लाया जाएगा।

 

07:44 PM, 10-Aug-2022

चिराग बोले- मैंने तो भाजपा को आगाह किया था

चिराग पासवान ने कहा, बिहार की राजनीति को समझने वालों को इस फेरबदल से आश्चर्य नहीं हुआ होगा। मुख्यमंत्री तो कभी अपने शब्दों पर टिके ही नहीं रहे। कभी किसी गठबंधन के साथ वफादार नहीं रहे हैं। मैंने तो भाजपा को निरंतर आगाह किया था। 
 

05:30 PM, 10-Aug-2022

सुशील मोदी का दावा, उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे नीतीश

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे लेकिन पार्टी द्वारा उनकी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रहने के बाद उन्होंने भाजपा का साथ छोड़ दिया। पूर्व डिप्टी सीएम के आरोप को जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन ने खारिज कर दिया। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के साथ घनिष्ठ संबंधों के लिए सजा के रूप में अपनी ही पार्टी द्वारा अकेले छोड़े गए नेता के रूप में सुशील मोदी का मजाक उड़ाया।
 

विज्ञापन
05:25 PM, 10-Aug-2022

भाजपा ने नीतीश कुमार को जबरदस्ती बनाया था सीएम: ललन सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह का भाजपा पर आरोप- नीतीश कुमार 2020 में मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे लेकिन आपने (भाजपा) उन्हें जबरदस्ती सीएम बनाया। आरसीपी सिंह भाजपा के एजेंट बनकर जद (यू) में आए। आपने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। हम आयकर, सीबीआई और ईडी से नहीं डरते। 
 

04:54 PM, 10-Aug-2022

पशुपति पारस बोले, जो हुआ वो सही नहीं हुआ

कल जो भी हुआ वह सही नहीं हुआ। ये बिहार के हित के लिए सही नहीं हुआ। 2020 में जब चुनाव हुए और 43 विधायक उनके दल के चुनकर आए थे इसके बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया। नीतीश जी ऐसा कुछ कर सकते हैं हमें इसकी खबर नहीं थी: केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस

विज्ञापन
04:05 PM, 10-Aug-2022

भक्त चरण दास ने भाजपा पर ली चुटकी

बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने बुधवार को चुटकी लेते हुए कहा कि हमें लगता है कि राज्य में भाजपा का पतन महाराष्ट्र में उसकी राजनीति और दलबदल इंजीनियरिंग का जवाब है। भगवा खेमे पर निशाना साधते हुए भक्त चरण दास ने कहा कि भाजपा मुक्त बिहार एक नया संदेश है जो लोगों को भेजा गया है। दास ने कहा कि जब देश की प्रगति, देश की आजादी और इसकी पहचान की बात आती है तो कांग्रेस हमेशा एक मजबूत स्तंभ रही है। भगवा पार्टी सभी छोटी पार्टियों का सफाया करना चाहती है। दास ने दावा किया कि वह भारत में सिर्फ एक पार्टी (भाजपा), एक रंग... और एक धर्म की स्थापना करना चाहता है। यह पूछे जाने पर कि क्या नई महागठबंधन की बिहार सरकार का अध्यक्ष कांग्रेस से होगा, जिसके पास विधानसभा में 19 विधायक हैं, दास ने कहा कि जो होगा अच्छे के लिए होगा।
 

03:58 PM, 10-Aug-2022

तेजस्वी ने कहा- विधानसभा में विपक्ष में सिर्फ भाजपा बचेगी

महागठबंधन इतना मजबूत है कि विधानसभा में विपक्ष में सिर्फ भाजपा बचेगी। सीएम नीतीश कुमार द्वारा लिया गया मुश्किल फैसला एक ऐसा फैसला है जिसकी जरूरत थी। सांप्रदायिक तनाव भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा था, वे क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव
 

03:51 PM, 10-Aug-2022

तेजस्वी बोले, एक महीने के भीतर देंगे बंपर नौकरियां

बिहार ने वही किया जो देश को करने की जरूरत है। हमने उन्हें रास्ता दिखाया है। हमारी लड़ाई बेरोजगारी के खिलाफ रही है। हमारे सीएम ने गरीबों और युवाओं का दर्द महसूस किया। हम गरीबों और युवाओं को एक महीने के भीतर बंपर नौकरी देंगे, यह इतना भव्य होगा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

 

03:40 PM, 10-Aug-2022

राबड़ी देवी के घर के बाहर जश्न

बिहार के डिप्टी-सीएम तेजस्वी यादव राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और जश्न का माहौल है। 



 

03:04 PM, 10-Aug-2022

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में श्री नीतीश कुमार जी एवं उपमुख्यमंत्री के रूप में श्री तेजस्वी यादव जी को शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'

02:11 PM, 10-Aug-2022

नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

बिहार में शपथग्रहण समारोह समाप्त हो गया है। नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई है। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। शपथग्रहण के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के पैर भी छुए।


