लालू प्रसाद ने कहा कि मंडल कमीशन का नतीजा है कि आज हर पिछड़ा वर्ग, दलित, वंचित और गरीब सत्ता के दरवाजे पर खड़ा है। यह नरेंद्र मोदी क्या चीज है। यह मोदी आजकल परिवारवाद पर हमला कर रहे हैं। आप बताओं न आपको क्यों नहीं संतान हुआ। ज्यादा संतान होने वाले लोगों को बोलता है कि परिवारवाद है। परिवार के लिए लड़ रहा है। आपके पास परिवार नहीं है और आप हिन्दू भी नहीं है। जब आपकी माताजी का देहावसान हो गया तो आपने क्यों नहीं मुंडवाया? यह बताओ। हर हिन्दू अपनी मां के शोक में केस-दाढ़ी मुंडवाता है। आप देश भर नफरत फैला रहे हो। कहता है कि भगवान में प्राण प्रतिष्ठा कर दिया। बताओ कि बिना प्राण प्रतिष्ठा के ही भगवान ही अब तक जिंदा थे। जनकपुर में श्रीराम चंद्र जी की शादी हुई। बिहार जैसे राज्य में एक से एक सूरमा पैदा लिए। इसी गांधी मैदान में न जाने कितनी बार देश भर नेताओं का सभाएं हुईं। यहीं से देश भर संदेश गया। बिहार के हवा में इतना दम हैं कि जो देश के लोग इसका अनुकरण करते हैं। मेरा किडनी का ट्रांसप्लांट हुआ है। हमारी बेटी रोहिणी ने अपना किडनी मुझे दान दिया। मुझे जीवन दान दिया।
राहुल गांधी ने पाकिस्तान और चाइना का जिक्र किया
राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में नफरत क्यों फैल रही है। इस देश में नफरत की जगह नहीं है। इसका सबसे बड़ा कारण अन्याय है। युवाओं, किसानों, गरीबों के खिलाफ अन्याय है। मोदी जी केवल दो तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं। उनके लाखों करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर दिए गए। किसानों के कर्ज क्यों नहीं माफ किए जा रहे हैं। एक उद्योगपति के हाथ में हिन्दुस्तान के बंदरगाह, रेलवे, रक्षा को पकड़ा दिया है। हिन्दुस्तान में 73 प्रतिशत आबादी पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और आदिवासी भाइयों की है। पहले पब्लिक सेक्टर में गरीबों को नौकरी मिल जाती थी। मगर नरेंद्र मोदी ने सारे रास्तेे बंद कर दिए। सेना में अग्निवीर योजना लागू कर दिया। पहली बार इस देश में दो तरीके के शहीद होंगे। एक शहीद होता तो उसे पेंशन समेत सारे सुविधाएं मिलेंगी। दूसरा शहीद होगा तो उसको न पेंशन मिलेगा और न शहीद का दर्जा मिलेगा। एक तरफ पाकिस्तान और चाइना के सैनिक सालों भर ट्रेनिंग लेते हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे मोदी जी कुछ माह की ट्रैनिंग देकर उनको बॉर्डर पर खड़ा कर देते हैं। यह अन्याय है। हमलोग भाजपा और आरएसएस से नहीं डरते हैं। हमलोग भाजपा और आरएसएस को यहां से हटाकर इंडी गठबंधन की सरकार बनाएंगे।
किसी परिवार वाले को टिकट नहीं देंगे, यह संकल्प लें भाजपा वालें
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह जो परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं, मैं उन भाजपा वालों से कहना चाहता हूं कि वह संकल्प लें कि किसी परिवार वाले को टिकट नहीं देंगे। और, संकल्प लें किसी परिवारवालों से वोट लेने नहीं जाएंगे। गांधी मैदान में यह जो जोश दिख रहा है, यही बदलाव लाएगा। जो भाजपा को हराएगा। पहली सूची भाजपा की आ गई। उसमें बिहार बाहर है। इसलिए वह बिहार से वह बाहर जाने वाले हैं। यूपी वाले भी बाहर जाने वाले हैं।
रथ पर सवार होकर पहुंचे परिवार के साथ पहुंचे लालू प्रसाद
जन विश्वास रैली के मंच पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के पहुंचते ही समर्थक नारेबाजी कर लगे। लालू प्रसाद, पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, रोहिणी आचार्य, दोनों बेटे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव के साथ रथ पर सवार होकर पहुंचे। वहीं, वाम दल के दीपांकर भट्टाचार्या, सीताराम येचुरी और डी राजा भी मंच पर पहुंच चुके हैं। राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि यह भीड़ बता रही है कि जनता एनडीए सरकार से तंग आ चुकी है।