देखें वीडियो.. तेजस्वी की पत्नी ने शुक्रिया अदा किया

2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नहीं रहेंगे: नीतीश
नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नही रहेंगे। नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी इशारों में निशाना साधा। कहा, जिनको लगता है विपक्ष खत्म हो जाएगा, तो हम लोग तो आ ही गए हैं विपक्ष में। 

पार्टी के लोगो में असंतोष था: नीतीश
नीतीश कुमार ने कहा, 2020 में जो कुछ हुआ, उससे हमारी पार्टी के लोगो में असंतोष था। सबने हमसे अलग होने के लिए कहा, हम अलग हो गए। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर उन्होंने कहा, मेरी कोई दावेदारी नहीं है। हमने जो भी निर्णय लिया है, अपने पार्टियों के साथियों के साथ लिया है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि हम निश्चित तौर पर विपक्ष को मजबूत करेंगे। 

मंत्रियों का शपथ ग्रहण जल्द: नीतीश
नीतीश कुमार ने कहा, हमारी सरकार बन गई है। शपथ भी हो गई। बाकी मंत्रियों के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर थपथ ग्रहण कराई जाएगी। 

01:49 PM, 10-Aug-2022

नीतीश ने की लालू से फोन पर बात

बस अब से कुछ देर में नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश के साथ तेजस्वी भी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि आज बस मुख्यमंत्री और उपमुख्य मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं इससे पहले बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया और उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।

01:24 PM, 10-Aug-2022

भाजपा ने सहयोगी दल को कभी नहीं तोड़ा: सुशील कुमार मोदी

बिहार में गठबंधन टूटने के बाद राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रेस वार्ता कर एक-एक आरोप का जवाब दिया। मोदी ने कहा कि अमित शाह ने मंत्रालय के लिए नीतीश कुमार को फोन किया था। नीतीश कुमार ने ही आरसीपी सिंह का नाम दिया था। मान लीजिए अगर हमने मंत्री बना दिया था तो नीतीश ने उस समय विरोध क्यों नहीं किया? यह सरासर गलत आरोप है कि भाजपा ने नीतीश जी से बिना पूछे आरसीपी को मंत्री बना दिया। भाजपा ने नीतीश कुमार को पांच साल तक मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा ने नीतीश का हमेशा सम्मान किया। 

01:08 PM, 10-Aug-2022

सीएम नीतीश ने लालू से की बात

बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया और उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।  वहीं एक और बड़ी खबर आ रही है कि जीतन राम मांझी मंत्रालय को लेकर नाराज चल रहे हैं। मांझी का कहना है कि सभी मंत्री आज ही शपथ लें और मंत्रालय के बंटवारा पर भी स्थिति स्पष्ट हो।

12:33 PM, 10-Aug-2022

'अच्छा सिला दिया तूने हमलोगों के प्यार का': शाहनवाज हुसैन

भाजपा नेता और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश जी के साथी अच्छे नहीं हैं।...'अच्छा सिला दिया तूने हमलोगों के प्यार का' ये तो बड़ी गलत बात है। जब भी मिले कभी आभास नहीं हुआ कि वे छोड़ कर जाएंगे। लोकसभा के चुनाव में 40 सीट भाजपा जीतेगी। 

यहां देखें वीडियो, शहनवाज ने क्या कहा?...

 

11:42 AM, 10-Aug-2022

विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी

नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनते ही महागठबंधन की तरफ से विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं नीतीश की पलट नीति के खिलाफ आज भाजपा सड़क पर उतर गई है।

वीडियो में देखें भाजपा का प्रदर्शन...

 

11:32 AM, 10-Aug-2022

नीतीश की सोची समझी साजिश थी: तारकिशोर प्रसाद

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 2017 में नीतीश RJD से अलग हुए तो उन्होंने कहा कि RJD हमारे दल को तोड़ रही है, फिर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वे अलग हुए। कल भी यही कहा कि भाजपा JDU को तोड़ रही है। इससे समझ आता है कि ये सोची समझी साजिश है। बता दें कि भाजपा ने नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

11:07 AM, 10-Aug-2022

15 साल लंबे आतंक और अराजकता से समझौता करने का क्या मतलब है? : नित्यानंद राय

बिहार से भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि 1974 के आंदोलन (बिहार आंदोलन) में, युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। नीतीश कुमार ने कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन करके उनके खून को धोखा दिया। 15 साल लंबे आतंक और अराजकता से समझौता करने का क्या मतलब है? उन्होंने कहा कि राजद और तेजस्वी यादव के साथ जाना बिहार की जनता और जनादेश, लोहिया-जेपी-जॉर्ज की विचारधाराओं के साथ विश्वासघात है। कांग्रेस-राजद के साथ जाना यह साबित करता है कि नीतीश कुमार सत्ता में रहने के लिए सब कुछ करते हैं।

11:04 AM, 10-Aug-2022

तेजप्रताप ने विजय चिन्ह दिखाया

राजद नेता तेज प्रताप यादव पटना में अपने आवास पर विजय चिन्ह दिखाया। तेजप्रताप इस दौरान ब्लू टीशर्ट में नजर आए।
देखें वीडियो...

 

11:02 AM, 10-Aug-2022

2017 से लेकर 2020 तक के जनादेश की घर वापसी हो रही: मनोज झा

आरजेडी के राज्यसभा सांसद  मनोज झा ने कहा कि  ये सरकार सिर्फ शपथ नहीं लेने जा रही है बल्कि 2017 से लेकर 2020 तक के जनादेश की घर वापसी हो रही है। ये बहुत महत्वपूर्ण है ऐसे दौर में जब मौजूदा भाजपा ने ये तय कर लिया है कि लोकतांत्रिक मूल्यों को क्षत-विक्षत करना है। बिहार ने एक संदेश दिया है। 

 

10:59 AM, 10-Aug-2022

नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार और कांग्रेसवाद का पक्ष लिया: रविशंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार गैर कांग्रेसी नेता रहे हैं। उनकी राजनीति गैर-कांग्रेसवाद के इर्द-गिर्द है। क्या यह खत्म हो गया है? भ्रष्टाचार और गैर-कांग्रेसवाद से समझौता! नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार और कांग्रेसवाद का पक्ष लिया। बधाई हो। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता आपको जवाब देगी। 

09:54 AM, 10-Aug-2022

सांप आपके घर घुस गया है लालू जी: गिरिराज सिंह

भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने लालू यादव के पुरान ट्वीट को रीट्वीट करते हुए राजद पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि  सांप आपके घर घुस गया है लालू जी। दरअसल, 2017 में नीतीश जब आरजेडी से अलग हुए  थे तब लालू ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि नीतीश सांप है जैसे सांप केंचुल छोड़ता है वैसे ही नीतीश भी केंचुल छोड़ता है और हर 2 साल में साँप की तरह नया चमड़ा धारण कर लेता है।किसी को शक?

 

09:30 AM, 10-Aug-2022

बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल का नया फॉर्मूला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार में 35 विधायक मंत्री बन सकते हैं। जिनमें 16 आरजेडी, 13 जदयू के हो सकते हैं जबकि एक हम के और दो कांग्रेस के मंत्री बन सकते हैं। यानी कि इस बार भी नीतीश मंत्रिमंडल में आरजेडी का दबदबा होगा।   

09:08 AM, 10-Aug-2022

सुशील मोदी बोले, आरसीपी सिंह के जरिए जद (यू) को तोड़ने की बात सफेद झूठ

भाजपा सांसद सुशील मोदी ने कहा, यह सफेद झूठ है कि भाजपा ने नीतीश कुमार की सहमति के बिना आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाया और वह जद (यू) को तोड़ना चाहती थी। 

08:41 AM, 10-Aug-2022

नई सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिलने की संभावना

सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि बिहार में नई सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिलने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों से बात की। समझा जाता है कि उन्होंने नई सरकार के गठन में समर्थन देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को धन्यवाद दिया। सूत्रों ने कहा कि चार मंत्री पदों के अलावा कांग्रेस ने राज्य विधानसभा के अध्यक्ष का पद भी मांगा है, लेकिन नीतीश कुमार इसे देने के इच्छुक नहीं हैं।

08:11 AM, 10-Aug-2022

नीतीश कुमार आज आठवीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे

नीतीश कुमार आज आठवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। लेकिन, उनकी इस सरकार का गणित और सहयोगी सब बदले हुए होंगे। महज 45 विधायकों वाली उनकी पार्टी सत्ता में बनी रहेगी। विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी राजद के साथ कांग्रेस, वाम दल और जीतन राम माझी की पार्टी हम भी इस गठबंधन का हिस्सा होंगे। 

आठ बार शपथ क्रमानुसार
1. मार्च 2000
2.नवंबर 2005
3.नवंबर 2010
4.फरवरी 2015
5.नवंबर 2015
6.जुलाई 2017
7.नवंबर 2020
8.अगस्त 2022

07:57 AM, 10-Aug-2022

नीतीश के खिलाफ भाजपा का महाधरना आज

भाजपा ने मंगलवार को अपने पुराने सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कदम पर नाराजगी जताते हुए उन पर आदतन विश्वासघात करने का आरोप लगाया। राज्य मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक के बाद जारी एक बयान में पार्टी ने घोषणा की कि वह बुधवार यानी आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) करेगी, जिसके बाद ब्लॉक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी, जिन्होंने एक दशक से अधिक समय तक नीतीश कुमार के डिप्टी के रूप में कार्य किया था और उन्हें भाजपा में उनका सबसे भरोसेमंद व्यक्ति माना जाता है, उन्होंने नीतीश की पार्टी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
 

07:38 AM, 10-Aug-2022

Bihar Live: बिहार में फिर बनी चाचा-भतीजे की सरकार, ललन सिंह बोले, सीबीआई-ईडी से नहीं डरेंगे

Nitish Kumar Oath Ceremony Live News in Hindi: बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। आज दोपहर दो बजे राजभवन में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। वहीं भाजपा ने आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) किया।  बिहार में सियासी उलटफेर से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें